You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान के दो नागरिकों की हत्या करवाने के आरोपों पर भारत ने दिया ये जवाब

दो पाकिस्तानी नागरिकों की हत्या करवाने के पाकिस्तान के आरोपों पर भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. केजरीवाल बोले- भगवान राम भेदभाव नहीं करते थे लेकिन आज...

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि भगवान राम भेदभाव नहीं करते थे लेकिन हमारा समाज आज पूरी तरह बँटा हुआ है.

    दिल्ली के गणतंत्र दिवस समारोह में भाषण देते हुए गुरुवार को केजरीवाल ने कहा, “22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई, ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है. दिल्ली सरकार राम राज्य से प्रेरणा लेते हुए चलाई है. हमारा फोकस सबके लिए अच्छी शिक्षा और अच्छे स्वास्थ्य पर रहता है. ”

    उन्होंने प्रधानमंत्री के उस बयान का भी ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने भारत को पांच ट्रिलियन की इकॉनमी बनाने की बात कही थी.

    केजरीवाल ने कहा, “देश को पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाना है लेकिन चार ट्रिलियन अगर एक आदमी के पास हो और 140 करोड़ के पास सिर्फ़ एक ट्रिलियन ही हो तो इस विकास का क्या मतलब होगा. "

    "75 सालों में गरीब और गरीब होता गया और अमीर और भी अमीर होता गया.”

  2. अयोध्या के श्रीराम मंदिर को पहले दिन मिला 3.17 करोड़ दान

    अयोध्या के श्रीराम मंदिर में दूसरे दिन भी बड़ी तादाद में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे.

    2.5 लाख से अधिक श्रद्धालु बुधवार को श्रीराम मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे.

    वहीं पहले दिन, 23 जनवरी को जब ये मंदिर पहली बार आम लोगों के लिए खोला गया तो यहां 3.17 करोड़ रुपये का दान मिला.

    राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने कहा कि समारोह के बाद खोले गए 10 काउंटरों पर और ऑनलाइन मोड के ज़रिए एक दिन में कुल 3.17 करोड़ रुपये का दान मिला है.

    राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान में जिला मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार ने बताया कि “प्रतिष्ठा समारोह के बाद दूसरे दिन बुधवार को रात 10 बजे तक 2.5 लाख से अधिक भक्तों ने मंदिर में दर्शन किए.”

    वहीं पहले दिन पांच लाख लोगों ने दर्शन किए थे.

  3. रोहन बोपन्ना-मैथ्यू एबडेन की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंची

    भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंच गयी है.

    उन्होंने चेक गणराज्य के टेनिस खिलाड़ी टॉमस मख़ाच और चीन के जैंग ज़िझेन को सेमीफ़ाइनल मुकाबले में हराया है.

    तीन मैचों के सेट में रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन की जोड़ी ने टॉमस मख़ाच और जैंग ज़िझेन को 6-6, 3-6 और 7-6 (10-7) से हराया.

    इससे पहले जब रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन की जोड़ी ने सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालीफ़ाई किया था तभी वो मेन्स डबल्स की रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-वन बन गए थे.

  4. मैरी कॉम ने बॉक्सिंग छोड़ने की ख़बरों पर क्या कहा

    बॉक्सर मैरी कॉम ने अपने संन्यास लेने की खबरों का खंडन करते हुए कहा है कि मैंने ऐसा कोई एलान नहीं किया, मेरे बयान को ग़लत तरह से पेश किया गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए मैरी कॉम ने इस दावे का खंडन किया.

    छह बार विश्व चैंपियन रहीं मैरी कॉम को लेकर कई मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि बुधवार को उन्होंने बॉक्सिंग छोड़ने का एलान कर दिया है.

    मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि इंडियन बॉक्सिंग असोसिएशन के नियमों के अनुसार बॉक्सर एलिट-लेवल कॉम्पीटिशन का हिस्सा 40 साल की उम्र तक ही रह सकते हैं. इस नियम के कारण मैरी कॉम को संन्यास करना पड़ेगा.

  5. इंग्लैंड ने टॉस जीत कर किया बैटिंग का फ़ैसला, जानें कौन हैं भारत के प्लेइंग इलेवन में

    भारत और इंग्लैंड के बीच राजीव गांधी स्टेडियम में टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया है.

