You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बीजेपी की पांचवीं सूची जारी, जानिए प्रमुख सीटों का हाल, किसे कहां से मिला टिकट

रविवार देर शाम बीजेपी ने उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी की है. इस सूची में 111 उम्मीदवारों के नाम हैं. इसमें कई चौंकाने वाले नाम हैं. वहीं कई मौजूदा सांसदों के टिकट काट दिए गए हैं.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and चंदन शर्मा

  1. मॉस्को हमले पर बोले राहुल गांधी, कहा- दुख की इस घड़ी में रूसियों के साथ खड़ा हूं

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रूस की राजधानी मॉस्को के एक कॉन्सर्ट हॉल में गोलीबारी की घटना में हुई मौतों पर संवेदना जताई है.

    उन्होंने कहा है कि संकट की इस घड़ी में वो रूस के लोगों के साथ हैं.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ''मॉस्को में हुए कायराना आतंकी हमले के शिकार और उनके परिजनों को लेकर हृदय द्रवित है. मैं इस जघन्य हिंसक कार्रवाई की निंदा करता हूं. इस समय मैं पूरी तरह रूस के लोगों के साथ खड़ा हूं.''

    इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मॉस्को के हमले में मारे गए लोगों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई थी.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, ''भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मॉस्को में बेकसूर लोगों की हत्या करने वाली जघन्य आतंकी करतूत की पुरज़ोर निंदा करती है. आतंकवाद मानवता और शांति के लिए सबसे बड़ा ख़तरा है. दुख की इस घड़ी में हम पीड़ितों के साथ हैं. हम रूस के लोगों के साथ पूरी मज़बूती से खड़े हैं.''

    रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाक़े में मौजूद एक कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार रात गोलीबारी की घटना हुई थी जिस हमले में कम से कम 133 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है. वहीं 140 लोग घायल हुए हैं.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने बताया है कि मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल में हमला करने वाले सभी चारों बंदूक़धारियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

  2. भारतीय नौसेना ने लाल सागर में पकड़े 35 समुद्री लुटेरे मुंबई पुलिस को सौंपे

    भारतीय नौसेना ने लाल सागर के पूर्वी इलाके में पकड़े गए 35 सोमालियाई समुद्री लुटेरों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया है.

    भारतीय नौसेना ने लाल सागर के पूर्वी इलाके में समुद्री लुटेरों के ख़िलाफ़ 100 दिनों तक अभियान चलाया था. इस पूरे इलाके में पिछले दस साल से समुद्री लुटेरों का आतंक रहा है.

    अदन की खाड़ी और उत्तरी अरब सागर के इलाके में भारतीय नौसेना की सबसे ज़्यादा मौजूदगी है. पिछले सप्ताह इन समुद्री लुटेरों को कार्गो शिप रुएन से पकड़ा गया था.

    इन लुटेरों ने इस शिप को सोमालिया के समुद्री तट से अगवा किया था. दरअसल इस समय लाल सागर वाले रूट पर यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों ने पश्चिमी देशों की नौसेनाओं का ध्यान बांट रखा है.

    सोमालियाई समुद्री लुटेरों के गिरोह इसी का फायदा उठा रहे हैं. यही वजह है कि नवंबर 2023 से लेकर अब तक ये लुटेरे समुद्री जहाज़ों के अपहरण की 20 वारदातों को अंजाम दे चुके हैं.

    इन अपहरणों की वजह से जहाज़ कंपनियों का इंश्योरेंस और सुरक्षा खर्च बढ़ गया है. इससे ग्लोबल शिपिंग कंपनियों के सामने संकट काफी बढ़ गया है.

  3. ज़ेलेंस्की बोले- मॉस्को हमले का आरोप यूक्रेन पर मढ़ना चाहते हैं पुतिन

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल में हमले का आरोप उनके देश पर मढ़ना चाहते हैं.

    मॉस्को के एक कॉन्सर्ट हॉल पर हमले में शुक्रवार को बंदूक़धारियों की अंधाधुंध गोलीबारी में 133 लोग मारे गए थे. रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने बताया है कि हमले में शामिल चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा, ''कल (शुक्रवार) मॉस्को में जो हुआ वो साफ है. लेकिन पुतिन और कुछ दूसरे नीच प्रवृति के लोग हमले का आरोप किसी ओर पर मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं.''

    दरअसल पुतिन ने हमले के बाद कहा था कि हमलावर यूक्रेन की ओर भाग रहे थे.

    ज़ेलेंस्की ने कहा रूस हमेशा पुरानी चाल चलता है, वो किसी भी चीज़ के लिए यूक्रेन पर आरोप लगाता है.

    उन्होंने कहा, ''पुतिन इस हमले के बाद रूसी जनता को दिलासा देने के बजाय पूरे एक दिन तक चुप्पी साधे रहे. ये सोचते रहे कि किस तरह ये आरोप यूक्रेन पर मढ़ें."

  4. आईपीएल: कोलकाता नाइट राइडर्स ने रोमांचक मुक़ाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद को हराया

    आईपीएल 2024 के तीसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइज़र्स हैदराबाद को चार रन से हरा दिया.

    शनिवार को हुए इस रोमांचक मुकाबले में केकेआर ने सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 208 रन बनाए. इसके जवाब में पैट कमिंस की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी.

    तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा ने आख़िरी ओवर में हेनरिक क्लासेन के तूफान को रोककर कोलकाता नाइट राइडर्स को सनराइज़र्स हैदराबाद के खिलाफ जीत दिला दी.

    कोलकाता नाइट राइडर्स ने टूर्नामेंट में अपने अभियान को जीत के साथ शुरू किया. अब टीम का सामना 29 मार्च को आरसीबी से बेंगलुरु में होगा.

    केकेआर के लिए इस मैच में सबसे शानदार पारी आंद्रे रसेल ने 64 रनों की खेली.

    उन्होंने केवल 25 गेंदों में 7 छक्कों और 3 चौकों की मदद से ये रन बनाए.

    वहीं ओपनर बल्लेबाज़ फिलिप सॉल्ट ने 54 रन बनाए. रमनदीप सिंह ने 35 रनों का योगदान दिया.

  5. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो. बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    23 मार्च की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.