You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पश्चिम बंगाल में इंडिया गठबंधन में मतभेद बढ़े, अधीर रंजन ने दी ममता बनर्जी को चुनौती

अधीर रंजन चौधरी ने बृहस्पतिवार को अपने लोकसभा क्षेत्र बहरमपुर में लोकसभा चुनाव में टीएमसी के साथ सीट समझौते का विरोध किया.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. गिरफ़्तारी की अटकलों के बीच गुजरात दौरे पर निकलेंगे सीएम अरविंद केजरीवाल

    ईडी की कार्रवाई के दावों के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तीन दिनों के गुजरात दौरे पर जा रहे हैं.

    ये दौरा 6 से 8 जनवरी के बीच होगा.

    आम आदमी पार्टी के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया है कि ये दौरा लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र हो रहा है. इस दौरान केजरीवाल पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें और सार्वजनिक समारोहों में हिस्सा लेंगे.

    वह जेल में बंद पार्टी नेता चैत्र वसावा और उनके परिवार से भी मुलाकात करेंगे.

    आम आदमी पार्टी के नेताओं ने ये दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार करना चाहता है.

    पार्टी नेता जैस्मीन शाह ने गुरुवार को मीडिया से कहा, "बेबुनियाद तरीके से अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार करना चाहते हैं. आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जी हर जांच में सहयोग करने को तैयार हैं, बशर्ते वह क़ानूनी हो."

    बुधवार रात ही आम आदमी पार्टी के कई नेताओं और दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने दावा किया था कि प्रवर्तन निदेशालय गुरुवार को अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर सकता है.

    दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने देर रात किए ट्वीट्स में कहा था कि आज ईडी अरविंद केजरीवाल के घर छापा मारेगी.

    ये दावे अरविंद केजरीवाल की ओर से ईडी की पूछताछ के लिए तीसरे समन पर भी पेश न होने के बाद किए गए.

    केजरीवाल ने ईडी को लिखी चिट्ठी

    केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय की ओर से भेजा गया तीसरा समन ठुकराने के बाद पत्र लिखकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई.

    केजरीवाल ने इन समनों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा है कि ये स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि उन्हें संदिग्ध या गवाह में से किस हैसियत से बुलाया जा रहा है.

    इसी पत्र में केजरीवाल ने कहा है कि अगर ईडी को उनसे कोई जानकारी चाहिए तो उन्हें सवालों की सूची भेजी जा सकती है.

    केजरीवाल की ओर से आने वाले दिनों में व्यवस्तताओं का भी हवाला दिया गया है. इस पत्र में आगामी राज्य सभा चुनाव और गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों का ज़िक्र किया गया है.

  2. पीएम सेल्फ़ी बूथ पर खर्च की जानकारी देने वाले अधिकारी के तबादले पर राहुल गांधी ने क्या कहा?

    रेलवे स्टेशनों पर 3डी पीएम सेल्फ़ी बूथ की लागत बताने वाले अधिकारी की बिना कारण दिए तबादले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    राहुल गांधी ने इस संबंध में एक अख़बार में छपी ख़बर की क्लिपिंग शेयर की और साथ में लिखा है, "शहंशाह की रज़ा, सच का इनाम सज़ा!"

    टाइम्स ऑफ़ इंडिया की इस ख़बर के अनुसार सेंट्रल रेलवे के पब्लिक रिलेशंस ऑफ़िसर शिवराज मनसपुरे को 29 दिसंबर को बिना किसी कारण ही ट्रांसफ़र कर दिया गया. उन्हें ये भी नहीं बताया गया कि अगली पोस्टिंग कहां होने वाली है.

    बीते महीने एक आरटीआई के जवाब में उन्होंने रेलवे स्टेशों पर पीएम मोदी के पुतलों के साथ बने 3डी सेल्फ़ी बूथों की लागत बताई थी.

    ख़बर में सूत्रों के हवाले से ये बताया गया है कि मनसपुरे की जगह स्वपनिल डी. निला लेंगे. इतना ही नहीं मनसपुरे को तबादले से दो सप्ताह पहले ही रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव ने रेलवे की कमाई बढ़ाने के प्रयासों के लिए पुरस्कार भी दिया था.

  3. अमेरिका: न्यू जर्सी की मस्जिद के बाहर इमाम की गोली मारकर हत्या

    अमेरिका के न्यू जर्सी में नेवार्क मस्जिद के बाहर एक इमाम की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार अभी तक इस हमले के पीछे की मंशा का पता नहीं लग सका है.

    न्यू जर्सी के अटॉर्नी जनरल मैथ्यू प्लैटकिन ने कहा कि अभी तक हुई जाँच और सबूतों में ये संकेत नहीं मिलते कि गोलीबारी पूर्वाग्रह से प्रेरित अपराध थी या फिर इसमें कोई आतंकवाद से जुड़ा एंगल था.

    बुधवार को जिन इमाम की हत्या हुई उनका नाम हसन शरीफ़ है

    मामले में बुधवार को हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान एसेक्स काउंटी के अधिवक्ता थियोडोर स्टीफ़ंस ने कहा कि शरीफ़ पर सुबह छह बजे के आसपास कई बार गोलियां चलाई गईं. वह उस समय अपनी गाड़ी में मस्जिद के बाहर ही थे. यहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर में उनकी मौत हो गई.

    प्लैटकिन ने कहा कि न्यू जर्सी में इन दिनों बहुत से लोग डर में जी रहे हैं.

    रॉयटर्स ने लिखा है कि सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास के हमले और फिर इसराइल की कार्रवाई के बाद से अमेरिका में भी इस्लामोफ़ोबिक मामले बढ़ गए हैं. इसी की वजह से अमेरिका के सुरक्षा विभाग ने अलग-अलग धर्मों को मानने वालों से सतर्कता बरतने को कहा था.

  4. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ी, 'आप' नेताओं ने जताई है आज गिरफ़्तारी की आशंका

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

    केजरीवाल के आवास के बाहर से आए ताज़ा विज़ुअल्स में घर के बाहर बैरिकेडिंग के साथ ही पुलिस भी तैनात दिख रही है.

    बुधवार रात ही आम आदमी पार्टी के कई नेताओं और दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने दावा किया था कि प्रवर्तन निदेशालय गुरुवार को अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर सकता है.

    दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने देर रात किए ट्वीट्स में कहा था कि आज ईडी अरविंद केजरीवाल के घर छापा मारेगी.

    ये दावे अरविंद केजरीवाल की ओर से ईडी की पूछताछ के लिए तीसरे समन पर भी पेश न होने के बाद किए गए.

    अरविंद केजरीवाल के ईडी के सामने न पेश होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हमलावर रुख अपनाया हुआ है. बीजेपी ने सवाल किया कि अरविंद केजरीवाल किस बात से डरे हुए हैं.

    इससे पहले केजरीवाल 2 नवंबर और 21 दिसंबर को भी ईडी के समन पर नहीं पहुंचे थे.

    केजरीवाल ने ईडी को लिखी चिट्ठी

    केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय की ओर से भेजा गया तीसरा समन ठुकराने के बाद पत्र लिखकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई.

    केजरीवाल ने इन समनों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा है कि ये स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि उन्हें संदिग्ध या गवाह में से किस हैसियत से बुलाया जा रहा है.

    इसी पत्र में केजरीवाल ने कहा है कि अगर ईडी को उनसे कोई जानकारी चाहिए तो उन्हें सवालों की सूची भेजी जा सकती है.

    केजरीवाल की ओर से आने वाले दिनों में व्यवस्तताओं का भी हवाला दिया गया है. इस पत्र में आगामी राज्य सभा चुनाव और गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों का ज़िक्र किया गया है.

  5. क़ासिम सुलेमानी की मज़ार के पास धमाकों में 103 लोगों की मौत के बाद ईरान में आज राष्ट्रीय शोक घोषित

    ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के जनरल रहे क़ासिम सुलेमानी की हत्या की चौथी बरसी पर हो रहे समारोह में धमाकों से मरने वालों की संख्या 103 तक पहुंच गई है. वहीं, 141 लोग घायल हैं.

    करमन प्रांत में हुए इन धमाकों को ईरान ने 'आतंकवादी हमला' बताया है.

    ये विस्फोट करमन में क़ासिम सुलेमानी की मौत की चौथी बरसी के दौरान हुए.

    3 जनवरी, 2020 को बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी.

    7 जनवरी, 2020 को उनके अंतिम संस्कार समारोह के दौरान भीड़ के कारण 56 लोग मारे गए और दफ़नाना स्थगित कर दिया गया.

    ईरान के सबसे ताक़तवर नेता- सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई - के बाद अगर ईरान में किसी को दूसरा सबसे ताक़तवर शख़्स समझा जाता था तो वह जनरल क़ासिम सुलेमानी ही थे.

    ईरान की न्यूज़ एजेंसी इरना ने बताया है कि करमन धमाकों के बाद देश में गुरुवार को राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है. साथ ही करमन प्रांत में तीन दिनों का शोक मनाया जाएगा.

    इरना की ख़बर के अनुसार ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग और विदेश नीति समिति ने इस हमले के सभी पहलुओं की जांच के लिए अपना एक प्रतिनिधिमंडल करमन प्रांत भेजने का फ़ैसला किया है.

    पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि धमाके के बाद लोगों की मदद में लगे तीन पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई. वहीं, कुछ अन्य मीडिया सूत्रों के हवाले से इरना ने लिखा है कि हमले में चार पुलिसकर्मियों की जान गई है.

    करमन मेडिकल इमरजेंसी सेंटर के प्रमुख शहाब सालेही ने कहा कि विस्फोटों का कारण 'दो बम विस्फोट' थे.

