यूक्रेन पर हमले के ख़िलाफ़ रूस में भी प्रदर्शन, राष्ट्रपति पुतिन के फ़ैसले पर उनके देश के लोगों ने क्या कहा?

पिछले हफ़्ते एक ऐसे ही प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से वह बेहद डरे हुए हैं.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी, दीपक मंडल, अपूर्व कृष्ण, अभिजीत श्रीवास्तव and भूमिका राय

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन: राजधानी कीएव की सड़कों पर छिड़ी जंग, 50 से अधिक धमाकों की ख़बर

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Anastasia Vlasova/Getty Images

    यूक्रेन की समाचार एजेंसी इंटरफैक्स ने कीएव के प्रशासन के हवाले से कहा है कि यहां की सड़कों पर जंग छिड़ चुकी है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक शनिवार सुबह राजधानी कीएव में भारी गोलीबारी की आवाज़ें सुनी गई हैं.

    यूक्रेन की न्यूज़ वेबसाइट कीएव इंडिपेंडेंट के अनुसार राजधानी में 50 से ज़्यादा धमाकों और भारी मशीनगनों से फायरिंग की सूचना मिली है.

    इधर यूक्रेन की राजधानी कीएव में प्रशासन ने कहा है, "हमारे मुख्य शहर की सड़कों पर फिलहाल जंग शुरू हो चुकी है."

    प्रशासन ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वो घरों के भीतर ही रहें और न तो वो खिड़कियों से झांकें और न ही घरों की बालकनी में निकलें.

    यूक्रेन की सेना ने कहा कि उसने पश्चिम की ओर से एक मुख्य रास्ते पर हो रहे हमले को नाकाम कर दिया है. सेना ने कहा कि दक्षिण में एक हवाईअड्डे पर जंग छिड़ गई है. यहां रूस की सेना ने हवाई हमला किया है.

    यूक्रेन का कहना है कि सेना ने सैनिकों को ला रहे रूस के हवाई जहाज़ को गिरा दिया है.

    इससे पहले राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने लोगों से मजबूत रहने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि यूक्रेन के भविष्य का फैसला हो रहा है.

    यूक्रेन में आम लोगों को हथियार दिए गए हैं और रूस के हमले को रोकने के लिए उन्हें पेट्रोल बम बनाने के लिए कहा गया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार रूसी सेना ने कीएव के विक्टरी एवेन्यू में मौजूद यूक्रेन के एक सैन्य ठिकाने पर हमला किया है.

    यूक्रेनी सेना ने अपने आधिकारिक फ़ेसबुक पन्ने पर कहा है कि यूक्रेनी सेना ने रूस के इस हमले का जवाब दिया है और उन्हें पीछे धकेल दिया है.

    हालांकि इस पोस्ट में इस हमले की सही जगह के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई है. विक्टरी एवेन्यू कीएव के पश्चिम की तरफ है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इंटरफैक्स के हवाले से कहा है कि रूसी सैनिक शहर के एक बिजली स्टेशन को अपने कब्ज़े में लेने की कोशिश कर रहे हैं.

    इसके कुछ घंटों पहले यूक्रेन के राषट्रपति व्लोदिमीर ज़ेलेन्स्की ने कहा था रूसी सैनिक रात को कीएव पर हमला कर सकते हैं.

    उन्होंने कहा था, "मुझे ये कहना पड़ रहा है कि आज की रात भारी होने वाली है"

  2. नेटो क्या है और रूस उस पर भरोसा क्यों नहीं करता?

    नेटो

    इमेज स्रोत, Reuters

    यूक्रेन पर रूस के आक्रामण ने नेटो के सामने अपने 73 साल के इतिहास में सबसे बड़ी चुनौती पेश की है.

    नेटो क्षेत्र की पूर्वी सीमा के ठीक बगल में युद्ध हो रहा है और नेटो के कई सदस्य देशों को लग रहा है कि रूस आगे उन पर हमला कर सकता है.

