You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरानी हमले में किसी अमरीकी को कोई नुक़सान नहीं: ट्रंप

इराक़ में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी अमरीकी या इराक़ी को कोई नुक़सान नहीं हुआ.

लाइव कवरेज

  1. ऑस्ट्रेलिया ने क्या कहा

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि उनके सैनिक और डिप्लोमैट पूरी तरह से सुरक्षित हैं. ऑस्ट्रेलिया के क़रीब 300 सुरक्षाकर्मी इराक़ में हैं. मॉरिसन ने कहा कि उन्होंने पूरे हालात पर अमरीका और ईरान से चर्चा की है. पत्रकारों से बात करते हुए मॉरिसन ने कहा, ''अमरीका ने ख़ुफ़िया सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी.'

  2. भारत क्या बोला?

    भारत ने अपने नागरिकों से कहा है कि ईरान और इराक़ की ग़ैर-ज़रूरी यात्रा टाल दें और अगले नोटिंस तक इंतज़ार करें. जो पहले से ही दोनों देशों में हैं वो सतर्क रहें और बाहर निकलने से बचें.

  3. पाकिस्तान क्या बोला?

    पाकिस्तान ने भी ईरान की सैन्य कार्रवाई पर बयान जारी किया है. पाकिस्तान ने कहा, ''हम अपने नागरिकों को आगाह करते हैं कि वो ईरान और इराक़ जाने की योजना बना रहे हैं तो पूरी तरह से सतर्क रहें. जो पहले से ही इराक़ में हैं, वो बग़दाद स्थित पाकिस्तानी दूतावास के संपर्क में रहें.''

  4. यूएई क्या बोला?

    संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री अनवर गर्गाश ने वर्तमान तनाव मध्य-पूर्व के लिए ठीक नहीं है. तनाव को कम करना ज़रूरी और विवेकपू्र्ण है. राजनीतिक संवाद से तनाव को कम किया जा सकता है.

  5. ईरान के मिसाइल हमले पर जर्मनी क्या बोला

    जर्मनी की रक्षा मंत्री एनग्रेट क्राम्प ने कहा कि किसी भी पक्ष की आक्रामकता स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने जर्मनी के सरकारी प्रसारक एआरडी से कहा कि ईरान को अब और किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई की तरफ़ नहीं बढ़ना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि इराक़ में जर्मनी का कोई भी सैनिक ज़ख़्मी नहीं हुआ है.

  6. ईरान के मिसाइल हमले पर दुनिया भर से प्रतिक्रिया

    इराक़ में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के मिसाइल हमले को लेकर दुनिया भर से प्रतिक्रिया आई है. यूरोपीय यूनियन ने कहा है कि मध्य-पूर्व में हथियारों का इस्तेमाल तत्काल बंद हो.

    ईयू ने कहा कि अमरीका और ईरान दोनों संवाद शुरू करें और टकराव को ख़त्म करें. यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लीयेन ने कहा कि वो इस मुद्दे पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री से बात करेंगे.

  7. अयतोल्लाह अली ख़मेनेई की दो टूक

    ईरान के सर्वोच्च नेता अयतोल्लाह अली ख़मेनेई ने बुधवार को कहा कि क़ासिम सुलेमानी की शहादत से स्पष्ट हो गया है कि इस्लामिक क्रांति अब भी ज़िंदा है. ख़मेनेई ने कहा कि अमरीका मध्य-पूर्व से निकल जाए. उन्होंने कहा कि मध्य-पूर्व अब अमरीका को बर्दाश्त नहीं करेगा.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, प्लेन क्रैश में सबसे ज़्यादा ईरान के लोग मारे गए

    ईरान में तेहरान के पास क्रैश हुए प्लेन में 82 लोग ईरान, 63 कनाडा, 11 यूक्रेन और 10 स्वीडन के नागरिक थे. क्रैश के बाद किसी की भी जान नहीं बची.

  9. ईरानी सेना ने कहा, 'ये सिर्फ़ झांकी थी'

    ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी IRNA के अनुसार इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) के ऑपरेशन के बारे में मेजर जनरल मोहम्मद बाक़री ने कहा है कि 'ईरान ने अभी सिर्फ़ अपनी सैन्य क्षमताओं की झांकी दिखाई है. अगर अमरीका ने फिर हमला किया तो और सख़्त जवाब दिया जाएगा. अमरीका के लिए बेहतर होगा कि वो मध्य-पूर्व क्षेत्र को छोड़ने के लिए एक सैद्धांतिक विकल्प चुन ले.'

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, ‘इंजन ख़राब होने की वजह से गिरा यूक्रेन का विमान’

    ईरान स्थित यूक्रेन के दूतावास ने कहा है कि बुधवार सुबह क्रैश हुआ यूक्रेन का ‘बोइंग 737’ यात्री विमान इंजन ख़राब होने के कारण गिरा, आतंकी गतिविधियों के कारण नहीं.

  11. हमला अमरीका के लिए तमाचाः ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता ख़मेनेई

    ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातोल्लाह ख़मेनेई ने अमरीका को 'झूठा, बदमाश और अमानवीय' बताते हुए कहा है कि ईरान का जवाबी हमला अमरीका के 'मुँह पर एक तमाचा' है.

