You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस के साथ 'स्थायी सामान्य व्यापार संबंधों' को रद्द करेगा अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि यूक्रेन पर हमला करने की सज़ा में रूस के साथ "स्थायी सामान्य व्यापार संबंधों" को रद्द करेगा अमेरिका.

लाइव कवरेज

रजनीश कुमार, विभुराज, कमलेश मठेनी and अभय कुमार सिंह

  1. रूस के साथ 'स्थायी सामान्य व्यापार संबंधों' को रद्द करेगा अमेरिका- बाइडन

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि रूस को यूक्रेन पर हमला करने की सज़ा में अमेरिका उसके "स्थायी सामान्य व्यापार संबंधों" को रद्द करेगा. यह मुक्त व्यापार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली शब्दावली है.

    उनके मुताबिक ये बदलाव अमेरिकी सहयोगियों के साथ उठाया गया क़दम है. उन्होंने इसे रूसी सामानों की एक विस्तृत रेंज पर अमेरिकी टैरिफ लगाने की दिशा में उठाया गया क़दम बताया जिससे एक बड़ी मंदी की कगार पर खड़ी वहां की अर्थव्यवस्था पर और दबाव पड़ेगा. रूसी अर्थव्यवस्था को कुचल रही है.

    उन्होंने कहा कि हर तरह के प्रतिबंध और निर्यात पर नियंत्रण रूसी अर्थव्यवस्था को कुचल रहे हैं.

    यह कहते हुए कि "पुतिन एक हमलावर हैं और उन्हें उसकी कीमत चुकानी होगी" उन्होंने कहा कि "हम पुतिन पर दबाव बनाना जारी रखेंगे."

    उन्होंने ये भी कहा कि रूस अगर रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल करता है तो उसे उसकी कड़ी कीमत चुकानी होगी.

  2. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सरपंच की गोली मारकर हत्या

    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले में एक सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अधिकारों ने इस बात की पुष्टि की है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में एक अधिकारी ने बताया कि वारदात रात क़रीब 8 बजकर 50 मिनट की है. चरमपंथियों ने शबीर अहमद मीर पर कुलगाम ज़िले में उनके ही घर के पास गोलियां बरसाईं.

    अधिकारी ने बताया कि मीर को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल, इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है.

  3. यूक्रेन का दावा- वरिष्ठ रूसी जनरल की लड़ाई में मौत

    यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि रूस के एक उच्च पदस्थ अधिकारी की मौत सेना के हमले में हुई है.

    यूक्रेन के गृह मंत्रालय के सलाहकार का दावा है कि मेजर जनरल एंड्रेई कलएसनिकोफ़ रूस के पूर्वी सैन्य जिले के 29वीं सेना के कमांडर थे.

    पश्चिमी देशों के अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि की है. हालांकि, अधिकारियों ने जनरल का नाम नहीं लिया है.

    रूस की तरफ़ से अभी इस मामले में कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है.

    रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद से अबतक कथित तौर पर एक ही रैंक के कम से कम दो सैन्य अधिकारियों की मौत हो चुकी है.

    इससे पहले विश्लेषकों ने कहा था कि युद्ध के मैदान पर या उसके आसपास वरिष्ठ रूसी सैनिकों की मौजूदगी ये संकेत देती है कि रूस का अभियान योजना के मुताबिक़ नहीं चल रहा है.

  4. चुनावी नतीजे: हार-जीत की पड़ताल, जुड़िए ट्विटर पर बीबीसी हिंदी के साथ

    पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के नतीजे अब सामने आ चुके हैं. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में बीजेपी की सरकार बनेगी.

    वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी पहली बार सरकार बनाने जा रही है. यूपी, पंजाब, उत्तराखंड समेत इन राज्यों के चुनावों में जीत-हार की क्या वजहें रहीं?

    #BBCHindiSpaces में बीबीसी के विनीत खरे के साथ बीबीसी के रिपोर्टर्स इसी पर कर रहे हैं चर्चा.

    सुनिए

  5. आप विधायक दल के नेता चुने गए भगवंत मान, विधायकों को क्या हिदायत दी?

    पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने आज 15वीं विधानसभा को भंग कर दिया. इस बीच भगवंत मान, आम आदमी पार्टी विधायक दल के नेता चुने गए और वो कल राज्यपाल से मुलाक़ात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.

