ओमिक्रॉन से हालात ख़राब हुए तो फंसे कर्ज़ की समस्या और गहरा सकती है: आरबीआई

भारतीय रिज़र्व बैंक की बुधवार को आई एक रिपोर्ट में इस साल फंसे हुए कर्ज़ के काफ़ी बढ़ जाने की आशंका जताई है. इसकी मुख्य वजह कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के चलते अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन के प्रभावित होने की आशंका है.

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, मोहम्मद शाहिद and विभुराज

  1. ओमिक्रॉन से हालात ख़राब हुए तो फंसे कर्ज़ की समस्या और गहरा सकती है: आरबीआई

    भारतीय रिज़र्व बैंक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय रिज़र्व बैंक की बुधवार को आई एक रिपोर्ट में इस साल फंसे हुए कर्ज़ (एनपीए) के काफ़ी बढ़ जाने की आशंका जताई गई है.

    इसकी मुख्य वजह कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के चलते अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन के प्रभावित होने की आशंका है.

    रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यत: इस वजह से सितंबर 2022 तक बैंकों का फंसा हुए कर्ज़ बढ़कर 8.1-9.5 फ़ीसदी हो सकता है, जो सितंबर 2021 में 6.9 फ़ीसदी रही है.

    आरबीआई ने बताया है कि स्थिति सामान्य रहने पर भी एनपीए के 8.1 फ़ीसदी होने का अनुमान है, जबकि ओमिक्रॉन के चलते हालात बिगड़े तो यह 9.5 फ़ीसदी भी हो सकती है.

    देश के केंद्रीय बैंक ने यह भी बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष में होम लोन के चलते खुदरा लोन का एनपीए दोहरे अंकों में पहुंच गया है. मालूम हो कि पिछले कई सालों से बैंकों के लिए खुदरा लोन उसके द्वारा दिए जाने वाले कर्ज़ का सबसे प्रमुख हिस्सा रहा है.

    वैसे आरबीआई की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में बैंकों के कुल एनपीए और शुद्ध एनपीए में सुधार देखा गया. सितंबर में बैंकों का कुल एनपीए घटकर जहां 6.9 फ़ीसदी हो गई, वहीं शुद्ध एनपीए केवल 2.3 फ़ीसदी रह गई.

  2. दिल्ली में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 923 मामले रिपोर्ट हुए

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    बुधवार को दिल्ली सरकार की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, कोरोना संक्रमण के 923 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं.

    30 मई के बाद एक दिन में रिकॉर्ड हुए कोविड संक्रमण के मामलों की ये रिकॉर्ड संख्या बताई जा रही है.

    संक्रमण के नए मामलों के साथ दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 1.29 हो गई है.

    मंगलवार को दिल्ली में 496 नए मामले रिपोर्ट हुए थे.

    दिल्ली सरकार ने मंगलवार को येलो अलर्ट का एलान किया था और आज राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट कल से दोगुना यानी एक फ़ीसदी पर पहुंच गया है.

    येलो अलर्ट के तहत स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान, सिनेमा हॉल, जिम और स्पा पर पाबंदी लगा दी गई है. मॉल को ऑड-ईवन के आधार पर खोलने के लिए इजाजत दी गई है.

    मेट्रो में भीड़-भाड़ को देखते हुए 50 फीसदी क्षमता के साथ चलाने की इजाजत दी गई है. दिल्ली में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू भी लागू है.

    देश में फिलहाल कोरोना के कुल एक्टिव केस क़रीब 77 हज़ार हैं. इनमें से 9,195 नए केस 24 घंटे में सामने आए हैं. भारत में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 781 मामले सामने आए हैं.

  3. एप्पल का एलान, फ़ॉक्सकॉन का तमिलनाडु संयंत्र अब रहेगा निगरानी में

    एप्पल

    इमेज स्रोत, AFP

    दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल का कहना है कि कुछ समस्याओं के चलते आईफ़ोन असेंबल करने वाली अपनी सहयोगी कंपनी फ़ॉक्सकॉन के तमिलनाडु के कारखाने को निगरानी (प्रोबेशन) में रखने का फ़ैसला लिया गया है.

