You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस का आरोप- यूक्रेन ने मार गिराया सैन्य विमान, अब तक क्या-क्या पता है?

रूसी अधिकारियों ने बताया कि इसमें 65 यूक्रेनी युद्धबंदी के साथ तीन गार्ड और चालक दल के छह सदस्य सवार थे.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. रूस का आरोप- यूक्रेन ने मार गिराया सैन्य विमान, अब तक क्या-क्या पता है?

    रूसी सेना का एक विमान दक्षिणी बेलगोरोद इलाक़े में यूक्रेन के साथ लगती सीमा पर क्रैश हो गया.

    रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इल्यूशिन-76 नाम के इस सैन्य परिवहन विमान पर क़रीब 74 लोग सवार थे, जिनकी मौत हो गई है.

    मॉस्को ने यूक्रेन पर जानबूझकर इस विमान को मार गिराने का आरोप लगाया है.

    इस विमान पर 65 यूक्रेन युद्धबंदी सवार थे, जिन्हें अदला-बदली के लिए ले जाया रहा था. ये विमान याबलोनोव नाम के गांव के समीप गिरा. एक वीडियो में ये विमान नीचे गिरता हुआ दिखा है.

    रूसी अधिकारियों ने बताया कि इसमें 65 यूक्रेनी युद्धबंदी के साथ तीन गार्ड और चालक दल के छह सदस्य सवार थे.

    बीबीसी वेरिफ़ाई ने की वीडियो की पुष्टि

    रूस में जो सैन्य विमान क्रैश हुआ है, उसके वीडियो के सही होने की बीबीसी वेरिफ़ाई ने पुष्टि की है.

    बीबीसी ने पाया है कि यह रूस का विमान इल-76 ही है. क्रैश का वीडियो नया है और इसे बेलगोरोद प्रांत में याबलोनोवो गांव में फ़िल्माया गया है.

    बीबीसी वेरिफ़ाई ने क्रैश के वीडियो को बारीक़ी से देखा तो उसमें नीले रंग की इमारत और एक चर्च नज़र आया.

    गूगल मैप्स पर स्ट्रीट व्यू की मदद से इन जगहों का मिलान किया गया तो ये याबलोनोवो गांव के ही पाए गए.

    यूक्रेन ने आधिकारिक तौर पर अभी इस पर कोई बयान नहीं दिया है मगर एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि वो इस पर बाद में टिप्पणी करेंगे क्योंकि जानकारियों की पुष्टि होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

    यूक्रेन के अधिकारियों ने मीडिया और नागरिकों से अपील की है कि वो इस बारे में किसी तरह की धारणा बनाने से बचें क्योंकि फ़िलहाल वो इसकी जांच कर रहे हैं.

    बीबीसी अभी स्वतंत्र रूप से इस बात की पुष्टि नहीं कर सकता कि विमान में सवार लोग कौन थे और किस वजह से ये दुर्घटना हुई.

    हालांकि, वीडियो देखने वाले विशेषज्ञों ने बीबीसी वेरिफ़ाई को बताया है कि शुरुआती सबूतों से ऐसा प्रतीत होता है कि विमान को मार गिराया गया है.

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उनके रडार ने यूक्रेन से दो मिसाइल लॉन्च किए जाने का पता लगया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि इस विमान को यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने मार गिराया है.

  2. इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज ने खुद को ज्ञानवापी केस से किया अलग

    इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज मनीष कुमार ने ज्ञानवापी मस्जिद के वुज़ूखाने का आर्कियोलॉजिकल सर्वे करने की मांग वाले केस से खुद को अलग कर लिया है.

    वाराणसी की ज़िला अदालत ने सर्वे की मांग को ख़ारिज कर दिया था, जिसके बाद इस फ़ैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई.

    अब ये मामला हाईकोर्ट के पास है.

    कोर्ट ने कहा है कि चीफ़ जस्टिस इस केस में 31 जनवरी तक नए जज की नियुक्ति करेंगे, इसी दिन केस की अगली सुनवाई की जाएगी.

    ये याचिका राखी सिंह ने दायर की है. राखी सिंह श्रृंगार गौरी की पूजा के मामले में भी याचिकाकर्ता हैं, ये मामला वराणसी ज़िला कोर्ट में है.