    विधायक दल की बैठक के दौरान भगवंत मान ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों से अहंकार न करने की अपील की है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, उन्होंने कहा, ''हमें उन लोगों का भी सम्मान करना होगा जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया. सभी विधायकों को उन क्षेत्रों में काम करना चाहिए जहां से वे चुने गए हैं, न कि केवल चंडीगढ़ में रहें.''

    इससे पहले भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल से मुलाक़ात कर उन्हें शपथ ग्रहण में आमंत्रित किया था.

  6. जम्मू-कश्मीर: सेना के हेलिकॉप्टर क्रैश में घायल को-पायलट की मौत, पायलट की हालत गंभीर

    जम्मू-कश्मीर के गुरेज़ सेक्टर में भारतीय सेना का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में घायल को-पायलट की मौत हो गई है. वहीं पायलट की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है और आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ये हादसा उस वक्त हुआ जब सेना का चीता हेलिकॉप्टर एक बीमार बीएसएफ के जवान को लेने जा रहा था.

    जानकारी के मुताबिक़, हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया. जिसके बाद खोज में सेना की दूसरी टीमें लगाई गईं. टीम को पायलट और को-पायलट गंभीर रूप से घायल हालत में मिले. उन्हें उधमपुर के कमांड हॉस्पिटल में लाया गया. बाद में 29 साल के को-पायलट मेजर संकल्प यादव की मौत हो गई. संकल्प यादव जयपुर के रहने वाले थे.

  7. 16 मार्च को शपथ लेंगे भगवंत मान, 13 मार्च को केजरीवाल के साथ करेंगे रोड शो

    आम आदमी पार्टी नेता भगवंत मान 16 मार्च को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इससे पहले 13 मार्च को भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल के साथ अमृतसर में एक रोड शो करेंगे.

    भगवंत मान ने आज अरविंद केजरीवाल से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाक़ात की. न्यूज़ एजेंसी एएनआई से मान ने कहा कि उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के लिए केजरीवाल को आमंत्रित किया है.

    उन्होंने कहा, ''अब शपथ ग्रहण 'महलों' में नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के गांवों में होगा. हम 16 मार्च को शहीद भगत सिंह के गांव में उन्हें श्रद्धांजलि के रूप में शपथ लेंगे.''

    बता दें कि पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत हासिल की है. कांग्रेस को 18 सीटें मिली हैं.

  8. Live : बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 11 मार्च 2022, सुनिए वात्सल्य राय से

    यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले के बीच क्या बोले रूस के राष्ट्रपति पुतिन? BJP की अखिलेश यादव को नसीहत-ढंग से निभाएं विपक्ष का रोल,चुनाव नतीजों पर क्या बोले एसपी प्रमुख?

    ऐसी ही खबरें जानिए बीबीसी हिंदी के डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर' में.

  9. मिसाइल वाले दावे पर पाकिस्तान को भारत ने दिया ये जवाब

    पाकिस्तान की सेना ने गुरुवार को दावा किया था कि भारत की तरफ़ से एक सुपरसोनिक ऑब्जेक्ट पाकिस्तान आया था और पाकिस्तानी इलाक़े में क्रैश कर गया.

    अब भारत के रक्षा मंत्रालय ने इस दावे पर सफ़ाई दी है. मंत्रालय का कहना है कि तकनीकी ख़राबी की वजह से मिसाइल फ़ायर हुई थी. अब सरकार ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

    रक्षा मंत्रालय ने कहा है, ''9 मार्च 2022 को नियमित रखरखाव के दौरान, एक तकनीकी ख़राबी के कारण अचानक मिसाइल फ़ायर हो गई. भारत सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है और एक उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.''

    रक्षा मंत्रालय ने आगे कहा कि पता चला है कि मिसाइल पाकिस्तान के क्षेत्र में गिरी है.

    मंत्रालय ने कहा, ''घटना पर ख़ेद है, वहीं राहत की बात ये है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है.''

    पाकिस्तान ने क्या कहा था?

    इससे पहले पाकिस्तान की तरफ़ से कहा गया था कि ये सुपरसोनिक ऑब्जेक्ट ख़ुद गिरा था और पाकिस्तान की वायु सेना इसकी निगरानी कर रही थी.

    पाकिस्तान की सेना ने कहा था कि यह पैसेंजर उड़ानों के लिए बेहद ख़तरनाक था. पाकिस्तानी सेना ने इस मामले में भारत से जवाब मांगा था.

