You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अंडर 19 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में भारत, 32 रन पर गंवाए थे चार विकेट उदय-सचिन ने पलटा मैच

भारतीय टीम ने मेजबान दक्षिण अफ़्रीका को दो विकेट से हरा दिया. भारतीय टीम दूसरे सेमीफ़ाइनल में जीतने वाली टीम से खिताबी मुक़ाबले में भिड़ेगी

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. लद्दाख़: सर्द मौसम में सड़क पर प्रदर्शन करने वालों की चेतावनी, 'मांगें नहीं मानी तो होगा आमरण अनशन'

  2. बांग्लादेश ने सीमावर्ती इलाक़े में दो लोगों की मौत के बाद म्यांमार के राजदूत को तलब किया

    बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने सीमा पार से दागे गए मार्टार की वजह से हुई दो मौतों को लेकर म्यांमार के राजदूत को तलब किया है.

    म्यांमार की सेना और विद्रोही गुटों के बीच बढ़े संघर्ष की वजह से बांग्लादेश के कुछ सीमावर्ती गाँवों में दहशत का माहौल बन गया है.

    म्यांमार की सेना के कई और सैनिक भागकर बांग्लादेश चले गए हैं. बांग्लादेश में म्यांमार से भागकर आए ऐसे नागरिकों और सैनिकों की संख्या बढ़कर 229 हो गई है.

    अराकान विद्रोहियों ने कथित तौर पर सीमा पर कई ठिकानों पर कब्ज़ा कर लिया है.

    क्या है मामला?

    बांग्लादेश में सोमवार की सुबह म्यांमार से दागी गई मोर्टार से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी.

    बांग्लादेश से सटी 270 किलोमीटर लंबी म्यांमार के सीमावर्ती इलाकों में बीते नवंबर से ही हिंसक संघर्ष जारी है, जब विद्रोही अराकान आर्मी (एए) के लड़ाकों ने 2021 के तख्तापलट के बाद से चल रहे सीज़फायर को खत्म करने का एलान किया.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार म्यांमार की सीमा से सटे बांग्लादेश के गाँव में रहने वालों का कहना है कि वे इस संघर्ष की वजह से भय के माहौल में जी रहे हैं.

    सहायता एजेंसी डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (एमएसएफ़) का कहना है कि उन्होंने रविवार को हिंसक संघर्ष में घायल 17 लोगों का इलाज किया है.

    एमएसएफ़ ने सोमवार को बताया कि सभी घायलों को गोली लगी थी. इनमें से दो की जान को ख़तरा था और पाँच गंभीर रूप से घायल थे.

    स्थानीय पुलिस चीफ़ अब्दुल मन्नान ने कहा कि 48 वर्षीय बांग्लादेशी महिला, जिनका नाम हुस्ने आरा था, उनकी सोमवार को मौत हो गई. उनके अलावा एक अज्ञात रोहिंग्या शख्स की भी सोमवार दोपहर को मौत हुई है.

    हुस्ने आरा की बहू ने कहा, "वे लोग किचन में बैठे थे..जब अचानक मोर्टार आकर गिरा. वह उस रोहिंग्या शख्स को खाना परोस रही थीं. उस शख्स को हमने अपने खेत की देखरेख के लिए काम पर रखा था."

  3. झारखंड के नए सीएम चम्पाई सोरेन ने हेमंत सोरेन और बीजेपी पर क्या कहा

    कथित ज़मीन घोटाले में गिरफ़्तार हेमंत सोरेन के पद छोड़ने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री बने चम्पाई सोरेन ने विश्वास मत हासिल कर लिया है.

    बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने 4 फ़रवरी को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उनसे बात की.

    मुख्यमंत्री बनने के बाद दिए इस पहले साक्षात्कार में चम्पाई सोरेन ने अपनी राजनीति, व्यक्तिगत जीवन, चुनौतियों और झारखंड को लेकर अपने विज़न पर खुलकर बात की. देखिए ये साक्षात्कार

  4. राहुल गांधी ने कहा- ममता बनर्जी अभी भी 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा हैं...

    कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अभी भी विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का हिस्सा हैं.

    राहुल गांधी ने मंगलवार को झारखंड में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान एक सवाल के जवाब में ये कहा.

