You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन से लगती सीमा पर सड़क बनाने में ख़र्च हुए 15,477 करोड़ रुपये: रक्षा मंत्रालय

केंद्र सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में बताया है कि पिछले पांच सालों में चीन से लगती सीमा पर सड़क बनाने में 15 हज़ार करोड़ रुपये से ज़्यादा ख़र्च आया है.

लाइव कवरेज

  1. कोविंद की विरासत पर बोलीं महबूबा मुफ़्ती- उन्होंने संविधान की क़ीमत पर बीजेपी के एजेंडे को ही बढ़ाया

    जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी नेता महबूबा मुफ़्ती ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की विरासत पर कहा है कि उन्होंने भारतीय संविधान की क़ीमत पर भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक एजेंडे को ही पूरा किया है.

    पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "पूर्व राष्ट्रपति अपनी एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं, जहाँ भारतीय संविधान को कई बार कुचला गया है. चाहे वो संविधान के अनुच्छेद 370 को रद्द करने का मामला हो या नागरिकता संशोधन क़ानून या फिर दलितों और अल्पसंख्यकों को बेरोकटोक निशाना बनाना हो."

    महबूबा मुफ़्ती जम्मू और कश्मीर में बीजेपी के सहयोग से राज्य की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं.

    रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल समाप्त हो गया और द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है.

  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पहले संबोधन पर आई पीएम नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद द्रौपदी मुर्मू के पहले संबोधन की तारीफ़ की है. ट्विटर पर उन्होंने लिखा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने आशा और करुणा का संदेश दिया है.

    पीएम मोदी ने लिखा- उन्होंने भारत की उपलब्धियों पर ज़ोर दिया और भविष्य के दृष्टिकोण को सामने रखा, ऐसे समय में जब भारत आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. सोमवार को द्रौपदी मुर्मू ने देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है.

    उन्होंने रामनाथ कोविंद की जगह ली है. पीएम मोदी ने उनके शपथ ग्रहण को एक गर्व की बात कही. उन्होंने ट्विटर पर लिखा- पूरे देश ने द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेते हुए गर्व से देखा. उनका राष्ट्रपति पद पर आना भारत के लिए और ख़ासतौर पर ग़रीबों, निचले तबकों और हाशिए पर मौजूद लोगों के लिए काफ़ी महत्वपूर्ण मौक़ा है. मैं उनके कार्यकाल के लिए शुभकामना देता हूँ.

  3. ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर चाचा शिवपाल को लेकर साधा निशाना

    सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर निशाना साधा है.

    जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत में ओपी राजभर ने कहा- अखिलेश यादव कहते हैं कि मैं ग़लत हूँ, लेकिन शिवपाल यादव तो उनके चाचा हैं. वे अपने चाचा को हैंडल नहीं कर सकते. वे अपने परिवार को नहीं संभाल सकते हैं, तो वे मुझे कैसे हैंडल करेंगे.

    इस साल उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान ओपी राजभर की पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था.

    लेकिन बीजेपी की जीत के बाद पिछले कुछ महीनों से ओपी राजभर गठबंधन के ख़िलाफ़ खुलकर बोलने लगे थे. राष्ट्रपति चुनाव में भी उन्होंने द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था.

    पिछले दिनों ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी से गठजोड़ खत्म करने का एलान किया था. इससे पहले समाजवादी पार्टी ने राजभर के नाम एक चिट्ठी जारी कर कहा था कि उन्हें जहाँ सम्मान मिलता है, चले जाएँ.

    समाजवादी पार्टी ने कहा था कि राजभर बीजेपी को मज़बूत करने का काम कर रहे हैं.

    राजभर ने समाजवादी पार्टी से नाता तोड़ने के मुद्दे पर समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा था- समाजवादी पार्टी ने आज तलाक़ दे दिया. हमने इसे मंज़ूर कर लिया.

