You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन संकट: फ्रांस ने अपने नागरिकों से रूस छोड़ने की अपील की

फ्रांस ने रूस में रह रहे अपने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना देरी किये, जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी रूस छोड़ दें. फ्रांस की ओर से यह बयान यूरोपीय संघ की ओर से नए प्रतिबंधों की घोषणा के बाद जारी किया गया है.

लाइव कवरेज

पवन सिंह अतुल, अभय कुमार सिंह, ब्रजेश मिश्रा and भूमिका राय

  1. रूस ने उड़ाई यूरोप गैस ले जाने वाली पाइपलाइन, क्या रुकेगी सप्लाई?

    रूसी सेना ने यूक्रेन के तेल और गैस संसाधनों पर आज ताबड़तोड़ हमले किए हैं. यूक्रेन के कई हिस्सों से ऐसे हमलों की ख़बरें आ रही हैं.

    राजधानी कीएव से 30 किलोमीटर दूर वासिलकीव ऑयल टर्मिनल को मिसाइल से निशाना बनाया गया है.

    हमले की वीडियो फुटेज में टर्मिनल में लगी आग को साफ देखा जा सकता है. इस हमले के बाद उठा ग़ुबार सारे इलाक़े में फैल गया है. राजधानी कीएव में ज़हरीली हवा की चेतावनी दे दी गई है.

    शहर की मेयर नटालिया बालासिनोविच ने समाचार एजेंसियों को बताया है कि दुश्मन हर चीज़ को तबाह करने पर तुला है.

    यूक्रेन के पूर्व में रूसी समर्थन वाले विद्रोहियों ने भी रोवेंकी नाम के शहर में एक ऑयल टर्मिनल को उड़ा दिया है.

    गैस पाइपलाइन उड़ाई

    यूक्रेन के पूर्व में देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीएव में नेचुरल गैस पाइपलाइन को रूसी सेना ने उड़ा दिया है. ये शहर रूसी सरहद के करीब है.

    ये साफ़ नहीं है कि इस पाइपलाइन को उड़ाने के बाद रूसी गैस यूरोप पहुंच पाएगी या नहीं.

  2. रूस-यूक्रेन के बीच ज़मीन के साथ-साथ इंटरनेट पर भी 'जंग', चेचेन्या की सरकारी वेबसाइट हैक

    हैकर्स के एक ग्रुप ''Anonymous'' ने ये दावा कि या है कि चेचेन्या की सरकारी वेबसाइट को हैक कर लिया गया है.

    फिलहाल, वेबसाइट ओपन नहीं हो रही है और ''404 Host Not Found'' एरर पेज दिख रहा है.

    ये हैकिंग ऐसे वक्त में हुई है जब अभी कुछ घंटों पहले ही चेचेन्या के नेता रमज़ान कादिरोव ने कहा था कि यूक्रेन के ख़िलाफ़ रूस के समर्थन में चेचेन लड़ाके तैनात कर दिए गए हैं.

    कादिरोव ने एक ऑनलाइन वीडियो में कहा है कि चेचेन लड़ाकों ने एक यूक्रेनी सैन्य अड्डे पर आसानी से कब्ज़ा कर लिया है.

    हैकर्स ग्रुप ने किया था ''साइबर वॉर'' का ऐलान

    ''Anonymous'' ने शुक्रवार को रूस के ख़िलाफ़ ''साइबर वॉर'' का ऐलान किया था. इसके बाद रूस की कई सरकारी वेबसाइट्स पर साइबर अटैक हुए थे.

    रूस के रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट भी कुछ घंटों के लिए बंद पड़ी थी. कीएव इंडिपेंडेंट की कल की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, रूस की 6 सरकारी वेबसाइट डाउन थी.

    कुछ सरकारी चैनलों के हैक होने की भी रिपोर्ट थी. रूस की सरकारी मीडिया आउटलेट रशियन टुडे ने इस बात की पुष्टि की है कि उसकी शुक्रवार को उसकी वेबसाइट भी अटैक के बाद धीमी चल रही थी.

