You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने की चर्चा तेज, धामी सरकार विधानसभा में ला सकती है प्रस्ताव

बताया जा रहा है कि इस पर विधानसभा में प्रस्ताव लाने के बारे में सहमति बन गई है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and दीपक मंडल

  1. उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने की चर्चा तेज, धामी सरकार विधानसभा में ला सकती है प्रस्ताव

      • Author, आसिफ़ अली
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, देहरादून से

    उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देसाई कमेटी की ओर से सौंपी गई यूनिफॉर्म सिविल कोड (समान नागरिक संहिता) के ड्राफ्ट पर चर्चा के लिए कैबिनेट की बैठक की.

    बताया जा रहा है कि इस पर विधानसभा में प्रस्ताव लाने के बारे में सहमति बन गई है. नाम न बताने की शर्त पर एक अफ़सर ने बताया, “इस बैठक में यह तय हुआ कि यूसीसी के इस प्रस्ताव को विधानसभा सत्र में लाने के लिए सहमति बनी है.''

    उत्तराखंड सरकार की ओर से बनाई गई विशेषज्ञों की समिति ने समान नागरिक संहिता या यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंप दी है.

    पांच सदस्यों की इस समिति ने शुक्रवार को यह रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें बहुविवाह पर रोक लगाने और सभी धर्मों में शादी की न्यूनतम उम्र समान करने जैसे सुझाव दिए गए हैं. हालांकि, जनजातीय समुदायों को इससे बाहर रखा गया है.

    उत्तराखंड सरकार ने सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जज रंजना प्रकाश देसाई के नेतृत्व में पांच सदस्यों की समिति का गठन किया गया था.

    राज्य विधानसभा का सत्र सोमवार को शुरू होगा और मंगलवार को वहां यूसीसी विधेयक पेश किया जा सकता है. धामी कैबिनेट की शनिवार को बैठक हुई थी, जिसमें 16 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई थी.

    लेकिन इस बैठक में यूसीसी का प्रस्ताव नहीं लाया जा सका था. जिसके बाद कहा जा रहा था कि विधानसभा सत्र शुरू होने वाले दिन ही यूसीसी के प्रस्ताव को लाया जाएगा. लेकिन रविवार शाम अचानक सरकार ने कैबिनेट बैठक कर यूसीसी प्रस्ताव लाने का फ़ैसला किया.

  2. जम्मू कश्मीर में भारी बर्फ़बारी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर बर्फ की मोटी चादर

    बीते दो दिनों से जम्मू कश्मीर में भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है और सड़कों पर बर्फ़ की मोटी चादर बिछ गई है.

    रविवार को हवाई यातायात को रोक दिया गया क्योंकि रनवे पर बर्फ़ की मोटी तह बन गई थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने भारत प्रशासित कश्मीर के ख़ूबसूरत पर्यटन स्थल गुलमर्ग का वीडियो फ़ुटेज जारी किया जिसमें दिख रहा है कि पूरा इलाक़ा बर्फ़ की मोटी परत जमी हुई है.

    जम्मू में कल रात से ही बारिश हो रही है जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है.

    गांदरबल में गगनगीर से सोनमर्ग जाने वाली सड़क पर बर्फ़ हटाने का काम चल रहा है.

    श्रीनगर के डिवीज़नल कमिश्नर विजय कुमार बिधूड़ी ने कहा कि ‘हमने बिजली आपूर्ति का अवलोकन किया है. हमारी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं. उप राज्यपाल के निर्देशों के अनुसार, हमारे अफ़सर फ़ील्ड में हैं. हालात नियंत्रण में है.’

    उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में भी रविवार को भारी बर्फ़बारी देखने को मिली. भारी बर्फ़बारी के कारण चारो ओर बर्फ़ की चादर फैल गई है.

    एएनआई की ओर से जारी तस्वीरों में गंगोत्री मंदिर और इसके आस पास बर्फ़बारी का नज़ारा देखा जा सकता है.

    उत्तराखंड के प्रसिद्ध स्नो स्पोर्ट्स स्थल चमोली के औली में भारी बर्फ़बारी से चारो ओर बर्फ़ की मोटी चादर फैल गई है.

    हिमाचल में पर्यटकों के लिए मशहूर मनाली में भी बर्फबारी ने पर्यटकों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है.