    21 अक्टूबर 2023 को वाराणसी ज़िला अदालत ने इस याचिका को खारिज किया था.

    याचिका में कहा गया है कि ज्ञानवापी मस्जिद के परिसर में श्रृंगार गौरी और कुछ अन्य देवी-देवता मौजूद हैं और एएसआई से सर्वे करवाकर पूरे मामले को सुलझाया जाए.

  3. अंतरिम बजट 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने हलवा समारोह के साथ दिया तैयारियों को अंतिम रूप

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में 2024 के अंतरिम बजट की तैयारियों का अंतिम चरण हलवा समारोह के साथ शुरू हो गया.

    हर साल बजट तैयारी की "लॉक-इन" प्रक्रिया शुरू होने से पहले एक पारंपरिक हलवा समारोह आयोजित किया जाता है.

    अंतरिम केन्द्रीय बजट 2024 1 फरवरी, 2024 को पेश किया जाना है. 2024 का बजट भी कागज रहित होगा.

    बजट के सभी डॉक्यूमेंट्स "केंद्रीय बजट मोबाइल ऐप" पर मौजूद रहेंगे.

  4. पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक, क्या अहम फ़ैसले हुए?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 24 जनवरी को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई.

    इस बैठक में कई अहम फ़ैसले लिए गए जिसमें आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) के क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत और ओमान के बीच एक एमओयू को मंजूरी दी गई.

    इस एमओयू का उद्देश्य सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आपसी सहयोग, सूचनाओं को साझा करने और निवेश के माध्यम से संबंधित पक्षों के बीच व्यापक सहयोग को बढ़ावा देना है.

    कैबिनेट ने तीन श्रेणियों में कोयला गैसीकरण परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए पीएसयू और निजी क्षेत्र की कोयला/लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं को मंजूरी दी.

    तीन श्रेणियों में इसके लिए वित्तीय सहायता के रूप में 8,500 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.

    इस बैठक में भारत और डोमिनिकन गणराज्य के बीच संयुक्त आर्थिक एवं व्यापार समिति (जेईटीसीओ) की स्थापना से संबंधित प्रोटोकॉल को भी मंजूरी दी गई.

    मौजूदा समय में, भारत और डोमिनिकन गणराज्य के बीच व्यापार एवं वाणिज्य से संबंधित कोई द्विपक्षीय संस्थागत व्यवस्था नहीं है.

    भारत मुख्य रूप से डोमिनिकन गणराज्य से सोना आयात करता है और उन्हें फार्मास्यूटिकल्स, समुद्री उत्पाद, मोटर वाहन, दोपहिया एवं तिपहिया वाहन आदि का निर्यात करता है.

  5. ज्ञानवापी: कोर्ट ने सभी पक्षों को एएसआई सर्वे रिपोर्ट की कॉपी देने का दिया आदेश

      • Author, उत्पल पाठक, वाराणसी से
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    वाराणसी के ज़िला जज अजय कृष्णा विश्वेश ने ज्ञानवापी की एएसआई सर्वे की रिपोर्ट मामले से जुड़े सभी पक्षों को सौंपने के आदेश दिए हैं.

    अपने आदेश में अदालत ने कहा, "इस वाद में दोनों पक्षों को एएसआई की सर्वे रिपोर्ट की सील्ड कवर खोल कर कॉपी दी जाए ताकि वो रिपोर्ट का अध्ययन कर अपनी आपत्तियां दाखिल कर सकें. ऐसा करना न्याय के हित में होगा."

    इस मामले में हिन्दू पक्ष के वकील अनुपम द्विवेदी के मुताबिक़ एएसआई की रिपोर्ट कई सौ पन्नों की है और सभी पक्षों को इसकी सर्टिफाइड कॉपी दी जाएगी ना की कोई सॉफ्ट कॉपी.

    गौरतलब है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग एएसआई ने 18 दिसंबर को ज्ञानवापी परिसर में चार माह तक चले सर्वे करने के बाद सील बंद सर्वे रिपोर्ट वाराणसी की जिला अदालत में जमा की थी.

    जिसके बाद हिन्दू पक्ष ने अदालत में रिपोर्ट की कॉपी हासिल करने के लिए अर्ज़ी डाली थी और कहा था कि सभी वादी पक्षों को एएसआई की रिपोर्ट के अध्ययन का अधिकार है.

    वहीं मस्जिद प्रबंधन अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी का कहना था कि रिपोर्ट सार्वजनिक न की जाए और यदि सर्वे रिपोर्ट वादिनी महिलाओं को दी जाती है तो उनके वकीलों को भी उसकी एक प्रति उपलब्ध कराई जाए.

    एएसआई ने सर्वे की रिपोर्ट को चार सप्ताह तक नहीं खोलने व सार्वजनिक नहीं करने की मांग करते हुए तीन जनवरी को अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था. जिसे छह जनवरी को अदालत ने स्वीकार कर लिया था.

  6. दिनभर: ममता की धमकी के बाद बिखर जाएगा 'इंडिया' गठबंधन?

  7. चीन: दुकान में आग लगने से 39 लोगों की मौत, वीडियो में इमारत से कूदते दिखे लोग

    चीन के जियांगशी प्रांत में एक दुकान में लगी आग में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई.

    मीडिया में आई ख़बरों में बताया गया है कि बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर में शिन्यू शहर की एक इमारत में आग लग गई.

    आपात सेवा के कई कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया है. राहत और बचाव अभियान जारी है.

    कई लोगों के इस घटना में घायल होने की भी ख़बर है. कुछ दिन पहले ही चीन के हेनान प्रांत में एक स्कूल की डॉरमेट्री में आग लगने से 13 बच्चों की मौत हो गई थी.

    ग्लोबल टाइम्स ने इस घटना का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें लोग इमारत से नीचे कूदते दिखे हैं.

  8. असम के सीएम को पीएम मोदी रिमोट से कंट्रोल करते हैं: राहुल गांधी

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह रिमोट से कंट्रोल करते हैं.

    भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उन्होंने बीजेपी पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा, " बीजेपी ने हमारी यात्रा के दौरान हिंसा की, लेकिन हम हिंसा नहीं करेंगे. हिंसा को हिंसा से नहीं काटा जा सकता है, हिंसा को सिर्फ मोहब्बत से काटा जा सकता है. असम मोहब्बत और भाईचारा का प्रदेश है."

    उन्होंने एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री को देश का सबसे भ्रष्ट सीएम होने का आरोप लगाते हुए कहा, " देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री असम का है. आप का मुख्यमंत्री आपसे हर चीज में पैसे लेता है."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' इन दिनों असम से होकर गुज़र रही है, लेकिन पिछले दो दिनों से यहां टकराव की स्थिति बनती नज़र आ रही है.

    यात्रा का अगला पड़ाव पश्चिम बंगाल है.

  9. कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने पर तेजस्वी यादव ने क्या कुछ कहा?

    बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि केंद्र सरकार को जाति जनगणना के नतीजे देखने के बाद कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देना पड़ा.

    पटना में कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती के कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने कहा, “हमारी ये बहुत पुरानी मांग रही है. जब प्रधानमंत्री विधानसभा के प्रांगण में आए थे, तो भी हमने ये मांग रखी थी.”

    “ये गर्व की बात है कि पिछड़ों-वंचित समाज के सबसे बड़े पैरोकार, समाजवादी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न मिला है. लेकिन कहीं ना कहीं पॉलिटिकली ये भी देखा जाएगा कि हमने जातिगत जनगणना कराई और जो नतीजे आए उसके बाद उन्हें ये फ़ैसला लेना पड़ा. कोई भी वजह हो भारत रत्न मिला है तो हम उससे बहुत खुश हैं.”

    मंगलवार को भारत सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजिक न्याय की नीतियों के लिए जाने जाने वाले नेता कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ सम्मान से सम्मानित करने का एलान किया है.

    ये देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है.

    कर्पूरी ठाकुर ने बिहार में पिछड़ों की राजनीति बदली, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के लिए उन्होंने राज्य का उप मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री रहते हुए बहुत काम किया.

    उन्हें ‘जननायक’ भी कहा जाता है.

  10. रूस ने यूक्रेन पर सैन्य विमान गिराने का लगाया आरोप

    रूस के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन पर सैन्य विमान गिराने का आरोप लगाया है.