    एप्पल के अनुसार, दोनों कंपनियों ने पाया था कि उस कारखाने के कर्मचारियों की आराम करने और खाने की जगह कंपनी के ज़रूरी मानकों को पूरा नहीं करते.

    हालांकि एप्पल ने यह नहीं बताया कि उसके लिए प्रोबेशन के क्या मायने हैं वैसे पिछले साल उसने अपने एक दूसरे सप्लायर विस्ट्रोन को प्रोबेशन पर डाल दिया था, क्योंकि वहां उसके कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर हंगामा किया था. तब एप्पल ने कहा था कि वो उसे तब तक कोई काम नहीं देगी जब तक कि श्रमिकों की समस्याएं दूर नहीं हो जाती.

    एप्पल का ताज़ा क़दम फ़ॉक्सकॉन के संयंत्र में इस महीने श्रमिकों के आंदोलन के बाद आया. इस आंदोलन में तमिलनाडु में चेन्नई के निकट उसके श्रीपेरंबुदुर संयंत्र के क़रीब 250 महिलाओं को फ़ूड प्वाइजनिंग का शिकार हो जाना पड़ा. उसमें से 150 से अधिक महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

    उस संयंत्र में 17 हज़ार से अधिक कर्मचारी काम करते हैं.​ इस समस्या के बाद कंपनी को 18 दिसंबर को फ़ॉक्सकॉन के इस संयत्र को बंद करना पड़ा था. दोनों कंपनियों ने अभी तक ये नहीं बताया है कि इसे कब दोबारा खोला जाएगा.

  4. टिकटॉक पर सबसे तेज़ी से बढ़ रहा है धार्मिक कंटेंट

    वीडियो कैप्शन, टिकटॉक पर सबसे तेज़ी से बढ़ रहा है धार्मिक कंटेंट

    लगभग सभी धर्मों का प्रचार सोशल मीडिया पर बढ़ा है.

    नन से लेकर इमाम और बाकी धर्मों के प्रचारक भी इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं और धर्म की बातें करते हैं.

    बीबीसी की एक रिसर्च में पता चला है कि टिकटॉक वह प्लेटफॉर्म है जहां धार्मिक कंटेट सबसे अधिक तेज़ी से फैल रहा है.

  5. सऊदी अरब ने कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए की सख़्ती

    सऊदी अरब

    इमेज स्रोत, Saudi Press Agency/Handout via REUTERS

    सऊदी अरब ने कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग को एक बार फिर अनिवार्य कर दिया है.

    ये नियम इनडोर और आउटडोर दोनों जगह मान्य होंगे.

    सऊदी सरकार के एक मंत्री जानकारी दी है कि नए नियम कल यानी गुरुवार से लागू होंगे.

    सऊदी अरब में भी हालिया दिनों में सक्रमण के मामले बढ़े हैं.

  6. ओमिक्रॉन: मुंबई में कोरोना के 2510 नए मामले, यूरोप से लेकर अमेरिका तक सहमा

    कोरोना

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत समेत पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. संक्रमण पर काबू पाने के लिए पाबंदियों का दौर शुरू हो गया है. अमेरिका और फ्रांस में नए मामलों का नया रिकॉर्ड कायम हो चुका है.

    वहीं, एक्सपर्ट दावा कर रहे हैं कि ओमिक्रॉन की चुनौती से निपटना आसान नहीं है. भारत में भी ओमिक्रॉन और कोरोना के दूसरे वैरिएंट से जुड़े केस बढ़ने के बाद ये सवाल किया जा रहा है कि क्या ये संक्रमण की तीसरी लहर की दस्तक है?

    कई एक्सपर्ट इस सवाल को पूरी तरह ख़ारिज नहीं कर रहे हैं. देश के कुछ हिस्सों में भले ही अब भी भीड़ भरी राजनीतिक रैलियां जारी हों लेकिन सरकारों ने पाबंदियां लगाना शुरू कर दिया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    दिल्ली सरकार ने मंगलवार को येलो अलर्ट का एलान किया था और आज राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट कल से दोगुना यानी एक फ़ीसदी पर पहुंच गया है.