    उन्होंने कहा, "अगर आप ममता जी के बयानों को देखें तो पाएंगे कि वे अभी भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं. इंडिया अलायंस के दूसरे सदस्यों में ज़्यादातर गठबंधन का हिस्सा हैं."

    विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' से जनता दल यूनाइटेड के बाहर निकलने के सवाल पर भी राहुल गांधी ने अपनी बात रखी.

    उन्होंने कहा, "बेशक नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन छोड़ दिया है और वे बीजेपी के पास चले गए हैं. उनके इंडिया गठबंधन छोड़ने की वजहों के बारे में आप अंदाजा लगा सकते हैं. ये चलता है. हम बिहार में इंडिया गठबंधन के रूप में ही चुनाव लड़ेंगे. हम इस बात से सहमत नहीं हैं कि हमारे बहुत से सहयोगी इस गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं."

    उन्होंने ये भी बताया कि सीट शेयरिंग को लेकर गठबंधन के घटक दलों के बीच बातचीत चल रही है. लोगों के अपने-अपने स्टैंड्स हैं और ये एक सामान्य बात है.

  5. अमेरिका क्या हूती विद्रोहियों को हरा पाएगा

    हूती विद्रोही पश्चिमी देशों के जहाज़ों को निशाना बना रहे हैं.

    वहीं अमेरिका और ब्रिटेन भी उनके ठिकानों पर जवाबी हवाई हमले कर रहे हैं.

    क्या इससे ग़ज़ा संकट और गहरा रहा है? कैसे होगा इसका समाधान, कवर स्टोरी में इसी की बात.

  6. हरदा की पटाखा फ़ैक्ट्री में लगी आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हुई, 59 घायल

    मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है.

    हरदा के कलेक्टर ऋषि गर्ग ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस अग्निकांड में 59 लोग घायल हुए हैं.

    ये दुर्घटना कैसे हुई? इस पर ऋषि गर्ग ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मंगलवार सुबह हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ.

    उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर राहत कार्य जारी है.

    घायलों का हरदा के ज़िला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और गंभीर रूप से घायल मरीजों को भोपाल और इंदौर शिफ्ट किया जा रहा है.

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख ज़ाहिर करते हुए ये बताया है कि उनके कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं.

    उन्होंने बताया कि भोपाल और इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने को कहा गया है. साथ ही इंदौर और भोपाल से फायर ब्रिगेड की दमकलों को भी भेजा जा रहा है.

  7. पाकिस्तान की सियासत में कहां खड़ीं हैं महिलाएं?

    पाकिस्तान की राजनीति में महिलाओं की भूमिका क्या है.

    क्या राजनीति में वो अपने हक़ का इस्तेमाल कर अपनी या फिर दूसरों की किस्मत बदल सकती हैं?

    ये सवाल इसलिए क्योंकि पाकिस्तान में इस बार क़रीब पांच हज़ार उम्मीदवारों को राजनीतिक पार्टियों ने टिकट दिया है, लेकिन इनमें महिलाओं की तादाद सिर्फ़ तीन सौ के आस-पास है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता उमर दराज़ नांगियाना की ये रिपोर्ट.

  8. कार्ति चिदंबरम ने किया तंज- ईडी को नए लोगों की भर्ती करनी चाहिए ताकि विपक्ष के...

    मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव, आम आदमी पार्टी के सांसद एनडी गुप्ता सहित 10 जगहों पर छापेमारी कर रही है.

    आम आदमी पार्टी ने कहा है कि बीते दो साल से उनके नेताओं को तथाकथित शराब घोटाले के नाम पर परेशान किया जा रहा है.

    इस पूरे मामले पर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा है कि ईडी को लोगों की भर्ती करनी चाहिए ताकि विपक्ष के हर नेता के यहां छापे मारे जा सकें.

    उन्होंने कहा, "मुझे यकीन है कि ईडी के पास बहुत काम है और उसे बड़े पैमाने पर नए लोगों की भर्ती करनी चाहिए ताकि विपक्ष के हर नेता और हर पार्टी पर रेड की जा सके."

    विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि ईडी सहित जांच एजेंसियों को केंद्र सरकार राजनीति से प्रेरित हो कर विपक्ष के खिलाफ़ इस्तेमाल करती है.

    सोमवार को लोकसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने भी कहा था कि "जांच करना एजेंसियों का काम है, वो स्वतंत्र होती हैं और उन्हें संविधान ने स्वतंत्र रखा हुआ है. जज करने का काम न्यायाधीश का है और वो अपना काम कर रहे हैं."

    लालू प्रसाद यादव, हेमंत सोरेन, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अरविंद केजरीवाल सहित कई विपक्ष के नेता ईडी की जांच के दायरे में हैं.

  9. पैकेज्ड फूड सेहत के लिए अच्छा या ख़राब

    कई रिसर्च ये बता चुके हैं कि कोई भी ग्राहक फ़ूड आइटम का एक पैकेट खरीदने में 6-10 सेकेंड का ही वक़्त लगाता है.

    ग्राहक ज़्यादा से ज़्यादा उसकी एक्सपायरी डेट देखते हैं और उसकी कीमत. लेकिन उस पैकेट के पीछे की साइड पर बहुत सी ऐसी ज़रूरी जानकारियां होती हैं जो आपको पढ़ना आ जाए तो शायद आप वो पैकेट ना भी खरीदें.

    फ़ूड पैकेट के पीछे इसके तत्वों का लेबल होता है लेकिन उससे कैसे पता चलता है कि ये फ़ूड आइटम खाने के लिए फ़ायदेमंद है या हानिकारक.

    इसी पर बीबीसी की सर्वप्रिया सांगवान ने बात की ग्लोबल हेल्थ एडवोकेसी इंक्यूबेटर के वरिष्ठ सलाहकार अभिषेक प्रताप से.

  10. ईडी ने जेडीयू के एमएलसी राधा चरण साह की 26 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बिहार में जनता दल यूनाइटेड के एमएलसी राधा चरण साह की क़रीब 26 करोड़ की दो अचल संपत्ति को अस्थाई तौर पर ज़ब्त कर लिया है.

    ईडी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में की है.

    इससे पहले पिछले साल सितंबर महीने में ईडी ने जेडीयू के विधान परिषद सदस्य राधा चरण साह को गिरफ़्तार किया था.

    राधा चरण साह की गिरफ़्तारी आरा में उनके आवास से हुई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ राधा चरण साह को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ़्तार किया गया था.

    जनता दल यूनाइटेड में शामिल होने से पहले राधा चरण सेठ आरजेडी से भी बिहार विधान परिषद के सदस्य यानी एमएलसी रह चुके हैं.

    सेठ जी के नाम से मशहूर राधा चरण साह जून, 2020 में बिहार विधान परिषद चुनाव के ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल को छोड़कर जेडीयू में शामिल हुए थे.

    इससे पहले भी बीते साल फ़रवरी और जून में भी राधा चरण सेठ से जुड़े ठिकानों पर ईडी और आयकर विभाग ने छापेमारी की थी.

    ख़बरों के मुताबिक़ जलेबी बेचने के व्यवसाय से शुरुआत करने वाले राधा चरण सेठ बाद में कई तरह के कारोबार से जुड़े, जिनमें माइनिंग, होटल और रेस्टोरेंट का कारोबार भी शामिल है.

  11. जलवायु परिवर्तन से अंटार्कटिका पर हो रहे प्रभाव को समझने में ड्रोन करेगा मदद

    अंटार्कटिका के कुछ ऐसे इलाके हैं जहां आज तक कोई नहीं पहुंचा. ये इलाके इंसानी पहुंच से बाहर ही रहे क्योंकि वहां मौसम बेहद ख़राब रहता है.

    अब वहां पहुंचेगी इंजीनियर्स और वैज्ञानिकों की एक टीम एक ऐसे ड्रोन को टेस्ट करने के लिए जो आने वाले समय में जलवायु परिवर्तन से यहां पड़ रहे असर को समझने के लिए उनकी मदद करेगा.

    देखिए बीबीसी संवाददाता जॉर्जीना रैनॉर्ड की ये रिपोर्ट.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, मध्य प्रदेश: हरदा की पटाखा फ़ैक्ट्री में लगी आग, कम से कम तीन की मौत और दर्जनों घायल

      • Author, सलमान रावी
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फ़ैक्ट्री में आग लगने से दर्जनों लोगों के घायल होने की रिपोर्टें हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस अग्निकांड में तीन लोगों की मौत हुई है और 40 लोग घायल हुए हैं.

    घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य के सभी अधिकारियों की इमरजेंसी बैठक बुलाई है.

    मुख्यमंत्री के कार्यालय का कहना है कि मंत्री उदय प्रताप सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव अजीत केसरी, डीजी (होम गार्ड) अरविंद कुमार हेलीकॉप्टर से घटना स्थल पहुँच रहे हैं.

    भोपाल और इंदौर के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है.

    मेडिकल कालेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने को कहा गया है.

    मुख्यमंत्री कार्यालय का कहना है कि इंदौर और भोपाल से भी फायर ब्रिगेड की टीमों को भेजा गया है.

  13. 'बीजेपी 370 सीटें जीतेगी', पीएम मोदी के इस आत्मविश्वास के मायने क्या हैं?- प्रेस रिव्यू

  14. 'रूस का गूगल' कहे जाने वाले यांडेक्स की रूसी इकाई बिकी

    'रूस का गूगल' कहे जाने वाले यांडेक्स के मालिक ने कहा है कंपनी ने अपना रूस का ऑपरेशन बेच दिया है.

    यांडेक्स की डच पैरेंट कंपनी ने कहा है कि उसने रूस के ऑपरेशन को 475 अरब रूबल में बेच दिया है. ये कीमत यांडेक्स की मार्केट कीमत से काफ़ी कम है.

    इस बिक्री के साथ ही ये तय हो चुका है कि यांडेक्स के रूस के बिजनेस का मालिकाना हक अब पूरी तरह रूस के ही साथ होगा.

    इस कंपनी पर आरोप थे कि इसने यूक्रेन में युद्ध की जानकारी रूस के आम लोगों से छुपायी.

    रूस ने इस नए सौदे का स्वागत किया है. कंपनी ने कहा है कि यह "डील 18 महीने से अधिक की योजना और बातचीत की व्यापक अवधि के बाद हुई है."

    सूचना नीति पर रूसी संसद की समिति के उप प्रमुख एंटोन गोरेल्किन ने कहा, "यह वही है जो हम कुछ साल पहले हासिल करना चाहते थे जब यांडेक्स पर पश्चिमी आईटी कंपनियों के कब्ज़े का खतरा था."

    "यांडेक्स कंपनी से कहीं ज़्यादा है, ये रूस के समाज के लिए एक संपत्ति की तरह है.”

    माना जाता है कि 5.2 अरब डॉलर का सौदा यांडेक्स की मार्केट कीमत से काफी कम है. एक अनुमान के अनुसार 2021 में इसकी कीमत 30 अरब डॉलर थी.

  15. बचपन में बिछड़ी जुड़वां बहनें एक वीडियो से कैसे मिल गईं?

    एमी और एनो जुड़वां बहनें हैं. लेकिन जन्म के बाद ही उन्हें चोरी कर लिया गया और अलग कर दिया गया.

    सालों बाद, एक टीवी टैलेंट शो और टिकटॉक वीडियो की मदद से दोनों बहनें दोबारा मिल सकीं. इसके बाद वो अपनी मां से भी मिलीं.

    जॉर्जिया में इस मामले के बाद ऐसे कई मामलों का पता चला जिनमें बच्चों को अस्पतालों से चोरी कर लिया गया था.

  16. नेहरू और गांधी पर पीएम मोदी की टिप्पणी के बाद कांग्रेस बोली- वाजपेयी और आडवाणी ने कभी...

    कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'गहरी असुरक्षाओं और हीनभावना से ग्रस्त' होने का आरोप लगाया है.

    कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "प्रधानमंत्री कल लोकसभा में बिलकुल बेतुकी और बकवास बातें करते रहे. सदन में उनका यह सबसे निम्न स्तर था. आज राज्यसभा में भी वह निस्संदेह इसे दोहराएंगे. वह गहरी असुरक्षाओं और हीनभावना से ग्रस्त हैं. इसी वज़ह से वह नेहरू पर सिर्फ़ राजनीतिक ही नहीं बल्कि बेहद घटिया ढंग से व्यक्तिगत हमले भी करते हैं."

    पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी पर पीएम मोदी की तीखी टिप्पणी के एक दिन बाद जयराम रमेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने कभी ऐसा नहीं किया.

    उन्होंने कहा, "वाजपेयी और आडवाणी ने कभी ऐसा नहीं किया. लेकिन प्रधानमंत्री मोदी, जिन्हें लगता है कि वह बहुत चालाक हैं, दरअसल ऐसा करके वह जिस पद पर हैं, उसका अपमान करते हैं. मेगोलोमानिया (अहंकार की पराकाष्ठा) और (नेहरू फोबिया) नेहरू का डर एक ख़तरनाक मिश्रण है जो मर्डर ऑफ़ डेमोक्रेसी इन इंडिया (एमओडीआई) का कारण बन रहा है."

    "भारत के लोगों और विशेष रूप से युवाओं ने निर्णय लिया है कि प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी जी का लोकसभा में अंतिम भाषण होगा. पिछले दस साल का अन्याय काल जल्द ही समाप्त होगा."

  17. झारखंड की राजधानी में जुटे कई आदिवासी, क्यों हैं नाराज़?

    झारखंड की राजधानी रांची में आदिवासी एकता रैली में आदिवासी समूहों ने अपने मुद्दों को ज़ोरशोर से सामने रखा. देखिए यह रिपोर्ट.

  18. यमन: सागर तट के पास एक और कार्गो शिप पर हमला

    यमन में सागर तट के पास एक और व्यापारिक जहाज पर हमले की रिपोर्टें मिल रही हैं.

    एक सिक्योरिटी फर्म ने कहा है कि वहां एक कार्गो शिप पर ड्रोन से हमला किया गया है. ये जहाज एक ब्रितानी कंपनी का है.

    जहाज को मामूली नुक़सान की भी ख़बर है लेकिन उसने यात्रा जारी रखी हुई है.

    एक अन्य घटना को लेकर अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने रविवार को हूती विद्रोहियों की ओर से दागे गए दो ड्रोन्स से बचाव में हमला किया है.

    हूती विद्रोही यमन के नजदीक से होकर गुजरने वाले जहाजों को लगातार निशाना बना रहे हैं.

    उनका कहना है कि ग़ज़ा में इसराइल की कार्रवाई के जवाब में वो ये हमले कर रहा है.

  19. चंडीगढ़ मेयर चुनाव को सुप्रीम कोर्ट ने क्यों बताया- लोकतंत्र का मज़ाक

  20. केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को ही यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड के लिए क्यों चुना? हरीश रावत ने उठाया सवाल

    उत्तराखंड विधानसभा में मंगलवार को यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड बिल पेश किया जाना है.

    इसे लेकर कांग्रेस सदन में प्रदर्शन कर रही है.

    कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि केंद्र सरकार उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य को 'टोकनिज़्म' (संकेत देने की राजनीति) के लिए इस्तेमाल कर रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "सीएम और सरकार इस बिल को पारित कराने के लिए काफ़ी उत्सुक हैं. संसदीय विधि-विधान और परंपराओं का पालन नहीं किया जा रहा है. सत्र को बढ़ाया गया है लेकिन इसमें नियमों के आधार पर कुछ नहीं हो रहा बल्कि कहा जा रहा है कि ये ड्राफ्ट पेश होगा, इसे पारित करना है. ड्राफ्ट उपलब्ध नहीं है, ना मीडिया में है ना हमारे पास है. आप उश पर तत्काल चर्चा चाह रहे हैं, 700-800 पन्नों का ड्राफ्ट है."

    उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार से मेरा सवाल है कि आपने उत्तराखंड जैसे छोटे और संवेदनशील राज्य को यूसीसी के लिए क्यों इस्तेमाल किया. ये टोकनिज़्म किया जा रहा है. अगर यूसीसी लाना था तो केंद्र सरकार लेकर आती."

    सोमवार को भी इसे लेकर देहरादून में विरोध प्रदर्शन हुए.

    इस ड्राफ़्ट में बहुविवाह पर रोक लगाने और सभी धर्मों में शादी की न्यूनतम उम्र समान करने जैसे सुझाव दिए गए हैं. हालांकि, जनजातीय समुदायों को इससे बाहर रखा गया है.

    यह विधेयक कानून बनता है तो उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का दूसरा राज्य हो जाएगा.