  3. बिहार के सोलह कांग्रेस विधायक हैदराबाद पहुंचे, क्या है वजह?

    बिहार के 16 कांग्रेस विधायक रविवार की शाम हैदराबाद पहुंच गए. ये सभी विधायक कल से दिल्ली में मौजूद थे.

    सोमवार को तीन और कांग्रेस विधायक हैदराबाद जाएंगे. समाचार एजेंसी पीटीआई की ओर से ट्वीट किए गए एक वीडियो में दिख रहा है कि ये विधायक हैदराबाद में बस में सवार होकर कहीं जाने की तैयारी में हैं.

    हालांकि बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा है, ''हम सभी विधायक उन्हें बधाई देने के लिए यहां हैं. हम सीएम से मिलेंगे और उन्हें बधाई देंगे.''

    बिहार विधानसभा में 12 फरवरी को शक्ति परीक्षण होना है. इससे पहले कांग्रेस अपने विधायकों को किसी भी 'खरीद-फरोख्त' के प्रयास से बचने के लिए अपने विधायकों को हैदराबाद भेजने का फैसला किया है.

  4. काले झंडे दिखाए जाने पर क्या बोले सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य

    समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले को काले झंडे दिखाए गए हैं. कौशांबी पहुंचे समाजवादी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले के आगे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए उनका विरोध किया.

    काले झंडे दिखाए जाने की घटना के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि दलितों, गरीबों और पिछड़े वर्ग के लोगों पर सदियों से हमले हो रहे हैं.

    लेकिन हमलावर को माफ करना हमारी संस्कृति रही है. मुझे उम्मीद है कि काले झंडे दिखाने वाले लोग अराजकता रास्ता छोड़ देंगे.

  5. असम में 11,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- राज्य में शांति लौट आई है

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 11,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का अनावरण करने के बाद कहा कि पिछले दस साल के दौरान राज्य में शांति लौटी है और 7,000 से ज्यादा विद्रोही हथियार डालकर मुख्यधारा में लौट आए हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "11,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद असम और पूर्वोत्तर के दक्षिण एशिया के अन्य देशों से संपर्क मजबूत होगा. इन परियोजनाओं से पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे. मोदी ने कामाख्या एक्सेस कॉरिडोर की आधारशिला रखी. इस परियोजना के बन जाने से तीर्थ यात्रियों अधिक सुविधाएं मिलेंगीं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हमारे तीर्थ, हमारे मंदिर, हमारे आस्था के स्थान, ये सिर्फ घूमने की जगह नहीं हैं. ये हमारी सभ्यता की हजारों साल की यात्रा के अमिट संकेत हैं. ये इस बात का सबूत है कि भारत किस तरह हर संकट के सामने मजबूती से खड़ा रहा."

  6. अमेरिकी हमलों के बाद हूती विद्रोहियों ने दी जवाबी हमले की चेतावनी

    अमेरिका और ब्रिटेन की ओर से हाल में यमन की 13 जगहों के 36 ठिकानों पर हमले करने के बाद हूती विद्रोहियों ने जवाबी हमले की चेतावनी दी है.

    ईरान समर्थित हूतियों के हमलों से लाल सागर में शिपिंग कंपनियों का कामकाज रुक गया है. इस मार्ग से 15 फीसदी अंतरराष्ट्रीय कारोबार होता है. अमेरिकी ने सीरिया और इराक में 85 ठिकानों पर हमला किया है.

    कथित तौर पर ईरान से समर्थन हासिल करने वाले हूती विद्रोही नवंबर के मध्य से लेकर अब तक लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय और व्यापारिक जहाज़ों पर तीस से अधिक हमले कर चुके हैं.

    इन हमलों के ख़त्म होने के कोई आसार भी नज़र नहीं आते. 23 जनवरी को संवाददाताओं से बातचीत में अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने कहा कि वो लाल सागर और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा तय करने और इन हमलों का जवाब देने के लिए कुछ और उपाय करने को तैयार हैं.

  7. दुनिया में पहली बार गैंडे में कृत्रिम गर्भाधान, इस प्रजाति के दुनिया में बचे हैं सिर्फ दो गैंडे

    उत्तरी सफेद गैंडे की प्रजाति को बचाने के लिए अब वैज्ञानिक कृत्रिम गर्भाधान का सहारा ले रहे हैं.