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने की यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा, कहा- ज़ेलेंस्की 'निडर नेता'

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा की है और कहा है कि वो यूक्रेन के लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.

    इससे पहले जब रूस ने यूक्रेन में सैनिकों को भेजना शुरू किया था तब पुतिन के आदेश को ट्रंप ने 'जीनियस' बताया था.

    साथ ही ये भी कहा था कि उनका मानना है कि अमेरिका भी अपनी दक्षिणी सीमा की रक्षा के लिए ऐसी ही ''पीसकीपिंग'' सेना का इस्तेमाल कर सकता है.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, अब फ्लोरिडा में एक सभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने रूस के हमले की निंदा की है और यूक्रेन के लोगों के लिए सहानुभूति जताई है.

    उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की भी तारीफ़ की और उन्हें ''निडर नेता'' बताया है.

    अपने संबोधन के दौरान वो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर भी निशाना साधते नज़र आए. अमेरिकी चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए ट्रंप ने कहा कि अगर धांधली नहीं हुई होती तो ये संकट कभी आता ही नहीं.

    उन्होंने कहा, "जैसा कि हर कोई जानता है, अगर हमारे चुनाव में धांधली नहीं होती और मैं राष्ट्रपति होता तो ये भयानक संकट कभी पैदा ही नहीं होता."

    डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन की तारीफ़ करने वाले अपने बयान का भी बचाव किया और कहा कि वो स्मार्ट हैं क्योंकि उन्होंने दुनिया के नेताओं और नेटो को मात दी है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्रंप ने कहा, "दिक्कत ये नहीं है कि पुतिन स्मार्ट हैं, वो बेशक स्मार्ट हैं लेकिन असली दिक्कत ये है कि हमारे नेता 'डम्ब' हैं."

    बता दें कि इससे पहले बाइडन एक इंटरव्यू में, ट्रंप के "जीनियस" वाले बयान का मज़ाक उड़ा चुके हैं.

  4. रूस के हमलों से दमघोंटू हुई कीएव की हवा, नागरिकों को ख़िड़कियां बंद रखने की सलाह

    यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच बीबीसी ने ये जानकारी दी थी कि राजधानी कीएव के बाहरी इलाक़े वासिल्किव में एक तेल डिपो को नुक़सान पहुंचा है.

    अब कीएव के प्रशासन ने चेतावनी दी है कि डिपो में आग लग गई है और यहां से ज़हरीला धुआं निकल रहा है, इसलिए सभी लोग अपने घरों की ख़िड़कियां बंद कर लें.

    सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो पोस्ट किए गए हैं जो कथित तौर पर तेल डिपो में लगी आग के हैं. वीडियो में बड़े पैमाने पर हवा में धुएं का ग़ुबार उठता दिखाई दे रहा है.

    इससे पहले यूनाइटेड नेशंस के ह्यूमन राइट्स हाई कमिश्नर (OCHR) की ओर से बताया गया था कि अभी तक हमले में यूक्रेन के 240 लोग हताहत हुए हैं. इनमें से कम से कम 64 लोगों की जान गई है.

  5. रूस-यूक्रेन में आख़िर कब से सुलग रही थी जंग की चिंगारी

    एक तरफ़ जहां रूस में यूक्रेन पर हमले के विरोध में प्रदर्शन हुए हैं, वहीं दूसरी ओर रूसी सैनिक यूक्रेन की राजधानी कीएव तक जा पहुंचे हैं.

    क्यों रूसी राष्ट्रपति पुतिन को पसंद नहीं आई यूक्रेन की आज़ादी और आख़िर कब से सुलग रही थी इस जंग की चिंगारी. देखिए रिपोर्ट.

  6. रूस-यूक्रेन संकट: आगे क्या होगा?

    यूक्रेन इस वक्त पूरी तरह से रूस का आक्रामक हमला झेल रहा है, साथ ही वो अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहा है.