    देश में फिलहाल कोरोना के कुल एक्टिव केस क़रीब 77 हज़ार हैं. इनमें से 9,195 नए केस 24 घंटे में सामने आए हैं. भारत में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 781 मामले सामने आए हैं. सबसे ज़्यादा 238 संक्रमित दिल्ली से हैं.

    महाराष्ट्र में ये संख्या 167 है. महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि मुंबई में पॉजिटिविटी रेट 4 फ़ीसदी है.

    वहीं, राज्य सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने बताया कि पिछले हफ़्ते जहां 150 नए केस रोज आ रहे थे अब ये संख्या दो हज़ार केस रोजाना तक पहुंच रही है. बुधवार को अकेले मुंबई में कोरोना संक्रमण के 2510 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं.

    कोविड

    इमेज स्रोत, ANI

    तमिलनाडु के हेल्थ सेक्रेटरी जे राधाकृष्णन के मुताबिक चेन्नई में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं और टेस्ट की संख्या दो गुनी कर दी गई है. सौ फ़ीसदी कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है.

    बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली स्थित पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन के प्रोफ़ेसर श्रीनाथ रेड्डी ने बीबीसी से कहा कि राहत सिर्फ ये है कि अब तक ओमिक्रॉन से जुड़े मामलों में गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं.

    श्रीनाथ रेड्डी ने कहा कि हम केस बढ़ते हुए देख रहे हैं. ख़ासकर बड़े शहरों में मामले बढ़ रहे हैं. मुंबई में 70 प्रतिशत का उछाल आया है. दिल्ली में 50 फीसदी मामले बढ़े हैं. हम जानते हैं कि ये बहुत संक्रामक वैरिएंट है. लेकिन अभी अस्पतालों में भीड़ नहीं है. ज़्यादातर केस में मामूली लक्षण दिखे हैं. ये राहत की बात है.

    कोविड

    इमेज स्रोत, REUTERS/Louiza Vradi

    हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने आगाह किया है कि मामूली लक्षण होने के बाद भी ओमिक्रॉन वैरिएंट से जुड़ा जोखिम कम नहीं है.

    अमेरिका में जॉर्ज टाउन यूनिवर्सिटी के ग्लोबल हेल्थ डायरेक्टर लॉरेंस गॉस्टिन भी कहते हैं कि ओमिक्रॉन वैरिएंट बड़ी चुनौती पेश कर रहा है.

    प्रोफेसर लॉरेंस ने कहा कि ये धरती का सबसे संक्रामक रोगाणु हो सकता है. हो सकता है कि ये इतिहास का सबसे ज़्यादा संक्रामक वायरस बन जाए. ये धरती पर मौजूद हर इंसान को प्रभावित कर सकता है. अब सवाल ये है कि क्या हम इसके साथ रह सकते हैं.

    "अब हमें ये पता लगाना है कि क्या ये गंभीर बीमारी की वजह बन रहा है. क्या इसकी वजह से अस्पताल जाना पड़ रहा है. क्या ये मौत की वजह बन रहा है और उसके मुताबिक बचाव के तरीके आजमाए जाने चाहिए. हमें इसी दिशा में सोचना चाहिए."

    कोविड

    इमेज स्रोत, EPA/NARONG SANGNAK

    प्रोफ़ेसर लॉरेंस ने जैसे आगाह किया, वैसा अमेरिका और यूरोपीय देशों में दिख भी रहा है. अमेरिका में एक दिन में कोरोना के नए मामले सामने आने का नया रिकॉर्ड कायम हुआ.

    देश में सोमवार को साढ़े चार लाख नए केस दर्ज हुए. यूरोप के कई देश भी ओमिक्रॉन वौरिएंट पर रोक लगाने में जूझ रहे हैं. फ्रांस में एक दिन में करीब डेढ़ लाख नए केस मिले.

