You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आईपीएल: कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के सुनील नारायण ने 39 गेंद में बनाए 85 रन

आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के ओपनर सुनील नारायण ने दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ हुए मैच में 21 गेंदों में हाफ सेंचुरी बनाई.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and विकास त्रिवेदी

  1. आईपीएल: कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के सुनील नारायण ने 39 गेंद में बनाए 85 रन

    आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के ओपनर सुनील नारायण ने दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ हुए मैच में 21 गेंदों में हाफ सेंचुरी बनाई.

    सुनील नारायण की बल्लेबाजी की बदौलत कोलकाता की टीम ने 20 ओवर में 272 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.

    ये आईपीएल का दूसरा बड़ा स्कोर है. आईपीएल 2024 में ही इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर (277 रन) हाल ही में हैदराबाद सनराइज़र्स ने खड़ा किया था.

    आज के मैच में सुनील नारायण 39 गेंदों पर कुल 85 रन बनाने में सफल रहे लेकिन शतक बनाने से चूक गए. सुनील ने अपना अर्धशतक महज़ 21 गेंदों में चार छक्कों और छह चौकों की मदद से पूरा किया.

    सुनील ने अपने 85 रनों के स्कोर में सात चौके और सात छक्के जड़े. सुनील नारायण को ऋषभ पंत ने स्टंप आउट किया.

    इससे पहले विशाखापट्टनम में खेले जा रहे इस मैच में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    पिछले तीन आईपीएल में सुनील ने कुल 100 रन भी नहीं बनाए थे. लेकिन इस टूर्नामेंट में वो अच्छी फॉर्म में नज़र आ रहे हैं.

  2. सुशील मोदी को कैंसर, लालू प्रसाद यादव ने दुख जताते हुए क्या कहा

    बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी को कैंसर होने की ख़बर पर आरजेडी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने दुख ज़ाहिर किया है.

    लालू यादव ने सोशल मीडिया पर बुधवार को लिखा, "भाई सुशील मोदी की स्वास्थ्य संबंधित खबर सुन हैरान और दुखी हूँ. 50 सालों से उन्हें जानता हूँ. वो जुझारू और संघर्षशील प्रवृति के धनी हैं."

    लालू के सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा गया, "परमपिता से उनके अच्छे स्वास्थ्य की मंगलकामना करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि वो शीघ्र स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन और जनसेवा में सक्रिय हों ताकि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का सबको फायदा मिलता रहे."

    सुशील कुमार मोदी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्हें कैंसर है, इसलिए वो लोकसभा चुनाव में कुछ नहीं कर पाएंगे.

    उन्होंने लिखा था, "पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं. अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है. लोकसभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊँगा. मैंने पीएम को सब कुछ बता दिया है. देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित."

    इस साल फरवरी में बीजेपी ने जब राज्यसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों के नाम का एलान किया तो उसमें सुशील मोदी का नाम नहीं था.

    बीजेपी ने बिहार से डॉक्टर धर्मशीला गुप्ता और डॉक्टर भीम सिंह को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है.

    इस महीने सुशील मोदी का राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो रहा है.

  3. कांग्रेस ने मथुरा और सीतापुर सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान किया

    कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उत्तर प्रदेश की मथुरा और सीतापुर सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है.

    मथुरा सीट पर मुकेश धांगड़ को टिकट दी गई है. वहीं सीतापुर सीट पर नकुल दुबे की जगह राकेश राठौड़ को कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा है.

    बीजेपी ने मथुरा सीट पर एक बार फिर हेमा मालिनी को टिकट दिया है.

    वहीं सीतापुर सीट पर बीजेपी ने राजेश वर्मा को टिकट दिया गया है.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, संजय सिंह के जेल से बाहर आने के बाद बीजेपी ने क्या कहा?

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के ज़मानत पर बाहर आने के बाद बीजेपी ने पहली प्रतिक्रिया दी है.

    दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''भ्रष्टाचारी पार्टी के एक नेता अगर ज़मानत पर बाहर आते हैं और उसका वो जश्न मनाते हैं तो इससे उस पार्टी की सोच पता चलती है.''

