You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कांग्रेस उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट में दिग्विजय सिंह, अजय राय, दानिश अली, इमरान मसूद का नाम

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट शनिवार रात जारी कर दी है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and चंदन शर्मा

  1. कांग्रेस उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट में दिग्विजय सिंह, अजय राय, दानिश अली, इमरान मसूद का नाम

    कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट शनिवार रात जारी कर दी है.

    उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में 46 उम्मीदवारों के नामों का पार्टी ने एलान किया है.

    बनारस से पीएम मोदी के सामने कांग्रेस ने अजय राय को टिकट दिया है.

    मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को राजगढ़ से और कांतिलाल भूरिया को रतलाम से टिकट दिया गया है.

    यूपी में बनारस समेत नौ सीटों पर बसपा के सांसद रहे दानिश अली को उनके संसदीय क्षेत्र अमरोहा से, इमरान मसूद को सहारनपुर से और फतेहपुर सीकरी राम नाथ सिकरवार को टिकट दिया गया है.

    यूपी में गठबंधन में कांग्रेस के हिस्से 17 सीटें मिली थीं, जिनमें 9 की घोषणा इस सूची में हुई है.

    दक्षिण में तमिलनाडु से सात सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवारों का एलान किया है जिसमें कार्ती पी चिदंबरम को तमिलनाडु की शिवगंगा सीट से टिकट दिया गया है.

    पूरी सूची यहां देखेंः-

  2. मॉस्को में हुए हमले के बाद क्या बोले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को के क्रॉकस सिटी हॉल में शुक्रवार शाम हुई गोलबारी की घटना को बर्बरतापूर्ण चरमपंथी हमला क़रार दिया है.

    इस हमले के बाद शनिवार को अपने देशवासियों को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि क्रॉकस सिटी हॉल में दर्ज़नों शांतिपूर्ण और मासूम लोग चरमपंथी हमले का ​निशाना बने.

    उन्होंने इस हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जाहिर कीं.

    पुतिन ने हमले के बाद लोगों की जान बचाने में जुटे एंबुलेंस कर्मचारियों, बचाव दल के लोगों के प्रति आभार जताया है.

    उन्होंने बताया कि इस घातक हमले में शामिल सभी चार बंदूकधारियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    इस हमले में अभी तक 133 लोग मारे गए हैं. सैकड़ों लोग घायल हैं.

    शुक्रवार की शाम मॉस्को के क्रॉकस सिटी हॉल में इन बंदूकधारियों ने घुसकर मशीनगनों से गोलीबारी शुरू कर दी थी.

    म्यूजिक कॉन्सर्ट के लिए यह हॉल, मॉस्को के सबसे बड़ी जगहों में से एक है, जहां एक बार में क़रीब छह हजार लोग शामिल हो सकते हैं.

    इस हॉल में हजारों लोग थे, जो पिकनिक ग्रुप के कॉन्सर्ट में हिस्सा लेने आए थे. कॉन्सर्ट की सभी टिकटें बिक चुकी थीं.

  3. यूट्यूबर इरफ़ान के 60 लाख फॉलोअर्स कैसे बने, कभी चलाते थे ऑटो रिक्शा

  4. आंद्रे रसेल की धुआंधार बल्लेबाज़ी, केकेआर ने हैदराबाद के सामने रखा 209 रन का लक्ष्य

    आईपीएल 2024 के तीसरे मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद के सामने जीत के लिए 209 रन का लक्ष्य रखा है.

    केकेआर के लिए इस मैच में सबसे शानदार पारी आंद्रे रसेल ने 64 रनों की खेली. उन्होंने केवल 25 गेंदों में 7 छक्कों और 3 चौकों की मदद से ये रन बनाए.

    वहीं ओपनर बल्लेबाज़ फिलिप सॉल्ट ने 54 रन बनाए. रमनदीप सिंह ने 35 रनों का योगदान दिया.

    हैदराबाद की ओर से टी नटराजन ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए. मार्कंडे ने दो विकेट लिए.

    सनराइज़र्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइटराइडर्स के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया.

    कोलकाता नाइटराइडर्स की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं, जबकि सनराइज़र्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिन्स हैं.

    यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है.

  5. मॉस्को हमला: चश्मदीदों ने बताया- 'हमलावर भीड़ पर मशीनगन से गोलियां चला रहे थे...'