    यूक्रेन पर रूस के हमले को तीन दिन बीत चुके हैं. इस बीच रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीएव तक पहुंच चुकी है. लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि आगे क्या होगा?

    4 करोड़ की आबादी वाले यूक्रेन को अपने अधीन करने में रूस को जितना वक़्त लगेगा, उसकी मुश्किलें उतनी ही बढ़ती जाएंगी.

  7. यूक्रेन पर हुए हमले में अब तक 240 आम लोग हताहत, सैकड़ों बिना बिजली-पानी के रहने को मजबूर- संयुक्त राष्ट्र

    यूक्रेन पर रूस के हमले का आज चौथा दिन है. यूक्रेन के कई शहरों में भीषण जंग जारी है.

    इस बीच संयुक्त राष्ट्र की तरफ़ से बताया गया है कि यूक्रेन में अब तक कुल 240 आम नागरिक हताहत हुए हैं और 64 की मौत हुई है.

    हमलों की वजह से यहां घरों और इंफ्रास्ट्रक्चर को भी काफ़ी नुकसान पहुंचा है. इस कारण सैकड़ों लोगों को बिना बिजली-पानी के रहना पड़ रहा है.

    संयुक्त राष्ट्र ने ये भी कहा कि 160,000 से अधिक यूक्रेन के लोग अपने घरों को छोड़ चुके हैं, आंतरिक तौर पर विस्थापित हैं और ये अब अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से देश छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं.

    यूक्रेन की सरकार का अनुमान है कि रूस के हमले की वजह से एक बड़ा शरणार्थी संकट पैदा हो सकता है. ये हमला अपने पीछे 50 लाख शरणार्थियों को छोड़ सकता है.

    बीबीसी ने कई ऐसे लोगों से बात की है जो पिछले कुछ दिनों से देश छोड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 15 किलोमीटर तक लंबी कतारों में खड़े हैं.

  8. रूस के यूक्रेन पर हमला करने की वजह क्या है?

    जिस ख़तरे की बात कई दिनों से हो रही थी, आख़िर उसकी शुरूआत हो गई.

    रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है और रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी तक पहुंच चुकी है.

    लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ऐसा क्यों कर रहे हैं और वे आख़िरकार क्या चाहते हैं?

  9. यूक्रेन की मदद के लिए सामने आए एलन मस्क, स्टारलिंक के ज़रिए देंगे इंटरनेट

    स्पेस-एक्स के संस्थापक एलन मस्क ने यूक्रेन की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है.

    रूस के हमले की वजह से यूक्रेन में इंटरनेट कनेक्टिविटी को लेकर दिक्कतें पैदा हो गई हैं. ऐसे में एलन मस्क ने स्टारलिंक सैटेलाइट ब्रॉडबैंड को यूक्रेन में सक्रिय कर दिया है.

    यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर एलन मस्क को टैग करते हुए उनसे देश में स्टारलिंक सैटेलाइट सर्विस देने की अपील की थी.

    उन्होंने लिखा था, "एलन मस्क, जब आप मंगल ग्रह में इंसान को बसाने की कोशिश कर रहे हैं, रूस यूक्रेन पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश कर रहा है! आप अंतरिक्ष से रॉकेट को सफलतापूर्वक उतारते हैं. लेकिन यहां रूसी रॉकेट यूक्रेन के लोगों पर हमले करते हैं. हम आपसे यूक्रेन को स्टारलिंक स्टेशन देने का अनुरोध कर रहे हैं."

    इसके जवाब में मस्क ने बताया कि यूक्रेन में स्टारलिंक सैटेलाइट तैनात किए जा चुके हैं.

    क्या है 'स्टारलिंक'?

    'स्टारलिंक' मस्क की कंपनी 'स्पेस एक्स' की एक इकाई है, जो 'लो अर्थ ऑर्बिट' सैटेलाइट के ज़रिए ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराती है.

    मतलब ये है कि बिना किसी फ़ाइबर ऑप्टिक, केबल या टॉवर के भी इसके ज़रिए इंटरनेट कनेक्टिविटी दी जा सकती है.

