You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मंकीपॉक्स: 70 से अधिक देशों में संक्रमण के 16 हजार मामले, अब तक 5 की मौत

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रॉस एडहॉनम गीब्रिएसुस ने कहा है कि 70 से अधिक देशों में मंकीपॉक्स वायरस संक्रमण के क़रीब 16 हज़ार मामले दर्ज किए गए हैं. अब तक इससे पांच मौतें हो चुकी हैं.

लाइव कवरेज

भूमिका राय and दीपक मंडल

  1. मंकीपॉक्स: 70 से अधिक देशों में संक्रमण के 16 हजार मामले, अब तक 5 की मौत

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रॉस एडहॉनम गीब्रिएसुस ने कहा है कि 70 से अधिक देशों में मंकीपॉक्स वायरस संक्रमण के क़रीब 16 हज़ार मामले दर्ज किए गए हैं. अब तक इससे पांच मौतें हो चुकी हैं.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंकीपॉक्स को ग्लोबल हेल्थ इमर्जेंसी घोषित किया है.

    1950 के दशक में मध्य अफ्रीका में पाया गया ये वायरस यूरोप के लिए खतरा बना हुआ है.

    ब्रिटेन की बकिंघम यूनिवर्सिटी में मॉलिक्यूलर एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉक्टर हेलन विमलरत्ना का कहना है, "ये घोषणा डर फैलाने के लिए नहीं है. इसका मतलब है कि संसाधन तैयार किए जाएं और उनका इस्तेमाल वहां हो, जहां उनकी सबसे अधिक ज़रूरत हो. हम इसकी वैक्सीन, जागरूकता अभियान और इस पर शोध की बात कर रहे हैं. मंकीपॉक्स के मामले में हमें और शोध की ज़रूरत है क्योंकि पारंपरिक तौर पर अफ्रीका में जो हमने देखा है ये उससे अलग है."

  2. घाटी में रहने वाले कई कश्मीरी पंडित क्यों हैं ख़ौफ़ज़दा

    बुधवार को केंद्र सरकार ने संसद में दिए गए एक जवाब में कहा कि अगस्त 2019 से लेकर इस साल 9 जुलाई तक एक भी कश्मीरी पंडित घाटी से माइग्रेट नहीं हुए हैं.

    लेकिन बीबीसी ने पाया कि ज़मीनी हक़ीकत सरकार के दावों से थोड़ी अलग है. घाटी में नौकरी करने वाले अधिकतर कश्मीरी पंडित जम्मू वापस जा चुके है. देखिए कश्मीर से बीबीसी संवादताता कीर्ति दुबे की ये खास रिपोर्ट.

  3. उपराष्ट्रपति चुनाव: असम के सीएम ने ऐसा क्या कहा कि मार्गरेट अल्वा को जवाब देना पड़ा

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्व सरमा ने कहा है कि विपक्ष की उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए उनसे रविवार की सुबह बात की.

    सरमा ने ट्वीट कर कहा, "श्रीमती मार्गरेट अल्वा ने आज सुबह मुझसे बात की. लेकिन मैंने विनम्रता पूर्वक कहा कि मैं इलेक्टोरल कॉलेज का सदस्य नहीं है. लिहाजा उपराष्ट्रपति चुनाव में मेरी कोई भूमिका नहीं है."

    इस पर अल्वा ने ट्वीट कर कहा, "उपराष्ट्रपति पद चुनाव के प्रचार अभियान के दौरान सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से मिल रही हूं. श्री सरमा के साथ मेरा बरसों पुराना कामकाजी रिश्ता रहा है. संसद में 30 साल बिताने के बाद मुझे पता है कि संसद में इलक्टोरल कॉलेज कैसे बनता है. फिर भी उनसे दिलचस्प बात हुई."

    जयराम रमेश ने भी मार्गरेट अल्वा के प्रचार अभियान की शुरुआत की जानकारी दी है.

    रमेश ने एक ट्वीट कर कहा है, "मैंने पंडित रवि शंकर शुक्ला लेन स्थित उनके प्रचार दफ्तर का जिम्मा संभाला. अपने प्रचार अभियान के दौरान मार्गरेट अल्वा असम, कर्नाटक और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों से बात की. बातचीत बड़े ही सौहार्दपूर्ण और दोस्ती के माहौल में हुई. श्रीमती अल्वा के लंबे राजनीतिक करियर में इन नेताओं से इनका काफी पुराना साथ रहा है."