    वो बोले, ''ज़मानत पर बाहर आना अपराध मुक्त होना नहीं है. ज़मानत मिलती है तो ज़मानत ख़त्म भी होती है. अभियुक्त या अपराधी को उसके नियमों का पालन करना होता है.''

    सचदेवा कहते हैं, ''मेरा मानना है कि शराब घोटाला एक बहुत बड़ा घोटाला है. उस घोटाले में जितने लोग हैं, सबकी भूमिका की जांच हो रही है.''

    संजय सिंह अक्टूबर 2023 से जेल में बंद थे. ईडी की टीम ने संजय सिंह को दिल्ली की शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले केस में गिरफ़्तार किया था.

    संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को ज़मानत दी थी.

    जेल से बाहर आने के बाद संजय सिंह ने कहा, ''हमारी पार्टी के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को इन जेल की सलाखों के पीछे रखा गया है. मुझे पूरा भरोसा है ये जेल के ताले टूटेंगे... इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि जश्न मनाने का वक़्त नहीं है, संघर्ष का वक़्त है..''

  5. संजय सिंह जेल से बाहर आए, आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने क्या कहा?

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के ज़मानत पर बाहर आने के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बात की है.

    सौरभ भारद्वाज ने कहा, "अभी-अभी संजय सिंह जेल से बाहर निकले. हज़ारों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. संजय सिंह ने कार के ऊपर चढ़कर कार्यकर्ताओं से एक बात कही है. ये वक्त खुशी मनाने का नहीं है, ये संघर्ष करने का वक़्त है."

    वो बोले, "अभी हमारे तीन बड़े नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल के अंदर हैं, जब तक वो नहीं छूटेंगे, तब तक हम खुशी नहीं मनाएंगे. जेल के ताले टूटेंगे..."

    संजय सिंह अक्टूबर 2023 से जेल में बंद थे. ईडी की टीम ने संजय सिंह को दिल्ली की शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले केस में गिरफ़्तार किया था.

    संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को ज़मानत दी थी.

    जेल से बाहर आने के बाद संजय सिंह ने कहा, ''हमारी पार्टी के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को इन जेल की सलाखों के पीछे रखा गया है. मुझे पूरा भरोसा है ये जेल के ताले टूटेंगे... इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि जश्न मनाने का वक़्त नहीं है, संघर्ष का वक़्त है..''

  6. जेल से बाहर आए 'आप' सांसद संजय सिंह के पिता ने क्या कहा?

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह बुधवार रात सवा आठ बजे के क़रीब जेल से बाहर आ गए हैं.

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को ही संजय सिंह को ज़मानत दी थी.

    जेल से बाहर आने के बाद संजय सिंह ने कहा, ''हमारी पार्टी के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को इन जेल की सलाखों के पीछे रखा गया है. मुझे पूरा भरोसा है ये जेल के ताले टूटेंगे... इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि जश्न मनाने का वक़्त नहीं है, संघर्ष का वक़्त है..''

    संजय सिंह के बाहर आने पर उनके पिता दिनेश सिंह ने खुशी ज़ाहिर की है.

    दिनेश सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''सब इसको बड़ी हसरत भरी निगाह से देख रहा था.''

    दिनेश सिंह से पूछा गया कि वो अपने बेटे का स्वागत कैसे करेंगे?

    इसके जवाब में वो कहते हैं, ''बाप बेटे का स्वागत इशारे इशारों में हो जाता है. मैं माला नहीं पहना पाऊंगा. उनका इलाज चल रहा है. परहेजी खाना खाना होगा.''

    संजय सिंह अक्टूबर 2023 से जेल में बंद थे. ईडी की टीम ने संजय सिंह को दिल्ली की शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले केस में गिरफ़्तार किया था.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, संजय सिंह तिहाड़ से बाहर निकलकर बोले- जेल के ताले टूटेंगे, ये जश्न का वक़्त नहीं...

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह बुधवार रात आठ बजे के क़रीब तिहाड़ से बाहर आ गए हैं.

    संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को ज़मानत दी थी. संजय सिंह अक्टूबर 2023 से जेल में बंद थे. ईडी की टीम ने संजय सिंह को दिल्ली की शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले केस में गिरफ़्तार किया था.

    जेल से बाहर निकलने के बाद संजय सिंह ने समर्थकों का अभिवादन किया.

    संजय सिंह एक गाड़ी की छत पर चढ़े और बोले, ''जिनको जेल की सलाखों के पीछे रखा गया है. मुझे पूरा भरोसा है कि जेल के ताले टूटेंगे....''

    वो बोले- ये जश्न मनाने का वक़्त नहीं. ये संघर्ष का वक़्त है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, सुप्रीम कोर्ट से मिली ज़मानत के बाद 'आप' नेता संजय सिंह जेल से बाहर आए

    सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह बुधवार रात आठ बजे के क़रीब जेल से बाहर आ गए हैं.

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को संजय सिंह को ज़मानत दी थी. कोर्ट ने कहा था कि संजय सिंह की ज़मानत की शर्तें ट्रायल कोर्ट की ओर से तय की जाएंगी.

    संजय सिंह को ईडी की टीम ने अक्टूबर 2023 में गिरफ़्तार किया था.

    संजय सिंह की गिरफ़्तारी दिल्ली की शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले केस में हुई थी.

    इसी मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल में हैं.

  9. हिमंत बिस्वा सरमा क्यों बोले- राहुल गांधी असम आकर प्रचार करें तो हमारा काम ख़त्म हो जाएगा

    असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सिलचल लोकसभा सीट पर प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा है.

    सरमा ने कहा, "मैं चाहता हूं कि राहुल गांधी असम आएं और प्रचार करें. इससे बीजेपी को फ़ायदा होगा और सैकड़ों कांग्रेसी पार्टी छोड़कर हमारी पार्टी में आ जाएंगे."

    वो जनसभा में लोगों से पूछते हैं, "पीएम मोदी और राहुल गांधी के बीच कोई तुलना है क्या?"

    सरमा ने कहा, "राहुल गांधी एक बार असम आ जाएं तो हमारा पूरा काम ही ख़त्म हो जाएगा. पूरे भारत का आदमी पीएम मोदी के साथ है."

    वो बोले, "पीएम मोदी के लिए गरीब कल्याण सबसे बड़ा धर्म है. हिंदू या मुसलमान मायने नहीं रखता. हम 'सबका साथ, सबका विकास' की नीति से प्रेरित हैं और उसे जीते हैं."

  10. सुनिए बीबीसी हिंदी का पॉडकास्ट दिनभर- मानसी दाश और सुमिरन से

  11. पप्पू यादव बोले- मुझसे इतनी नफ़रत क्यों, कौन सी दुश्मनी निकाल रहे हैं?

    कुछ दिन पहले कांग्रेस में शामिल हुए पप्पू यादव ने लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र मीडिया से बात की है.

    लोकसभा में पूर्णिया और मधेपुरा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके पप्पू यादव इस बार के चुनावों में कांग्रेस के टिकट पर लड़ना चाह रहे थे. मगर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल लालू प्रसाद यादव की आरजेडी ने सीटों के बंटवारे में कोशी और सीमांचल की ज्यादातर सीटें अपने पास रख लीं और कटिहार और किशनगंज की सीट कांग्रेस को दीं.

    इस बारे में जब पप्पू यादव से मीडिया ने सवाल किया तो वो बोले, ''पूर्णिया में दुश्मनी किस बात से है. ये पूर्णिया है, मधेपुरा नहीं है. यहां की जनता को कोई चुनौती नहीं दे सकता. हम आपकी (लालू यादव की) इज़्ज़त करते हैं. पर पप्पू यादव से इतनी नफरत क्यों. किस बात को लेकर? कौन सी दुश्मनी आप निकाल रहे हैं?''