    करमन के मेयर सईद शेरबाफ का कहना था कि दोनों विस्फोट '10 मिनट' के अंतर पर हुए थे.

    ईरानी न्यूज़ एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, बमों को दो बैगों में रखा गया था और दूर से विस्फोट किया गया.

  6. भारत-दक्षिण अफ़्रीका के बीच दूसरे टेस्ट पर चर्चा क्यों तेज़? तेंदुलकर ने भी कही ये बात

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच चल रहा दूसरा टेस्ट मैच सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

    कारण है पहले ही दिन दोनों टीमों के 23 विकेट गिरना.

    सचिन तेंदुलकर ने भी इसका ज़िक्र करते हुए ट्वीट किया, "24 की शुरुआत एक दिन में 23 विकेट गिरने से हुई."

    तेंदुलकर ने ये भी लिखा कि उन्होंने दक्षिण अफ़्रीका की टीम के ऑल आउट होने पर फ्लाइट बोर्ड की थी. जब वह घर पहुंचे तो दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने 3 विकेट खो दिए थे.

    उन्होंने मज़ाकिया लहज़े में ये पूछा, "मैंने क्या मिस कर दिया?"

    वहीं आकाश चोपड़ा ने केपटाउन के मैदान पर सवाल खड़े किए हैं.

    उन्होंने लिखा, "दो दिनों का टेस्ट मैच?? श्श्श...कोई भी पिच के बारे में एक शब्द नहीं बोलेगा प्लीज़."

    मैच की बात करें तो टॉस जीतकर मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका ने पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी लेकिन वह 55 रनों पर ही सिमट गई.

    जवाब में भारतीय बल्लेबाज़ों ने 153 रन बनाए और टीम ने सिर्फ़ चार विकेट ही खोए थे. कप्तान रोहित शर्मा ने 39, शुभमन गिल ने 36 और विराट कोहली ने 46 रन बनाए. लेकिन भारत के आख़िरी छह विकेट बिना रन जोड़े गिर गए.

    इनमें केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, प्रसिद्ध कृष्णा और मुकेश कुमार शामिल थे.

    पहली दो पारियां सिर्फ़ 349 गेंदों में सिमटी. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरी बार इतनी कम गेंदों में दो पारियां खत्म हुईं.

    इससे पहले 1902 में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 287 गेंदों में दो पारियां सिमटी थीं.

    दक्षिण अफ़्रीका के बल्लेबाज़ डीन एल्गर अपना आख़िरी मैच खेल रहे थे. पहले ही दिन वह चार और 12 रनों के निजी स्कोर पर दो बार आउट हुए.

  7. दिल्ली के 'आप' मंत्रियों का दावा- आज गिरफ़्तार हो सकते हैं अरविंद केजरीवाल

    दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने बुधवार देर रात ये आशंका जताई है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज प्रवर्तन निदेशालय गिरफ़्तार कर सकता है.

    दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी गुरुवार सुबह अरविंद केजरीवाल के घर पर छापा मारेगी और उनकी गिरफ़्तारी भी संभव है.

    आतिशी ने रात 11 बजकर 50 मिनट पर ट्वीट किया, "ख़बरें आ रही हैं कि ईडी कल सुबह अरविंद केजरीवाल के घर पर छापा मारेगी. गिरफ़्तारी भी संभव."

    दो मिनट बाद यही बात सौरभ भारद्वाज ने हिंदी में ट्वीट की. "सुनने में आ रहा है कल सुबह मुख्यमंत्री केजरीवाल जी के घर ED पहुँच कर उन्हें गिरफ़्तार करने वाली है."

    ये दावे अरविंद केजरीवाल की ओर से ईडी की पूछताछ के लिए तीसरे समन पर भी पेश न होने के बाद किए गए हैं.

    अरविंद केजरीवाल के ईडी के सामने न पेश होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हमलावर रुख अपनाया हुआ है. बीजेपी ने सवाल किया कि अरविंद केजरीवाल किस बात से डरे हुए हैं.

    इससे पहले केजरीवाल 2 नवंबर और 21 दिसंबर को भी ईडी के समन पर नहीं पहुंचे थे.

    केजरीवाल ने ईडी को लिखी चिट्ठी

    केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय की ओर से भेजा गया तीसरा समन ठुकराने के बाद पत्र लिखकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई.

    केजरीवाल ने इन समनों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा है कि ये स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि उन्हें संदिग्ध या गवाह में से किस हैसियत से बुलाया जा रहा है.

    इसी पत्र में केजरीवाल ने कहा है कि अगर ईडी को उनसे कोई जानकारी चाहिए तो उन्हें सवालों की सूची भेजी जा सकती है.

    केजरीवाल की ओर से आने वाले दिनों में व्यवस्तताओं का भी हवाला दिया गया है. इस पत्र में आगामी राज्य सभा चुनाव और गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों का ज़िक्र किया गया है.

  8. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    तीन जनवरी 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.