  10. उत्तर प्रदेश चुनाव में 'बाहुबली' नेताओं का क्या हाल रहा?

    उत्तर प्रदेश चुनाव में बाहुबली बताए जाने वाले कुछ नेताओं को जीत हासिल हुई है तो ज़्यादातर को जनता ने हरा दिया है.

    आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही कथित बाहुबली नेताओं का चुनावी हाल: धनंजय सिंह, विजय मिश्रा, अमनमणि त्रिपाठी और यश भद्र सिंह मोनू जैसे नेता चुनाव हार गए हैं.

    • धनंजय सिंह- जौनपुर की मल्हनी सीट से जेडीयू के उम्मीदवार धनंजय सिंह को समाजवादी पार्टी के लकी यादव ने 17,527 वोटों से हराया है.
    • विजय मिश्रा- भदोही की ज्ञानपुर सीट से चुनाव लड़ रहे विजय मिश्रा भी हार गए हैं. वो तीसरे स्थान पर रहे हैं. साल 2002 से 2012 तक वो समाजवादी पार्टी से विधायक रहे थे. 2017 में निषाद पार्टी से चुनाव जीते थे लेकिन इस बार जनता ने उन्हें नकार दिया है.
    • अमनमणि त्रिपाठी- महाराजगंज की नौतनवा सीट से अमनमणि त्रिपाठी चुनाव हार गए हैं. 2017 के विधानसभा चुनाव में वो इस सीट से निर्दलीय चुनाव जीते थे. इस बार वो बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे.
    • यश भद्र सिंह मोनू- सुल्तानपुर की इसौली सीट से यश भद्र सिंह मोनू एक बार फिर चुनाव हार गए हैं. इससे पहले भी वो इस सीट से हार चुके हैं. इस बार वो बीएसपी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे.

    वहीं रघुराज प्रताप सिंह, अभय सिंह और अब्बास अंसारी जैसे नेताओं ने जीत दर्ज़ की है.

    • रघुराज प्रताप सिंह- राजा भैया के नाम से जाने जाने वाले रघुराज प्रताप सिंह प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से चुनाव जीत गए हैं. साल 1993 से ही वो इस सीट पर क़ब्ज़ा जमाए हुए हैं.
    • अभय सिंह- अयोध्या की गोसाइगंज सीट से अभय सिंह ने चुनाव जीत लिया है वो समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे. इस विधानसभा सीट पर साल 2012 में भी अभय ने जीत दर्ज़ की थी. 2017 में हार गए थे.
    • सुशील सिंह- बृजेश सिंह के भतीजे सुशील सिंह ने चंदौली की सैयदराजा सीट से चुनाव जीता है. चौथी बार विधायक बने सुशील बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे.

    मुख़्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने भी मऊ सदर से चुनाव जीत लिया है. इस सीट पर सालों से मुख़्तार अंसारी चुनाव जीतते आए हैं. अब्बास सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से चुनाव लड़ रहे थे. उन्होंने बीजेपी के अशोक कुमार सिंह को 38,000 वोटों से ज़्यादा से हराया है.

  11. यूपी: योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को सौंपा इस्तीफ़ा

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है.

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल का शुक्रवार को अंतिम दिन था.

    यूपी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी कामयाबी मिली है.

    योगी आदित्यनाथ अपनी गोरखपुर शहर सीट से चुनाव जीत गए हैं.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर लिया अहम फ़ैसला

    रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने प्राइवेट सेक्टर के वित्तीय संस्थान पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर नए ग्राहक बनाने से रोक लगा दी है.

    आरबीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट, 1949 के सेक्शन 35ए के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर ये रोक लगाई है.

    ये फ़ैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगा.

    इसके साथ ही आरबीआई ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को आईटी ऑडिट कराने का भी निर्देश दिया है.

    आईटी ऑडिट की रिपोरेट के बाद रिज़र्व बैंक अपने फ़ैसले की समीक्षा करेगा और नए ग्राहक बनाने की अनुमति इस रिपोर्ट पर ही निर्भर करेगी.

  13. अखिलेश यादव राजनीतिक बिसात पर पिता मुलायम सिंह के सामने कहां?

