You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

खड़गे ने पीएम मोदी पर किया हमला, कहा- चीन अंदर घुस रहा है, आप सो रहे हो?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज़ कसा है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and विकास त्रिवेदी

  1. व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक देर रात दुनिया भर में हुआ डाउन

    मेटा में एक बड़ी तकनीकी खामी के कारण व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम, उसके सभी प्लेटफॉर्म कुछ समय के लिए डाउन हो गए.

    हालांकि मेटा ने बताया है कि अब तकनीकी गड़बड़ी को सुधार लिया गया है.

    बुधवार देर रात दुनिया के हजारों यूज़र्स ने तीनों प्लेटफॉर्म्स को एक्सेस करने में हो रही दिक्कत को रिपोर्ट किया. एक्स पर कई लोगों ने इसे लेकर ट्वीट किए.

    लगभग रात 11.30 बजे मेटा में परेशानी शुरू हुई और लगभगएक घंटे तक ये प्लेटफॉर्म डाउन रहे.

    वेबसाइटों और एप्स की समस्याओं को ट्रैक करने वाले प्लेटफ़ॉर्म डाउनडिटेक्टर के अनुसार व्हाट्सएप के 80,000 से अधिक यूज़र्स ने डाउन होने की जानकारी दी.

    डाउनडिटेक्टर के अनुसार, भारत में लगभग 3,500 और ब्राज़ील में 7,000 से अधिक यूज़र्स ने भी प्लेटफ़ॉर्म पर समस्या की जानकारी दी.

    इसके बाद एक्स पर एक पोस्ट में व्हाट्सएप ने कहा, "हम जानते हैं कि कुछ लोगों को प्लेटफॉर्म पर दिक्कत पेश आ रही है. हम जल्द से जल्द इसे ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं."

    इससे पहले मार्च में भी मेटा के सभी प्लेटफ़ॉर्म में दिक्कत आई थी और व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक दो घंटे के लिए डाउन रहे थे.

  2. कांग्रेस ने संजय निरुपम को पार्टी से छह साल के लिए निकालने का फ़ैसला क्यों किया

    महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता संजय निरुपम को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि निरुपम को "अनुशासनहीनता" और "पार्टी विरोधी बयानों" के कारण निष्कासित किया जा रहा है.

    वेणुगोपाल ने बुधवार रात जारी किए गए बयान में कहा, "अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी बयानों की शिकायतों पर ध्यान देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने संजय निरुपम को तत्काल प्रभाव से छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है."

    संजय निरुपम ने भी एक्स पर कहा है कि वो आज कोई फ़ैसला लेंगे.

    उन्होंने लिखा, “कांग्रेस पार्टी मेरे लिए ज़्यादा ऊर्जा और स्टेशनरी नष्ट ना करे. बल्कि अपनी बची-ख़ुची ऊर्जा और स्टेशनरी का इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए करे. वैसे भी पार्टी भीषण आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है.”

    “मैंने जो एक हफ़्ते की अवधि दी थी,वह आज पूरी हो गई है. कल मैं खुद फ़ैसला ले लूँगा.”

    इससे पहले बुधवार को ही लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी जिससे निरुपम का नाम हटा दिया गया था.

    पार्टी के भीतर निरुपम के खिलाफ कार्रवाई की मांग तब बढ़ गई थी जब उन्होंने सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान मुंबई की सीटें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को "देने" को लेकर अपनी ही पार्ट़ी की आलोचना की थी.

    महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने मीडिया से बात करते हुए बुधवार को कहा- “ संजय निरुपम का नाम स्टार प्रचारको की लिस्ट से हटा दिया गया है और उन्होंने राज्य में कांग्रेस नेतृत्व को लेकर जो बयान दिया उसे लेकर पार्टी अनुशासनहीनता की शिकायत पर कार्रवाई कर रही है.”

  3. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    3 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.