    रूस का एक सैन्य विमान इल्यूशिन-76 यूक्रेन की सीमा से लगे बेलगोरोद क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. स्थानीय गर्वनर व्याचेस्लाव ग्लादकोव ने बताया कि वुमान कोरोचानस्की जिले में क्रैश हुआ.

    उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल की घेराबंदी कर ली गई है और जांच जारी है.

    इस विमान में कुल 74 लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई.

    सरकारी समाचार एजेंसी तास ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने इसे 'नृशंस' बताया है. बीबीसी अभी स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं कर सकता है.

    बीबीसी संवाददाता स्टीव रोज़नबर्ग ने बताया है कि इस विमान पर 65 यूक्रेन युद्धबंदी सवार थे, जिन्हें अदला-बदली के लिए ले जाया रहा था.

    इस विमान पर छह क्रू मेंबर और तीन सहायक भी मौजूद थे.

  11. एनसीपी नेता रोहित पवार से ईडी की पूछताछ, सुप्रिया सुले क्यों बोलीं- सरकार के आंकड़े देखिए

    शरद पवार गुट की एनसीपी के नेता रोहित पवार से बुधवार को ईडी ने पूछताछ की है.

    ये पूछताछ महाराष्ट्र स्टेट कॉपरेटिव बैंक से जुड़े कथित घोटाले मामले में हुई है.

    रोहित पवार के साथ ईडी दफ़्तर के बाहर तक एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले और पार्टी के दूसरे नेता भी मौजूद रहे.

    सुप्रिया सुले ने ईडी दफ़्तर के बाहर पत्रकारों से कहा, ''मैं सिर्फ़ आंकड़ों को रखूंगी जो भारत सरकार ने संसद में पूछे सवाल के जवाब में बताए थे. आयकर विभाग, सीबीआई और ईडी के 95 फ़ीसदी मामले विपक्षी दलों के नेताओं पर दर्ज हैं. ऐसे में मेरे कहने को कुछ बचता नहीं है.''

    सुप्रिया बोलीं- सत्यमेव जयते.

    सुप्रिया सुले कहती हैं, ''जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए. मुझे ईडी पर पूरा भरोसा है और मुझे यक़ीन है कि वो रोहित का पक्ष भी सुनेंगे. हम सभी एजेंसियों के साथ पूरी तरह से सहयोग करेंगे क्योंकि हमारे पास छिपाने को कुछ नहीं है.''

  12. ममता बनर्जी को यात्रा के दौरान लगी चोट

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चोट लगने की ख़बर आई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, अधिकारियों ने बताया है कि दूसरे वाहन से टक्कर को रोकने के लिए अचानक लगी ब्रेक से उन्हें चोट आई.

    वो वर्धमान से कोलकाता लौट रही थीं.

  13. बीजेपी वी डी सावरकर को भारत रत्न देने से क्यों भाग रही है: संजय राउत

    शिवसेना (यूबीटी) ने हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर को भारत रत्न नहीं देने के लिए बीजेपी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना की है.

    यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्य सभा सांसद संजय राउत ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न सम्मान देने को राजनीतिक कदम करार दिया है.

    राउत ने कहा कि जबसे केंद्र में (2014 से) नरेंद्र मोदी की सरकार आई है तब से 11 लोगों को भारत रत्न दिया गया है लेकिन इसमें सावरकर का नाम नहीं है.

    राउत ने कहा, "हमारा रुख अब भी यही है कि वीर सावरकर को भारत रत्न दिया जाना चाहिए. कर्पूरी ठाकुर ओबीसी नेता थे और हम खुश हैं कि उनका नाम भारत रत्न देने के लिए चुना गया."

    हालांकि राउत ने इस कदम पर सवाल उठाते हुए कहा, "बीजेपी का हर कदम स्वार्थ से भरा है. स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान देने वाले महत्वपूर्ण लोगों को सम्मानित किया जा चुका है लेकिन सावरकर को अब तक भारत रत्न नहीं? बीजेपी उन्हें भारत रत्न देने से क्यों भाग रही है?"

  14. ममता के बाद अब भगवंत मान कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर बोले- कितनी बार कहलवाओगे मुझसे...

    इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच दूरियां देखने को मिल रही हैं.

    पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने राज्य में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही. अब पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बुधवार को प्रेस वार्ता में इस बारे में प्रतिक्रिया दी है.