    सैन्य गठबंधन नेटो, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी जैसे शक्तिशाली देश शामिल हैं,

    पूर्वी यूक्रेन में अधिक सैनिक तैनात कर रहा है. हालांकि ब्रिटेन और अमेरिका ये स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका यूक्रेन में अपने सैनिक भेजने का कोई इरादा नहीं है.

    यूक्रेन का संकट गहराया है तो पुतिन दो टूक कह रहे हैं कि अमेरिका नेटो का विस्तार रोके तभी तनाव कम हो सकता है. आखिर रूस को नेटो पर भरोसा क्यों नहीं है?

  3. संयुक्त राष्ट्र महासचिव की अपील- वापस लौटें रूसी सैनिक

    यूक्रेन संकट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा करने वाला प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका है. रूस ने अपनी वीटो पावर का इस्तेमाल करते हुए इसे रोक दिया है.

    इसके कुछ देर बाद ही संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यूक्रेन में हमला कर रहे रूसी सैनिकों से वापस अपने बैरक में लौटने की अपील की है.

    गुटेरेस का कहना है कि ''शांति के लिए एक और मौक़ा दिया जाना चाहिए.''

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ज़ोर देकर कहा, ''हमें हार नहीं माननी चाहिए, हमें शांति स्थापित करने के लिए एक और मौक़ा देना चाहिए. सैनिकों को अपने बैरक में लौटने की ज़रूरत है. साथ ही नेताओं को शांति बनाए रखने की और बातचीत के रास्ते पर आगे बढ़ने की ज़रूरत है.''

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर को इससे पहले अतीत में भी चुनौती दी गई है, लेकिन ये संगठन हमेशा से शांति, सुरक्षा, विकास, न्याय, अंतरराष्ट्रीय क़ानून और मानवाधिकार के पक्ष में खड़ा रहा है.

    गुटेरेस ने कहा है, ''अंतरराष्ट्रीय समुदाय को हरसंभव कोशिश करनी चाहिए ताकि ये मूल्य यूक्रेन और पूरी मानवता के लिए दृढ़ रहें.''

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    गौरतलब है कि रूसी सेना यूक्रेन की सीमा के भीतर प्रवेश कर चुकी है और राजधानी कीएव तक पहुंच चुकी है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की का कहना है कि आने वाले घंटों में रूस राजधानी कीएव पर बुरी तरह हमला कर सकता है. उन्होंने लोगों से मज़बूती के साथ चुनौती का सामना करने की अपील की है.

  4. यूक्रेन पर रूस का हमला: चीन के लिए यह संकट क्यों बहुत बड़ी चुनौती है?

    पुतिन और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, AFP

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जब यूक्रेन के पूर्वी हिस्से पर हमले का एलान किया, उसके कुछ घंटे पहले अमेरिका ने रूस और चीन की तीखी आलोचना की. अमेरिका ने इन दोनों देशों पर 'गंभीरता से अनुदार विश्व व्यवस्था' बनाने के लिए गठजोड़ करने का आरोप लगाया.

    अमेरिका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने यह भी कहा कि चीन के लिए यूक्रेन संकट एक मौक़ा था जिसका इस्तेमाल उसने व्लादिमीर पुतिन को अपनी ओर खींचने के लिए किया.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने फ़रवरी की शुरुआत में शीतकालीन ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के लिए चीन के दौरे पर गए व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के बीच हुई 'नो लिमिट्स' संधि का भी ज़िक्र किया.

    नेड प्राइस ने संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा, "आपको चीन से पूछना होगा कि क्या उन्होंने रूस पर अपने अच्छे प्रभाव का पूरा इस्तेमाल किया."

    इस तरह, यूक्रेन और रूस के बीच का ताज़ा संकट कई मोर्चों पर चीन के सामने तगड़ी चुनौती पेश कर रहा है.

    पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  5. यूक्रेन की राजधानी कीएव में तबाही का मंजर, आम लोगों ने उठाए हथियार

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आने वाले घंटों में रूस राजधानी कीएव पर बुरी तरह हमला कर सकता है.