    पिछले कुछ दिनों से राजभर की पार्टी और समाजवादी पार्टी में खटपट की ख़बरें आ रही थीं. समाजवादी पार्टी से नाराज़गी की ख़बरों के बाद राजभर को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी.

  4. कैटरीना कैफ़ और विक्की कौशल को जान से मारने की धमकी, पुलिस ने किया मामला दर्ज

    कैटरीना कैफ़ और विक्की कौशल को जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज किया है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ पुलिस ने अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ ये मामला दर्ज किया है. मुंबई के सांता क्रूज पुलिस स्टेशन में ये मामला दर्ज हुआ है.

    मुंबई पुलिस के मुताबिक़ इस मामले में जाँच शुरू कर दी गई है. कटरीना कैफ़ और विकी कौशल को सोशल मीडिया पर ये धमकी मिली है. पुलिस ने ये भी बताया है कि विकी और कटरीना को इंस्टाग्राम पर धमकी मिल रही थी.

    पुलिस ने आईटी एक्ट के अंतर्गत ये मामला दर्ज किया है. पिछले साल दिसंबर में कैटरीना कैफ़ और विक्की कौशल की शादी हुई थी.

  5. मिस्र की एक अदालत ने फाँसी का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए क्यों कहा?

    मिस्र की एक अदालत ने एक छात्रा के हत्यारे की फाँसी का लाइव प्रसारण दिखाने की अनुमति देने के लिए क़ानूनी संशोधन के लिए कहा है. पिछले महीने मिस्र में एक छात्रा की हत्या का वीडियो वायरल हुआ था, जिससे पूरे देश में सनसनी फैल गई थी.

    इस वीडियो में मोहम्मद अब्दुल को नायेरा अशरफ़ की चाकू मारकर हत्या करते देखा जा सकता था. दरअसल मोहम्मद अब्दुल ने नायरा से क़रीबी बढ़ाने की कोशिश की थी, लेकिन नायरा ने उसे ठुकरा दिया था.

    जिसके बाद मोहम्मद अब्दुल ने यूनिवर्सिटी के बाहर नायरा की चाकू मारकर हत्या कर दी. अदालत ने 22 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल को मौत की सज़ा सुनाई.

    संसद को लिखे पत्र में अदालत ने कहा है कि फाँसी दिए जाने के एक हिस्से का प्रसारण भी ऐसी घटनाओं को रोकने के लक्ष्य को हासिल कर सकता है.

    मिस्र में फाँसी की सज़ा का प्रसारण नहीं किया जा सकता है. फाँसी की सज़ा जेल के अंदर ही दी जाती है. वर्ष 2015 के संयुक्त राष्ट्र के एक सर्वे के मुताबिक़ मिस्र में क़रीब 80 लाख महिलाएँ हिंसा का शिकार हुई थी.

  6. क़ुवैत में राजनीतिक अस्थिरता के बीच नए पीएम की नियुक्ति

    शेख़ अहमद अल नवाफ़ अल अहमद अल सबाह को क़ुवैत का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है. क़ुवैत के अमीर की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नए प्रधानमंत्री अब देश के नए कैबिनेट का गठन करेंगे. नए पीएम क़ुवैत के अमीर के बेटे हैं.

    इससे पहले शेख़ अहमद क़ुवैत के पहले डिप्टी पीएम और आंतरिक मामलों के मंत्री थे. क़ुवैत की समाचार एजेंसी कुना ने ये जानकारी दी है. क़ुवैत में पिछले कुछ महीनों से चल रही राजनीतिक उठापटक के बीच इस फ़ैसले को काफ़ी अहम माना जा रहा है. इस साल अप्रैल में पिछली कैबिनेट के मंत्रियों ने त्यागपत्र दे दिया था, जिससे नीतिगत फ़ैसले लेने में काफ़ी परेशानी आ रही थी.