    योगी आदित्यनाथ से एक साल छोटे 48 वर्षीय अखिलेश यादव उन्हें वापस गोरखपुर भेजने का मंसूबा लेकर चुनाव मैदान में उतरे थे. लेकिन ऐसा हो नहीं पाया.

    बीजेपी अपना 2017 का प्रदर्शन तो नहीं दोहरा सकी लेकिन बड़ा बहुमत लाकर 1985 के चुनाव के बाद पहली ऐसी पार्टी बनी जिसने उत्तर प्रदेश में दो लगातार चुनाव जीते हों.

    अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी ने अब तक तीन चुनाव लड़े हैं 2017 का विधानसभा चुनाव, 2019 का लोकसभा चुनाव और 2022 का विधानसभा चुनाव और तीनों में उनको उनको उम्मीद के मुताबिक़ कामयाबी नहीं मिली.

    वर्ष 2012 का चुनाव उन्होंने ज़रूर जीता था लेकिन वो चुनाव उनके पिता मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में लड़ा गया था.

    अखिलेश यादव के आलोचकों का कहना है कि इस चुनाव में उन्होंने अपनी ग़ैर राजनीतिक टीम पर ज़रूरत से ज़्यादा भरोसा किया. रणनीति के मामले में वो अपने पिता का मुक़ाबला नहीं कर पाए.

    पूरे चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने 'वन मैन आर्मी' की तरह काम किया और अपने पिता की तरह जनेश्वर मिश्र, रेवती रमण सिंह, माता प्रसाद पाँडे, बेनी प्रसाद वर्मा और आज़म ख़ाँ जैसा दूसरी पंक्ति का नेतृत्व देना तो दूर उसके आसपास भी नहीं फटके.

  14. वित्त प्रबंधन में भारत अच्छा है लेकिन वैश्विक ऊर्जा कीमतों में वृद्धि से अर्थव्यवस्था को होगा नुकसान: IMF

    भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था का प्रबंधन अच्छी तरह से किया है लेकिन उर्जा की कीमतों में वैश्विक वृद्धि की वजह से भारत की अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ने वाला है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, आईएमएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टलिना ग्योरगेवा ने ये टिप्पणी की है, यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर एक बैठक में उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था पर सबसे ज़्यादा असर उर्जा की कीमतों का होगा.

    क्रिस्टलिना ग्योरगेवा का कहना है कि भारत की निर्भरता ऊर्जा आयात पर है, ऐसे में ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि का मतलब है- अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव.

    आईएमएफ के सदस्य देशों को सलाह देते हुए क्रिस्टलिना ने कहा, ''हमारे सदस्यों को अहम सलाह ये है कि सबसे संवेदनशील आबादी को कीमतों में वृद्धि से बचाया जाए, सिर्फ़ उर्जा कीमतों में वृद्धि से ही नहीं खाने की चीजों की कीमतों में वृद्धि से भी.''

    बैठक के दौरान आईएमएफ की डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर गीता गोपीनाथ ने कहा कि यूक्रेन युद्ध ने भारत समेत पूरी दुनिया के लिए चुनौती खड़ी कर दी है.

    उन्होंने कहा, "भारत ऊर्जा आयात पर बहुत अधिक निर्भर करता है और कीमतें बढ़ रही हैं. इसका असर भारतीय परिवारों की क्रय शक्ति पर पड़ता है. भारत में मुद्रास्फीति करीब 6 फ़ीसदी है जो रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया का उच्च स्तर है."

    उन्होंने आगे कहा इसका असर भारत की मौद्रिक नीति पर होगा और ये भारत समेत दुनिया के कई देशों के लिए चुनौती है.

    बता दें कि 24 फ़रवरी को रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था, इसके बाद से अमेरिका और दूसरे पश्चिमी देशों ने रूस पर कई सख़्त प्रतिबंध लगाए थे.

    रूस को इंटरनेशनल बैंकिंग सिस्टम SWIFT से भी अलग कर दिया गया. SWIFT दुनिया की अहम बैंकिंग मैसेज़िंग सर्विस है, जो भारत समेत दुनिया के 200 देशों के 11,000 बैंकों से लिंक है.

  15. पंजाब में कांग्रेस, अकाली दल, बीजेपी पर कैसे भारी पड़ी आम आदमी पार्टी?

    पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. चरनजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस के हाथ से सत्ता निकलती दिख रही है.