    उन्होंने देश को संबोधित करते हुए लोगों से दृढ़ बने रहने की अपील की.

    राजधानी में हथियारों की दुकानों में बंदूक और अन्य हथियार लगभग ख़त्म हो गए हैं और लोग अपने घरों को बचाने के लिए जान की बाज़ी लगाने को तैयार हैं.

    पूर्वी यूक्रेन में लोगों ने इसे लेकर चिंता जाहिर की है. उनका कहना है कि पश्चिमी देशों को और मदद करनी चाहिए.

    कीएव

    इमेज स्रोत, REUTERS/Gleb Garanich

    कीएव में लोगों ने मेट्रो स्टेशन और बेसमेंट में एक और रात गुजारी. सरकार का कहना है कि राजधानी की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सेना भेजी जा रही है.

    यूक्रेन के हज़ारों लोग युद्ध और रूसी सेना से बचने के लिए पड़ोसी देशों- पोलैंड, रोमानिया, हंगरी और स्लोवाकिया जा रहे हैं.

    वहीं, नेटो का कहना है कि रूस के ख़िलाफ़ मज़बूत प्रतिरोध और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह हर ज़रूरी तैनाती करेगा.

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नेटो के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने ब्रसेल्स में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि रूस ने यूरोप में शांति भंग कर दी है.

    उन्होंने कहा कि नेटो सहयोगियों ने अपनी बचाव योजना शुरू कर दी है. इसके तहत हम नेटो सेना को ज़मीन, समुद्र और वायु क्षेत्र में तैनात कर रहे हैं. हमारी स्थिति को मजबूत करने और किसी भी आकस्मिक घटना का जवाब देने के लिए अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय सहयोगियों ने गठबंधन के पूर्वी हिस्से में और हज़ारों सैनिकों को तैनात किया है.

    जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा, ''हमारे पास 30 से ज़्यादा अलग-अलग जगहों पर 100 से अधिक जेट हैं. वहीं, भूमध्य सागर तक 120 से अधिक जहाज हैं. इसमें गलतफहमी के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. हम हर सहयोगी और नेटो क्षेत्र के हर इंच की रक्षा के लिए जो करना पड़ा करेंगे.''

  6. रूस-यूक्रेन संकट: अब तक क्या-क्या हुआ?

    टैंक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूक्रेन पर रूसी हमले का तीसरा दिन है. रूसी सेना ने यूक्रेन के कई इलाक़ों पर हमला किया है और सैन्य ठिकाने तबाह कर दिए हैं.

    वहीं, यूक्रेन ने देश की रक्षा के लिए आम नागरिकों के हाथों में भी हथियार दे दिए हैं. हालांकि, अब यूक्रेन और रूस के बीच बातचीत की पहल के संकेत मिले हैं. अब तक क्या-क्या हुआ.

