You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरानी हमले के बढ़ते खतरे के बीच इसराइली पीएम नेतन्याहू की शीर्ष अधिकारियों से होगी मुलाकात

इसराइल और ईरान के बीच बढ़ती तनातनी को देखते हुए भारत सहित कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइज़री भी जारी की है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. बेंगलुरु के रामेश्वर कैफे ब्लास्ट मामले में दो अभियुक्त पश्चिम बंगाल से गिरफ़्तार

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बेंगलुरु के रामेश्वर कैफे में हुए विस्फोट के सिलसिले में दो संदिग्ध अभियुक्तों को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के करीब कांथी से गिरफ्तार किया है.

    इनकी पहचान मुसाविर हुसैन साजिब औऱ अब्दुल मतीन ताहा के रूप में हुई हैं. एनआईए ने एक बयान में इसकी जानकारी दी है.

    बयान में कहा गया है कि रामेश्वर कैफे विस्फोट मामले में दो अभियुक्तों को कोलकाता के पास से गिरफ्तार किया गया है. एनआईए के अनुसार, मुसाविर ने कैफे में आइईडी (विस्फोटक) रखा था और अब्दुल इस पूरी घटना के मास्टरमाइंड थे.

    इस विस्फोट के मुख्य अभियुक्त मुज़्ज़मिल शरीफ़ को घटना के 27 दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन दो अन्य अभियुक्त फरार थे. एनआईए ने इन पर 20 लाख रुपए का इनाम रखा था.

    एनआईए सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि विस्फोट के बाद यह दोनों लोग पश्चिम बंगाल में एक गोपनीय ठिकाने पर रह रहे थे. एनआईए की टीम ने विश्वस्त सूचना के आधार पर छापा मार कर इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उनको कोलकाता लाया जा रहा है.

    एक मार्च को हुए इस हमले में दस लोग घायल हो गए थे.

  2. उमर अब्दुल्लाह बारामूला सीट से लड़ेंगे चुनाव, श्रीनगर से रूहुल्लाह मेहदी उम्मीदवार

    नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्लाहबारामूला सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे.

    वहीं श्रीनगर सीट से रूहुल्लाह मेहंदी उम्मीदवार हैं.

    कश्मीर की तीन लोकसभा सीटों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी अलग -अलग चुनाव लड़ रही है.

    पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती अनंतनाग-राजौरी सीट से उम्मीदवार हैं.

    दोनों ही पार्टियां इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं. ऐसे में यह माना जा रहा था कि दोनों एक साथ चुनाव लड़ सकती हैं.

    लेकिन बीते दिनों एनसी ने एलान किया कि वह घाटी की तीनों सीट पर चुनाव लड़ेगी. इसके बाद महबूबा मुफ्ती ने कहा कि ‘उनके पास कोई विकल्प नहीं छोड़ा गया है.’ और वो अब तीनों सीटों पर उम्मीदवार खड़े करेंगी.

    दोनों पार्टियों ने जम्मू में चुनाव कांग्रेस के साथ लड़ने का फैसला किया है.

  3. बीएसपी ने उम्मीदवारों की नई लिस्ट की जारी, आजमगढ़ से भीम राजभर को टिकट

    बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नौ प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट जारी की है.

    इसमें गोरखपुर, आजमगढ़, बस्ती सहित कुल नौ सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है.

    आजमगढ़ से राज्य के पूर्व प्रमुख भीम राजभर, घोसी से बालकृष्ण चौहान और गोरखपुर जावेद सिमनानी को टिकट दिया गया है.

    बसपा ने एटा लोकसभा सीट से मो. इरफान, धौरहरा से श्याम किशोर अवस्थी, फैजाबाद से सच्चिदानंद पांडेय, बस्ती से दयाशंकर मिश्रा, चंदौली से सत्येंद्र कुमार मौर्य और रॉबर्टगंज से धनेश्वर गौतम को उम्मीदवार बनाया है.

    बसपा ने अब तक 45 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया है.

    इस लोकसभा चुनाव में मायावती की पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है. वह ना तो भारतीय जनता पार्टी के एनडीए गठबंधन का हिस्सा हैं ना ही विपक्ष के इंडिया अलायंस का हिस्सा हैं.

  4. ईरान के इसराइल पर हमले की आशंका के बीच अमेरिका ने स्टाफ़ पर लगाया ट्रैवल बैन

    ईरान की इसराइल पर हमले की आशंका के बीच अमेरिका ने इसराइल में अपने स्टाफ़ की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    अमेरिकी दूतावास ने स्टाफ़ को "अत्यधिक सावधानी बरतते हुए" यरूशलम, तेल अवीव या बीयर शेवा से बाहर यात्रा ना करने के लिए कहा है.