    इसके अलावा बीएसपी के साथ चुनाव लड़ने वाली शिरोमणी अकाली दल भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई.

    बीजेपी और पंजाब लोक कांग्रेस का गठबंधन भी इस चुनाव में कोई कमाल नहीं कर पाया. आखिर क्या रही आम आदमी पार्टी की जीत की वज़ह?

  16. एमसीडी चुनाव टालने को लेकर केजरीवाल ने उठाए सवाल, स्मृति इरानी ने लगाए आरोप

    दिल्ली में नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने सामने हैं. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आरोप है कि नगर निगम चुनाव को जानबूझकर टाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि इससे लोकतंत्र और देश कमज़ोर होगा.

    वहीं बीजेपी की तरफ़ से केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने आम आदमी पार्टी पर नगर निगम को ''ध्वस्त'' करने की कोशिश करने का आरोप लगाया.

    स्मृति इरानी का आरोप है कि दिल्ली सरकार जानबूझकर नगर निगम का 13 हज़ार करोड़ रुपये रोक कर बैठी है. उन्होंने कहा, ''क्या अरविंद केजरीवाल ये जवाब देंगे कि क्यों उन्होंने दिल्ली में सफाईकर्मी, सफाई व्यवस्था के फंड को निगम की परिधि में रोक कर रखा है.''

    टाल दिए गए हैं नगर निगम के चुनाव

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में नगर निगम चुनाव की तारीख़ों की घोषणा होने वाली थी लेकिन केंद्र सरकार ने बुधवार को आयोग को जानकारी दी थी कि वो बजट सत्र में तीन निगमों के एकीकरण के लिए विधेयक लाने वाली है.

    सरकार से इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद चुनाव आयोग ने दक्षिण, उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के चुनावों की घोषणा को रोक दिया था.

    अरविंद केजरीवाल ने चुनाव टाले जाने का विरोध करते हुए सवाल उठाया है कि बीजेपी पिछले कई सालों से केंद्र में है तो पहले एकीकरण क्यों नहीं किया गया.

    केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी से चुनाव कराने का अनुरोध भी किया है. अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि चुनाव इसलिए भी टाले गए हैं क्योंकि बीजेपी जानती है कि दिल्ली में आप की लहर है और बीजेपी चुनाव हार जाएगी.

    केजरीवाल की इस टिप्पणी को स्मृति इरानी ने हास्यास्पद बताया है. उन्होंने कहा, ''अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पांच में से चार राज्य हारने के बाद आम आदमी पार्टी की लहर है. यह काफी हास्यास्पद है कि जिस AAP पार्टी को उत्तर प्रदेश में नोटा से भी कम वोट मिला. जिस आम आदमी पार्टी की उत्तराखंड में 70 में से 55 सीटों पर ज़मानत ज़ब्त हुई''

    उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली में निगम के रिफॉर्म का समर्थन नहीं करना चाहते हैं.

  17. रूस की बमबारी से यूक्रेन के शहर वीरान

    ये यूक्रेन का खारकीएव है. जहां रूस के मिसाइल हमलों और बमबारी ने पूरे शहर को तबाही के मंज़र में बदल दिया है.

    रूस के सैन्य ऑपरेशन ने खारकीएव को काफ़ी चोटें दी हैं. इमारतें यहां मिट्टी में मिल चुकी हैं और गाड़ियां ख़ाक हो चुकी हैं.

    दूसरी तरफ़ रूस के सैन्य वाहन तेज़ी से यूक्रेन में फैलते जा रहे हैं.

  18. पांच राज्यों के नतीजों के बाद बोलीं ममता- 'कांग्रेस चाहे तो 2024 में हम सब मिलकर लड़ सकते हैं चुनाव'

    पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी बड़ी जीत हुई है. उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड में बीजेपी सरकार बनाती दिख रही है. गोवा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.

    ऐसे में अलग-अलग पार्टियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं. अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि इन राज्यों की जीत बीजेपी के लिए बड़ा नुकसान साबित होगी. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि अगर कांग्रेस चाहे तो विपक्षी पार्टियां एक साथ 2024 के आम चुनाव में लड़ सकती हैं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ममता बनर्जी ने कहा, ''अगर कांग्रेस चाहे तो हम सब मिलकर 2024 का आम चुनाव लड़ सकते हैं. अभी के लिए आक्रामक न हों, सकारात्मक रहें. यह जीत भाजपा के लिए एक बड़ी क्षति होगी. 2022 के चुनाव परिणाम 2024 चुनावों के भाग्य का फैसला करेंगे.''

    इसी के साथ ममता बनर्जी ने ईवीएम पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, ''ईवीएम की लूट हुई है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को निराश नहीं होना चाहिए और उन्हें ईवीएम मशीनों की फॉरेंसिक जांच करानी चाहिए. अखिलेश यादव का वोट प्रतिशत इस बार 20% से बढ़कर 37% हुआ है.''

  19. उत्तर प्रदेश चुनाव में योगी आदित्यनाथ की ऐतिहासिक जीत के 6 कारण

    "बीजेपी कई फ्रंट पर काम कर रही है. वो एक एजेंडे पर चलने वाली पार्टी नहीं है. वो गवर्नेंस पर भी काम करती है, लाभार्थी का भी नैरेटिव बनाती है. वो सुरक्षा के नाम पर, केंद्र सरकार की जो योजनाएं हैं उनके नाम पर महिलाओं को भी आकर्षित करती है. उसके अलावा वो सोशल इंजीनियरिंग पर भी काम करती है. ये सब मिलाकर उसका सम्मिलित प्रभाव ये होता है कि उसे कुल मिलाकर चौथी बार (2014, 2017, 2019, 2022) जीत मिलने जा रही है."

    ये कहना है वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप सिंह का जो बीजेपी के कामों पर पैनी नज़र रखने के लिए जाने जाते हैं.

    वे बताते हैं कि "इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ एक इतिहास रचने जा रहे हैं. उत्तर प्रदेश में पहली बार कोई ऐसा मुख्यमंत्री होगा जो पांच साल सत्ता में रहने के बाद फिर से लौट कर आएगा."

    पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी दोबारा सत्ता हासिल करने की तरफ़ बढ़ रही है. यूपी में (लगभग 55) सीटें कम होने और अखिलेश यादव की सपा के (क़रीब 80) सीटें बढ़ने के बावजूद बीजेपी जीत हासिल करने की ओर बढ़ रही है.

    बीजेपी की सत्ता में वापसी के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं. हालांकि जानकारों का ये भी कहना है कि इसमें रोज़गार जैसे अहम मुद्दे पीछे छुप गए हैं. यहां हम उन कारणों का विश्लेषण कर रहे हैं जो योगी आदित्यनाथ को सत्ता में वापस लाने की अहम वजह माने जा रहे हैं.

  20. पंजाब में हार पर कांग्रेस ने अमरिंदर को बताया था जिम्मेदार, अब आया कैप्टन का पलटवार

    पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद अब पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पार्टी पर निशाना साधा है.

    दरअसल, कांग्रेस ने पंजाब की हार को लेकर अमरिंदर सिंह के 4.5 साल के कार्यकाल को ज़िम्मेदार ठहराया था. अब अमरिंदर सिंह का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व हार से कभी नहीं सीखेगा.

    पिछले साल अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई थी, चुनाव में उनकी पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. इससे पहले वो 4.5 साल तक बतौर कांग्रेस के मुख्यमंत्री राज्य की कमान संभाल रहे थे.

    उन्होंने ट्वीट में लिखा है, ''यूपी में कांग्रेस की शर्मनाक हार का जिम्मेदार कौन है? मणिपुर, गोवा, उत्तराखंड के नतीजों का क्या? जवाब 'बोल्ड लेटर' में लिखा हुआ है लेकिन मुझे लगता है कि हमेशा की तरह वो (कांग्रेस नेतृत्व) इसे पढ़ने से बचेंगे.''

    अमरिंदर सिंह की ये टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पंजाब में हार को लेकर अमरिंदर सिंह को जिम्मेदार ठहराया था.

    उन्होंने कहा था, ''पंजाब में कांग्रेस नेतृत्व ने चरणजीत सिंह चन्नी के जरिए नया नेतृत्व दिया था, जो वहां की मिट्टी के बेटे हैं. लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह के 4.5 साल के कार्यकाल की वजह से सत्ता विरोधी लहर को दूर नहीं किया जा सका और लोगों ने बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी को वोट किया.''

    बता दें कि इन चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को बुरी तरह हराया है. पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत हासिल की है. कांग्रेस को 18 सीटें मिली हैं.