    भारत के प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज

    इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पॉप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जैक लीच

  6. ऑस्ट्रेलिया में चार भारतीयों की मौत, उच्चायोग ने दी जानकारी

    ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में फिलिप द्वीप के समुद्र तट पर डूबने के एक हादसे में चार भारतीयों की मौत हो गई है.

    ऑस्ट्रेलिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने गुरुवार को ये जानकारी दी है.

    भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर लिखा-“ ऑस्ट्रेलिया मे दिल तोड़ देने वाली घटना, विक्टोरिया के फिलिप द्वीप में डूबने की घटना में चार भारतीयों की मौत हुई है, पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं. हम पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं.”

  7. मालदीव के नेताओं ने दिया भारत को खुल कर समर्थन, कहा- मुइज़्ज़ू सरकार के ‘भारत विरोधी’ रुख़ से होगा नुकसान

    मालदीव की दो विपक्षी पार्टियों के मुख्य नेताओं ने भारत को ‘सबसे लंबे समय का साथी’ बताते हुई मुइज़्ज़ू सरकार के ‘भारत विरोधी’ रुख़ पर चिंता जतायी है.

    मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) और डेमोक्रेट्स - दोनों पार्टियों का भारत के लिए ये खुला समर्थन ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले नई मालदीव सरकार ने हिंद महासागर में चीन के रिसर्च और सर्वे वाली जहाज़ को मालदीव के पोर्ट पर डॉक करने की अनुमति दी है.

    मालदीव की सरकार का चीन की जहाज़ को डॉक करने की इजाज़त देने का ये फ़ैसला ऐसे समय लिया गया है जब भारत और मालदीव के बीच तनाव चल रहा है.

    जनवरी में राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने चीन का राजकीय दौरा किया था और ये उनका पहला राजकीय दौरा था, जबकि आमतौर पर मालदीव के राष्ट्रपति पहला राजकीय दौरा भारत का करते हैं.

    मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष और देश के पूर्व मंत्री फ़याज़ स्माइल, संसद के डिप्टी स्पीकर अहमद सलीम सडेमेक्रेट पार्टी के अध्यक्ष हसन लतीफ़ और संसदीय समूह के अध्यक्ष अली अज़ीम ने एक साझी प्रेस कॉन्फ्रेंस की और भारत के साथ मालदीव सरकार के रुख़ पर अपनी चिंता ज़ाहिर की.

    नेताओं ने कहा- “ऐसा लगता है कि वर्तमान सरकार भारत विरोधी रुख अपना रही है. एमडीपी और डेमोक्रेट दोनों का मानना है कि विकास के भागीदार और खास कर देश के सबसे पुराने सहयोगी को अलग करना देश के दीर्घकालिक विकास के लिए बुरा साबित होगा."

    "देश की सरकार को मालदीव के लोगों के फ़ायदे और विकास के लिए सभी भागीदारों के साथ काम करना चाहिए,जैसा कि मालदीव पारंपरिक रूप से करता आया है.”

  8. आज जयपुर पहुंचेंगे फ़्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, पीएम मोदी ले जाएंगे आमेर किला-जंतर मंतर

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इस साल गणतंत्र दिवस पर भारत के मुख्य अतिथि हैं. गुरुवार को वो दो दिवसीय दौरे पर भारत आएंगे और जयपुर से इस दौरे का आगाज़ होगा.

    पीआईबी की प्रेस रिलीज़ के अनुसार, गुरुवार को शाम 5.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का जयपुर में स्वागत करेंगे और उन्हें आमेर किला, जंतर-मंतर जैसी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जगहों पर ले कर जाएंगे.

    जयपुर में मैंक्रों से मिलने से पहले प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 19 हज़ार करोड़ की लागत वाले कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे.

    गुरुवार की देर शाम मैक्रों दिल्ली पहुंचेंगे और फिर शुक्रवार को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद फ़्रेंच राष्ट्रपति भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने राष्ट्रपति भवन जाएंगे, जहां उनके लिए भोज का आयोजन किया जाएगा.

    राष्ट्रपति मैक्रों के दौरे से पहले जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आमेर किला और जंतर-मंतर गए और तैयारियों का जायज़ा लिया.

    राष्ट्रपति मैक्रों साल 2018 में राजकीय दौरे पर भारत आ चुके हैं. इसके बाद साल 2023 में हुई जी20 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेने के लिए वो भारत आए थे.

  9. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    24 जनवरी, 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.