  4. मेघालय: बीजेपी नेता के फार्म हाउस में 'देह व्यापार' का आरोप, पुलिस ने 6 नाबालिगों को छुड़ाया, 73 गिरफ़्तार

    मेघालय पुलिस ने वेस्ट गारो हिल्स जिला मुख्यालय तुरा के बाहरी इलाके में स्थित एक फार्म हाउस में छापा मार वहां कथित तौर पर चल रहे 'वेश्यालय' से छह बच्चों को छुड़ाया है जबकि 73 लोगों को गिरफ्तार किया है.

    इन गिरफ्तार लोगों में एक नाबालिग बताया गया है. पुलिस का कहना है कि जिस फार्म हाउस में यह 'वेश्यालय' चल रहा था, उसके मालिक बर्नार्ड एन मराक उर्फ रिम्पू हैं.

    इस समय बर्नार्ड एन मराक मेघालय प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष हैं और गारो हिल्स स्वायत्तशासी जिला परिषद के सदस्य भी हैं.

    वेस्ट गारो हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेकानंद सिंह राठौड़ ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बीबीसी से कहा, "हमारे पास रिम्पू बागान नामक फार्म हाउस में 'वेश्यालय' चलाने की कई शिकायतें आई थी. उसी के आधार पर पुलिस ने बर्नार्ड एन मराक स्वामित्व वाले फार्म हाउस पर शुक्रवार को छापा मारा और यह कार्रवाई शनिवार शाम तक चली."

    पुलिस अधीक्षक ने बताया, "जिस फार्म हाउस में यह 'वेश्यालय' चल रहा था उसका मालिक बर्नार्ड एन मराक उर्फ रिम्पू है. वही इस 'वेश्यालय' का चला रहा था. हमें वहां से जो रजिस्टर मिले है उनके मुताबिक ये 'वेश्यालय' साल 2020 से चल रहा था. चूकि ये पूरी तरह से गैर कानूनी रूप से चल रहा था, इसलिए वहां किसी तरह का रिकॉर्ड नहीं रखा गया."

  5. बिहार: छपरा के एक मकान में विस्फोट, छह की मौत

    बिहार में सारण जिले में रविवार को एक विस्फोट में मकान ढहने से छह लोगों की मौत हो गई.

    फिलहाल मकान के मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है.

    सारण के एसपी संतोष कुमार ने हादसे में छह लोगों के मौत की पुष्टि की है.

    उन्होंने कहा कि पुलिस विस्फोट की जांच कर रही है. बम डिस्पोजल स्क्वायड को बुलाया गया है. फोरेंसिक टीम जांच कर रही है.

    इस बीच, घायलों को छपरा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.

    पुलिस के मुताबिक रियाज विस्फोट रियाज मियां नाम के एक शख्स के मकान में हुआ है.

    यह शख्स खुदाईबाग का रहने वाला था,जो खैरा पुलिस थाने के तहत आता है.

  6. सीबीएसई की 12वीं की टॉपर तान्या सिंह से मिलिए

    सीबीएसई ने शुक्रवार को 12वीं कक्षा के रिज़ल्ट घोषित कर दिए हैं. यूपी के बुलंदशहर की तान्या सिंह ने पूरे 500 अंकों के साथ टॉप किया है.

    तान्या को सभी पांच विषयों में 100-100 नंबर मिले. तान्या का सपना सिविल सर्विस में जाना है.

  7. गोवा में 'अवैध बार' पर कांग्रेस के आरोप के जवाब में स्मृति इरानी ने भेजा लीगल नोटिस

    गोवा में कथित तौर पर एक अवैध बार के मामले से नाम जोड़े जाने पर केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने रविवार को कांग्रेस के नेता जयराम रमेश और पवन खेड़ा को लीगल नोटिस भेजा है.

    स्मृति इरानी ने कांग्रेस नेताओं से इस लीगल नोटिस में कहा है कि वो अपने 'बेबुनियाद और झूठे' आरोपों के लिए माफी मांगे.

    दरअसल, कांग्रेस ने गोवा के एक बार को लेकर स्मृति इरानी और मोदी सरकार पर निशाना साधा था. कांग्रेस इस बार को अवैध बता रही है.

    कांग्रेस पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा, "केंद्रीय मंत्री स्मृति ज़ूबिन इरानी के परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं. गोवा में उनकी बेटी द्वारा चलाए जा रहे रेस्तरां पर शराब परोसने के लिए फ़र्ज़ी लाइसेंस जारी करवाने का आरोप लगा है और ये कोई 'सूत्रों के हवाले से' अथवा एजेंसियों द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए लगाया गया आरोप नहीं है बल्कि आरटीआई से खुलासा हुआ है."

