IPL 2020: चेन्नई की हैदराबाद पर जीत, रोमांचक हुई प्लेऑफ़ की रेस

प्रकाशित

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल-13 में तीसरी जीत हासिल कर ली है.

दुबई में मंगलवार को खेले गए मैच में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को 20 रन से हरा दिया. ये हैदराबाद की पांचवीं हार है. इस जीत के बाद चेन्नई की टीम प्वाइंट टेबल में छठे नंबर पर आ गई है और उसने प्लेऑफ़ की रेस को रोमांचक बना दिया है.

अब चेन्नई, हैदराबाद और राजस्थान के खाते में छह-छह अंक हैं. रन रेट के आधार पर हैदराबाद पांचवें और राजस्थान सातवें नंबर पर है. चौथे नंबर पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में आठ प्वाइंट हैं. हैदराबाद और चेन्नई ने बाकी टीमों से एक-एक मैच ज़्यादा खेला है. ये दोनों टीमें आठ मैच खेल चुकी हैं.

चेन्नई ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए हैदराबाद के सामने 168 रन की चुनौती रखी थी.

जब हैदराबाद की टीम बल्लेबाज़ी के लिए आई तो चेन्नई के गेंदबाज़ों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा. हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन ही बना सकी. हैदराबाद के लिए 57 रन बनाने वाले केन विलियमसन टॉप स्कोरर रहे.

चेन्नई के लिए ड्वेन ब्रावो और कर्ण शर्मा ने दो-दो विकेट लिए. सैम करन, रविंद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट लिया. जडेजा ने बल्ले से भी दम दिखाया और 10 गेंद में नाबाद 25 रन बनाए. इस प्रदर्शन के लिए वो मैन ऑफ़ द मैच चुने गए.

नहीं चले कप्तान वार्नर

सनराइज़र्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनिंग के लिए आए कप्तान डेविड वार्नर को सैम करन ने चौथे ओवर में आउट कर दिया. वार्नर ने 13 गेंद में नौ रन बनाए.

तीन गेंद बाद हैदराबाद को दूसरा झटका लगा. मनीष पांडेय रन आउट हो गए. उन्होंने तीन गेंद में चार रन बनाए.

27 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही हैदराबाद टीम की उम्मीद ओपनर जॉनी बेयरस्टो और अनुभवी केन विलियमसन पर टिकीं. इन दोनों ने 5.5 ओवर में तीसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े.

गेंदबाज़ों का शिंकजा

चेन्नई को तीसरी कामयाबी 10वें ओवर में रविंद्र जडेजा ने दिलाई. उन्होंने बेयरस्टो को बोल्ड कर दिया. बेयरस्टो ने 24 गेंद में 23 रन बनाए. 10 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर था तीन विकेट पर 60 रन.

अगले 10 ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए 108 रन बनाने थे. सातवें से 11वें ओवर तक यानी पांच ओवर तक हैदराबाद के बल्लेबाज़ कोई बाउंड्री नहीं लगा सके. 12वें ओवर में केन विलियमसन ने इस कसर को पूरा किया. उन्होंने जडेजा की गेंद पर लगातार दो चौके लगाए. 14वें ओवर में ड्वेन ब्रावो की गेंद पर प्रियम गर्ग ने एक और विलियमसन ने एक चौका जमाया.

हैदराबाद के लिए 4.5 ओवर में 40 रन जोड़ने वाले गर्ग और विलियमसन की जोड़ी को कर्ण शर्मा ने तोड़ा. 15वें ओवर में उन्होंने प्रियम गर्ग को आउट कर दिया. गर्ग ने 18 गेंद में 16 रन बनाए. 15वें ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर था चार विकेट पर 101 रन. आखिरी पांच ओवर में हैदराबादी टीम को जीत के लिए 67 रन बनाने थे.

आखिरी ओवरों का रोमांच

हैदराबाद की पारी के 16वें ओवर में पीयूष चावला को मैच में पहली बार गेंद डालने का मौका मिला. इस ओवर में आठ रन बने.

आखिरी चार ओवरों में हैदराबाद को 59 रन बनाने थे. उम्मीदें 47 रन बनाकर खेल रहे विलियमसन पर टिकी थीं. दूसरे छोर पर मौजूद विजय शंकर ने 17वें ओवर में ड्वेन ब्रावो की पहली गेंद पर छक्का जड़ा. लेकिन इसी ओवर में विजय शंकर आउट हो गए. उन्होंने 12 रन बनाए. ओवर की पांचवीं गेंद पर विलियमसन ने चौका जमाकर हाफ सेंचुरी पूरी कर ली. इस ओवर में कुल 13 रन बने. आखिरी तीन ओवरों में हैदराबाद को 46 रन बनाने थे.

18वें ओवर में चेन्नई के कप्तान धोनी ने गेंद कर्ण शर्मा को थमाई. पहली गेंद पर विलियमसन ने चौका जमाया लेकिन अगली ही गेंद पर वो आउट हो गए. उन्होंने 39 गेंदों में 57 रन बनाए. राशिद खान ने तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका जड़ा. ओवर की आखिरी गेंद पर शहबाज़ नदीम ने चौका जड़ दिया. इस ओवर में कुल 19 रन बने और अब हैदराबाद को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 27 रन बनाने थे.

19 वें ओवर में गेंद शार्दुल ठाकुर के हाथ थी. ओवर की आखिरी गेंद पर राशिद ख़ान हिट विकेट हो गए. इस ओवर में पांच ही रन बने.

हैदराबाद को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन बनाने थे लेकिन ब्रावो ने इसओवर में सिर्फ़ एक रन दिया. ब्रावो ने इस ओवर में नदीम का विकेट भी लिया. हैदराबाद टीम 147 के स्कोर तक ही पहुंच सकी.

चेन्नई: 167/6 (20 ओवर)

इसके पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में छह विकेट पर 167 रन बनाए. चेन्नई के लिए शेन वॉटसन ने 42 और अंबाती रायुडू ने 41 रन बनाए.

इन दोनों ने तीसरे विकेट की साझेदारी में 10.4 ओवर में 81 रन जोड़े. चेन्नई के लिए आखिरी ओवरों में रविंद्र जडेजा ने बल्ले का दम दिखाया और 10 गेंद में नाबाद 25 रन बनाए. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 13 गेंद में 21 रन बनाए. ओपनिंग के लिए आए सैम करन ने 31 रन का योगदान दिया.

चेन्नई के बल्लेबाज़ों ने कुल नौ छक्के लगाए. इनमें से सबसे ज़्यादा तीन छक्के वॉटसन ने जड़े. सैम करन और रायुडू ने दो-दो छक्के लगाए. टीम की ओर से लगे कुल 12 चौकों में से सैम करन, रायुडू और जडेजा ने तीन-तीन चौके लगाए.

हैदराबाद के सबसे किफ़ायती गेंदबाज़ संदीप शर्मा रहे. उन्होंने 19 रन देकर दो विकेट लिए. टी नटराजन ने 41 रन देकर दो और ख़लील अहमद ने 45 रन देकर दो विकेट लिए.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)