You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
रविंद्र जडेजा ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टी-20 सीरीज़ से बाहर, शार्दुल ठाकुर को मिली जगह
कैनबरा में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेले गए पहले टी-20 मैच में 44 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले रविंद्र जडेजा बाक़ी के दो मैचों के लिए टीम से बाहर हो गए हैं.
उनकी जगह टीम में शार्दुल ठाकुर को जगह दी गई है. पहले मैच में जडेजा ने 23 गेंदों में 5 चौकों और एक छक्के की बदौलत 44 रन बनाए थे.
पहली पारी के अंतिम ओवर में रविंद्र जडेजा के हेलमेट पर बाईं ओर गेंद लगी थी जिसके बाद कनकशन नियम के तहत फ़ील्डिंग के दौरान उनकी जगह युज़वेंद्र चहल मैदान पर खेलने उतरे थे.
युज़वेंद्र चहल ने इस दौरान 3 विकेट लिए और वो मैन ऑफ़ द मैच भी चुने गए.
बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज़ जारी करके बताया है कि जडेजा की स्वास्थ्य जांच की गई है जिसके बाद उन्हें निगरानी में रखा गया है और शनिवार की सुबह ज़रूरत पड़ने पर उनकी आगे की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी, जिसके कारण वो आगे के बचे टी-20 मैचों में नहीं खेल पाएंगे.
क्या हुआ था मैच में
एकदिवसीय मैचों में 2-1 से हारने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने पहले टी-20 मैच में खेलने उतरी.
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया. भारतीय टीम ने पहली पारी में 7 विकेट के नुक़सान पर 161 रन बनाए.
इस स्कोर में केएल राहुल की 51 रनों की और रविंद्र जडेजा की 44 रनों की बड़ी भूमिका रही जबकि कप्तान विराट कोहली सिर्फ़ 9 रन ही बना सके.
ऑस्ट्रेलियाई टीम जब खेलने उतरी तो वो सिर्फ़ 7 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी और भारत ने उसे 11 रनों से हरा दिया.
चहल बने मैन ऑफ़ द मैच
चहल को रविंद्र जडेजा की जगह बॉलिंग करने के लिए बुलाया गया था जबकि वो मैच के लिए टीम का हिस्सा भी नहीं थे. ऐसा कनकशन नियम के तहत किया गया.
भारत के मैच में ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई खिलाड़ी टीम में न होते हुए भी खेल सका.
जब रविंद्र जडेजा बैटिंग कर रहे थे तब उनके हेलमेट पर बॉल लगी इसलिए उन्हें बॉलिंग के लिए फ़िट नहीं पाया गया और चहल को बॉलिंग के लिए बुलाया गया.
हालांकि, चहल को बुलाए जाने पर ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर ने आपत्ति भी दर्ज की.
चहल को कनकशन के नियमों के तहत चुनने पर इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने भी हैरत जताई. उन्होंने ट्वीट किया, "कनकशन के लिए कोई डॉक्टर या फ़ीज़ियो जडेजा की जांच करने के लिए नहीं आया और वो ऐसे देख रहे थे जैसे उनकी टांगों को कुछ हुआ था... इसके बाद उन्होंने कनकशन का विकल्प चुन लिया."
हालांकि, इसकी कई लोग आलोचना कर रहे थे तो कई लोग कनकशन के तौर पर चहल के चुने जाने का बचाव कर रहे थे.
क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने ट्वीट करके कहा कि कोई भी फ़ैसला सुना देने से पहले हमेशा सतर्क रहना चाहिए.
उन्होंने लिखा कि अभी तक पता नहीं है कि ड्रेसिंग रूम में जाने के बाद क्या जडेजा में कोई अस्वस्थ होने के लक्षण दिखे यह अभी तक मालूम नहीं है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)