    धरती पर इस प्रजाति के सिर्फ दो गैंडे बचे हैं. वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में बनाए भ्रूण को मादा गैंडे के गर्भाशय में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित कर दिया है.

    पहली बार गैंडे का कृत्रिम गर्भाधान किया गया है. भ्रूण को विकसित करने के लिए उत्तरी सफेद राइनो प्रजाति से संबंधित दक्षिणी सफेद राइनो उप प्रजाति का उपयोग किया गया है.

    जर्मनी में लाइबनिज इंस्टीट्यूट फॉर ज़ू एंड वाइल्डलाइफ रिसर्च की वैज्ञानिक सुसान होल्ज़ ने कहा, "गैंडे में पहली बार भ्रूण ट्रांसफर करने में सक्षम होना एक बड़ी सफलता है."

    यह प्रजाति एक समय मध्य अफ्रीका में पाई जाती थी, लेकिन गैंडे के सींग की मांग के कारण अवैध शिकार के कारण यह विलुप्त हो गई है.

    अब इस प्रजाति की केवल दो मादा गैंडे बची हैं: नाजिन और उसकी बेटी फातू.

    इन्हें अब अफ्रीका में ओल पेजेटा नेचर रिजर्व में कड़ी सुरक्षा के तहत रखा गया है. मौजूदा वक्त में यह प्रजाति तकनीकी रूप से विलुप्त हो चुकी है क्योंकि बचे हुए दो गैंडे भी प्रजनन करने में असमर्थ हैं.

  8. रितु बाहरी बनीं उत्तराखंड की पहली महिला चीफ जस्टिस, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

    जस्टिस रितु बाहरी उत्तराखंड की पहली चीफ जस्टिस बन गई हैं.

    उन्होंने रविवार को उत्तराखंड हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस के तौर पर शपथ ली.

    रविवार को गवर्नर लेफ्टिनेंट गुरमीत सिंह (रिटायर्ड ) ने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता की.

    रितु बाहरी उत्तराखंड में चीफ जस्टिस के पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं.

    वो उत्तराखंड हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस बनने से पहले पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में जस्टिस थीं.

    पिछले साल अक्टूबर में जस्टिस विपिन सांघी के रिटायर होने के बाद उत्तराखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस का पद खाली था. जस्टिस मनोज तिवारी कार्यवाहक चीफ जस्टिस के तौर पर काम कर रहे थे.

  9. 'फर्ज़ी' वेब सिरीज़ देखकर छापे 4 लाख के नकली नोट, पुलिस ने किया गिरफ़्तार

    हैदराबाद में पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी छापने और उन्हें चलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पुलिस ने रविवार को बताया कि दोनों अभियुक्तों के पास से चार लाख रुपये से ज्यादा के नकली नोट बरामद किए गए गए हैं.

    पुलिस इंस्पेक्टर अंजनेयुलु के मुताबिक मुख्य अभियुक्त वनम लक्ष्मीनारायण ने कथित तौर पर नकली नोट छापने के लिए एक स्क्रीन प्रिंटर, ग्रीन फॉइल पेपर, जेके एक्सेल बॉन्ड पेपर, कटर और एक लेमिनेशन मशीन का इस्तेमाल किया था.

    पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों ने वेब सिरीज़ 'फर्जी' से प्रेरित होकर नकली नोट छापे और उन्हें बाजार में चलाने का काम किया.

    एएनआई के मुताबिक मुख्य अभियुक्त के कथित दोस्त एरुकला प्रणय कुमार को फल-सब्जी बाजार में 20 हजार के नकली नोट चलाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया.

    पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के पास से 500 रुपये के 810 नकली नोट जब्त किए गए हैं. इसके अलावा पुलिस ने प्रिंटर, स्कैनर और अन्य चीजें भी जब्त की हैं.

    अभियुक्त लक्ष्मीनारायण पर पहले भी धोखाधड़ी का केस दर्ज हो चुका है.

  10. लौट रहे हैं हैदराबाद भेजे गए झारखंड के विधायक, अब आगे क्या

    झारखंड में शुक्रवार को चंपाई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के 38 विधायकों को हैदराबाद भेज दिया था.

    अब ये विधायक वापस लौट रहे हैं. बसों में सवार इन विधायकों को हैदराबाद के लेवनिया रेजॉर्ट से निकलते देखा गया है.

