यूक्रेन युद्ध: रूस में इंस्टाग्राम पर बैन की तैयारी, ये है वजह
यूक्रेन पर हमले के बीच रूस सोशल मीडिया पर अपने प्रतिबंधों को सख़्त कर रहा है. अब रूस में इंस्टाग्राम को बैन करने की तैयारी है.
रूस के सैनिकों के ख़िलाफ़ हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में इंस्टाग्राम पर ये कार्रवाई की जा रही है. दरअसल, इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा ने ये कहा है कि वो अपने यूज़र्स को कुछ देशों में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रूसी सैनिकों के ख़िलाफ़ हिंसा का आह्वान करने देगा.
इसका मतलब ये है कि कुछ देशों में मेटा अपने प्लेटफ़ॉर्म पर अस्थायी रूप से रूसी सैनिकों के ख़िलाफ़ हिंसा वाले पोस्ट करने देगा. हालांकि, इसमें ये भी कहा गया है कि रूसी नागरिकों के ख़िलाफ़ हिंसा वाले पोस्ट की अनुमति नहीं दी जाएगी.
अब मेटा की पॉलिसी में बदलाव पर रूस ने अमेरिका से कहा है कि वो सोशल मीडिया कंपनी की ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाए.
शुक्रवार को न्यूज़ एजेंसी इंटरफ़ैक्स ने ये जानकारी दी कि रूस की जांच समिति ने शुक्रवार को मेटा के ख़िलाफ़ आपराधिक जांच शुरू करने के लिए कहा है.
4 मार्च को फेसबुक के एक्सेस को रूस में बैन करने की बात सामने आई थी. बता दें कि मेटा कंपनी ही इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सअप जैसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म की पैरेंट कंपनी है.
हालांकि, मौजूदा वक्त में रूस में व्हाट्सअप ब्लॉक नहीं किया जा रहा है. ये एक सोशल नेटवर्क की बजाय एक मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है.