    आम आदमी पार्टी, टीएमसी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं.

    भगवंत मान से जब इस बारे में पूछा गया तो वो बोले- ''कितनी बार कहलवाओगे मुझसे. देश में पंजाब बनेगा हीरो. 2024 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के पक्ष में 13-0.''

    पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं.

    इससे पहले भी भगवंत मान कई बार पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कर चुके हैं.

    जब भगवंत मान से ममता बनर्जी के बारे में पूछा गया तो वो बोले- ''हो सकता है कि उनके साथ कोई बातचीत चल रही हो. पर पंजाब में हम ऐसा कुछ नहीं करने वाले.''

    ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा, '' हमारी पार्टी इस सिद्धांत पर चल रही है कि हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे.''

    ममता बोलीं, ''वो आज बंगाल में यात्रा कर रहे हैं, हम 'इंडिया' गठबंधन में हैं, उन्होंने हमें ये तक नहीं बताया है कि दीदी आपके राज्य में आ रहे हैं. पश्चिम बंगाल को लेकर मुझसे कोई बातचीत नहीं हुई है. बाकी राज्यों में क्या करेंगे इसके बारे में बाद में सोचेंगे लेकिन हम सेक्युलर पार्टी हैं और बंगाल में अकेले बीजेपी से लड़ सकते हैं.''

    इसके बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा,''आपने ममता जी का पूरा बयान नहीं पढ़ा. ममता जी का पूरा बयान है कि हम बीजेपी को हराना चाहते हैं. बीजेपी को हराने के लिए कोई कदम पीछे नहीं लेंगे. उसी भावना के साथ हम पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं.''

    वो बोले, ''जब आप लंबा सफर कर रहे हैं तो रास्ते में कभी कभी स्पीड ब्रेकर आ जाते हैं, कभी-कभी लाल बत्ती आ जाती है. स्पीड ब्रेकर को हम पार करते हैं. इसका मतलब ये नहीं है कि हम सफर से पीछे हट जाएं. स्पीड ब्रेकर को हम पार करते हैं. लाल बत्ती हरी बत्ती बन जाती है.''

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन के पास रूसी सेना का विमान क्रैश, कम से कम 65 लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट

    रूस का एक सैन्य विमान इल्यूशिन-76 यूक्रेन की सीमा से लगे बेलगोरोद क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.

    रूस की मीडिया में रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया जा रहा है कि इस विमान में सवार कम से कम 65 लोगों की मौत हो गई है.

    रिया नोवोस्ती समाचार एजेंसी ने बताया कि इस विमान में यूक्रेन के आर्म्ड फ़ोर्सेज के पकड़े गए कर्मी भी थे.

    क्षेत्रीय गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लादकोव ने बताया कि उन्हें इस 'घटना' की जानकारी है लेकिन उन्होंने आगे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी. सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे वीडियो में विमान नीचे की तरफ़ गिरता हुआ दिख रहा है.

    रूस के राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि क्रेमलिन को दुर्घटना की जानकारी है लेकिन उन्होंने इसके बारे में विस्तृत जानकारी देने से मना कर दिया.

  16. लोकसभा चुनावों में ममता के अकेले लड़ने के बयान पर कांग्रेस बोली- लंबे सफर में स्पीड ब्रेकर आ जाते हैं

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बुधवार को लोकसभा चुनावों में टीएमसी के अकेले लड़ने की बात कही.

    टीएमसी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं. मगर ममता के बयान से कांग्रेस के प्रति नाराज़गी देखने को मिली.

    इसके बाद कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और ममता बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया दी.

    जयराम रमेश ने कहा, ''आपने ममता जी का पूरा बयान नहीं पढ़ा. ममता जी का पूरा बयान है कि हम बीजेपी को हराना चाहते हैं. बीजेपी को हराने के लिए कोई कदम पीछे नहीं लेंगे. उसी भावना के साथ हम पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं. जब आप लंबा सफर कर रहे हैं तो रास्ते में कभी कभी स्पीड ब्रेकर आ जाते हैं, कभी-कभी लाल बत्ती आ जाती है. स्पीड ब्रेकर को हम पार करते हैं. इसका मतलब ये नहीं है कि हम सफर से पीछे हट जाएं. स्पीड ब्रेकर को हम पार करते हैं. लाल बत्ती हरी बत्ती बन जाती है.''

    ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा, ''मेरी किसी से कोई बात नहीं हुई है, हमारी पार्टी इस सिद्धांत पर चल रही है कि हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे.''

    जयराम रमेश बोले, ''कल यही सवाल राहुल गांधी से पूछा गया था. राहुल जी ने साफ जवाब दिया कि ममता बनर्जी की टीएमसी इंडिया गठबंधन का अहम हिस्सा हैं. हम ममता जी के बिना इंडिया गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते. हम उम्मीद करते हैं कि कल जो ममता जी ने कहा कि बीजेपी को हराना हमारा कर्तव्य है, हम उसी भावना के साथ बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं.''

    जयराम कहते हैं, ''हमें उम्मीद है कि जो बातचीत चल रही है, उसमें बीच का रास्ता निकाला जाएगा. बंगाल में इंडिया गठबंधन के रूप में चुनाव लड़ा जाएगा. कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल जी ने बात की है. अगर कोई लिखित में है, तो उसकी कॉपी मांगकर दे सकता हूं. खड़गे जी ने कई बार कहा है कि इंडिया गठबंधन की सभी पार्टियों को निमंत्रण दे रहे हैं.''

    पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं.

    2019 लोकसभा चुनावों में टीएमसी 22, बीजेपी 18 सीटों पर जीतने में सफल रही थी.

  17. ममता के बयान पर बीजेपी की चुटकी, कहा- गठबंधन का महल यही लोग ध्वस्त कर रहे

    ममता बनर्जी ने कहा है कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी.

    ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा, ''मेरी किसी से कोई बात नहीं हुई है, हमारी पार्टी इस सिद्धांत पर चल रही है कि हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे.''

    ममता ने कहा- “इस पर कांग्रेस से हमारी कोई चर्चा नहीं हुई है.”

    ममता बनर्जी के इस बयान पर बीजेपी ने इंडिया गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा है कि इस गठबंधन का महल इसके लोग ही ध्वस्त कर रहे हैं.

    बीजेपी के प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कहा है, “ इंडिया गठबंधन के लोग ही प्रतिदिन अपने गठबंधन के महल को ध्वस्त करने का काम कर रहे हैं. दिल्ली में आकर दोस्ती करते हैं लेकिन बंगाल में इनकी कुश्ती चलती है.”

    “कभी अधीर रंजन ममता बनर्जी को अवसरवादी कहते हैं तो कभी कैंसर बता देते हैं. केवल यहां नहीं, हर जगह इस गठबंधन में एक नया कलेश दिखायी देता है. महाराष्ट्र में संजय (निरूपम) बनाम संजय (राउत चल) चल रहा है. यूपी में सपा बयान दे रही है, बसपा ने गठबंधन का ऑफर ठुकरा दिया है.”

    हालांकि इंडिया गठबंधन के सदस्य दल आरजेडी के सांसद मनोज झा ने कहा है कि थोड़ा इंतज़ार करना चाहिए, हो सकता है बयान किसी परिस्थिति में दिया गया हो.

    झा ने कहा, “थोड़ा इंतज़ार कर लेना चाहिए, हो सकता है कि बयान किसी विशेष परिस्थिति में दिया गया हो, उस पर कार्रवाई होगी, उस पर चर्चा होगी और अगर अंर्तविरोध है तो उसे सुलझाने का काम भी तो गठबंधन का ही होता है.”

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, उमर ख़ालिद की ज़मानत याचिका पर सुनवाई फिर टली

    दिल्ली दंगों के केस में जेल में बंद छात्र नेता उमर ख़ालिद की ज़मानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई एक बार फिर 31 जनवरी तक टाल दी गई है.

    वरिष्ठ वकील सीयू सिंह ने अदालत से कहा कि वो सुनवाई के लिए तैयार थे लेकिन कोर्ट की बेंच सिर्फ़ एक बजे तक बैठेगी. ऐसे में इस केस की सुनवाई के लिए वक़्त नहीं है.

    इसके बाद अदालत ने मामले पर 31 जनवरी को सुनवाई करने के लिए कहा है ताकि केस की सुनवाई के लिए वक़्त रहे.

    इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में 10 जनवरी को सुनवाई होनी थी. फिर ये सुनवाई 24 जनवरी तक के लिए टाल दी गई.

    2023 में उमर ख़ालिद की ज़मानत पर एक दिन भी सुनवाई नहीं हुई थी.

    छात्र नेता और सामाजिक कार्यकर्ता उमर ख़ालिद सितंबर 2020 से ही जेल में बंद हैं.

    उन पर आरोप है कि उन्होंने फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्व दिल्ली में हुई हिंसा की 'सुनियोजित योजना' बनायी . उनके ख़िलाफ़ दो एफआईआर दर्ज हैं जिनमें से एक है एफ़आईआर 59, जिसमें यूएपीए की धाराएं लगायी गयी है.

  19. पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने पर ममता बनर्जी क्या बोलीं?

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनावों में राज्य के अंदर अकेले चुनाव लड़ने की बात कही है.

    ममता की टीएमसी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं.

    ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा, ''मेरी किसी से कोई बात नहीं हुई है, हमारी पार्टी इस सिद्धांत पर चल रही है कि हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे.''

    ममता बोलीं, ''वो आज बंगाल में यात्रा कर रहे हैं, हम 'इंडिया' गठबंधन में हैं, उन्होंने हमें ये तक नहीं बताया है कि दीदी आपके राज्य में आ रहे हैं. पश्चिम बंगाल को लेकर मुझसे कोई बातचीत नहीं हुई है. बाकी राज्यों में क्या करेंगे इसके बारे में बाद में सोचेंगे लेकिन हम सेक्युलर पार्टी हैं और बंगाल में अकेले भाजपा से लड़ सकते हैं.''

    ममता कहती हैं- हमसे कोई चर्चा नहीं हुई है, जो कोई इसकी बात कर रहा है वो ग़लत है.

    पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं.

    2019 लोकसभा चुनावों में टीएमसी 22, बीजेपी 18 सीटों पर जीतने में सफल रही थी.

    बीते महीने ऐसी अपुष्ट खबरें सामने आई थी कि ममता कांग्रेस को पिछली बार जीती उसकी दोनों सीटें यानी बहरामपुर और मालदा दक्षिण ही देने के लिए तैयार हैं. उसके बाद से ही दोनों दलों के बीच तनातनी चल रही है.

    ममता ने राज्य में सीटों के बँटवारे के लिए 31 दिसंबर की समय सीमा तय की थी. लेकिन वह काफ़ी पहले ख़त्म हो चुकी है.

    मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने भी ममता पर पलटवार करते हुए उनको ‘मौक़ापरस्त’ करार दिया और कहा कि उनकी पार्टी ममता की मदद के बिना ही लोकसभा चुनाव में उतरेगी.

  20. मणिपुर में असम राइफ़ल्स के एक जवान ने साथी जवानों पर की फ़ायरिंग, छह जवान घायल

    मणिपुर में असम राइफ़ल्स के एक जवान ने अपने ही साथी जवानों पर फ़ायरिंग की है. इस हमले में छह जवान घायल हुए हैं.

    मणिपुर पुलिस ने इस मामले पर बयान जारी कर कहा है कि ये घटना मणिपुर में चल रही हिंसा से बिलकुल अलग है और इसे उस हिंसा से जोड़ा ना जाए.

    मणिपुर पुलिस ने कहा है, “दक्षिणी मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा पर तैनात असम राइफ़ल्स के एक जवान ने फायरिंग की है.”

    “एक जवान ने अपने ही सहकर्मियों पर फ़ायरिंग की और छह लोग इसमें घायल हो गए. घायल होने वाले इन जवानों में कोई मणिपुर का नहीं है. इसके बाद उस जवान ने खुद को भी गोली मार ली. सभी घायलों का सेना के अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत स्थिर बतायी जा रही है.”

    “पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि मणिपुर के हालात को देखते हुए घटना की जानकारी दे रहे हैं ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी संभावित अफ़वाहों से बचा जा सके. इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को किसी भी तरह से मणिपुर हिंसा से नहीं जोड़ा जाना चाहिए.”

    जो जवान घायल हुए हैं, वो मणिपुर के नहीं हैं.