    "जिसके मुताबिक केंद्रीय मंत्री स्मृति ज़ूबिन इरानी की बेटी जोइश इरानी ने अपने 'सिली सोल्स कैफे एंड बार' के लिए फ़र्ज़ी दस्तावेज़ देकर 'बार लाइसेंस' जारी करवाए. हम प्रधानमंत्री से माँग करते हैं कि तुरंत प्रभाव से स्मृति ज़ूबिन इरानी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए."

    कांग्रेस ने एक शोकॉज नोटिस की कॉपी भी शेयर की है जो कथित तौर पर बार को जारी किया गया था और पार्टी का ये भी दावा था कि नोटिस जारी करने वाले अधिकारी का दबाव में आकर तबादला किया जा रहा है.

    हालांकि इस मामले में स्मृति इरानी की बेटी ने एक बयान जारी कर इन आरोपों बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा है कि न तो वो ये रेस्तरां चला रही हैं और न ही वो इसकी मालकिन हैं.

    अब स्मृति इरानी ने अपने लीगल नोटिस में कांग्रेस के इन नेताओं से बिना शर्त और स्पष्ट रूप से माफी मांगने और अपने आरोप वापस लेने की मांग की है.

    नोटिस में कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो स्मृति इरानी इन नेताओं के ख़िलाफ़ दिवानी और फौजदारी मामला शुरू करेंगी. ये नोटिस महिला कांग्रेस की नेता नेट्टा डिसूजा और कांग्रेस पार्टी को भी भेजा गया है.

  8. 24 जुलाई 2022 का ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’, सुनिए मानसी दाश के साथ

  9. उत्तर प्रदेश: गोहत्या निरोधक कानून के तहत पांच लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज

    उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कर्नलगंज पुलिस स्टेशन में पांच लोगों के ख़िलाफ़ गोहत्या निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है.

    एएसपी शिवराज ने बताया कि कर्नलगंज थाने के बरबतपुर गांव निवासी पुष्पादेवी के दरवाजे पर बंधा बछड़ा एक महीने पहले गायब हो गया था. जांच में पता चला कि अलीपुर गांव के कुछ लोगों ने बछ़़ड़े को चुरा लिया था.

    महिला ने चोरी और गोकशी की शिकायत दर्ज कराई थी.

    इसके आधार पर गोकशी निरोधक कानून के तहत बरबतपुर के रहने वाले जमील और जावेद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.

    इसके अलावा जुबैर, आशिक अली और जुबैर के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है. मामले की जांच चल रही है.

  10. पाकिस्तान को बांग्लादेश के विरोध के बाद फ़ेसबुक से झंडे की तस्वीर क्यों हटानी पड़ी

    ढाका स्थित पाकिस्तान उच्चायोग ने बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर अपने फ़ेसबुक पेज़ से बांग्लादेश-पाकिस्तान के झंडे की कवर तस्वीर को हटा दिया है.

    बांग्लादेश के समय के मुताबिक क़रीब 12.30 बजे ये तस्वीर बदली गई और फ़ेसबुक कवर की तस्वीर में केवल पाकिस्तान का झंडा लगा दिया गया.

    21 जुलाई को इस फ़ेसबुक पेज़ की कवर तस्वीर के रूप में बांग्लादेश और पाकिस्तान के संयुक्त झंडे को लगाया गया था.

    बाद में बांग्लादेश के कई संगठनों ने इस पर प्रतिक्रियाएं देनी शुरू की तो (बांग्लादेश के) विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग से तस्वीर हटाने का अनुरोध किया.

    रविवार को ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांग्लादेश के विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमेन ने कहा, "हमें ये पसंद नहीं आया लिहाज हमने इसे आपसे हटाने को कहा."

  11. सीआईएससीई बोर्ड के 12वीं के नतीजे घोषित, 18 स्टूडेंट्स ने किया टॉप

    सीआईएससीई की 12वीं क्लास की परीक्षा में 18 स्टूडेंट्स ने टॉप किया है.

    इनमें से हरेक को 99.75 नंबर मिले हैं. 58 स्टूडेंट्स दूसरे नंबर पर आए हैं.

    इनमें से हरेक ने 99.50 फीसदी नंबर हासिल किए हैं.

