You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ऐसा गरजा मुशफ़िकुर का बल्ला कि ढेर हुए श्रीलंका के शेर
कोलंबो मे खेले गए निदाहास त्रिकोणीय टी-20 श्रृंखला के रोमांचक मुक़ाबले में शनिवार को बांग्लादेश ने श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया.
त्रिकोणीय टी-20 श्रृंखला का यह तीसरा मुक़ाबला था. पहले मुक़ाबले में जहां श्रीलंका ने भारत को हराया था. वहीं, दूसरे मैच में भारत ने बांग्लादेश को हराया था.
बांग्लादेश के लिए यह मैच आसान नहीं था क्योंकि श्रीलंका ने उसे 215 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन विकेटकीपर मुशफ़िकुर रहीम के धमाकेदार प्रदर्शन के बल पर उसने अपनी जीत तय कर ली.
मुशफ़िकुर ने श्रीलंका के गेंदबाज़ों को पस्त कर दिया. उन्होंने 35 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए.
अंतिम चार ओवरों में बांग्लादेश को 40 रन की ज़रूरत थी. मुशफ़िकुर और महमुदुल्लाह की जोड़ी उस समय पिच पर थी.
इसके बाद धीरे-धीरे एक छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन दूसरी ओर मुशफ़िकुर जमे रहे और उन्होंने अपनी टीम को 19.4 ओवरों में जीत की दहलीज़ पर पहुंचा दिया. श्रीलंका की ओर से नुवान फ़र्नांडो ने दो, चमीरा और थिसारा परेरा ने एक-एक विकेट लिए.
परेरा-मेंडिस की पार्टनरशिप
इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था. श्रीलंका ने 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 214 रन बनाए थे.
श्रीलंका की ओर से कुसाल परेरा ने सबसे अधिक 74 रन और कुसाल मेंडिस ने 57 रन बनाए थे. दोनों की जोड़ी ने सबसे अधिक 85 रन की पार्टनरशिप भी की.
इस दौरान बांग्लादेश की ओर से गेंदबाज़ी करते हुए मुस्तफ़िज़ुर रहमान ने 48 रन देकर तीन विकेट लिए. वहीं, महमुदुल्लाह ने दो और तस्किन अहमद ने एक विकेट चटकाया.
टूर्नामेंट का अगला मैच भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में 12 मार्च को खेला जाएगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)