    ख़मेनेई ने तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित क़ूम प्रांत में हज़ारों लोगों की मौजूदगी में हुई एक बैठक में कहा कि 'दुनिया पर धौंस झाड़ने वालों को सबक सिखाने में ईरान सक्षम है. हमें लगता है कि अमरीका के ख़िलाफ़ ऐसे हमले नाकाफ़ी हैं. ज़्यादा महत्वपूर्ण ये है कि इस क्षेत्र से अमरीका की मौजूदगी का अंत हो.'

  12. कौन थे जनरल सुलेमानी जिन्हें अमरीकी राष्ट्रपति ने बताया 'राक्षस'

    आख़िर ऐसी क्या बात थी जनरल क़ासिम सुलेमानी में कि अमरीका ने एक तरह से उनको घेरकर ठिकाने लगाया? क्या किया था जनरल सुलेमानी ने? कौन था ये ईरानी जनरल.

  13. ईरान में बोइंग विमान हादसाः वीडियो

  14. ईरान-अमरीका में अगर जंग छिड़ी तो भारत पर भी होगा असर?

    बुधवार सुबह अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने कहा कि इराक़ में अमरीका के दो वायुसेना ठिकानों पर एक दर्जन से ज़्यादा मिसाइल हमले हुए हैं.

    अगर यह तनाव अब और आगे बढ़ता है तो इसका तेल की क़ीमतों पर कितना असर होगा? भारत पर इसका क्या असर होगा?

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, ईरान में यूक्रेन का विमान दुर्घटनाग्रस्तः 170 की मौत

    ईरान में यूक्रेन के एक यात्री विमान की दुर्घटना में कम-से-कम 170 लोगों की मौत हो गई है.

    ईरान के रेड क्रेसेंट का कहना है कि इस हादसे में किसी के बच पाने की संभावना नहीं है.

  16. ईरान के सरकारी टीवी ने जारी किया मिसाइल हमले का वीडियो

  17. पश्चिम एशिया में अमरीका की बुराई का अंत शुरू: ईरानी दूतावास

    बीजिंग स्थित बीबीसी संवाददाता स्टीवन मैक्डोनल्ड ने कहा है कि बीजिंग स्थित ईरानी दूतावास ने अपने ट्विटर पन्ने पर ईरानी झंडे की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा है, "पश्चिम एशिया में अमरीका की बुराई का अंत शुरू हो गया है."

  18. पिछले कुछ घंटों में क्या-क्या हुआ...

    • ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों से इराक़ के उन दो सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जहाँ अमरीकी सैनिक तैनात हैं.
    • ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर दिखाया जा रहा है कि ये हमला उनके कमांडर क़ासिम सुलेमानी की हत्या के जवाब में किया गया है.
    • इस हमले में कितनी क्षति हुई, इसका आंकलन अभी नहीं किया जा सका है.
    • ब्रिटेन सरकार ने कहा है कि इराक़ी कैंप में तैनात उनके 400 सैनिकों में से कोई भी इस हमले में हताहत नहीं हुआ है.
    • यूके सरकार ने रॉयल नेवी और सैन्य हेलीकॉप्टरों को सतर्क कर दिया है.
    • अमरीका के डिफ़ेंस सेक्रेट्री मार्क एस्पर ने कहा है कि ‘ईरान कोई हरक़त करेगा, इसका उन्हें पहले से अंदाज़ा था. फ़िलहाल वे स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं.’
    • अमरीकी मीडिया में किसी बड़े सैन्य अधिकारी के हवाले से ख़बर चल रही है कि इराक़ के अल-असद कैंप में तैनात सैनिकों को ‘वॉर्निंग सिस्टम’ के ज़रिए पहले ही मिसाइलों के आने की चेतावनी मिल गई थी.
    • इस बीच यूक्रेन के बॉइंग-737 विमान के ईरान में क्रैश होने की ख़बर आई. स्थानीय मीडिया के अनुसार इस विमान में सवार सभी 180 यात्रियों की मौत हो गई हैं.
  19. ब्रिटेन और कनाडा ने कहा: हमारे सैनिक सुरक्षित

    कनाडा के डिफ़ेंस चीफ़ जोनाथन वेैंस ने कहा है कि इराक़ में हुए मिसाइल हमले में उनके सभी जवान सुरक्षित हैं.

    ब्रिटेन, डेनमार्क और नॉर्वे ने भी कहा है कि इराक़ में तैनात उनके सैनिकों में से कोई हताहत नहीं हुआ है.

  20. कितनी ताक़तवर है ईरान की सेना?, बीबीसी रिएलिटी चेक टीम की रिपोर्ट

    - ब्रिटेन के थिंक टैंक इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट फ़ॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज़ के अनुसार ईरान में लगभग पाँच लाख 23 हज़ार सक्रिय सैनिक हैं.

    - इसमें ईरान की सेना के साढ़े तीन लाख और इस्लामिक रिवॉल्युशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के डेढ़ लाख सैन्यकर्मी शामिल हैं.

    - इसके अलावा ईरान के पास रिवॉल्युशनरी गार्ड्स के 20 हज़ार नौसैनिक भी हैं.

    - मिसाइलें ईरान की सैन्य शक्ति का प्रमुख हिस्सा हैं.

    - अमरीका के रक्षा विभाग का मानना है कि मध्य पूर्व के देशों में ईरान की मिसाइल शक्ति सबसे ज़्यादा है.

    - कई वर्षों की पाबंदी के बावजूद ईरान अपने लिए ड्रोन विकसित करने में कामयाब रहा है.