You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर ताज़ा अमेरिकी हमलों के बाद पश्चिमी एशिया पहुँचे एंटनी ब्लिंकन
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन मध्य पूर्व में अमेरिकी हवाई हमलों के बाद सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंच गए हैं.
लाइव कवरेज
कीर्ति दुबे and अनंत प्रकाश
इंग्लैंड मुश्किल में, भारत को जीत के लिए चाहिए सिर्फ़ 4 विकेट
भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में लंच ब्रेक तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 6 विकेट के नुक़सान पर 194 रन बना लिए हैं.
इंग्लैंड को जीत के लिए अभी भी 205 रन बनाने हैं जबकि 4 विकेट उसके पास हैं.
चौथे दिन इंग्लैंड ने 67/1 के स्कोर के बाद खेलना शुरू किया था और क्रीज़ पर ज़ैक क्रॉले और रेहान अहमद टिके हुए थे.
इस जोड़ी को अक्षर पटेल ने तोड़ा और उन्होंने रेहान अहमद को एलबीडब्ल्यू आउट किया.
भारत की ओर से अब तक दूसरी पारी में आर अश्विन ने तीन विकेट लिए हैं जबकि जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया है.
असदुद्दीन ओवैसी बोले- अगर पत्नी ग़ुस्सा करे तो...
एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक कार्यक्रम में कहा है कि मर्दानगी पत्नी को पीटने में नहीं बल्कि उसके ग़ुस्से को बर्दाश्त करने में है.
एआईएमआईएम ने अपने एक्स हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें ओवैसी कह रहे हैं कि पत्नी के साथ पुरुषों को सही व्यवहार करना चाहिए.
ओवैसी ने कहा कि ‘क़ुरान और सुन्नत में कहीं नहीं लिखा है कि बीवी आपके कपड़े धोएगी, खाना पकाएगी, आपका सिर दबाएगी.’
उन्होंने कहा, “दीन-ए-इस्लाम में लिखा गया है कि बीवी की आमदनी में शौहर का हक़ नहीं है बल्कि शौहर की आमदनी में औरत का हक़ है.”
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि जो मर्द अपनी बीवियों पर ज़ुल्म करते हैं वो बताएं कि पैग़ंबर मोहम्मद साहब ने किसी महिला पर हाथ उठाया हो.
झारखंड: चंपाई सोरेन का फ्लोर टेस्ट थोड़ी देर में, विधानसभा पहुंचे हेमंत सोरेन
झारखंड में नए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सोमवार को विधानसभा में बहुमत साबित करने वाले हैं.
ईडी की हिरासत में राज्य के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन भी फ्लोर टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए विधानसभा पहुंच गए हैं.
80 विधानसभा सीटों वाले झारखंड में सरकार बनाने के लिए 41 विधायकों की ज़रूरत होगी.
महागठबंधन की सरकार में 29 विधायक जेएमएम, 17 विधायक कांग्रेस और एक-एक विधायक आरजेडी और सीपीआई(एमएल) के हैं. यानी इस गठबंधन के पास कुल 48 विधायक हैं.
विपक्षी गठबंधन में 30 विधायक हैं, जिनमें बीजेपी के 26, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के तीन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अजीत पवार के गुट से एक विधायक शामिल हैं.
कथित ज़मीन घोटाले को लेकर ईडी की हिरासत में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफ़े के बाद शुक्रवार को नए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने नए सीएम के रूप में शपथ ली.
टेलर स्विफ़्ट को ‘मिडनाइट्स’ और माइली साइरस को ‘फ्लावर’ के लिए मिला ग्रैमी अवॉर्ड
टेलर स्विफ़्ट , माइली साइरस, सेज़ा और बिली आइलिश इस साल के ग्रैमी अवॉर्ड की विजेताओं की फ़ेहरिस्त में शामिल हैं.
एल्बम ऑफ़ द ईयर का अवॉर्ड टेलर स्विफ़्ट के एल्बम ‘मिडनाइट्स’ को मिला है.
रिकॉर्ड ऑफ़ द ईयर का ग्रैमी अवॉर्ड माइली साइरस के ‘फ्लावर’ गाने को मिला है.
सॉन्ग ऑफ़ द ईयर का अवॉर्ड बिली आइलिश ‘व्हाट वॉज़ आई मेड फ़ॉर’ गाने को मिला है.
बेस्ट पॉप सोलो परफॉर्मेंस का ग्रैमी भी माइली साइरस के ‘फ्लावर’ गाने को दिया गया है.
बेस्ट पॉप डुओ का ग्रैमी अवॉर्ड सेज़ा-फ़िबी ब्रिज़र्स के ‘घोस्ट इन मशीन’ गाने के मिला है.
म्यूज़िक की दुनिया का प्रतिष्ठित अवॉर्ड ग्रैमी का आयोजन अमेरिका के लॉस एंजलिस में किया जा रहा है. इस अवॉर्ड में कुल 94 कैटेगरी में कलाकारों के सम्मानित किया जा रहा है.
शंकर महादेवन के बैंड ‘शक्ति’ को मिला बेस्ट ग्लोबल म्यूज़िक एल्बम का ग्रैमी
शंकर महादेवन के म्यूज़िक बैंड ‘शक्ति’ के ‘दिस मूमेंट’ एल्बम को बेस्ट ग्लोबल म्यूज़िक एल्बम का ग्रैमी अवॉर्ड मिला है.
शक्ति बैंड में गिटारिस्ट जॉन मैकलॉफ़लिन, तबला वादक उस्ताद ज़ाकिर हुसैन हैं और गायक शंकर महादेवन हैं.
ये एक फ़्यूजन बैंड है. इस कैटेगरी में बोकांते, सुज़ाना बाका, डेविडो और बर्ना बे जैसे कलाकारों का नॉमिनेशन था.
ऑस्ट्रेलियाई-चीनी लेखक यांग हेंगजुन को चीन में मिली ‘सस्पेंडेड डेथ’ की सज़ा
ऑस्ट्रेलियाई-चीनी लेखक यांग हेंगजुन को चीन की एक अदालत ने 'सस्पेंडेड डेथ' की सज़ा सुनायी है.
चीन के क़ानून के अनुसार जब किसी दोषी को सस्पेंडेट डेथ की सज़ा सुनायी जाती है तो इसका मतलब होता है कि उन्हें तुरंत मौत की सज़ा नहीं दी जाएगी, और दो साल का समय दिया जाएगा. ये संभव है कि दो साल में मौत की सज़ा को आजीवन कारावास में बदल दिया जाए.
हेंगजुन के केस में भी माना जा रहा है कि दो साल बाद उनकी मौत की सज़ा को आजीवन कारावास में बदला जा सकता है.
डॉक्टर यांग- एक स्कॉलर और लेखक है जो चीन के मामलों पर लिखते है. पांच साल पहले चीन में उन्हें जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था.
ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की सरकार लंबे समय से उनकी रिहाई के लिए याचिका दायर की है और इस फैसले से वो "हैरान" हैं.
यांग पहले चीन के सुरक्षा मंत्रालय के लिए काम करते थे. वह चीनी-आस्ट्रेलियाई स्कॉलर और उपन्यासकार हैं और चीन के मामलों पर ब्लॉग लिखा करते थे.
उन्हें "डेमोक्रेसी पेडलर" के उपनाम से जाना जाता है. हालांकि वो अपने लेखन में अक्सर चीनी सरकार की सीधी आलोचना से बचते थे.
57 साल के यांग को साल 2019 में गुआंगज़ौ एयरपोर्ट पर गिरफ़्तार किया गया और उन पर जासूसी के आरोप लगे.
यांग के केस की सुनवाई बंद दरवाज़े के पीछे हुई और उनकी दलीलों को कभी सार्वजनिक नहीं किया गया.
इस्लामिक उपदेशक मुफ़्ती सलमान अज़हरी को हेट स्पीच के मामले में गुजरात पुलिस ने किया गिरफ़्तार, जानिए पूरा मामला
गुजरात के जूनागढ़ में तथाकथित हेट स्पीच देने के मामले में गुजरात पुलिस ने रविवार को मुंबई से इस्लामिक उपदेशक मुफ़्ती सलमान अज़हरी को गिरफ़्तार किया.
मुफ़्ती सलमान अज़हरी की गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में उनके समर्थक घाटकोपर पुलिस स्टेशन के बाहर जुटे और तत्काल उन्हें छोड़े जाने की मांग करने लगे. हालात को देखते हुए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा.
गुजरात पुलिस ने इस्लामिक उपदेशक की ट्रांसिट रिमांड ले ली है और उन्हें गुजरात ले जाया गया है.
हिरासत में लिए जाने पहले मुफ़्ती सलमान अज़हरी ने अपने समर्थकों से शांति की अपील करते हुए कहा था- “ जोश में होश नहीं खोना चाहिए, हालात जैसे भी हों, मैं आपके सामने हूं और मैं कोई क्रिमिनल नहीं हूं, ना ही मुझे यहां किसी क्राइम के लिए लाया गया है. मेरी तक़रीर को लेकर जो जांच इन्हें करनी है, वो ये कर रहे हैं और हम सहयोग कर रहे हैं. आपको भी सहयोग करना चाहिए. जो होगा अच्छा ही होगा, अगर मेरे भाग्य में गिरफ़्तारी है तो मैं उसके लिए भी तैयार हूं.”