    झारखंड मुक्ति मोर्चा को डर था कि बीजेपी विधायकों को तोड़ सकती है. लिहाजा उसने विधायकों को फ्लोर टेस्ट तक हैदराबाद के रिजॉर्ट में रखा.

    इन विधायकों को विमान से हैदराबाद भेजा गया था. सोमवार को झारखंड में फ्लोर टेस्ट होना है.

    पुलिस अधिकारी रिजॉर्ट के एंट्रेस और एग्जिट पर चौबीसों घंटे तैनात थे. विधायकों को जिन कमरों में ठहराया गया था, उसके बाहर भी पुलिसकर्मियों का पहरा था.

    कथित ज़मीन घोटाले में गिरफ़्तार झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफ़े और नए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के शपथ ग्रहण के बीच क़रीब 42 घंटों का समय रहा.

    राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), कांग्रेस और राजद की गठबंधन सरकार है. गठबंधन का दावा है कि उसके पास 47 विधायकों का समर्थन है. गुरुवार देर रात गठबंधन ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें 43 विधायकों को मौजूद दिखाया गया.

  11. फ़र्जी मार्कशीट पर मेडिकल में लिया दाखिला, 43 साल तक डॉक्टर बन करता रहा प्रैक्टिस

    गुजरात में एक शख़्स ने फ़र्जी मार्कशीट से पहले मेडिकल में दाखिला लिया और फिर एमबीबीसी की पढ़ाई और फिर 43 साल तक डॉक्टर बन कर प्रैक्टिस करता रहा.

    अहमदाबाद के उत्पल अंबुभाई पटेल 17 साल की उम्र में 12वीं की फ़र्जी मार्कशीट के आधार पर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने में सफल रहे. इसके बाद उन्होंने डॉक्टरी की पढ़ाई की और फिर पूरे लगभग 43 साल तक प्रैक्टिस करते रहे.

    हालांकि मार्कशीट संदिग्ध होने के कारण उन्हें तत्कालीन डीन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया लेकिन इस बीच वो एक दूसरे मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने में सफल रहे.

    नकली सर्टिफिकेट दिखाने के मामले में उत्पल अंबुभाई पटेल और उनके सह-अभियुक्तों के खिलाफ में आईपीसी की धारा 420, 468, 471, 380 के तहत मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में नौ मौखिक साक्ष्यों और 39 दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने माना कि अभियुक्त ने गलत मार्कशीट तैयार करके एमबीबीएस में प्रवेश लिया.

    अदालत ने अपने फैसले में कहा, “आरोपी ने प्रवेश योग्यता न होने के बावजूद एक अन्य योग्य छात्र को अवसर से वंचित करने का गंभीर कार्य किया है. यह समाज के खिलाफ कृत्य है. यह देखना अदालत का कर्तव्य है कि ऐसा मामला दोबारा न हो.”

  12. एक्स ट्रेंड में नंबर वन पर शुभमन गिल, क्या कह रहे हैं लोग?

    भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल ने शतकीय पारी खेली है.

    टेस्ट क्रिकेट में ये उनका तीसरा शतक है. गिल के इस शतक की बदौलत भारत की टीम दूसरी पारी में 255 रन बनाने में कामयाब रही और इंग्लैंड को जीत के लिए 399 रन का लक्ष्य मिला है.

    इस शतक के बाद शुभमन गिल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नंबर वन पर ट्रेंड करने लगे.

    शुभमन गिल की बल्लेबाजी पर एक्स यूजर उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक ने लिखा- आज सुबी आग उगल रहे थे, क्या खेला है!

    एक और यूजर ने लिखा- ग्लोइंग एंड ग्रोइंग.

    एक दूसरे यूजर ने लिखा- आखिरकार भारत को नंबर 3 पर खेलने वाला बल्लेबाज मिल ही गया. शुभमन गिल ने खुद को जबरदस्त तरीके से स्थापित भी किया है. वो तीन नंबर खेल कर अब राज करेंगे.

    गिल ने 132 गेंदों पर शतक बनाया. यह टेस्ट मैचों में उनका तीसरा शतक है.

    आउट होने से पहले उन्होंने 104 रन बनाए. पिछली कई पा​रियों से बेहतर प्रदर्शन की कोशिश कर रहे शुभमन गिल को आज के इस प्रदर्शन से राहत मिली होगी.

