You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
Kobe Bryant को क्यों कहते हैं बास्केटबॉल का महान खिलाड़ी
अमरीका के बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबे ब्रायंट का अमरीकी प्रांत कैलिफॉर्निया में एक हेलिकॉप्टर हादसे में निधन हो गया है.
इस हादसे में ब्रायंट के साथ उनकी 13 साल की बेटी गियाना समेत कुल 9 लोगों की मौत हुई है.
हादसे के दौरान 41 वर्षीय ब्रायंट अपने निजी हेलिकॉप्टर में यात्रा कर रहे थे.
कोबे को महान क्यों कहा जाता है?
दुनियाभर में अगर बास्केटबॉल के कुल पाँच महानतम खिलाड़ियों का नाम लिया जाए तो कोबे ब्रायंट का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा.
दुनियाभर में बास्केटबॉल फैंस के बीच कोबे कितने लोकप्रिय थे, इस बात का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कोबे की मौत के बाद ट्विटर से लेकर फेसबुक के टॉप ट्रेंड्स में एक से लेकर दस स्थानों में ज़्यादातर जगह कोबे और इस दुर्घटना का ज़िक्र है.
कोबे की मौत पर प्रीति जिंटा, करण जौहर जैसी बॉलीवुड हस्तियों से लेकर बराक ओबामा और डोनल्ड ट्रंप जैसी बड़ी हस्तियां शामिल हैं.
बराक ओबामा ने लिखा है, "बास्केटबॉल खेल के कोर्ट में कोबे एक महान शख़्सियत थे. और वह अपनी ज़िंदगी के दूसरे पड़ाव की शुरुआत करने जा रहे थे. गियाना को खोना एक माँ-बाप के रूप में और ज़्यादा दिल तोड़ने वाला है. मिशेल और मैं वेनेसा समेत पूरे ब्रायंट परिवार के साथ हमारी दुआएं हैं."
बास्केटबॉल के जादूगर कोबे
पाँच बार नेशनल बास्केटबॉल एसोशिएसन यानी एनबीए के चैंपियन रहने वाले कोबे ब्रांयट को बास्केटबॉल के इतिहास में सबसे सफल महान खिलाड़ियों में से एक गिना जाता था.
ब्रांयट की मौत के बाद एनबीए ने बयान जारी करके कहा है, "कोबे ब्रायंट और उनकी 13 साल की बेटी गियाना की दुखद अंत से हम सभी अकल्पनीय शोक में हैं. 20 सालों तक कोबे ने हमें दिखाया कि जब बेहतरीन प्रतिभाएं जीत के लिए पूरे समर्पण लिए एक साथ आती हैं तो क्या संभव है."
ब्रायंट ने अपने 20 साल लंबे करियर में हमेशा लॉस एंजेल्स लाकेर्स के साथ खेला.
साल 2016 के अप्रैल महीने में रिटायर होने वाले कोबे ने साल 2008 में एनबीए के सबसे अहम खिलाड़ी का ख़िताब हासिल किया था.
इसके साथ ही दो बार एनबीए फाइनल्स में एमवीपी की उपाधि हासिल की.
कोबे के नाम दो बार एनबीए स्कोरिंग चैंपियन का ख़िताब और दो बार ओलंपिक खेलों में चेंपियन बनने का ख़िताब दर्ज है.
कोबे ने साल 2006 में टोरंटो रैपटर्स के ख़िलाफ़ एक मैच में 81 अंक हासिल करने का मुक़ाम हासिल किया था जो कि उनके करियर की एक अहम कामयाबियों में शामिल है.
बास्केटबॉल से ऑस्कर तक
ब्रायंट ने बास्केटबॉल की दुनिया में अवॉर्ड और सम्मान हासिल करने के साथ-साथ एक ऑस्कर अवॉर्ड भी हासिल किया है.
कोबे ने साल 2015 में बास्केटबॉल को एक प्रेम पत्र लिखा था. जब इस प्रेम पत्र पर डियर बास्केट बॉल नाम से एक शॉर्ट एनिमेटेड फ़िल्म बनाई गई तो इसे ऑस्कर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)