    इटली, ग्रीस, पुर्तगाल और इंग्लैंड में भी रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं. ये माना जा रहा है कि क्रिसमस की वजह से मामले दर्ज करने में हुई देरी भी केस की संख्या बढ़ने की एक वजह हो सकती है.

  7. कोरोना महामारी में परिवार गंवाया, उत्तर प्रदेश चुनाव में क्या चाहते हैं ये लोग?

    सीमा यादव
    इमेज कैप्शन, कोरोना की दूसरी लहर में अपने परिवार को खोने वालीं सीमा यादव

    जिन चेहरों की हंसी इस घर की दीवारों पर गूंजा करती थी, आज वही चेहरे इन दीवारों पर लटकी तस्वीरों में कैद हैं.

    कोरोना की भयावह दूसरी लहर इस परिवार पर कहर बनकर टूटी और परिवार के आठ सदस्यों को अपने साथ बहा ले गई.

    22 अप्रैल से 15 मई के बीच क़रीब एक महीने में इस परिवार ने चार सगे भाइयों, दो बहनों, मां और बड़ी मां की अर्थियां उठने का दर्द सहा.

    लखनऊ से सटे इमलिया गांव के इस एक परिवार की कहानी उत्तर प्रदेश में उस वक़्त की भयावह तस्वीर को दिखाती है.

    सीमा यादव आज भी उस वक़्त को याद करके सिहर जाती हैं, जब एक के बाद एक होती मौतों से उनका पूरा परिवार उजड़ गया.

  8. मोदी की कानपुर रैली में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में गिरफ़्तार कार्यकर्ताओं को सपा ने पार्टी से निकाला

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    समाजवादी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कानपुर रैली में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में गिरफ़्तार किए गए पांच कार्यकर्ताओं को पार्टी से निकाल दिया है.

    सपा की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है, "समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सचिन केसरवानी, अंकुर पटेल, अंकेश यादव, सुकांत शर्मा और सुशील राजपूत को कल दिनांक 28 दिसंबर, 2021 को कानपुर में हुई घटना में तथाकथित संलिप्तता के कारण समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है."

    इससे पहले समाचार एजेंसी एएनआई ने रिपोर्ट दी थी कि मंगलवार को कानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में गड़बड़ी फैलाने की साज़िश रचने के आरोप में पुलिस ने पाँच लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ़्तार कर लिया है.

  9. हार्ट अटैक से 30 साल की उम्र में भी हो सकती है मौत

    वीडियो कैप्शन, हार्ट अटैक से 30 साल की उम्र में भी हो सकती है मौत

    महिलाओं पर केंद्रित सोशल कम्युनिटी प्लेटफॉर्म पंखुड़ी और ग्रैबहाउस कंपनी की संस्थापक पंखुड़ी श्रीवास्तव की मौत चर्चा में है.

    ऐसी ख़बरें हैं कि उनका निधन कार्डियक अरेस्ट से हुआ है. वे 32 साल की थीं.

    इससे पहले 40 वर्षीय अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी. क्या युवाओं में दिल की बीमारी बढ़ रही है?

  10. दुबई: प्रिंसेज हया के तलाक और अरबों की रक़म की पूरी कहानी

    वीडियो कैप्शन, दुबई: प्रिंसेज हया के तलाक और अरबों की रक़म की पूरी कहानी

    ब्रिटेन के अदालती इतिहास में इसे सबसे बड़ा तलाक़ केस कहा जा रहा है.

    अलग हो चुकी पत्नी से मामला सुलझाने के लिए दुबई के अरबपति शासक पर 55 करोड़ पाउंड की देनदारी आई है, यानी लगभग 5500 करोड़ या 55 अरब रुपये.

    ब्रिटेन के हाई कोर्ट ने मंगलवार को राजकुमारी हया बिंत अल-हुसैन से सेटलमेंट की राशि 25 करोड़ पाउंड तय की है.

    हया 47 साल की हैं और वो जॉर्डन के पूर्व किंग हुसैन की बेटी हैं.