  6. पंजाब के संगरूर में नकली शराब पीने से 20 लोगों की मौत

    पंजाब के संगरूर ज़िले में नकली शराब पीने से 20 लोगों की मौत हो गई है.

    बीबीसी पंजाबी के सहयोगी पत्रकार रबिंदर सिंह रॉबिन ने यह जानकारी दी है. कई लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    राज्य के एडीजी (क़ानून और व्यवस्था) गुरिंदर सिंह ढिल्लों के अनुसार, पुलिस ने तीन केस दर्ज किए हैं और इस सिलसिले में आठ लोग गिरफ्तार किए गए हैं.

    वहीं इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की आम आदमी पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना की है.

    भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने नई दिल्ली में कहा, "संगरूर में जिस प्रकार से ज़हरीले शराब के कारण पिछले चार दिनों में 21 लोगों की मौत हुई हैं. जो ख़बरें आ रही हैं उससे पता चलता है कि यह संख्या बढ़ सकती है. यह घटना बहुत ही दुखद है. मृतक के परिवारों के प्रति बीजेपी की संवेदनाएं हैं."

    उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा, "ऐसे समय जब पंजाब के मुख्यमंत्री जी को वहां रहना चाहिए था. लेकिन आज मुख्यमंत्री भगवंत मान साहब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आंदोलन करने के लिए दिल्ली आए हैं. जब आपके राज्य में लोगों की जान जोखिम में हो तो दूसरे राज्य में जाकर ड्रामा करना उचित नहीं है."

    सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एडीजी रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में चार सदस्यों की समिति के गठन का फ़ैसला किया है.

  7. सूखे से निपटने के लिए राहत की मांग लेकर कर्नाटक सरकार पहुंची सुप्रीम कोर्ट

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक की कांग्रेस सरकार राज्य में पड़े सूखे से निपटने के लिए केंद्र से फंड न मिलने की शिकायत लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंंची है.

    राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि वो केंद्रीय गृह मंत्रालय को आपदा प्रबंधन क़ानून के तहत सूखा राहत राशि जारी करने का निर्देश दें.

    इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट से यह भी अनुरोध किया गया है कि केंद्र सरकार अगर आर्थिक मदद ठुकराती है, तो इसे भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के तहत कर्नाटक के लोगों को दी गई मौलिक अधिकार की गारंटी का उल्लंघन माना जाए.

    इस याचिका में कहा गया है, "सूखा प्रबंधन मैनुअल के अनुसार केंद्र सरकार को इंटर मिनिस्ट्रियल सेंट्रल टीम (आईएमसीटी) से रिसीट मिलने के एक महीने के भीतर एनडीआरएफ से राज्य को मिलने वाली मदद पर अंतिम निर्णय लेना होगा."

    आईएमसीटी ने 4 अक्टूबर से 9 अक्टूबर, 2023 के बीच कर्नाटक का दौरा किया था.

    दक्षिण पश्चिम मॉनसून का प्रदर्शन बेहतर न रहने पर राज्य के 236 में से 223 तालुकों को सूखे का सामना करना पड़ा था. इनमें से 196 तालुकों को बहुत प्रभावित और 27 को प्रभावित क़रार दिया गया.

    राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पत्रकारों से कहा, "हमने पांच महीनों तक अपने हिस्से का इंतज़ार किया. हमने सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया, क्योंकि हमारे पास कोई और विकल्प नहीं बचा है."

    वहीं राज्य के राजस्व मंत्री केबी गौड़ा ने बीबीसी हिंदी को बताया, "हमने केंद्र सरकार के सचिवों, वित्त मंत्री, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की. हमने अक्टूबर से फरवरी के बीच उनसे कई अनुरोध किए. इसके बावजूद भारत सरकार ने कर्नाटक के किसानों को सूखे से राहत देने के लिए एनडीआरएफ से मदद नहीं दिलवाई. अंतिम उपाय के तौर पर अपने किसानों के लिए हमने सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया है."

    अनुमान है कि खेती और वानिकी के क्षेत्र में राज्य को 35,162 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है. राज्य सरकार ने 18,171 करोड़ रुपये की मांग की है.

    कर्नाटक से पहले केरल ने केंद्र सरकार से आर्थिक मदद लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया था.