मुंबई के डीसीपी हेमराजसिंह राजपूत ने कहा है, ''मुंबई में शांति है, घाटकोपर इलाके में भी शांति है. किसी भी अफ़वाह पर यकीन न करें. मैं मुंबई के लोगों से कहना चाहता हूं कि उनके लिए पुलिस सड़क पर है.''
मौलाना मुफ़्ती सलमान अज़हरी के वकील आरिफ़ सिद्दीक़ी ने बताया, "उन्होंने (पुलिस ने) उनकी ट्रांजिट रिमांड के लिए आवेदन किया था, हमने इसका विरोध किया और हमने यह भी कहा था कि उन्हें अवैध रूप से हिरासत में लिया गया था. क़ानून के अनुसार हमेंनोटिस दिया जाना चाहिए था, हमें नहीं दिया गया. उन्हें दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है. हमें बताया गया है कि उन्हें जूनागढ़ (गुजरात) ले जाया जाएगा.”
31 जनवरी को गुजरात के जूनागढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान मुफ़्ती सलमान अज़हरी ने तथाकथिक भड़काऊ भाषण दिया. ये भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, इसके बाद इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की. कार्यक्रम के दो आयोजकों को भी पुलिस गिरफ़्तार किया है.
उत्तराखंड कैबिनेट ने यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड के ड्राफ्ट को दी मंज़ूरी
समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी के अंतिम ड्राफ्ट को उत्तराखंड सरकार के मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी.
इसके साथ ही इस बिल को विधानसभा में पेश करने का रास्ता साफ़ हो गया है.सोमवार से राज्य में विधानसभा का चार दिन का विशेष सत्र शुरू हो रहा है और माना जा रहा है कि धामी सरकार इस बिल को पेश करेगी.
रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उनके सरकारी आवास पर हुई बैठक में कैबिनेट ने यूसीसी ड्राफ्ट को मंज़ूरी दी.
चार हिस्सों में 740 पेजों का यूसीसी का अंतिम ड्राफ्ट सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय पैनल ने तैयार किया है और इसे शुक्रवार को राज्य सरकार को सौंपा गया था.
इस ड्राफ़्ट में बहुविवाह पर रोक लगाने और सभी धर्मों में शादी की न्यूनतम उम्र समान करने जैसे सुझाव दिए गए हैं. हालांकि, जनजातीय समुदायों को इससे बाहर रखा गया है.
झारखंड के नए सीएम चंपाई सोरेन आज करेंगे बहुमत साबित, जानिए पूरा समीकरण
सोमवार को झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा. इसके लिए जेएमएम के नेतृत्व वाले महागठबंधन के विधायक रविवार रात हैदराबाद से रांची लौटे.
देर रात विधायकों का दल रांची के सर्किट हाउस पहुंचा.
इस फ्लोर टेस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी हिस्सा लेंगे.सोरेन इस समय ईडी की हिरासत में हैं लेकिन कोर्ट से मिली इजाज़त के बाद वो इस प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे. 80 विधानसभा सीटों वाले झारखंड में सरकार बनाने के लिए 41 विधायकों की ज़रूरत होगी.
रविवार रात रांची पहुंचे कांग्रेस विधायक आलमगीर आलम ने मीडिया से बात करते हुए कहा- “हम विश्वासमत भारी मतों से जीतेंगे. हमारे पास 48 विधायक हैं. ”
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो चंपाई सोरेन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्ण को जो समर्थन पत्र सौंपा है उसमें 43 विधायकों के हस्ताक्षर हैं.
महागठबंधन की सरकार में 29 विधायक जेएमएम, 17 विधायक कांग्रेस और एक-एक विधायक आरजेडी और सीपीआई(एमएल) के हैं. यानी इस गठबंधन के पास कुल 48 विधायक हैं.
विपक्षी गठबंधन में 30 विधायक हैं, जिनमें बीजेपी के 26, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के तीन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अजीत पवार के गुट से एक विधायक शामिल हैं.
कथित ज़मीन घोटाले को लेकर ईडी की हिरासत में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफ़े के बाद शुक्रवार को नए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने नए सीएम के रूप में शपथ ली. अब दो दिन बाद उन्हें फ्लोर टेस्ट देना है.