  11. 957 करोड़ रुपये की सरकारी कंपनी मोदी सरकार ने 210 करोड़ में बेच डाली: कांग्रेस

    कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ

    कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को मोदी सरकार पर देश के रणनीतिक हितों के साथ समझौता करने का आरोप लगाया है.

    कांग्रेस का कहना है कि मुनाफा कमाने वाली सरकारी कंपनी सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड को एक ऐसी प्राइवेट कंपनी के हाथों बेचा गया है जिसे उस कारोबार का कोई अनुभव नहीं था.

    नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने ये दावा किया कि अलग-अलग तरीकों से कंपनी का मूल्यांकन करने पर सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड का वैल्यूएशन 957 करोड़ रुपये 1600 करोड़ रुपये के बीच में पड़ता है.

    कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने ग़ाज़ियाबाद की इस सरकारी कंपनी को नंदल फाइनेंस एंड लीजिंग प्राइवेट लिमिटेड को 210 करोड़ रुपये में बेच डाला.

    गौरव वल्लभ ने कहा, "हमारी मांग है कि इस बिक्री को रोका जाए. नंदल फाइनेंस के प्रमोटर नोएडा-ग़ाज़ियाबाद के क्षेत्र में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी भी चलाते हैं और वे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ करीबी रखने के लिए जाने जाते हैं."

    सरकार ने सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड को नंदल फाइनेंस एंड लीजिंग प्राइवेट लिमिटेड को 210 करोड़ रुपये में बेचने का एलान किया था. कंपनी की रिज़र्व कीमत 194 करोड़ रुपये रखी गई थी.

    एयर इंडिया की बिक्री के बाद विनिवेश की जाने वाली ये दूसरी सरकारी कंपनी है.

    कांग्रेस प्रवक्ता ने ये भी दावा किया कि सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड को खरीदने वाली प्राइवेट कंपनी के पास महज 10 कर्मचारी हैं और नेशनल कंपनी लॉ अपीलाट ट्राइब्यूनल में कंपनी के ख़िलाफ़ एक मुक़दमा भी लंबित है.

  12. एक हेयरपिन के बदले घर लेने वाली लड़की से मिलिए

    वीडियो कैप्शन, एक हेयरपिन के बदले घर लेने वाली लड़की से मिलिए

    कोरोना महामारी की शुरुआत में डेमी स्किपर को काफी नुकसान उठाना पड़ा था. वो बताती हैं कि उन्होंने बीते डेढ़ साल में कई चीज़ों का ट्रेड किया.

    उनका लक्ष्य था कि वो एक हेयरपिन के बदले एक मकान ले सकें, इस चुनौती को डेमी पूरा करने में कामयाब रहीं. देखिए उनकी कहानी.

  13. पाकिस्तान का कटासराज मंदिर देखा आपने?

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान का कटासराज मंदिर देखा आपने?

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से दो घंटे की दूरी पर है पोथोहर पठार. यहां प्राचीन हिंदू मंदिर हैं जिन्हें कटासराज मंदिर कहते हैं.

    कहा जाता है कि यह जगह महाभारत कालीन है. दो साल के अंतराल के बाद, भारत से 87 यात्रियों का जत्था इन मंदिरों में आया.

    ये सभी यात्री वाघा बॉर्डर के रास्ते 17 दिसंबर को लाहौर पहुंचे. फिर सभी लोग 18 दिसंबर को कटासराज गए और 23 दिसंबर को भारत लौट गए.

    कटासराज की अगली यात्रा मार्च के महीने में शिवरात्रि के मौके पर आयोजित की जाएगी.

  14. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 29 दिसंबर 2021, सुनिए वात्सल्य राय से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  15. ममता बनर्जी ने कहा, बंगाल में बढ़ते कोरोना के मामले, नई पाबंदियों पर विचार

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Sanjay Das/BBC

    कोलकाता समेत पूरे पश्चिम बंगाल में एक बार फिर तेज़ी से बढ़ते कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार स्कूलों-कॉलेजों को दोबारा बंद करने, लोकल ट्रेनों की संख्या घटाने और 50 फ़ीसदी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम शुरू करने पर विचार कर रही है.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को एक प्रशासनिक बैठक में हालात की समीक्षा के बाद इसके संकेत दिए.

    राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान नए मरीजों की तादाद में रिकार्ड तीन सौ से अधिक की वृद्धि हुई है. कोरोना के मामले 439 से बढ़ कर 752 तक पहुँच गए हैं.

    दूसरी ओर, ओमिक्रॉन के पाँच नए मरीज बुधवार को सामने आए. राज्य में अब तक ऐसे 11 मरीज सामने आ चुके हैं. बीते 24 घंटे में जो 752 मामले सामने आए हैं उनमें से 382 अकेले कोलकाता में हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और लोकल ट्रेन सेवाओं पर फ़ैसला राज्य में कोविड-19 की स्थिति की अगली समीक्षा बैठक के बाद लिया जाएगा.

    पश्चिम बंगाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अगले महीने होने वाले गंगासागर मेले को ध्यान में रखते हुए लोकल ट्रेनों को तत्काल बंद करना संभव नहीं है.

    मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा, “पहली जनवरी को कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इसलिए साल के पहले दोनों दिन छोड़ कर तीन जनवरी से नई पाबंदियाँ लागू की जा सकती हैं. ज़रूरत पड़ने पर 50 फीसदी लोगों को घर से काम करना होगा और स्कूलों-कालेजों को भी कुछ दिनों के लिए बंद करना होगा.”

    ध्यान रहे कि करीब 20 महीने बाद बीते 16 नवंबर को राज्य के स्कूल-कॉलेज खोले गए थे. वैसे, राज्य में ओमिक्रॉन के पहले मामले की पुष्टि होते ही सरकार ने कोरोना की पाबंदियों को 15 जनवरी तक बढ़ा दिया था. इनमें रात 11 से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू भी शामिल है. लेकिन क्रिसमस और नए साल को ध्यान में रखते हुए 24 दिसंबर से पहली जनवरी तक इसमें ढील दी गई है. ममता ने आम लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की अपील की है.

  16. आरबीएल बैंक, अचानक से यस बैंक और लक्ष्मी विलास बैंक की कतार में खड़ा नज़र क्यों आ रहा है?

    आरबीएल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रिज़र्व बैंक का कहना है -ऑल इज़ वेल.

    आरबीएल बैंक के नए मुखिया, अंतरिम सीईओ राजीव आहूजा का भी कहना है -ऑल इज़ वेल.

    लेकिन इन दोनों के जगाए भी भरोसा क्यों नहीं जग रहा है?

    कुछ तो पर्देदारी है.

    आख़िर आरबीएल बैंक में हुआ क्या है कि कई सालों से निवेशकों की आंख का तारा रहा यह बैंक अचानक यस बैंक और लक्ष्मी विलास बैंक की कतार में खड़ा हुआ नज़र आ रहा है.

    और इससे बड़ा सवाल यह है कि क्या हुआ है जिसके बारे में न तो बैंक का मैनेजमेंट कुछ कह रहा है और न ही आरबीआई?

    रिज़र्व बैंक का कहना है कि बैंक में नकदी की कोई किल्लत नहीं है और खाताधारकों को घबराने की ज़रूरत नहीं है.

  17. विक्रम मिसरी बने नए डिप्टी एनएसए, चीन के साथ बदलेगा माहौल?

    वीडियो कैप्शन, विक्रम मिसरी बने नए डिप्टी एनएसए, चीन के साथ बदलेगा माहौल?

    तीन साल तक चीन में भारतीय राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले विक्रम मिसरी को भारत का अगला उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार या डिप्टी NSA नियुक्त किया गया है.

    वो पंकज सरन की जगह लेंगे जो 31 दिसंबर तक इस पद बने रहेंगे. सरन रूस और बांग्लादेश में भारत के राजदूत रह चुके हैं. वहीं मिसरी ऐसे समय में चीन के राजदूत थे जब भारत और चीन के बीच संबंध बेहद नाज़ुक दौर से गुज़र रहे थे.