  10. यूक्रेन के लिए जर्मनी ने बदली नीति, भेजेगा एंटी-टैंक हथियार और मिसाइलें

    रूस के हमले के तीसरे दिन यूक्रेन पर रूस की तरफ़ से हमला और अधिक तेज़ हो गया है. इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की अलग-अलग देशों से समर्थन जुटा रहे हैं.

    अब जर्मनी ने यूक्रेन को लेकर अपनी नीति में बड़े बदलाव किए हैं. जर्मनी यूक्रेन के लिए हथियार भेजेगा. जर्मनी के चांसलर ओलाफ़ शल्ट्स ने इसकी पुष्टि की है.

    उन्होंने कहा कि जर्मनी हज़ार एंटी-टैंक हथियार और पांच सौ जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलें यूक्रेन को भेजेगा.

    जर्मनी, यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा कर चुका है और इसी क्रम में उसने संघर्ष या युद्ध क्षेत्रों में हथियारों को निर्यात करने पर प्रतिबंध वाली अपनी पुरानी नीति में परिवर्तन किए हैं.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति ने जर्मनी के इस कदम की सराहना की है.

    वहीं जर्मनी की ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने कहा है कि वो अपने हवाई क्षेत्र में रूसी एयरलाइंस को रोक देंगी. इससे पहले एस्टोनिया, पोलैंड, बुल्गारिया और चेक रिपब्लिक ने भी इसी तरह के प्रतिबंध लगाए हैं.

    यूक्रेन को कई देशों से मिल रही है मदद

    हमले के तीसरे दिन यूक्रेन को पश्चिमी देशों से हथियारों से जुड़ी मदद दिए जाने का भरोसा मिला है.

    • अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वो जेवलिन एंटी-टैंक मिसाइल, एंटी-एयरक्राफ़्ट सिस्टम समेत 350 मिलियन डॉलर के हथियार यूक्रेन को भेजेगा.
    • जर्मनी हज़ार एंटी-टैंक हथियार और पांच सौ जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलें यूक्रेन को भेजेगा.
    • नीदरलैंड 50 एंटी टैंक हथियार और 400 रॉकेट यूक्रेन को देगा.
    • नेटो पूर्वी यूरोप में और अधिक सेना की तैनाती शुरू कर चुका है.
  11. यूक्रेन संकट: बीते कुछ घंटों में क्या-क्या हुआ?