  13. महिला के बैग से निकले 130 जहरीले मेंढक, क्या था इरादा?

    कोलंबियाई पुलिस ने सोमवार को राजधानी बोगोटा के हवाई अड्डे पर एक महिला को वन्यजीव तस्करी के आरोप में गिरफ़्तार कर लिया.

    महिला के बैग में 130 जहरीले मेंढक पाए गए. ग्रे मार्केट में इस तरह के एक मेंढक की कीमत 1000 डॉलर है. कोलंबिया के अधिकारियों का कहना है कि इन मेंढकों को काफी खराब हालत में रखा गया था.

    लेकिन बैग को सुरक्षा जांच से गुजारे जाने के बाद इसमें मेंढकों का पता चला. पानी की कमी की वजह से मेंढकों की हालत अच्छी नहीं थी. गिरफ़्तार महिला ब्राजील की रहने वाली हैं और पनामा के रास्ते साओ पाउलो जा रही थीं

    महिला के मुताबिक, ये मेंढक उन्हें दक्षिणी कोलंबिया के एक समुदाय ने तोहफे में दिए थे. इन्हें हर्लेकिन फ्रॉग कहा जाता है, जो प्वाइजन डार्ट मेंढक के तौर पर भी जाने जाते हैं.

    इन मेंढकों का आकार मानव उंगली से भी छोटा होता है. उनकी त्वचा की ग्रंथियों से बेहद ख़तरनाक जहर निकलता है. स्थानीय लोग इन मेंढकों की त्वचा ग्रंथियों में इंजेक्शन लगा कर जहर खींच लेते हैं.

    इस जहर से छोटे जानवरों को मारा जा सकता है. विलुप्त प्राय श्रेणी के ये मेंढक इक्वाडोर और कोलंबिया के बीच के जंगलों में पाए जाते हैं

  14. क्राइम ब्रांच के नोटिस के बीच बोले केजरीवाल- कहते हैं बीजेपी में आ जाओ

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर केंद्र की बीजेपी सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है.

    उन्होंने दावा किया कि उन पर बीजेपी में आने के लिए दबाव बनाया जा रहा है.

    केजरीवाल ने कहा, "ये जो मर्जी षडयंत्र कर लें हमारे खिलाफ, कुछ नहीं होने वाला. मैं भी डटा हुआ हूं, इनके खिलाफ, मैं भी नहीं झुकने वाला. ये कहते हैं बीजेपी में आ जाओ, मैं कहता हूं कि बिल्कुल नहीं आऊंगा बीजेपी में. कतई नहीं आऊंगा बीजेपी में."

    "क्यों आ जाएं बीजेपी में, नहीं आते बीजेपी में. बीजेपी में चले जाओ तो सारे खून माफ. हमने कौन सा गलत काम किया, स्कूल ही तो बनवा रहे हैं. अस्पताल ही तो बनवा रहे हैं."

    केजरीवाल ने कहा,"आज ये सारे हमारे पीछे पड़े हैं. सारी एजेंसियां छोड़ दी हैं, केजरीवाल, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया के पीछे."

    इससे पहले दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने बीजेपी पर आप विधायकों की ख़रीद-फ़रोख़्त करने का आरोप लगाया था.

    इन आरोपों को बीजेपी ने ग़लत बताते हुए आम आदमी पार्टी पर कार्रवाई करने की मांग की थी. इस मामले में सबूत पेश करने और कार्रवाई में सहयोग करने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम पहले अरविंद केजरीवाल के आवास पहुंची थी और फिर आतिशी के यहां.

  15. अखिलेश यादव की शिकायत पर कांग्रेस का जवाब, राहुल की यात्रा को लेकर जताई थी नाराजगी

    कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में निमंत्रण न मिलने की शिकायत पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अखिलेश यादव को जवाब दिया है.

    उन्होंने अखिलेश यादव के बयान को पोस्ट करते हुए लिखा,"उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के विस्तृत रूट और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है. एक-दो दिन में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा."

    जयराम रमेश ने लिखा, "इसके बाद इसे राज्य में 'इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के साथ साझा किया जाएगा. उनका भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भाग लेना 'इंडिया' गठबंधन को और मज़बूत करेगा. 16 फ़रवरी की दोपहर को यात्रा के यूपी में प्रवेश करने की उम्मीद है."

