हरियाणा स्कूल बस हादसे में तीन लोगों की गिरफ़्तारी, मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?
- Author, सत सिंह
- पदनाम, हरियाणा से, बीबीसी हिंदी के लिए
हरियाणा के कनीना में हुए स्कूल बस हादसे में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है.
इनमें स्कूल की प्रिंसिपल दीप्ति, बस चालक धर्मेंद्र और स्कूल के सचिव होशियार सिंह हैं.
पुलिस ने इन सभी के ख़िलाफ़ धारा 304 और 120 के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस के मुताबिक़ स्कूल बस के चालक ने शराब पी हुई थी और वो शराब के नशे में ही बस चला रहा था.
कनीना के डीएसपी महेंद्र सिंह के मुताबिक़ बस सुरक्षा के किसी भी मानकों पर खरा नहीं उतर रहा है.
उन्होंने बताया कि साल 2023 में इस बस का चालान काटा गया था क्योंकि फ़िटनेस सर्टिफिकेट नहीं था. इसके बावजूद भी डॉक्यूमेंट पूरे नही किए गए.
स्कूल प्रबंधन पर इस बात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि ईद के मौके पर स्कूल को क्यों खोला गया.
फिलहाल पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
अब तक क्या-क्या हुआ?
- हरियाणा के कनीना क्षेत्र के गांव उन्हाणी स्थित महिला कॉलेज के पास गुरुवार सुबह एक स्कूल बस पलट गई.
- बस पलटने से 6 बच्चों की मौत हो गई. 35 से ज़्यादा बच्चे घायल हैं.
- पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, बस अनियंत्रित हो गई जिसके बाद बस चालक चलती बस से कूद गया. इसके बाद बस एक पेड़ से टकराकर पलट गई.
- बस में कुल 45 बच्चे सवार थे. करीब दस बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
- पुलिस ने बताया है कि चालक ने शराब पी हुई थी.
- पुलिस ने मामले में तीन लोगों की गिरफ़्तारी की है.
- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों की मौत पर दुख जताया है.