    पप्पू यादव बोले, ''आप देश बचाने के लिए लड़ रहे हैं या देश को बेचने के लिए लड़ रहे हैं. हम आपसे एक सीट मांगा था. मैंने कहा था कि अगर आपको कांग्रेस के साथ दिक्कत है तो मैं आपके साथ आ रहा हूं, आप मुझे पूर्णिया सीट दे दो. तब भी नहीं. चार बार हम सांसद रहे हैं. दो बार मधेपुरा से रहे. सुपौल, मधेपुरा, अररिया और पूर्णिया भी ले लिए. मतलब कहीं से कांग्रेस को टिकट देने का मौक़ा नहीं मिले.''

    वो कहते हैं, ''मैं लड़ूं या नहीं. पर अर्थी उठेगी पूर्णिया से और लिपटेगी कांग्रेस के झंडे से. इन लोगों के लिए नरेंद्र मोदी अच्छे हैं, बस पप्पू यादव ख़राब हैं. मेरे पास अब क्या रास्ता बचता है.''

  12. कांग्रेस नेता संजय निरुपम बोले- मैंने पार्टी को एक हफ़्ते का वक़्त दिया था, वो आज पूरा हुआ

    कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पार्टी के प्रति नाराज़गी व्यक्त की है.

    संजय निरुपम ने सोशल मीडिया पर लिखा- "मैंने पार्टी को एक हफ़्ते का वक़्त दिया था, वो आज पूरा हो गया है. कल मैं ख़ुद फ़ैसला ले लूंगा."

    निरुपम ने लिखा, "कांग्रेस पार्टी मेरे लिए ज़्यादा ऊर्जा और स्टेशनरी नष्ट ना करे बल्कि अपनी बची ऊर्जा और स्टेशनरी का इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए करे. वैसे भी पार्टी भीषण आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है."

    कांग्रेस में रह चुके बॉक्सर विजेंदर सिंह ने भी बुधवार को पार्टी का साथ छोड़कर बीजेपी का हाथ थाम लिया है.

    बीते दिनों कई कांग्रेसी नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं.

  13. जम्मू और कश्मीर में सीटों के बंटवारे पर महबूबा और उमर अब्दुल्लाह आमने-सामने

    केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में लोकसभा की पांच सीटों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी आमने-सामने आ गई हैं.

    दोनों दल विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का हिस्सा हैं. मगर सीटों के बँटवारे पर इन दोनों दलों के अलग सुर सुनाई दे रहे हैं.

    पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने बुधवार को मीडिया से कहा, ''2019 के बाद जैसा माहौल है, उससे ये तकाजा बनता है कि हम साथ में चलें. कितने नौजवान, पत्रकार जेल में बंद हैं. ऐसे माहौल में हमारा इकट्ठा चलना ज़रूरी है. मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक में भी मैंने यही बात कही कि फ़ारूक़ अब्दुल्लाह साहब सही फ़ैसला करेंगे.''

    वहीं, उमर अब्दुल्लाह ने कहा, ''हम जिसे भी सीटों पर उतारेंगे, वो अच्छे उम्मीदवार होंगे. अगर पांच की पांच सीटों पर उन्होंने अपने उम्मीदवार उतारने का फ़ैसला किया है तो मैं क्या कर सकता हूं. कश्मीर की तीन सीटों पर हमने महबूबा के फॉर्मूले के आधार पर ही सीटों का एलान किया. फैसला ये हुआ था कि जो जहां से जीता, वो वहीं से उम्मीदवार उतारेगा. हमने भी यही किया.''

    महबूबा मुफ़्ती कहती हैं, ''अगर उमर, फ़ारूक़ साहब को ये लगा कि पीडीपी की आवाज़ से बेहतर हमारे पास आवाज़ हैं, तो मुझे बता सकते थे. कह सकते थे कि हमारे लोग ज़्यादा बेहतर नुमाइंदगी कर सकते हैं.''

    वो बोलीं, ''देखिए हम किस चीज के लिए लड़ रहे हैं. हम तो लुट चुके हैं. अब हम संसदीय सीटों के लिए एक-दूसरे के कपड़े फाड़ें?''

  14. ताइवान में आया भीषण भूकंप, अब तक नौ लोगों की मौत

    ताइवान में आए भीषण भूकंप के कारण अब तक नौ लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

    7.4 तीव्रता का ये भूकंप बीते 25 सालों का सबसे ताकतवर भूकंप बताया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया है कि भूकंप के कारण 800 लोग घायल हो गए हैं.