    एक अप्रैल को ईरान के सीरिया स्थित वाणिज्य दूतावास पर हमला हुआ था, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई. इसमें ईरान के एलीट कुद्स फोर्स के एक शीर्ष कमांडर और उनके डिप्टी की मौत भी हुई थी.

    ईरान ने कहा है कि इसराइल इस हमले के पीछे है और ईरान इसका बदला 'ज़रूर लेगा.'

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री लॉर्ड कैमरुन ने ईरानी विदेश मंत्री को फोन कर मामले को और अधिक न बढ़ाने की अपील की है.

    इसराइल ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. लेकिन माना जा रहा है कि वो ही इस हमले के पीछे था.

    ग़ज़ा में इसराइल और हमास के बीच जारी युद्ध के बाद से इस क्षेत्र में कई जगहों पर गोलीबारी बढ़ गई है. ईरान के प्रॉक्सी समूह हिज़्बुल्ला और इसराइल दोनों की ओर से लेबनान की सीमा पर हमले किए जा रहे हैं.

    ईरान के दूतावास पर ये हमला ऐसे समय पर हुआ है जब पूरे क्षेत्र में राजनयिक कोशिशें जारी हैं कि ग़ज़ा में चल रहा युद्ध रोका जाए.

    बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने चेताया कि ईरान एक "महत्वपूर्ण हमला" कर सकता है और उन्होंने इसराइल को "मज़बूत" समर्थन देने बात कही.

    ईरान से हमले की आशंका के बीच अमेरिका के मध्य पूर्व ऑपरेशन के लिए ज़िम्मेदार कमांडर एरिक करिल्ला इसराइल पहुंचे हैं.

    11 अप्रैल को वॉल स्ट्रीट जनरल ने एक रिपोर्ट छापी है और दावा किया है कि अगले 24 से 48 घंटों में ईरान इसराइल पर हमला कर सकता है.

  5. आप नेता आतिशी का दावा- दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने की तैयारी

    आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने दावा किया है कि केंद्र सरकार आने वाले दिनों में दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू कर सकती है.

    उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमें विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने वाली है. इसके कई संकेत पिछले कई दिनों से दिख रहे हैं."

    "बीते कई महीनों से दिल्ली में किसी अफ़सर की पोस्टिंग नहीं हो रही है. दिल्ली में आईएएस की पोस्टिंग का कंट्रोल गृह मंत्रालय के पास है. बीते कई महीनों में आईएएस अफ़सर की पोस्टिंग नहीं हुई है.”

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रद्द हो चुकी शराब नीति में कथित भ्रष्टाचार के मामले में इस समय तिहाड़ जेल में हैं.

    मनीष सिसोदिया बीते साल से इसी केस में जेल में हैं.

    केजरीवाल जेल में रहते हुए सरकार चला रहे हैं. उनकी पार्टी का कहना है कि वह जेल में भी दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे.

    बीते दिनों मनी लॉन्ड्रिंग के केस में 'आप' नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिली है.

    विपक्षी पर्टियों का कहना है कि चुनाव से पहले मोदी सरकार एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है और विपक्ष को कमज़ोर किया जा रहा है.

  6. दिग्विजय सिंह ने कहा- चुनाव आयोग हमसे बात ही नहीं करता, पक्षपात वाला रवैया

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि चुनाव आयोग पक्षपात पूर्ण रवैये के साथ काम कर रहा है और लगातार समय मांगने के बाद भी हमें समय नहीं मिल रहा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग से मेरी शिकायत है कि हमारी बात का उत्तर नहीं देते हैं, मिलते नहीं हैं. ये बात मैंने संसद में भी कही है और बाहर भी कही है."

    "मेरे तीन सवाल हैं- क्या वीवीपैट स्टैंडअलोन मशीन है? क्या वीवीपैट की कनेक्टिविटी इंटरनेट से है? वीवीपैट में कौन सा सॉफ्टवेयर है?"

    “इन सवालों का जवाब क्यों नहीं देते. हम साल 2023 से समय मांग रहे हैं, नहीं देते. चुनाव आयोग पूर्ण रूप से पक्षपात तरीके से काम कर रही है.”

    दिग्विजय सिंह को कांग्रेस ने राजगढ़ लोकसभा सीट से टिकट दिया है. वह 16 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं. उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वो उनके साथ नामांकन में जाने के बजाय जनता के बीच रहें.

  7. महाराष्ट्र: बीजेपी नेता धैर्यशील मोहिते पाटिल ने दिया इस्तीफ़ा

    महाराष्ट्र बीजेपी के नेता धैर्यशील मोहिते पाटिल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    बीते दिन उन्होंने पुणे में शरद पवार से मुलाकात की थी.

    उन्होंने चिट्ठी लिखकर पार्टी छोड़ने का एलान किया है.

