रूस ने यूक्रेन में तैनात कर दी है अपनी 75 फ़ीसदी सेना- सैन्य जानकार का दावा

इमेज स्रोत, TSN CHANNEL
रूस ने यूक्रेन में मौजूद अपने सैनिकों की संख्या बढ़ा दी है. सैन्य मामलों के एक जानकार ने दावा किया है कि रूस की 75 प्रतिशत सेना अब यूक्रेन में है.
रॉयल यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूट में लैंड वॉरफेयर और मिलिट्री साइंसेज के शोधार्थी डॉक्टर जैक वॉटलिंग ने ये जानकारी दी है. एक वरिष्ठ अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने भी इस आँकड़े का ज़िक्र किया है.
वॉटलिंग ने बीबीसी रेडियो 4 के कार्यक्रम में बताया कि बड़ी संख्या में रूसी सैनिक बेलारूस की ओर से दक्षिण की तरफ बढ़ रहे हैं और वे कीएव पर हमले की तैयारी में हैं.
रूस द्वारा खारकीएव के रिहायशी इलाकों में मिसाइलें दागने को लेकर सवाल किए जाने पर उन्होंने इन हथियारों को मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम के तौर पर बताया, जो बड़ी संख्या में एक इलाक़े के अंदर किसी भी दिशा से मिसाइलें दागती हैं.
उन्होंने कहा, "ये सच है कि वो मिसाइलें कहीं से भी दागी जा रही हैं और आप घनी आबादी वाले इलाकों में बड़ी मात्रा में विस्फोटक भेज रहे हैं."





