    बचावकर्मी मलबे में फँसे लोगों की तलाश कर रहे हैं. ऐसे लोगों की संख्या 100 के क़रीब हो सकती है.

    सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो देखे जा सकते हैं, जिसमें राजधानी ताइपे में इमारतों को हिलते हुए देखा जा सकता है.

    आगे देखिए भूकंप के बाद की तस्वीरें

  15. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- अपराधी गले में ये पट्टी लटकाकर घूम रहे हैं

    उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एक चुनावी सभा में राज्य में अपराध की घटनाओं पर बात की है.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''ज़्यादातर अपराधी अपनी ज़मानतें तुड़वाकर जेल में चले गए हैं. अब तो कह रहे हैं कि जेल में ही मत भेजो. अब वहां भी जाने से भाग रहे हैं.''

    बीते दिनों बाहुबली नेता मुख़्तार अंसारी की जेल में रहते हुए मौत हो गई थी.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''अब तो ज़्यादातर अपराधी गले में पट्टी लटकाकर घूम रहे हैं. कह रहे हैं कि भैया ज़िंदगी भर ठेला लगाकर पेट भर लूंगा लेकिन अब कुछ गलत काम नहीं करूंगा. बस एक बार जान बख्श दो.''

    वो बोले, ''क़ानून का भय अगर अपराधियों, माफियाओं के ऊपर ना हो तो ये आम लोगों का जीना मुश्किल कर देगा. इसलिए यूपी जैसे राज्य जहां पहले कभी हर दूसरे दिन दंगा हुआ करता था, वहां अब दंगा नहीं चलेगा.''

  16. वायनाड से नामांकन दाखिल करने के बाद क्या बोले राहुल गांधी

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल की वायनाड सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है.

    राहुल गांधी 2019 में इस सीट से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे. 2019 के चुनावों में राहुल गांधी यूपी की अपनी पुरानी सीट अमेठी से चुनाव हार गए थे.

    वायनाड से नामांकन दाखिल करने के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बात की.

    राहुल गांधी ने कहा, "ये लड़ाई लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है. एक तरफ कांग्रेस और इंडिया गठबंधन संविधान के लिए लड़ रहे हैं. दूसरी तरफ, पीएम मोदी, अमित शाह, बीजेपी और आरएसएस के लोग लोकतंत्र और संविधान को ख़त्म करने में लगे हुए हैं.''

    नामांकन दाखिल करते वक़्त राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं.

    प्रियंका से पत्रकारों ने पूछा कि क्या राहुल गांधी इस बार वायनाड सीट पर पांच लाख वोटों से जीतेंगे?

    इसके जवाब में प्रियंका बोलीं- "हां होना चाहिए, क्यों नहीं?"

    राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन साल 2019 में उन्हें इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार स्मृति इरानी से हार का सामना करना पड़ा था.

    रायबरेली सीट से सोनिया गांधी चुनाव जीतती रही हैं, उनकी जगह कांग्रेस किसे मैदान में उतारेगी? इस पर भी सबकी निगाहें हैं. सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों से लोकसभा चुनाव ना लड़ने का फैसला किया है.

    सवाल पूछा जा रहा है कि क्या रायबरेली से प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी मैदान में उतर सकती हैं? कांग्रेस ने अब तक इस सवाल का जवाब नहीं दिया है.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए विजेंदर सिंह बोले- गलत को गलत बोलूंगा

    बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कांग्रेस का साथ छोड़कर अब बीजेपी का दामन थाम लिया है.

    विजेंदर सिंह बुधवार को बीजेपी में शामिल हुए.

    बीजेपी में शामिल होने के बाद विजेंदर सिंह ने कहा, ''मैं आज बीजेपी में शामिल हो रहा हूं. मेरी आज एक तरह से घर वापसी हुई है. जिस तरह से खिलाड़ियों का मान सम्मान देश, विदेश में बढ़ा है. जब से बीजेपी सरकार आई है, तब से बहुत आसान तरीके से हम कहीं आ जा सकते हैं. जो मान सम्मान मिला है, उसका खिलाड़ी बहुत धन्यवाद करते हैं. मैं पहले वाला विजेंदर हूं. गलत को गलत बोलूंगा, सही को सही बोलूंगा.''