    अब तक जो जानकारी उपलब्ध है-

    • शुक्रवार को यूक्रेन में कई जगहों पर रूसी हमले की खबरें आईं. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि दुश्मन राजधानी कीएव में घुस गए हैं.
    • अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने रूस पर और कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं. ब्रिटेन ने रूस की राष्ट्रीय एयरलाइन एरोफ़्लोत के ब्रिटेन में लैंड करने पर रोक लगा दी. इसके बदले रूस ने भी ब्रिटिश विमानों के रूस के हवाई क्षेत्र में घुसने पर प्रतिबंध लगा दिया.
    • ताइवान ने भी रूसी हमले की निंदा की है. साथ ही कहा है कि वो रूस पर प्रतिबंध को लेकर अमेरिका, यूरोपीय संघ और बाक़ी समान विचारधारा वाले देशों के साथ खड़ा है.
    • यूक्रेन पर सैनिक कार्रवाई के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से गुरुवार को बात की. गुरुवार का दिन रूस के हमले का पहला दिन था.
    • अफ़ग़ानिस्तान में सत्तारूढ़ तालिबान ने यूक्रेन की स्थिति पर बयान जारी किया है. बयान में कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तान यूक्रेन की स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और आम नागरिकों की जान जाने की आशंका से चिंतित है.
    • यूक्रेन में काउंटर इंटेलिजेंस के एक स्रोत ने यूक्रेनस्का प्रावदा वेबसाइट को बताया है कि रूस की योजना राजधानी कीएव और पूरे देश को नियंत्रण में लेने की है.
    • बीबीसी संवाददाता निक बीक ने बताया कि रूसी हवाई हमलों से कीएव की घनी आबादी वाला इलाक़ा पोज़निएक रातभर प्रभावित रहा. यहां करीब आठ लोग जख़्मी हुए.
    • रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा है कि यूक्रेन पर सैनिक कार्रवाई का उद्देश्य यूक्रेन के लोगों को दमन से मुक्त कराना है, ताकि यूक्रेन के लोग अपना भविष्य निर्धारित कर सकें.
    • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने यूरोपियन नेताओं पर रूस के ख़िलाफ़ अपर्याप्त कार्रवाई करने का आरोप लगया. ज़ेलेंस्की का कहना है अगर यूरोपीय नेता तेज़ी से कदम उठाते हैं तो रूसी हमले को रोकने में अभी भी बहुत देरी नहीं हुई है.
    • हालांकि, बाद में रूस और यूक्रेन ने बातचीत के लिए सहमति जताई. क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव का कहना है कि रूस, बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए तैयार है. लेकिन ये बातचीत यूक्रेन को ''न्यूट्रल स्टेटस'' घोषित करने को लेकर होगी, साथ ही उसे सेना को भी कम करना होगा.
    • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के प्रवक्ता ने कहा कि यूक्रेन रूस के साथ युद्ध-विराम और तुरंत शांति वार्ता करने के लिए तैयार है.
    • देर रात, एक वीडियो के माध्यम से यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आने वाले कुछ घंटों में रूस, कीएव पर हमला कर देगा.
  7. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस ने किया वीटो का इस्तेमाल

    यूएन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के यूक्रेन से जुड़े एक प्रस्ताव पर रूस ने अपने वीटो पावर का इस्तेमाल करके इसे रोक दिया है.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की निंदा करने वाले इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 सदस्यों ने वोट किया. लेकिन रूस ने बतौर स्थायी सदस्य अपने वीटो का इस्तेमाल करके इसे रोक दिया.

    प्रस्ताव के पक्ष में 11 सदस्यों ने में वोट किया. लेकिन भारत, चीन और यूएई ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया.

    यूएन में रूसी दूत ने कहा कि रूस यूक्रेन या फिर यूक्रेन के नागरिकों के ख़िलाफ़ युद्ध नहीं छेड़ रहा बल्कि वो डोनबास के लोगों को बचाने के लिए ये कदम उठा रहा है.

    सुरक्षा परिषद में भारत के प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि यूक्रेन के हालिया घटनाक्रम से भारत बेहद परेशान है और वह आग्रह करता है कि हिंसा को जल्द से जल्द समाप्त किया जाए.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन पर रूस के हमले को रोकने और सेना को बुलाने के लिए वोटिंग कराई गयी. रूस सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में से एक है जिसके पास वीटो पावर है. रूस के अलावा अमेरिका, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन के पास भी वीटो पावर है.

    वहीं संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस ग्रीनफ़ील्ड ने रूस की हरकत को बुनियादी सिद्धांतों पर हमला बताया है. उन्होंने कहा कि रूस वीटो करने की अपनी ताकत का ग़लत इस्तेमाल कर रहा है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन पर हमले का मुद्दा उठाने के लिए सदस्य देशों का शुक्रिया किया है. रूस के वीटो पावर के इस्तेमाल पर उन्होंने लिखा कि ये सुरक्षा परिषद में रूस के नाम पर खून के दाग़ जैसा है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. बीते 24 घंटों की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.