    दो महीने के बाद क़ुवैत के अमीर ने ये घोषणा की थी कि देश की संसद को भंग कर दिया जाएगा. पिछली सरकार भ्रष्टाचार के कई आरोपों से घिरी थी और विपक्ष ने संसद में काफ़ी हंगामा किया था. क्योंकि आरोप ये था कि भ्रष्टाचार में कई शीर्ष अधिकारी शामिल हैं.

  7. शिवसेना का उद्धव ठाकरे गुट एक बार फिर पहुँचा सुप्रीम कोर्ट, जानिए क्यों?

    शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है. उद्धव गुट ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाख़िल करके चुनाव आयोग की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की है.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट ने चुनाव आयोग से अपने ग्रुप को असली शिवसेना का दर्जा दिए जाने की मांग की है. उद्धव ठाकरे के गुट ने सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल याचिका में कहा है कि चुनाव आयोग इस मामले में कोई कार्रवाई फ़िलहाल नहीं कर सकता है क्योंकि इससे जुड़े कई मामले सुप्रीम कोर्ट में अभी लंबित हैं.

    एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के कई विधायकों की बग़ावत से ये मामला शुरू हुआ था. बाद में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र में सरकार बनी और बीजेपी ने उसे समर्थन दिया. इस समय पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य के उप मुख्यमंत्री हैं. इस मामले को लेकर शिंदे गुट और उद्धव गुट ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था.

    इसमें एक-दूसरे गुट के विधायकों को अयोग्य ठहराने का भी मामला है. अभी ये मामला सुप्रीम कोर्ट में है. उद्धव ठाकरे ने सीएम पद और विधान परिषद से इस्तीफ़ा दे दिया था. एकनाथ शिंदे गुट ज़्यादातर विधायकों और सांसदों के समर्थन का दावा करती रही है. एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत हासिल करने में भी परेशानी नहीं हुई थी.

  8. राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने पहले ट्वीट में क्या कहा?

    देश की 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि उनका चुनाव इस बात का सबूत है कि भारत में ग़रीब बड़ा सपना देख सकते हैं और उसे पूरा भी कर सकते हैं.

    द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति बनने के बाद आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सबसे पहले ट्वीट में समस्त देशवासियों को आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, "मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं. आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा."

    उन्होंने कहा, "मैं देश की ऐसी पहली राष्ट्रपति भी हूँ जिसका जन्म आज़ाद भारत में हुआ है."

    राष्ट्रपति ने कहा, "मैंने अपनी जीवन यात्रा ओडिशा के एक छोटे से आदिवासी गाँव से शुरू की थी. मैं जिस पृष्ठभूमि से आती हूँ, वहां मेरे लिए प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करना भी एक सपने जैसा ही था. लेकिन अनेक बाधाओं के बावजूद मेरा संकल्प दृढ़ रहा और मैं कॉलेज जाने वाली अपने गांव की पहली बेटी बनी."

    पार्षद से राष्ट्रपति पद तक के सफर के बारे में ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "ये हमारे लोकतंत्र की ही शक्ति है कि उसमें एक ग़रीब घर में पैदा हुई बेटी, दूर-सुदूर आदिवासी क्षेत्र में पैदा हुई बेटी, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँच सकती है. राष्ट्रपति के पद तक पहुँचना, मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, ये भारत के प्रत्येक ग़रीब की उपलब्धि है."

    राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने कहा, "मेरा निर्वाचन इस बात का सबूत है कि भारत में ग़रीब सपने देख भी सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है. मेरे इस निर्वाचन में देश के ग़रीब का आशीर्वाद शामिल है, देश की करोड़ों महिलाओं और बेटियों के सपनों और सामर्थ्य की झलक है. देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद से लेकर श्री राम नाथ कोविन्द जी तक, अनेक विभूतियों ने इस पद को सुशोभित किया है. इस पद के साथ साथ देश ने इस महान परंपरा के प्रतिनिधित्व का दायित्व भी मुझे सौंपा है."

    अपने भाषण के आख़िर में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "जगत कल्याण की भावना के साथ, मैं आप सबके विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा व लगन से काम करने के लिए सदैव तत्पर रहूँगी.अर्थात, अपने जीवन के हित-अहित से बड़ा जगत कल्याण के लिए कार्य करना होता है."

    संथाल जनजाति का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "संथाल क्रांति, पाइका क्रांति से लेकर कोल क्रांति और भील क्रांति ने स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी योगदान को और सशक्त किया था. सामाजिक उत्थान एवं देश-प्रेम के लिए ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा जी के बलिदान से हमें प्रेरणा मिली थी." राष्ट्रपति मुर्मू संथाल जनजाति से ही आती हैं.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, द्रौपदी मुर्मू बनीं भारत की राष्ट्रपति, जस्टिस रमन्ना ने दिलाई शपथ

    द्रौपदी मुर्मू ने भारत की 15वें राष्ट्रपति के रूप में सोमवार को शपथ ले ली. द्रौपदी मुर्मू को सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस एनवी रमन्ना ने शपथ दिलाई. मुर्मू भारत की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं और पहली आदिवासी राष्ट्रपति.

    शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन नई दिल्ली में संसद के सेंट्रल हॉल में किया गया था. द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनने से पहले झारखंड की राज्यपाल और ओडिशा में मंत्री रही थीं.

    मुर्मू के ख़िलाफ़ विपक्ष ने अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था. द्रौपदी मुर्मू को कुल वैध मतों में 64 फ़ीसदी मिला था. 21 जुलाई को मतगणना हुई थी.

  10. द्रौपदी मुर्मू लेने जा रही हैं राष्ट्रपति पद की शपथ, देखिए लाइव समारोह

  11. पाकिस्तान में भारी बारिश से बाढ़, कई घर हुए तबाह

    भारत ही नहीं पाकिस्तान के कई इलाक़े भी इस समय भारी बारिश और बाढ़ के प्रकोप से जूझ रहे हैं.

    कराची, पंजाब और पेशावर के कई इलाक़ो में इस समय बाढ़ के कारण भयावह स्थिति बनी हुई है.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को कराची और पेशावर में हुई बारिश में दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए.

    डॉन अख़बार के अनुसार, पाकिस्तान पुलिस सर्जन डॉक्टर सुमैया सैयद ने कहा कि कराची लीए बाज़ार से एक 40 साल के शख़्स का शव मिला है. उनकी करंट लगने से मौत हुई थी.

    पाकिस्तान आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पेशावर में भारी बारिश के कारण कम के कम एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो घायल हैं.

    तहसीलदार मुहम्मद रियाज़ ने बताया कि ख़ैबर पख्तुनख्वा के ऊपरी कोहिस्तान इलाक़े में क़रीब 50 घर बाढ़ में बह गए हैं. प्रभावित इलाक़े में राहत कार्य और नुक़सान का अनुमान लगाने के लिए पांच टीमें भेजी गई हैं.

    पीडीएमए के मुताबिक़ कराची में 23 घरों को आंशिक रूप से और 14 को पूरी तरह से नुक़सान पहुंचा है.

    पंजाब में भी कई इलाक़े भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं. यहां राहत और बचाव कार्य जारी है. पंजाब के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने ट्वीट कर बताया है कि राजनपुर ज़िले में बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया जा रहा है.

    के-इलैक्ट्रिक के प्रवक्ता ने कहा कि कराची के कई इलाक़ों में बारिश होने की सूचना मिली है. उन्होंने लोगों को बिजली के उपकरण इस्तेमाल करते हुए सावधानी बरतने के लिए कहा है. साथ ही बिजली के खंभों और निर्माणाधीन इमारतों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है. साथ ही बताया है कि कुछ इलाक़ों में बिजली भी कट सकती है.

  12. द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी राष्ट्रपति पद की शपथ, ये है पूरा कार्यक्रम

    नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भारत के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी. इसके साथ ही वह देश की 15वीं राष्ट्रपति बन जाएंगी.