  8. पश्चिम बंगाल और असम की सीमा पर स्थित कूचबिहार सीट को लेकर क्यों मचा है घमासान

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल के दूसरे मैच में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को दी मात

    आईपीएल के 17वें सीज़न के दूसरे मैच में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को चार विकेट से हरा दिया है.

    इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने तय 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए थे.

    इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने छह विकेट के नुकसान पर 19.2 ओवर में 177 रन बना लिए.

    पंजाब​ किंग्स की ओर से सैम कुरन ने 47 गेंदों में सबसे अधिक 63 रन बनाए. उसके बाद लियाम लिविंगस्टोन ने 38 रन, प्रभसिमरन सिंह ने 26 रन और कप्तान शिखर धवन ने 22 रन का योगदान दिया.

    दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खलील अहमद और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए. इशांत शर्मा ने एक खिलाड़ी को आउट किया.

    बल्लेबाज़ी में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से सबसे अधिक 33 रन साई होप ने, 32 रन अभिषेक पोरेल ने, 29 रन डेविड वॉर्नर ने बनाए.

    पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट लिए.

    इससे पहले, शुक्रवार को खेले गए पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया. सीएसके ने 174 रन के लक्ष्य को केवल 18.4 ओवर में हासिल कर लिया. कल का मैच कप्तान के रूप में ऋतुराज गायकवाड़ का पहला मैच था.

  10. सुनीता केजरीवाल को हेमंत सोरेन की पत्नी ने किया फोन, क्या हुई बात?

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल को हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने सांत्वना दी है.

    सोशल मीडिया साइट ​एक्स पर किए एक पोस्ट में कल्पना सोरेन ने अपने पति हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी को ग़ैर क़ानूनी क़रार दिया है.

    उन्होंने कहा है कि इन गिरफ़्तारियों के बावजूद "इंडिया झुकेगा नहीं."

    उन्होंने लिखा, "अभी अरविंद केजरीवाल जी की धर्म पत्नी सुनीता केजरीवाल जी से बात कर उन्हें साहस देने का प्रयास किया. एक साथी के रूप में मैं उनकी परेशानियों को समझ सकती हूं."

    "लोकप्रिय निर्वाचित मुख्यमंत्रियों की ग़ैर क़ानूनी ढंग से गिरफ़्तारी और वह भी तब जब देश में आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा हो गई हो. यह एक लोकतांत्रिक देश के लिए सामान्य घटना नहीं है."

    कल्पना सोरेन ने लिखा कि संकट की इस घड़ी में हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में पूरा झारखण्ड केजरीवाल जी के साथ खड़ा है.

  11. अरविंद केजरीवाल पर जर्मनी की टिप्पणी से भारत नाराज़, यूं दिया जवाब

  12. गुजरात: बीजेपी के दो उम्मीदवारों का चुनाव लड़ने से इनकार, कांग्रेस ने किया ये दावा

    लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारी का एलान होने के बाद बीजेपी के गुजरात के दो प्र​त्याशियों ने चुनाव न लड़ने का एलान किया है.

    इनमें से एक वडोदरा की सांसद रंजन बेन भट्ट हैं. भट्ट ने टिकट मिलने के बावजूद शनिवार को लोकसभा चुनाव न लड़ने का एलान किया.

    उनके अलावा, साबरकांठा सीट से टिकट पाने वाले भीकाजी ठाकोर ने निजी कारणों का हवाला देते हुए यह चुनाव न लड़ने का फ़ैसला किया है.

    वडोदरा की सांसद रंजन बेन भट्ट ने पत्रकारों से कहा, "सुबह मैंने मेरे भगवान की पूजा की, उसके बाद मुझे ऐसा लगा कि मुझे नहीं लड़ना है. तो मैंने मन बना लिया और मैंने सोशल मीडिया पर लिख दिया कि मुझे चुनाव नहीं लड़ना."

    पत्रकारों ने जब पूछा कि अचानक ऐसा क्या हो गया तो उन्होंने कहा, "मैं न तो ज्योति बेन पंड्या के बयान, न ही कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता की पोस्टरबाज़ी से यह फ़ैसला ले रही हूं, लेकिन मुझे ऐसा लगा कि दो चार लोग मेरे वडोदरा को बदनाम कर रहे हैं, तो क्यों न मैं चुनाव न लड़ूं."