    78 स्टूडेंट्स ने तीसरा स्थान हासिल किया है. इनमें से हरेक ने 99.25 फीसदी अंक हासिल किए हैं.

    रविवार को सीआईएससीई बोर्ड की 12वीं क्लास के नतीजे घोषित किए गए थे.

    नतीजों के मुताबिक इस साल पास पर्सेंटेज 99.52 फीसदी पहुंच गया. लड़कियों का रिजल्ट लड़कों से अच्छा रहा.

    पहली बार बोर्ड की परीक्षाएं दो बार आयोजित की गई थीं.

  12. रीना वर्मा का पाकिस्तान लौटना और भारत-पाक सरकारों की कमियां- वुसत का व्लॉग

    बंटवारे के बाद पहली बार पाकिस्तान के रावलपिंडी के अपने घर पहुंची थीं भारतीय महिला रीना वर्मा. इस मौके पर भारत और पाकिस्तान दोनों ही तरफ़ से सोशल मीडिया और मीडिया में ख़ूब चर्चा देखने को मिली.

    पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान कहते हैं कि अगर भारत और पाकिस्तान की सरकारों के बीच थोड़ा भी रंग-ढंग होता तो रीना वर्मा के रावलपिंडी पहुंचे की ख़बर कभी न छपती. ऐसा क्यों?

  13. यूपी: सड़क दुर्घटना में छह कांवड़ियों की मौत के बाद हाथरस के एसपी का तबादला

    उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले में एक सड़क दुर्घटना में छह कांवड़ियों की मौत के एक दिन बाद राज्य सरकार ने रविवार को यहां के एसपी का तबादला कर दिया है.

    एडीजी (पर्सनल) राजा श्रीवास्तव ने बताया कि हाथरस के एसपी विकास कुमार वैद्य को पीएसी कमांडेंट के तौर पर मिर्जापुर भेजा गया है. जबकि यहां तैनात देवेश कुमार पांडे को हाथरस का नया एसपी बनाया गया है.

    हालांकि ट्रांसफर की कोई वजह नहीं बताई गई है लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कांवड़ियों की मौत के बाद हुई है.

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी ट्रैफिक प्लान तैयार करने और कांवड़ यात्रा के इंतजाम के आदेश दिए थे.

    शनिवार को सुबह हाथरस के सादाबाद इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर की वजह से छह कांवड़ियों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया.

  14. मेघालय का मोसिनराम, जहां होती है सबसे ज़्यादा बारिश

    भारत के उत्तर पूर्वी राज्य मेघालय के मौसिनराम नाम की जगह में खूब बारिश होती है.

    आलम यह है कि इसे दुनिया की सबसे गीली जगह बताया जाता है.

    देखिए मौसिनराम में रहने वाले लोग कैसे इतनी बारिश के बीच अपना जीवन जीते हैं.

  15. 'हर घर तिरंगा' अभियान के लिए लोगों पर दबाव डाला जा रहा है: महबूबा मुफ्ती

    पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने जम्मू और कश्मीर प्रशासन पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के लिए लोगों पर तिरंगा खरीदने का दबाव डालने का आरोप लगाया है.

    महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि देशभक्ति अंदर से आती है. यह थोपी नहीं जा सकती.

    आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 और 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान के जरिये लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के प्रोत्साहित किया जा रहा है.

    ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए मुफ्ती ने कहा है, ''दक्षिण अनंतनाग जिले के बिजबेहड़ा निगम के एक वाहन से लगे लाउडस्पीकर से यह एलान किया जा रहा है कि इस इलाके का हर दुकानदार हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा खरीदने के लिए 20 रुपये जमा करे.''

    उन्होंने कहा, ''जम्मू और कश्मीर हर घर तिरंगा अभियान के लिए जिस तरह से छात्रों, दुकानदारों और कर्मचारियों को पैसे देने के लिए बाध्य किया जा रहा है. ऐसा जताया जा रहा है कि कश्मीर दुश्मन का इलाका है और यहां कब्जा किया जा रहा है. देशभक्ति अंदर से आती है थोपी जाती नहीं है.''

  16. सुल्तान ख़ानः ब्रितानी साम्राज्य का शतरंज चैंपियन बनने वाला भारतीय नौकर

    ऑक्सफ़ोर्ड में सन 1890 में हो रही एक शतरंज प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे उन्नीस साल के युवा भारतीय खिलाड़ी गोविन्द दीनानाथ मडगांवकर ने अपने खेल से अंग्रेजों को दंग कर रखा था.