    द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला के तौर पर राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करेंगी.

    केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रपति पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 10:15 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में होगा.

    देश के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमन्ना द्रौपदी मुर्मू को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. इसके बाद नई राष्ट्रपति देश को संबोधित करेंगी.

    शपथ ग्रहण के बाद द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी. उन्हें इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया जाएगा. यहां निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा.

    शपथ ग्रहण समारोह से पहले निवर्तमान राष्ट्रपति और निर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे. उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य और सैन्य अधिकारी भी समारोह भी शामिल होंगे.

    एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को भारी अंतर से हराया था.

    झारखंड की राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू ने इस चुनाव में पहली वरीयता वाले 2,824 वोट हासिल किए जिनका मूल्य 6,76,803 रहा. राष्ट्रपति चुने जाने के लिए किसी उम्मीदवार को 5,28,491 मूल्य का कोटा हासिल करना ज़रूरी था.

    वहीं, उनके प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले जिसका मूल्य 3,80,177 रहा.

    द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला और आदिवासी राज्यपाल थीं. यहां से सेवानिवृति के बाद वे अपने गृह राज्य ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में रहती हैं. यह उनके पैतृक गांव बैदापोसी का प्रखंड मुख्यालय है. वे झारखंड में सबसे लंबे वक़्त (छह साल से कुछ अधिक वक़्त) तक राज्यपाल रहीं.

  13. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में घमासान, बीजेपी की सेंधमारी का डर

    छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच सियासी घमासान अब भी ज़ारी है. पार्टी की ये आंतरिक कलह दिल्ली तक पहुंच गई है और दोनों नेता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मिलना चाहते हैं.

    टीएस सिंहदेव ने 16 जुलाई को पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. हालांकि, उन्होंने अपने अन्य विभागों को बरकरार रखा था.

    इसके बाद पार्टी नेताओं को भाजपा की सेंधमारी की चिंता सताने लगी है. विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू होते ही बीजेपी ने बघेल सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है.

    लेकिन, इस बीच दोनों नेता दिल्ली में मौजूद थे और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता राहुल गांधी से मुलाक़ात का इंतज़ार कर रहे थे. लेकिन, बघेल और सिंहदेव दोनों की ही पार्टी नेतृत्व से मुलाक़ात नहीं हो पाई है.

    वहीं, सीएम बघेल अब छत्तीसगढ़ लौट गए हैं. वह हिमाचल प्रदेश चुनाव के वरिष्ठ पर्यवेक्षक भी हैं, उन्होंने दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस के नेताओं से मुलाक़ात की. वह 27 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के बाद दोबारा दिल्ली आ सकते हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सीएम बघेल ने रविवार को कहा कि दिल्ली दौरे पर उनकी पार्टी नेतृत्व से मुलाक़ात नहीं हो पाई लेकिन उन्होंने आने वाले चुनावों की रणनीति को लेकर हिमाचल प्रदेश के पार्टी नेताओं से मुलाक़ात की.

    सीएम बघेल शनिवार शाम को दिल्ली के लिए निकले थे. सिंहदेव तब भोपाल में थे और उसी शाम वो भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए. टीएस सिंहदेव के दिल्ली में होने और पार्टी प्रमुख से मुलाक़ात को लेकर सीएम बघेल ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेताओं से कोई मुलाक़ात नहीं हुई और वो वहां हिमाचल प्रदेश के नेताओं से बात करने गए थे.

    सीएम भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच ये टकराव जून 2021 से चल रहा है जब बघेल के सीएम के रूप में ढाई साल पूरे हुए थे. छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री का फ़ॉर्मूला लागू नहीं होने के बाद, इस्तीफ़े को टीएस सिंहदेव की इसी नाराज़गी से जोड़ कर देखा जा रहा है.

  14. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    23 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.