    वहीं साबरकांठा सीट से टिकट पाने वाले भीकाजी ठाकोर ने कहा कि वे निजी कारणों से यह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं.

    इन दोनों उम्मीदवारों के चुनाव न लड़ने के एलान पर कांग्रेस नेता डॉ मनीष दोषी ने दावा किया है कि बीजेपी में असंतोष की लहर है.

    उन्होंने कहा, "पार्टी के पुराने नेताओं का अपमान किया गया है. उनके सांसद विकास के लिए काम नहीं करते. इसलिए सवाल ये है कि गुजरात और गुजराती को क्या मिला?''

  13. छत्तीसगढ़: बस्तर में हुई मुठभेड़ में दो माओवादियों की मौत

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित ज़िले बस्तर में पुलिस ने दो माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.

    वहीं एक अन्य घटना में संदिग्ध माओवादियों द्वारा बिछाई गई आईईडी की चपेट में आ कर सुरक्षाबलों के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

    बस्तर पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि बीजापुर और सुकमा ज़िले से सुरक्षाबलों की अलग-अलग टुकड़ियां माओवादियों के ख़िलाफ़ ऑपरेशन के लिए निकली हुई थीं.

    पुलिस के अनुसार, इसी दौरान पीडिया के जंगल में संदिग्ध माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध माओवादियों के शव और कुछ हथियार मौक़े से बरामद करने का दावा किया है.

    इधर एक अन्य घटना में सुकमा ज़िले के डोडीतुमनार जंगल में संदिग्ध माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी में हुए धमाके की चपेट में आने से बस्तर फाइटर्स के दो जवान राकेश कुमार मरकाम और विकास कुमार कर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए.

    दोनों घायलों को गंभीर स्थिति में राजधानी रायपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनकी स्थिति ख़तरे से बाहर बताई जा रही है.

  14. हिमाचल प्रदेश: नौ विधायकों के बीजेपी के साथ आने पर बोले जयराम ठाकुर, सरकार ने खोया बहुमत

    हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के छह और तीन निर्दलीय विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद दावा किया है कि राज्य सरकार अब बहुमत खो चुकी है.

    मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "निश्चित तौर पर हिमाचल प्रदेश में एक अलग तरह की परिस्थिति हमारे सामने है. हक़ीक़त तो ये है कि यहां कांग्रेस की सरकार बहुमत में नहीं है. वो बहुमत खो चुकी है."

    "इसका उदाहरण है राज्यसभा का चुनाव. राज्यसभा की सीट वो हारे हैं बहुमत होने के बावजूद. उसके बाद बजट पारित करने के लिए बीजेपी के 15 विधायकों को सस्पेंड किया."

    उन्होंने कहा कि सरकार तो गिर गई है, एक तरह से. जब बजट पारित करने के लिए 15 विधायकों को सस्पेंड करना पड़ा, तो इसका अर्थ यही है कि उनके पास बहुमत नहीं है.

    "बीजेपी के पक्ष में जो विधायक आए हैं, उनके परिजनों के ख़िल़ाफ़ मामले दर्ज किए गए हैं. इसलिए सभी नौ विधायकों ने मोदी जी और जगत प्रकाश नड्डा जी को मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फ़ैसला किया."

    हिमाचल की 68 सीटें में से 39 विधायक कांग्रेस के पास थे. लेकिन छह विधायकों को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद अब पार्टी के पास सिर्फ़ 33 विधायक हैं. जबकि तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफ़े के बाद सदन में कुल विधायकों की संख्या 59 रह गई है. बीजेपी के पास 25 विधायक हैं. अब 9 सीटों पर उपचुनाव होना है.

  15. केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर जर्मनी के बयान पर विवाद, क्या बोली आम आदमी पार्टी

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी को लेकर जर्मनी के बयान से भारत सरकार ने भले नाराज़गी जताई हो, लेकिन आम आदमी पार्टी ने कहा है कि उस बयान में कुछ भी ग़लत नहीं है.

    आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करके जर्मनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के बयान का सम​र्थन किया है.

    उन्होंने लिखा, "जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने प्राकृतिक न्याय और लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों को सरलता से दोहराया है. यह बात सभी लोकतांत्रिक देश दशकों से कहते आ रहे हैं."

    भारद्वाज ने लिखा, "बीजेपी इसे लेकर इतनी संवेदनशील क्यों है?"

    इससे पहले अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर जर्मनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक देश होने के नाते उन्हें उम्मीद है कि केजरीवाल को निष्पक्ष और तटस्थ सुनवाई का मौक़ा मिलेगा.

    उनके इस बयान से नाराज़ भारतीय विदेश मंत्रालय ने शनिवार सुबह नई दिल्ली स्थित जर्मन दूतावास मिशन के उप प्रमुख जॉर्ज एन्ज़वीलर को बुलाकर उन्हें भारत के विरोध से अवगत कराया.

    उसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक बयान जारी करके यह जानकारी दी है.

  16. केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर जर्मनी के बयान से भारत नाराज़, जताया विरोध

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर जर्मनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के बयान पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने नाराज़गी जताई है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने शनिवार की सुबह नई दिल्ली स्थित जर्मन दूतावास मिशन के उप प्रमुख जॉर्ज एन्ज़वीलर को बुलाकर उन्हें भारत के प्रतिरोध से अवगत कराया.

    इससे पहले, जर्मनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर कहा था कि भारत के लोकतांत्रिक देश होने के नाते उन्हें उम्मीद है कि केजरीवाल को निष्पक्ष और तटस्थ सुनवाई का मौक़ा मिलेगा.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक बयान जारी करके इसकी जानकारी दी है.

    इस बयान के अनुसार, जर्मनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का बयान भारत की न्यायिक प्रक्रिया में दख़ल है और यह हमारी न्यायपालिका की स्वतंत्रता को कम करके आंकता है.

    बयान के अनुसार, भारत क़ानून के शासन वाला एक जीवंत और मजबूत लोकतंत्र है. जैसा कि भारत और अन्य लोकतांत्रिक देशों में सभी क़ानूनी मामलों में होता है, क़ानून तत्काल इस मामले में अपना काम करेगा. इस संबंध में बनाई गई सभी पक्षपातपूर्ण धारणाएं बहुत अनुचित हैं.

    प्रवर्तन निदेशालय ने अरविंद केजरीवाल को गुरुवार की रात नई दिल्ली स्थित उनके आवास से पूछताछ के दौरान गिरफ़्तार कर लिया था.

    उन पर कथित शराब नीति घोटाले में शामिल होने और साज़िश रचने का आरोप है.

    हाल के महीनों में प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत विपक्ष के कई नेताओं को गिरफ़्तार किया है.

    अरविंद केजरीवाल पहले मुख्यमंत्री हैं जो पद पर रहते हुए गिरफ़्तार हुए हैं. उनकी पार्टी इस गिरफ़्तारी को राजनीति से प्रेरित बता रही है.

  17. हिमाचल प्रदेश: 6 बाग़ी कांग्रेसी और 3 निर्दलीय पूर्व विधायक हुए बीजेपी में शामिल, लड़ सकते हैं उपचुनाव

    राज्यसभा चुनाव के दौरान अपनी पार्टी के उम्मीदवार को वोट न देने के कारण अयोग्य क़रार दिए गए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के छह पूर्व विधायक शनिवार को बीजेपी में शामिल हो गए.

    इनके साथ ही तीन पूर्व निर्दलीय विधायकों (आशीष शर्मा, केएल ठाकुर और होशियार सिंह) ने भी बीजेपी का दामन थामा है.

    ये तीनों नेताओं ने शुक्रवार को ही विधायक पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    ये सभी नेता केंद्रीय मंत्री और राज्य के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष राजीव बिंदल और सीनियर नेता अरुण सिंह की मौजूदगी में बीजेपी के सदस्य बने.

    इन सभी नौ पूर्व विधायकों के बीजेपी के टिकट पर उपचुनाव में उतरने का अनुमान है.

    केंद्रीय चुनाव आयोग ने पिछले शनिवार को जब लोकसभा चुनाव का एलान किया था, तब विधानसभा की छह सीटों पर भी उपचुनाव का एलान किया था.

    हालांकि तीन और विधायकों के इस्तीफ़े के बाद अब नौ सीटों पर उपचुनाव होगा. इनके लिए आम चुनाव के सातवें चरण के तहत एक जून को वोट डाले जाएंगे.

  18. गुरुग्राम की अदालत से भी एल्विश यादव को मिली ज़मानत, रिहा हुए

    विवादित यूट्यूबर और सेलिब्रिटी शो बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव को गुरुग्राम की अदालत ने मारपीट के मामले में ज़मानत दे दी है.

    शुक्रवार को नोएडा की अदालत ने उन्हें ज़मानत दे दी थी. एल्विश यादव अब रिहा हो गए हैं.

    एल्विश यादव को नोएडा की पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत गिरफ़्तार किया था. उन पर नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धाराएं भी लगाईं गईं थीं.

    नोएडा की अदालत से ज़मानत मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने उनकी रिमांड ले ली थी.

    शनिवार को अदालत ने उन्हें इस मामले में भी ज़मानत दे दी. उन पर एक और यूट्यूबर को पीटने के आरोप थे.

    हालांकि दोनों पक्षों के बीच इस मामले में अदालत के बाहर समझौता भी हो गया था.

  19. मॉस्को हमलाः अब तक 93 लोगों की मौत, चार हमलावरों समेत कुल 11 हिरासत में

    रूस की राजधानी मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल में हुए हमले में मरने वालों की तादाद 93 पहुंच गई है. इस हमले में कम से कम 140 लोग घायल हो गए हैं.

    हमले में मरने वालों की तादाद और अधिक बढ़ने की आशंका है.

    इसी बीच रूस के सुरक्षा प्रमुख ने राष्ट्रपति पुतिन को बताया है कि इस हमले के संबंध में अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है. इनमें से चार सीधे तौर पर हमले से जुड़े हैं.

    हमले की ज़िम्मेदारी इस्लामिक स्टेट समूह ने ली है. इस्लामिक स्टेट मध्य पूर्व में अस्तित्व में आया एक चरमपंथी समूह है. इसके नियंत्रण में एक समय सीरिया से लेकर इराक़ के बीच 34 हज़ार वर्ग मील का इलाक़ा था.

    अमेरिका ने भी कहा है कि इस्लामिक स्टेट का हमला करने का ये दावा विश्वसनीय लगता है. अमेरिका ने ये दावा भी किया है कि उसने दो सप्ताह पहले ही ऐसा हमला होने की आशंका रूस के साथ साझा की थी.

    साल 2019 में इस समूह का लगभग ख़ात्मा कर दिया गया था. हालांकि इसी साल फ़रवरी में संयुक्त राष्ट्र ने कहा था कि ये समूह अफ़्रीका में अपनी पकड़ बना रहा है और इससे निबटना अभी भी सुरक्षा की चुनौती बना हुआ है.

    एक अनुमान के मुताबिक़, पिछले साल तक इस्लामिक स्टेट से सीरिया और इराक़ में छह हज़ार से लेकर 10 हज़ार तक लड़ाके जुड़े हुए थे.

    शुक्रवार शाम हुआ यह हमला रूस में पिछले 20 सालों का सबसे बड़ा हमला है.

  20. केजरीवाल ने सुरक्षा में तैनात अफसर पर लगाया आरोप, कोर्ट ने क्या कहा?

    दिल्ली की एक स्थानीय अदालत ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की शिकायत पर उनके आसपास के सीसीटीवी कैमरा फुटेज को सुरक्षित रखने को कहा है.

    दरअसल केजरीवाल ने कोर्ट में अपनी सुरक्षा में तैनात दिल्ली पुलिस के अफसर को हटाने की मांग की थी. केजरीवाल का कहना है कि पुलिस अफसर बेवजह सख़्त हैं.

    स्पेशल जज कावेरी बवेजा ने कहा,''आरोपी (केजरीवाल) ने आवेदन दिया है कि उन्हें कोर्ट में लाने के लिए जो सुरक्षा कर्मचारी/प्रभारी लगाया गया है वो बेवजह सख़्त है . केजरीवाल ने कहा है कि अफसर ने कोर्ट रूम के चारों ओर खड़े लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया.''

    केजरीवाल की सुरक्षा के लिए एसीपी एके सिंह को तैनात किया गया है.

    केजरीवाल की ओर से ये आवेदन शुक्रवार को दिया गया था. उसमें ईडी की ओर से उन्हें हिरासत में लिए जाने का भी विरोध किया गया था.

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सुरक्षा में भी सिंह को लगाया गया था. उन पर सिसोदिया को गर्दन से पकड़ कर ले जाने का आरोप था. सिसोदिया ने सिंह के इस कथित दुर्व्यवहार के ख़िलाफ़ शिकायत भी दर्ज कराई थी.