    मराठी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, जब भाजपा ने महाराष्ट्र लोकसभा की पहली सूची जारी की तो माढा सीट से रणजीत सिंह नाइक निंबालकर को टिकट दिया गया.

    चर्चा है कि मोहिते पाटिल इस नामांकन से नाराज हैं.

    माना जा रहा है कि वह एनसीपी में शामिल हो सकते हैं और उन्हें एनसीपी से टिकट मिल सकता है.

  8. पीएम मोदी ने हीटवेव और गर्मी के मसले पर की उच्च स्तरीय बैठक

    इस साल भीषण गर्मी पड़ने के अनुमान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हीटवेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की.

    साथ ही केंद्र, राज्य और जिला स्तर पर सरकारों से मिल कर काम करने की अपील की.

    एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि पीएम मोदी ने बैठक की अध्यक्षता की, जहां उन्हें अप्रैल-जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में बहुत गर्मी पड़ने की आशंका के बारे में जानकारी दी गई.

    इस बैठक में आवश्यक दवाओं, आइस पैक, ओआरएस और पीने के पानी की उपलब्धता की तैयारियों की समीक्षा की गई.

    सरकारी बयान में कहा गया- “साल 2024 में उम्मीद से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है, इस साल ही देश में लोकसभा चुनाव होना है. हालात को देखते हुए ये लगा कि स्वास्थ मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की एडवाइज़री को क्षेत्रीय भाषाओं में ट्रांसलेट करना चाहिए ताकि इसे व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके.”

    पीएम मोदी ने सरकारी अप्रोच पर ज़ोर दिया और कहा कि सभी मंत्रालयों के साथ-साथ केंद्र, राज्य और ज़िला स्तर पर सरकार को ज़रूरी तालमेल के साथ काम करना होगा.

  9. ओजे सिम्पसन का निधन, अमेरिका के सबसे चर्चित ट्रायल में हुए थे बरी

    पूर्व अमेरिकी फुटबॉल स्टार से अभिनेता बने ओजे सिम्पसन का 76 साल की उम्र में निधन हो गया.

    उन्हें अपनी पूर्व पत्नी निकोल ब्राउन और उसके दोस्त की साल 1995 में हत्या के आरोपों से बरी कर दिया गया था. ये केस अमेरिका में काफ़ी चर्चित रहा था.

    साल 2008 में उन्हें हथियारों की डकैती के मामले में 33 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी, जिसमें 2017 में उन्हें रिहा किया गया.

    उनकी मौत पर जारी किए गए बयान में कहा गया है कि सिम्पसन ने आखिरी सांस अपने बच्चों और परिवार वालों के साथ रहते हुए ली. वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे.

    1994 में सिम्पसन को अपनी पूर्व पत्नी निकोल ब्राउन और उसके दोस्त रॉन गोल्डमैन की हत्या मामले में एक संदिग्ध के रूप में गिरफ्तार किया गया था. हत्या लॉस एंजिल्स में ब्राउन के घर के बाहर चाकू मारकर की गई थी. इस केस में पहला शक सिम्पसन पर गया.

    जिस दिन उन्हें कोर्ट में पेश होना था वह एक पूर्व साथी के साथ एक व्हाइट फोर्ड ब्रोंको भाग गए. एलए पुलिस उनका पीछा करती रही.

    जब पुलिस सिम्सन का पीछा कर रही थी और वो अपनी कार से भाग रहे थे तो न्यूज़ चैनलों ने पूरे प्रकरण को लाइव दिखाया.

    सिम्पसन के ट्रायल को अमेरिका में ‘ट्रायल ऑफ़ सेंचुरी’ कहा जाता है.

    अभियोजक पक्ष ने तर्क दिया कि सिम्पसन ने नफ़रत में ब्राउन की हत्या कर दी थी. सबूत में सिम्पसन को हत्याओं से जोड़ने के लिए खून, बाल और फाइबर मिले.

    लेकिन बचाव पक्ष का कहना था कि उनके साथ रंगभेद हो रहा है.

    मुकदमे के सबसे चर्चित पलों में से एक था जब अभियोजकों ने सिम्पसन से कथित तौर पर हत्या के स्थान पर पाए गए खून से सने दस्ताने को पहनने के लिए कहा, लेकिन सिम्पसन का हाथ उसमें फिट नहीं हो रहा था .

    इसके बाद सिम्पसन के वकीलों में से एकजॉनी कोचरन ने अपनी अंतिम दलीलों में जूरी से कहा: "इफ़ एट डज़संट फिट, यू मस्ट एक्विट." यानी अगर ये दस्ताना हाथ में नहीं आ रहा है तो सिम्पसन को बरी करना चाहिए.

    इस मामले में आख़िरकार जूरी ने सिम्पसन के हक में फैसला सुनाया और कहा कि वह ‘100 फ़ीसदी निर्दोष’ हैं.

  10. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    11 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    (बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित)