You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अरविंद केजरीवाल को टार्गेट करना ग़लत और असंवैधानिक: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के खाते फ्रीज करने का मुद्दा भी उठाया है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and प्रियंका झा

  1. सद्गुरु जग्गी वासुदेव के ब्रेन की हुई इमरजेंसी सर्जरी, कैसा है उनका हाल

    आध्यामिक गुरु और ईशा फाउंडेशन के प्रमुख सद्गुरु जग्गी वासुदेव के मस्तिष्क के भीतर हो रही ब्लीडिंग के कारण की गई इमरजेंसी सर्जरी सफल रही है.

    सद्गुरु के इंस्टाग्राम एकाउंट से किए एक पोस्ट में उनकी संस्था ईशा फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान और सद्गुरु का वीडियो जारी करके यह जानकारी दी है.

    इसमें बताया गया है कि सद्गुरु जग्गी वासुदेव को 17 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. संस्था ने बताया है कि सद्गुरु की सेहत तेज़ी से सुधर रही है.

    वहीं सद्गुरु ने जारी किए गए इस वीडियो में मज़ाक करते हुए कह रहे हैं, "अपोलो हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जनों ने मेरे सिर को काटकर कुछ खोजने की कोशिश की. लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला, वो पूरी तरह से खाली था. आख़िरकार उन्होंने हार मान ली और फिर इसे पहले की तरह कर दिया. मैं यहां दिल्ली में हूं. मेरे सिर पर ये पैच लगा हुआ है, लेकिन मुझे कोई नुकसान नहीं हुआ है."

    इंस्टाग्राम से किए इस पोस्ट में बताया गया है, "डॉक्टरों के एक अपडेट से पता चला कि सद्गुरु पिछले चार हफ्तों से गंभीर सिरदर्द को नज़रअंदाज़ कर रहे थे और लगातार अपने कठिन शेड्यूल में व्यस्त थे, जिसमें महाशिवरात्रि भी शामिल था."

    इसके अनुसार, "15 मार्च को हुई एमआरआई से पता चला कि उनके मस्तिष्क में भारी ब्लीडिंग हो रही है. हालाँकि, सद्गुरु ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव के सेशन सहित अपने कमिटमेंट्स को रद्द करने से इनकार कर दिया. उन्होंने शक्तिशाली दर्द निवारक दवाइयां लेकर इन कार्यक्रमों में भाग लिया."

    "17 तारीख़ की सुबह सद्गुरु को अस्पताल ले जाना पड़ा जहां पता चला कि उनके मस्तिष्क में जानलेवा सूजन है. 17 तारीख़ को ही हुई इमरजेंसी सर्जरी के बाद सद्गुरु की दशा लगातार सुधर रही है और वे बहुत तेज़ी से ठीक हो रहे हैं."

    इसी पोस्ट में अपोलो अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ विनीत सूरी के हवाले से बताया गया, "हम उनसे मज़ाक कर रहे थे कि हम जो कर सकते थे, वो हमने किया, लेकिन आप ख़ुद को ठीक कर रहे हैं. जिस प्रकार का सुधार हम देख रहे हैं, वो हमारी उम्मीद से परे है. वे अब बहुत ठीक हैं. उनके मस्तिष्क, शरीर और सभी अहम पैरामीटर सामान्य हैं और उनकी सेहत लगातार सुधर रही है."

  2. पीएम मोदी ने जिस दिन पुतिन से उसी दिन यूक्रेन के राष्ट्रपति से की बात, क्या है एजेंडा

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की.

    पीएम मोदी ने इन दोनों नेताओं से किसी समस्या के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने के भारत के पुराने रुख़ को दोहराया.

    रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं के साथ पीएम मोदी की बातचीत अहम वक़्त पर हुई है.

    वो इसलिए कि पिछले दो सालों से रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध रोकने के लिए स्विट्जरलैंड में दुनिया के नेताओं का शिखर सम्मेलन जल्द ही होने वाला है.

    यूक्रेन चाहता है ​कि इस सम्मेलन में भारत भी शामिल हो. इसके लिए यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री कुलेबा अगले हफ़्ते भारत आने वाले हैं.

    ज़ेलेंस्की ने क्या कहा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर किए एक पोस्ट में शांति समझौते के लिए भारत के समर्थन के लिए पीएम मोदी का आभार जताया.

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता, मानवीय सहायता और शांति फॉर्मूला तय करने के लिए होने वाली बैठकों में सक्रिय भागीदारी के प्रति भारत के समर्थन के लिए मैंने पीएम नरेंद्र मोदी से बात की और उनका आभार जताया."

    उन्होंने इस शिखर सम्मेलन में भारत के शामिल होने की उम्मीद जताते हुए कहा, "हमारे लिए पहले शांति शिखर सम्मेलन, जिसकी तैयारी अभी स्विट्जरलैंड में हो रही है, में भारत को भाग लेते हुए देखना अहम होगा."

    "यूक्रेन भारत के साथ अपने व्यापार और आर्थिक संबंधों को मज़बूत करना चाहता है. ख़ासकर कृषि निर्यात, विमानन सहयोग, फार्मास्युटिकल और औद्योगिक उत्पाद व्यापार में."

    उन्होंने यह भी बताया कि पीएम मोदी और उनके बीच द्विपक्षीय संबंधों के विकास पर बातचीत हुई. उनके अनुसार, नई दिल्ली में जल्द ही द्विपक्षीय संबंधों को लेकर एक बैठक होने वाली है.

    ज़ेलेंस्की ने यह भी कहा कि यूक्रेन चाहता है कि उसके शिक्षण संस्थानों में भारतीय छात्रों की वापसी हो.

    मोदी की पुतिन से भी हुई बात

    पीएम मोदी ने बुधवार को ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बात की और उन्हें पांचवीं बार राष्ट्रपति बनने की बधाई दी.

    इन दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच ख़ास और रणनीतिक साझेदारी को आने वाले सालों में और मज़बूत करने पर सहमति जताई.

    दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखे.

    इस बातचीत में भी पीएम मोदी ने भारतीय रुख़ को दोहराते हुए कहा कि वे बातचीत और कूटनीति से रूस और यूक्रेन के बीच की समस्या का हल निकालने के पक्ष में है.

    दोनों नेताओं ने आगे भी संपर्क में बने रहने पर भी सहमति दी.

  3. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    20 मार्च की ख़बरें पढ़ने के लिए के लिए यहां क्लिक करें.