जॉनसन एंड जॉनसन की कोविड वैक्सीन गंभीर बीमारी में कारगर: रिसर्च

दक्षिण अफ्रीका के शोधकर्ताओं का कहना है कि जॉनसन एंड जॉनसन की इकलौती खुराक वाली कोविड-19 वैक्सीन की बूस्टर डोज़ गंभीर बीमारी की रोकथाम में ख़ासी कारगर साबित हुई है.

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, कीर्ति दुबे and विभुराज

  1. ओमिक्रॉन और डेल्टा मिल कर ला रहे हैं दुनिया में कोरोना की सुनामी-WHO

    कोरोना

    इमेज स्रोत, EPA

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO)ने कहा है कि कोरोना वायरस के डेल्टा और ओमिक्रॉन वेरिएंट मिलकर दुनिया में कोविड -19 के नए मामलों की ख़तरनाक सुनामी ला रहे हैं.

    स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस एडनॉम गेब्रियेसस का ये बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और यूरोप में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड केस दर्ज किए गए हैं.

    फ़्रांस में लगातार दूसरे दिन 208,000 मामले दर्ज किए गए हैं. पूरे यूरोप में किसी देश में एक दिन में फैले संक्रमण का ये रिकॉर्ड है.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़े के अनुसार,अमेरिका ने पिछले हफ़्ते एक दिन में औसतन 265,427 मामले दर्ज किए हैं.

    डेनमार्क,पुर्तगाल,यूके और ऑस्ट्रेलिया ने भी रिकॉर्ड संक्रमण के आंकड़े दर्ज किए हैं.

    पोलैंड में बुधवार को कोविड से 794 मौतों की जानकारी मिली जो महामारी की चौथी लहर में सबसे अधिक है. मरने वालों में से तीन-चौथाई से अधिक लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई थी.

    भारत में इस समय कुल एक्टिव केस क़रीब 77 हज़ार हैं. इनमें से 9,195 नए केस 24 घंटे में सामने आए हैं.

    टेड्रोस एडनॉम गेब्रियेसस

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, डॉ. टेड्रोस एडनॉम गेब्रियेसस

    ओमिक्रॉन कई देशों में डॉमिनेंट वेरिएंट बन चुका है. कई अध्ययनों से पता चलता है कि ये डेल्टा की तुलना में हल्का है,लेकिन उससे कहीं अधिक संक्रामक है और माना जाता है कि इस वेरिएंट के कारण ही नए कोविड-19 के मामलों में उछाल आ रहा है.

    फ़्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने संवाददाताओं से कहा कि वह "ओमिक्रॉन की बात करते समय अब‘वेव’की बात नहीं करेंगे" बल्कि यह एक "टाइडल वेव" है.

    हालांकि,डॉक्टर टेड्रोस ने चेतावनी दी कि डेल्टा और ओमिक्रॉन दोनों ही दुनिया में तेज़ी से बढ़ते संक्रमण का कारण हैं.

    उन्होंने ये भी कहा, ‘’बढ़ते केस,पहले से ही काम के बोझ तले दबे हुए स्वास्थ्यकर्मियों पर भारी दबाव डाल रहे हैं और आगे भी डालते रहेंगे,जिससे स्वास्थ्य प्रणालियों के चरमराने का ख़तरा बढ़ता जा रहा है‘’

    सामाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, पूरी दुनिया में हर दिन लगभग 900,000 नए कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं

  2. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिएयहाँ क्लिककरें.