    भारत और चीन के बीच लद्दाख़ में नियंत्रण रेखा पर 19 महीनों तक सीमा गतिरोध बना हुआ था और अभी भी कुछ जगहों पर चीन और भारत के बीच डिसएंगेजमेंट प्रक्रिया को लेकर बातचीत चल रही है.

  18. आज का कार्टून: चिंता की बात नहीं

    कार्टून

    ओमिक्रॉन के तेजी से बढ़ते मामलों पर आज का कार्टून.

  19. एमवे, टपरवेयर और ऑरिफ्लेम जैसी कंपनियों के इस कारोबार पर सरकार ने लगाई पाबंदी

    एमवे

    इमेज स्रोत, GOH CHAI HIN/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एमवे

    उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने एमवे, टपरवेयर और ऑरिफ्लेम जैसी डायरेक्ट सेलिंग कंपनियों पर पिरामिड बिज़नेस मॉडल और पैसे बाँटने वाली योजनाओं को बढ़ावा देने से रोक लगा दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने कहा है कि इन कंपनियों को 90 दिनों के भीतर नए नियमों पर अमल करना होगा.

    नए नियमों के अनुसार, वस्तुओं या सेवाओं की बिक्री के बाद आने वाली शिकायतों के लिए ये कंपनियाँ, इसके विक्रेताओं की तरह ही ज़िम्मेदार होंगी.

    केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की ओर से जारी किए गए कन्ज़्यूमर प्रोटेक्शन (डायरेक्ट सेलिंग) रूल्स, 2021 डायरेक्ट सेलिंग कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर डायरेक्ट सेलिंग करने वाले विक्रेताओं, दोनों पर लागू होंगे.

    नए नियमों के अनुसार, राज्य सरकारों को कंपनियों और विक्रेताओं की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए व्यवस्था बनानी होगी. उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐसा पहली बार है जब कन्ज़्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट के तहत डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री के लिए नियम बनाए गए हैं.

    अगर इनका अनुपालन नहीं किया गया तो क़ानून के अनुसार दंडात्मक प्रावधान भी उन पर लागू होंगे.

    नए नियमों के अनुसार, डायरेक्ट सेलिंग कारोबार से जुड़ी कंपनियों पर पिरामिड मॉडल और इस कारोबार से जुड़े लोगों को कमीशन के बंटवारे की प्रक्रिया पर भी रोक लगा दी गई है. ये नियम उन कंपनियों पर भी लागू होंगे जो भारतीय तो नहीं हैं लेकिन भारत में कारोबार करती हैं.

  20. आदित्य ठाकरे ने कहा- मुंबई में आज आ सकते हैं कोरोना के 2000 नए मामले

    आदित्य ठाकरे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि बुधवार को शायद मुंबई में 2000 से भी ज़्यादा कोरोना के नए मामले आ सकते हैं. उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह यहाँ हर दिन 150 नए मामले सामने आ रहे थे, लेकिन अब ये मामले 2000 हो गए हैं.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    पिछले 24 घंटों में मुंबई में 1377 मामले दर्ज किए गए थे. उससे एक दिन पहले ये संख्या 809 थी. आदित्य ठाकरे ने ट्वीट किया है कि मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र बीएमसी के साथ उनकी बैठक हुई है, जिसमें मौजूदा स्थिति और तैयारियों की समीक्षा कई गई. साथ ही इस बैठक में 15 से 18 साल के बच्चों को वैक्सीन देने की योजना पर भी चर्चा हुई. आदित्य ठाकरे ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएँ नहीं, लेकिन सतर्कता बरतें.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    उन्होंने बताया कि बैठक में लोगों को कोरोना के प्रति सतर्कता बरतने और उसके हिसाब से व्यवहार पर विशेष रूप से चर्चा हुई, ख़ासकर उस स्थिति में जब नया साल जल्द ही आने वाला है.