    रविवार की सुबह जब मीडिया ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अन्य आयोजनों का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें तो निमंत्रण ही नहीं मिलता.

    अखिलेश ने कहा, "मुश्किल तो ये है कि कई बड़े आयोजन होते हैं, हम लोगों को निमंत्रण ही नहीं मिलता, तो अपने आप हम क्या मांगे निमंत्रण."

  16. भारत ने पाकिस्तान को हराकर डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप-1 में बनाई अपनी जगह

    भारत ने पाकिस्तान में खेले जा रहे डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप-1 प्लेऑफ​ में पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया है.

    भारत ने अभी तक खेले गए तीनों मैच जीतकर पांच मैचों के इस प्लेऑफ​ में अजेय बढ़त हासिल कर ली है. हालांकि भारत को अभी दो मैच और खेलने हैं.

    रविवार को खेले गए पुरुष युगल मैच में भारत के युकी भांबरी और साकेत माइनेनी ने पाकिस्तान के अक़ील ख़ान और मुज़म्मिल मुर्तज़ा को 6-2, 7-6(5) से हराया.

    इस जीत के ​साथ ही भारत ने वर्ल्ड ग्रुप-1 में प्रवेश कर लिया है. इसके मैच इस साल सितंबर में खेले जाएंगे.

    भारत ने पिछले साल सितंबर में अपने देश में खेले गए मैचों में मोरक्को को 4-1 से हराकर वर्ल्ड ग्रुप -1 के प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई किया था.

    शनिवार को खेले गए सिंगल्स मुक़ाबलों में रामकुमार रामनाथन और एन श्रीराम बालाजी ने अपने अपने मैच जीतकर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई

  17. विशाखापत्तनम टेस्ट की दूसरी पारी में शुभमन गिल का शतक, भारत की स्थिति मज़बूत

    शुभमन गिल के शानदार शतक के दम पर भारतीय टीम इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बेहतर स्थिति में पहुंच गई है.

    भारतीय टीम का स्कोर अब पांच विकेट के नुकसान पर 211 रन हो गया है. इस तरह टीम की बढ़त कुल 354 रन की हो गई है.

    गिल ने 132 गेंदों पर शतक बनाया. यह टेस्ट मैचों में उनका तीसरा शतक है. आउट होने से पहले उन्होंने 104 रन बनाए.

    अभी अक्षर पटेल (38 रन) और विकेटकीपर एस भरत खेल रहे हैं.

    पिछले कई पा​रियों से बेहतर प्रदर्शन की कोशिश कर रहे शुभमन गिल को आज के इस प्रदर्शन से राहत मिली होगी.

    अभी तीसरे दिन के लंच के बाद दूसरे घंटे का खेल चल रहा है.

  18. बिहार में सरकार बनाने के बाद दिल्ली पहुंचे राज्य के दोनों डिप्टी सीएम, क्या बोले

    बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनने के बाद बीजेपी कोटे के दोनों डिप्टी सीएम रविवार को दिल्ली पहुंचे हैं.

    दिल्ली आकर सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने बिहार के बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाक़ात की है.

    राजनाथ सिंह से मुलाक़ात के बाद सम्राट चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने बिहार के विकास में सहयोग के रूप में इन लोगों का मार्गदर्शन लिया है.

    उन्होंने कहा, ''राजनाथ ​जी ने मार्गदर्शन किया है. उनसे पार्टी संगठन से लेकर बिहार के विकास पर मार्गदर्शन लिया है."

    वहीं विजय सिन्हा ने झारखंड के विधायकों को हैदराबाद ले जाने के बहाने कांग्रेस की आलोचना की है.

    उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वो विधायकों को बंधुआ मजदूर बना रही है.

    उन्होंने कहा, ''कांग्रेस के लोग भयभीत हैं, डरे हुए हैं. वो विधायकों पर विश्वास नहीं करते, विधायकों का अपमान करते हैं. कांग्रेस को विधायकों को बंधुआ मजदूर बनाने वाली मानसिकता से मुक्त होना चाहिए.''

    विजय सिन्हा के अनुसार, ''विधायक जनता के जनादेश को लेकर आता है और विधायक को अपना निर्णय करने का अधिकार होना चाहिए. विधायकों को बांधकर रखना कतई उचित नहीं है.''

    रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों नेताओं के पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं से भी मिलने का कार्यक्रम है.

  19. सीएम केजरीवाल के बाद अब आतिशी के घर पहुंची क्राइम ब्रांच, क्या है पूरा मामला?

    दिल्ली में सरकार बनाने के ​लिए बीजेपी पर आप विधायकों की ख़रीद फ़रोख़्त करने का आरोप लगाने वाली मंत्री आतिशी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नोटिस भेजा है.

    हालांकि क्राइम ब्रांच की टीम जब आतिशी के आवास पर पहुंची, तो वो वहां नहीं थीं. ऐसे में कुछ देर इंतज़ार करने के बाद अधिकारियों ने मंत्री आतिशी के ओएसडी को यह नोटिस सौंपा है.

    इस बीच आतिशी और राघव चड्ढा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर पहुंचे हैं.

    क्या है मामला?

    पिछले सप्ताह आतिशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी पर आरोप लगाया था कि दिल्ली में सरकार बनाने के ​लिए आम आदमी पार्टी के 21 विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है.

    उन्होंने ये भी कहा था कि आम आदमी पार्टी के सात विधायकों से संपर्क कर, उन्हें 25-25 करोड़ रुपए की पेशकश की गई थी.

    इन आरोपों को बीजेपी ने ग़लत बताते हुए आम आदमी पार्टी पर कार्रवाई करने की मांग की थी.

    बीजेपी का आक्रामक रुख़

    दिल्ली बीजेपी के सचिव हरीश खुराना ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "झूठ बोला है तो उसका जवाब तो देना ही होगा फिर चाहे वो अरविंद केजरीवाल हों या आतिशी हो. अब नहीं चलने वाला कि आप आरोप लगाए और भाग जाएं."

    "जिस तरह से अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने बीजेपी पर आरोप लगाए कि हम लोग आम आदमी पार्टी के विधायकों को ख़रीदना चाहते हैं और लोटस-2 करना चाहते हैं. लोटस-1 में भी आपने यही आरोप लगाए थे."

    "बीजेपी का हर व्यक्ति एक बात पूछ रहा है कि वे कौन से विधायक हैं, जिन्हें बीजेपी ख़रीदना चाहती है. उनके नाम बताइए और बीजेपी के जो व्यक्ति खरीद रहे हैं उनके नाम भी बता दीजिए. अब नहीं चलने वाला. अब आपको नाम बताने होंगे नहीं तो क़ानून का सामना करना होगा."

    वहीं बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कहा, "अरविंद केजरीवाल और उनके गुर्गे सिर्फ़ भ्रष्टाचार ही नहीं करते, भगोड़े भी हो गए हैं... अगर आपके आरोप निराधार नहीं हैं और यदि आपके पास सबूत हैं, तो सबूत दीजिए और पुलिस जांच में सहयोग कीजिए. सभी को बताइए कि कैसे और किस विधायक को लालच दिया जा रहा था."

  20. यूपी एटीएस ने विदेश मंत्रालय के कर्मचारी को किया गिरफ्तार, पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप

      • Author, अनंत झणाणें
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ से

    यूपी एटीएस ने विदेश मंत्रालय में तैनात एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है.

    एजेंसी का दावा है कि सत्येंद्र सिवाल नाम के इस स्टाफ पर पाकिस्तान की सबसे बड़ी इंटेलिजेंस सेवा आईएसआई के लिए काम करने का आरोप है.

    यूपी एटीएस के मुताबिक सत्येंद्र मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास में तैनात थे, वे मूल रूप से हापुड़ के रहने वाले हैं. सत्येंद्र 2021 से इंडिया बेस्ड सिक्योरिटी असिस्टेंट IBSA के पद पर तैनात हैं.

    दावा है कि सत्येंद्र हैंडलर का काम कर रहे थे और वे भारत के दूतावास, रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और भारतीय सैन्य इंस्टीट्यूट की महत्वपूर्ण गोपनीय सूचना बाहर भेज रहे थे.

    यूपी एटीएस के प्रेस नोट के मुताबिक जब एटीएस मेरठ यूनिट ने सत्येंद्र से पूछताछ की तो उन्होंने जासूसी की बात कबूल की है.

    एजेंसी ने सत्येंद्र के पास से दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक पहचान पत्र और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं.