मध्य प्रदेश: किसानों को 'चूज़ा' कहने वाली तहसीलदार को सीएम के निर्देश पर हटाया गया
- Author, शुरैह नियाज़ी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

इमेज स्रोत, SCREENGRAB
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आदेश देकर देवास ज़िले के सोनकच्छ की तहसीलदार डॉ. अंजली गुप्ता को हटा कर उन्हें ज़िला मुख्यालय में अटैच कर दिया है.
यह कार्रवाई तहसीलदार डॉ. गुप्ता के एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है. इस वीडियो में वह कह रही हैं कि चूज़े हैं, अंडे से निकले नहीं, बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला कुमारिया राव गाँव का है और गुरुवार का है. वीडियो सोमवार को वायरल हुआ उसके बाद यह कारवाई की गई.
तहसीलदार गाँव पहुंची थीं जहां पर किसान वहां बिजली टावर लगाने का विरोध कर रहे थे. किसी बात को लेकर वो भड़क गई और मामलें की रिकॉर्डिग हो गई.
डॉ. अंजली गुप्ता को इस वीडियो में कहते सुना जा सकता है, "चूज़े हैं, अंडे से निकले नहीं, बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं. मरने की, मारने की बात कर रहे हैं. कैसे बोल दिया कि इरिसपॉन्सिबल हूं. मैं तहसीलदार हूं. किसका प्रोजेक्ट है, शासन का प्रोजेक्ट है. शासन व सरकार को किसने चुना है, आपने चुना है. मैंने नहीं चुना है."
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें हटाते हुए कहा, "अधिकारी आम लोगों के साथ सभ्य और शालीन भाषा का इस्तेमाल करें. इस तरह की अभद्र भाषा बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मेरे निर्देश के बाद कलेक्टर द्वारा तहसीलदार को जिला मुख्यालय अटैच कर दिया गया है."
इससे पहले शाजापुर कलेक्टर को भी ड्राइवर के साथ अभद्र भाषा इस्तेमाल करने की वजह से हटा दिया गया था. यह मामला ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के दौरान मीटिंग में सामने आया था.