    यूक्रेन पर रूस के हमले के तीसरे दिन क्या कुछ अहम घटा, एक नज़र-

    • यूक्रेन की राजधानी कीएव में कुछ देर पहले हवाई हमले के सायरन बजाए गए हैं. इस बार ये चेतावनी कुछ अलग थी. पहले से अधिक ख़तरनाक. आशंका जताई जा रही है कि अगले कुछ समय में कीएव में मिसाइल हमला हो सकता है.
    • यूक्रेन की राजधानी कीएव के मेयर ने नागरिकों को सोमवार सुबह तक घर के अंदर रहने का आदेश दिया है. शनिवार दोपहर से लेकर सोमवार सुबह तक के कर्फ़्यू की घोषणा की गयी है. दरअसल, रूस की सेना शहर के क़रीब आ पहुंची है, इसलिए यह आदेश जारी किया गया है.
    • यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि रूस के हमले में अभी तक 198 यूक्रेनियन मारे गए हैं. वहीं संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि बीते 48 घंटे में क़रीब एक लाख 20 हजार लोग यूक्रेन छोड़कर चले गए हैं.
    • अज़रबैज़ान की सरकारी तेल कंपनी SOCAR ने कहा है कि जब तक यूक्रेन पर रूस का हमला जारी है, उस समय तक के लिए वह यूक्रेन के फ़ायर फाइटिंग और एंबुलेंस सेवा के लिए मुफ़्त पेट्रोल उपलब्ध कराएगा.
    • पश्चिमी सहयोगी देशों ने रूस के धनी लोगों के लिए गोल्डन वीज़ा ख़रीदने को भी लेकर पाबंदी लगाने का फ़ैसला किया है. पश्चिमी सहयोगी देशों ने एक बयान जारी कर कहा है कि वे उन लोगों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाने और कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो यूक्रेन के ख़िलाफ़ रूस की सहायता कर रहे हैं.
    • यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इटली, ब्रिटेन, कनाडा और अमेरिका ने रूस के आक्रमण की निंदा करते हुए एक साझा बयान जारी किया है. इन सहयोगी देशों का कहना है कि आगे आने वाले दिनों में रूस के कुछ बैंकों को स्विफ़्ट मैसेजिं सिस्टम से हटा दिया जाएगा.
    • जर्मनी और फ्रांस ने घोषणा की है कि वे रूस का आक्रमण झेल रहे यूक्रेन को और अधिक हथियार भेजेंगे. नीदरलैंड ने भी यूक्रेन को मिलिट्री सहयोग देने का वादा किया है.
    • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का कहना है कि यूक्रेन बहुत बहादुरी से लड़ रहा है और कुछ जगहों पर उसे बड़ी कामयाबी भी मिली है.
    • यूक्रेन ने अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस से अनुरोध किया है कि वो हमले के दौरान अब तक मारे गए ''हज़ारों'' रूसियों के शवों को हटाए और रूस को सौंप दे.
    • यूक्रेन के ख़िलाफ़ लड़ाई में रूस को अब चेचेन लड़ाकों का साथ मिलने लगा है. चेचेन्या के एक नेता ने कहा है कि उन्होंने रूसी सैनिकों का साथ देने के लिए यूक्रेन के ख़िलाफ़ अपने लड़ाके तैनात कर दिए हैं.
  12. यूक्रेन संकट: कीएव के एक अपार्टमेंट ब्लॉक पर रूस का हमला, दो लोगों की मौत

    कीएव के एक अपार्टमेंट ब्लॉक पर रूसी हमले में दो लोगों की मौत हो गई है.

    हमले के बाद की तस्वीरें...

    यूक्रेनी अधिकारियों ने इन मौतों की पुष्टि कर दी है.

    यूक्रेन की सरकारी इमरजेंसी सर्विस ने कहा है कि हमले में छह लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.

    कीएव में एक मिसाइल वहां के एक अपार्टमेंट से जा टकराई थी.

    न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सीसीटीवी फ़ुटेज से मिली उस तस्वीर को जारी किया है जब मिसाइल कीएव के अपार्टमेंट से जा टकराई थी.

    यूक्रेन पर रूस के हमले के तीसरे दिन हिंसा में तेज़ी आई. राजधानी कीएव में संघर्ष और मिसाइल हमले हुए. यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा- हथियार नहीं डालेंगे.

  13. रूस के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़ा है यूक्रेन- ओक्साना मार्करोवा

    अमेरिका में यूक्रेन की राजदूत ओक्साना मार्करोवा ने वॉशिंगटन में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि रूस का हमला बेहद भयावह है, लेकिन यूक्रेन पूरी मज़बूती से अपनी रक्षा के लिए खड़ा है.

    सीएनएन से बात करते हुए मार्करोवा ने कहा कि ”बीते दो रात की ही तरह इस रात भी हम अपने देश की रक्षा के लिए तैयारी कर रहे हैं. अपने देश की सुरक्षा को लेकर हम दृढ़ हैं.”

    मार्करोवा ने बताया कि पश्चिमी कीएव में रूस की ओर से हमले की ख़बर है.

    उन्होंने रूस की सेना पर आम नागरिकों के ठिकानों को भी निशाना बनाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा, “यह भयावह है लेकिन यूक्रेन अपनी रक्षा के लिए खड़ा है और यूक्रेन का हर नागरिक अपने घर को सुरक्षित रखने के लिए तैयार है.”

  14. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. बीते 24 घंटों की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.