भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को जीत के लिए 225 रन का लक्ष्य दिया है.
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवरों में आठ विकेट पर सिर्फ़ 224 रन ही बना सकी.
भारतीय बल्लेबाज़ अफ़ग़ानिस्तान के स्पिनरों के सामने लगातार संघर्ष करते दिखे.
इंग्लैंड के खिलाफ़ महंगे साबित हुए अफ़ग़ानिस्तान के स्पिनरों ने भारतीय टीम के खिलाफ़ जोरदार वापसी की और उन्हें क्रीज़ में बांधे रखा. सिर्फ़ कप्तान विराट कोहली ही भरोसे के साथ खेलते दिखे.
कोहली ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरा अर्धशतक जमाया लेकिन वो इसे शतक में नहीं बदल सके.
भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान गुलबदीन नायब ने गेंदबाज़ी की शुरुआत स्पिनर मुजीब उर रहमान से कराई. उनका ये दांव चल निकला. मुजीब ने फॉर्म में चल रहे भारतीय ओपनर रोहित शर्मा को अपने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ड कर दिया. रोहित सिर्फ एक रन बना सके.
इसके बाद कप्तान विराट कोहली ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े. राहुल जम चुके थे लेकिन मोहम्मद नबी की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलना उन्हें महंगा पड़ा. वो 53 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए.
इसके बाद कप्तान कोहली ने विजय शंकर के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े. इस दौरान कोहली ने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया. विजय शंकर जमते हुए दिख रहे थे लेकिन वो भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. विजय भारतीय पारी के 27 वें ओवर में रहमत शाह की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए. उन्होंने रिव्यू लिया लेकिन फील्ड अंपायर का फ़ैसला नहीं बदला. विजय ने 41 गेंदों का सामना किया और 29 रन बनाए.
अच्छी लय में दिख रहे कप्तान कोहली भी 31 वें ओवर में आउट हो गए. वो मोहम्मद नबी का दूसरा शिकार बने. कोहली ने 63 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 67 रन बनाए.
इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने केदार जाधव के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की. धोनी 28 रन बनाकर राशिद ख़ान का शिकार बने. जाधव ने 52 रन बनाए.
हार्दिक पांड्या सात और मोहम्मद शमी एक रन बनाकर आउट हुए.
अफ़ग़ानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान ने 10 ओवर में सिर्फ़ 26 रन दिए और एक विकेट लिया. राशिद ख़ान ने 10 ओवर में 38 रन देकर एक विकेट लिया.
मोहम्मद नबी ने 33 रन देकर दो विकेट लिए. इनमें भारतीय कप्तान विराट कोहली का विकेट शामिल है. कप्तान गुलबदीन नायब ने 51 रन देकर दो विकेट लिए.