You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
INDvsNZ मैनचेस्टर में बुधवार को बारिश की कितनी आशंका: वर्ल्ड कप 2019
- Author, टीम बीबीसी हिंदी
- पदनाम, नई दिल्ली
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वर्ल्ड कप 2019 का सेमीफ़ाइनल का बचा हुआ मुक़ाबला बारिश की वजह से अब 'रिज़र्व डे' यानी बुधवार को खेला जायेगा.
मंगलवार को न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 46.1 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए, लेकिन तभी बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा.
बाद में अंपायरों ने भारी बारिश के कारण आउटफील्ड गीली होने से मैच 'रिजर्व डे' को पूरा करने का फ़ैसला किया.
अब अगर बारिश और खलल नहीं डालती है तो न्यूज़ीलैंड 'रिज़र्व डे' को यहीं से बल्लेबाज़ी करेगी यानी उसे बचे हुए 3.5 ओवर की बल्लेबाज़ी करनी होगी. इसके बाद भारत की बल्लेबाज़ी होगी.
अगर मैच में बारिश ने फिर बाधा डाली तो मैच का फ़ैसला होने के लिए भारत को कम से कम 20 ओवरों की बल्लेबाज़ी करनी होगी.
बुधवार को कैसा रहेगा मौसम?
अब यहां सवाल यह उठता है कि मैनेचेस्टर में बुधवार को बारिश की कितनी संभावना है?
ब्रितानी समयानुसार मैच बुधवार की सुबह 10.30 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे) शुरू होगा. वहीं ब्रितानी मौसम विभाग के अनुमानों के मुताबिक बुधवार को मैनचेस्टर में बादल छाये रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है.
हालाँकि राहत की बात ये है कि बुधवार को मैनचेस्टर में मौसम आज के मुक़ाबले कुछ अच्छा रह सकता है.
इसके मुताबिक यहां मंगलवार रात 12 बजे से लेकर मैच शुरू होने के समय तक 5 से 10 फ़ीसदी बारिश की संभावना जताई गयी है.
वहीं बीबीसी वेदर रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार की रात मैनचेस्टर में बादल छाये रहेंगे और बुधवार को देर सुबह और दोपहर से पहले हल्की बारिश हो सकती है. मैच में बारिश बाधा तो डाल सकती है, लेकिन मंगलवार के मुक़ाबले मौसम कुछ गर्म रहेगा और तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
अब तक की कीवी पारी
मंगलवार को मैच जब रुका तब रॉस टेलर 67 रन और टॉम लाथम तीन रन बनाकर नाबाद थे. न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने इस सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.
मैच पूरा होने के लिए 'रिजर्व डे' को भारत का 20 ओवरों तक बल्लेबाज़ी करना ज़रूरी है. अगर 'रिजर्व डे' वाले दिन भी मैच पूरा नहीं हो पाता है तो भारत फ़ाइनल में जाएगा क्योंकि लीग राउंड की अंकतालिका में न्यूजीलैंड से वह आगे रहा था. लीग दौर में भारत अंक तालिका में टॉप पर तो न्यूज़ीलैंड चौथे स्थान पर रहा था.
भारतीय गेंदबाज़ रहे हावी
मंगलवार को भी मैनचेस्टर के आसमान पर बादल छाये हुए थे. ऐसे में टॉस जीत कर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों ने शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ बना ली.
पहले दो ओवर जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार ने मेडेन फेंके. न्यूज़ीलैंड की पारी का पहला रन किसी तरह 17वीं गेंद पर बना. लेकिन अगले ओवर की तीसरी गेंद पर बुमराह ने मार्टिन गुप्टिल को विराट कोहली के हाथों कैच करा भारत को पहली सफलता दिलाई.
2015 वर्ल्ड कप में दोहरा शतक जड़ने वाले गप्टिल ने इस टूर्नामेंट में अब तक केवल 167 रन (नाबाद 73, 25, 0, 35, 0, 5, 20, 8) ही बनाए हैं.
इसके बाद न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन पिच पर आए लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों ने और कप्तान कोहली की फील्डिंग सजावट ने उन्हें लय नहीं पकड़ने दिया.
पहले छह ओवर में न्यूज़ीलैंड केवल आठ रन ही बना सका.
भारतीय गेंदबाज़ किस कदर हावी रहे इसका सबूत इसी से मिलता है कि न्यूज़ीलैंड अपना पहला बाउंड्री आठवें ओवर की अंतिम गेंद पर ही लगा सका. और 10 ओवरों के पहले पावरप्ले में न्यूज़ीलैंड केवल 27 रन ही बना सका.
यह इस टूर्नामेंट में पहले पावरप्ले के दौरान किसी भी गेंदबाज़ी कर रही टीम का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है. भारत ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अपने रिकॉर्ड को बेहतर किया है. इंग्लिश टीम ने पहले पावर प्ले में 28 रन बनाए थे.
विलियम्सन की कप्तानी पारी
अगले 10 ओवरों में भी रनगति में ज़्यादा त़ेजी नहीं दिखी. किवी टीम ने 11-20 ओवरों के बीच में सिर्फ 46 रन जोड़े. इस दौरान रवींद्र जडेजा ने 18.2 ओवर में हेनरी निकोल्स (28) को बोल्ड कर भारत को दूसरी सफलता दिलायी.
हालांकि विलियम्सन और टेलर ने तीसरे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी की. भारतीय गेंदबाज़ों ने इन दोनों को भी काफी परेशान किया लेकिन विलियम्सन अपनी क्लास और टेलर अपने अनुभव से रन बनाते रहे. इस बीच विलियम्सन ने अपना अर्धशतक पूरा किया.
हालांकि विलियम्सन अपने अर्धशतक को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और इनसाइड आउट शॉट खेलने के प्रयास में चहल की गेंद पर जडेजा को कैच दे बैठे. 95 गेंदों की पारी में छह चौके की मदद से कीवी कप्तान ने 67 रन बनाए.
41वें ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने जिम्मी नीशम (12) को दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा कीवी टीम का चौथा विकेट गिरा दिया और 45वें ओवर की चौथी गेंद पर भुवनेश्वर ने कोलिन डी ग्रांडहोम (16) को भी पवेलियन भेज न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 200 रन कर दिया.
टेलर और टॉम लाथम पिच पर
बारिश के खलल डालने के समय तक टेलर (67) और टॉम लाथम (3) नाबाद थे. अब यही दोनों बुधवार को एक बार फिर अपने काम को अंजाम देने के लिए मैदान पर उतरेंगे.
भारत के लिए अभी तक खेले गए मैच में जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चाहल ने एक-एक विकेट लिया है.
पांड्या, जडेजा और चाहल ने अपने कोटे के 10 पूरे कर लिये हैं जबकि जबकि बुमराह और भुवनेश्वर के दो-दो ओवर अभी बाकी हैं.
अगर बारिश से रद्द हो गया मैच तो?
अब अगर बारिश की वजह से मैच पूरी तरह से रद्द हो गया तो भारत बिना बल्लेबाज़ी किये ही फ़ाइनल में पहुंच जायेगा क्योंकि लीग राउंड में भारत के न्यूज़ीलैंड से अधिक अंक थे. भारत 15 अंकों के साथ तालिका में पहले जबकि 11 अंकों के साथ न्यूज़ीलैंड चौथे स्थान पर रहा था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)