    विशेषज्ञों को मडगांवकर के भीतर एक बड़ा चैम्पियन नज़र आया था लेकिन दो ही साल के भीतर शतरंज छोड़ मडगांवकर इंडियन सिविल सर्विस से जुड़ गए.

    संभव है कि अगर मडगांवकर ने खेलना बंद न किया होता तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले पहले भारतीय शतरंज खिलाड़ी बन गए होते.

    चालीस साल बाद 1931 में जब वे बंबई हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के पद से रिटायर हो रहे थे उन्हें शायद मालूम भी न होगा कि उन्हीं दिनों इत्तफाकन इंग्लैंड में रह रहा भारतीय मूल का एक अदना सा मुलाजिम दुनिया के तमाम दिग्गज शतरंज खिलाड़ियों को धूल चटा रहा था.

  17. रूस का दावा, ओडेसा में यूक्रेनी युद्धपोत और अमेरिकी हथियारों का जखीरा नष्ट किया गया

    रूस ने कहा है कि उसने ओडेसा बंदरगाह पर मिसाइल हमले कर एक यूक्रेनी युद्धपोत और अमेरिका से सप्लाई किए गए हथियारों को नष्ट कर दिया है.

    ओडेसा पर रूस के इस मिसाइल हमले का रूस-यूक्रेन अनाज समझौते पर काफी नकारात्मक असर पड़ सकता है. पिछले शनिवार को ही रूस और यूक्रेन में समझौता हुआ था.

    समझौते में कहा गया था रूस यूक्रेन के उन बंदरगाहों पर हमले नहीं करेगा, जहां से काले सागर के रास्ते अनाज की सप्लाई की जाएगी.

    रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा, "रूसी सेना ने ओडेसा पोर्ट पर खड़े यूक्रेन के एक युद्धपोत पर हमला किया, जिसमें यह पूरी तरह ध्वस्त हो गया. इसके साथ ही वहां यूक्रेन की ओर से लाई गई अमेरिकी हथियारों की खेप भी नष्ट हो गई."

    इससे पहले रूसी विदेश मंत्री की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि रूसी कालिब्र मिसाइलों ने हमले में यूक्रेन की 'गश्ती नाव' को ध्वस्त कर दिया है.

  18. वीडियो: देखिए नीरज चोपड़ा ने सिल्वर जीतने के बाद क्या कहा

    ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के लिए इतिहास रच दिया.

    अमेरिका के ओरेगन में हो रही चैंपियनशिप के पुरुष जैवलिन थ्रो (भाला फेंकने) में नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता है.

    19 साल बाद किसी भारतीय को वर्ल्ड एथलिटिक्स चैंपियनशिप में मेडल मिला है.

    इससे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज ने साल 2003 में महिला लॉन्ग जंप में कांस्य पदक जीता था.

    नीरज चोपड़ा ने अपनी चौथी कोशिश में 88.13 मीटर लंबा थ्रो किया. जिसकी मदद से वो सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहे.

    नीरज ने अपने इस प्रदर्शन पर क्या कहा देखिए.

  19. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने महंगाई पर उठाया सवाल, कहा- जरूरी चीज़ों की कीमतें कम हों

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने कहा है कि महंगाई और खाद्य वस्तुओं की कीमतों के संबंधों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है.

    उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोग चाहते हैं कि खाना, कपड़ा और रहने की जगह सस्ती हो क्योंकि ये मूलभूत जरूरतें हैं.

    होसबोले ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अब तक की सरकारों को श्रेय देते हुए कहा कि जरूरी सामान इतनी सस्ते हों कि इसे हर कोई खरीद सके. हालांकि किसानों को इसका घाटा नहीं होना चाहिए.

    संघ नेता की यह टिप्पणी ऐसे वक्त में आई है जब सरकार जरूरी सामानों की बढ़ी कीमतों और आटे और दही जैसे आइटमों पर जीएसटी लगाए जाने से आलोचना के घेरे में है.

  20. नीरज चोपड़ा की कामयाबी पर घर में जश्न, मां ने क्या कहा?

    भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत लिया.

    नीरज की इस कामयाबी पर पानीपत में उनके घर में खूब जश्न मनाया जा रहा है.

    नीरज की मां सरोज देवी ने कहा कि उन्हें भरोसा था कि नीरज मेडल जीतेंगे.