ब्रेकिंग न्यूज़, दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने रखा 79 रन का लक्ष्य, दूसरी पारी में बुमराह के छह विकेट
दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट में भारत को जीत के लिए 79 रन बनाने की ज़रूरत है.
इससे पहले एडन मार्करम के शानदार शतक के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने भारत से पहली पारी में 98 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में 176 रन बनाए.
मार्करम के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज़ ख़ास योगदान नहीं कर सके. डीन एल्गर ने 12, डेविड बेडिंघम ने 11 और मार्को जेनसन ने 11 रन बनाए.
दूसरी पारी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने छह विकेट लिए. दो विकेट मुकेश कुमार ने और एक-एक विकेट मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने लिए.
पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने छह विकेट, मुकेश कुमार और बुमराह ने दो-दो विकेट लिए थे.
आज इस टेस्ट का दूसरा दिन है. पहले दिन दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में केवल 55 रन बनाए थे.
उसके जवाब में भारत ने 153 रन बनाए. भारत के आख़िरी छह विकेट बिना कोई रन बनाए गिर गए थे.
दो टेस्ट मैचों की इस सिरीज़ का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीता था.