    विजेंदर सिंह 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े थे और हार गए थे.

    राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी विजेंदर सिंह शामिल हुए थे और पीएम मोदी, बीजेपी की अकसर खुलकर आलोचना करते दिखते रहे थे.

  18. पीएम मोदी वंशवाद की निंदा करते हैं और ख़ुद ऐसे उम्मीदवार का प्रचार करते हैं: तेजस्वी यादव

    आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाते हैं लेकिन खुद बिहार में जिसके प्रचार से वो कैंपेन की शुरुआत कर रहे हैं वो भी परिवारवाद वाले उम्मीदवार हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार अप्रैल को बिहार के जमुई में रैली करने वाले हैं. इस सीट से एनडीए के सदस्य दल लोजपा से अरुण भारती उम्मीदवार है.

    अरुण भारती चिराग पासवान के बहनोई हैं. इस सीट पर चिराग पासवान चुनाव लड़ते थे लेकिन पिता रामविलास पासवान की मौत के बाद उन्होंने अपनी सीट बदल ली और अब वो हाजीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं.

    पीएम मोदी की रैली पर तंज़ कसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा- “पीएम मोदी अपने चुनाव प्रचार में हमेशा वंशवाद, परिवारवाद की राजनीति की बात करते हैं उसकी निंदा करते हैं. लेकिन, बिहार में अपने पहले ही अभियान में वो उस उम्मीदवार के लिए रैली करेंगे जो खुद एक वंशवाद वाले नेता हैं. ये दिखाता है कि उनकी कथनी और करनी में अंतर है.”

    एनडीए में सीटों का जो बंटवारा हुआ है उसके हिसाब से पांच सीटों पर लोजपा, 16 सीट पर जेडीयू और 17 सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी.

    वहीं जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक-एक सीट दी गई है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, राहुल गांधी ने वायनाड से लोकसभा का नामांकन पत्र दाख़िल किया

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाख़िल कर दिया है. इस मौके पर उनके साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं.

    साल 2019 में वह इसी सीट से चुनाव जीत कर संसद पहुंचे थे.

    राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे या नहीं इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है. अब तक कांग्रेस ने अमेठी औैर रायबरेली सीट से उम्मीदवारों के नाम का एलान नहीं किया है.

    राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन साल 2019 में उन्हें इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था.

    वहीं रायबरेली सीट जिससे सोनिया गांधी चुनाव जीत कर लोकसभा जाती रही हैं उनकी जगह कांग्रेस किसे मैदान में उतारेगी इस पर भी सबकी निगाहें हैं. सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों से लोकसभा चुनाव ना लड़ने का फैसला किया है.

    माना जा रहा है कि रायबरेली से प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी डेब्यू कर सकती हैं.

  20. सुशील मोदी ने बताया- मुझे छह महीने से कैंसर है, चुनाव में कुछ नहीं कर पाऊंगा

    बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने बताया है कि उन्हें कैंसर है, इसलिए वो लोकसभा चुनाव में कुछ नहीं कर पाएंगे.

    उन्होंने एक्स पर लिखा- “पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूँ. अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है. लोकसभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊँगा. मैंने पीएम को सब कुछ बता दिया है. देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित.”

    इस साल फरवरी में बीजेपी ने जब राज्यसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों के नाम का एलान किया तो उसमें सुशील मोदी का नाम नहीं था.

    बीजेपी ने बिहार से डॉक्टर धर्मशीला गुप्ता और डॉक्टर भीम सिंह को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है.

    इस महीने सुशील मोदी का राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो रहा है. उन्हें साल 2020 में केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान की मृत्यु के बाद खाली हुई सीट पर राज्यसभा भेजा गया था.

    सुशील मोदी बिहार में 2005 से लेकर 2013 तक उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे.

    बिहार की वर्तमान सरकार में उपमुख्य मंत्री सम्राट चौधरी हैं.