आईपीएल 2024: सबसे महंगे रहे ये 10 खिलाड़ी, वो नामचीन खिलाड़ी जिन पर नहीं लगी बोली

नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मिचेल स्टार्क अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार का बुलडोजर एक्शन, माओवादियों का स्मारक ढहाया

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    विष्णु देओ

    इमेज स्रोत, ANI

    छत्तीसगढ़ में सत्ता में आने के बाद से नई बीजेपी सरकार की ‘बुलडोज़र कार्रवाई’ चर्चा में है.

    अब राज्य सरकार ने माओवादियों के स्मारक को तोड़ने के लिए भी बुलडोज़र का उपयोग किया है.

    छत्तीसगढ़ में तीन दिसंबर को आए चुनाव नतीजे में बीजेपी को जीत मिली. इसके अगले ही दिन राजधानी रायपुर में अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोज़र से तोड़ फोड़ की गई.

    पांच दिसंबर को दुर्ग और बिलासपुर शहर में भी ऐसी ही कार्रवाई शुरू हो गई और भारी बारिश के बीच यह सिलसिला जारी रहा.

    छत्तीसगढ़

    अब बुलडोजर घने जंगलों वाले इलाकों में भी पहुंच गया है. सोमवार को माओवाद प्रभावित सुकमा जिले के सलातोंग गाँव के बीचोंबीच बने माओवादियों का स्मारक बुलडोज़र से तोड़ दिया गया.

    पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, "नक्सल ऑपरेशन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस जवान सलातोंग गांव पहुंचे और गांव के बीच, बनाए गए माओवादियों के स्मारक को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया."

  2. मोदी सरकार को विपक्ष-मुक्त संसद चाहिए तो बीजेपी कार्यालय में ही एजेंडा तय कर लें- सुरजेवाला

    सुरजेवाला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सोमवार को एक दिन में रिकॉर्ड 78 सांसद संसद से निलंबित किए गए.

    इस शीत सत्र में अब तक कुल 92 सांसद संसद के दोनों सदनों से निलंबित किए जा चुके हैं.

    दरअसल, 13 दिसंबर को संसद के भीतर और परिसर में चार लोगों ने प्रदर्शन किए और रंगीन धुआं छोड़ा.

    इसके बाद संसद की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक को लेकर विपक्ष सदन में गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब की मांग करने लगा.

    विपक्ष का कहना है गृहमंत्री और प्रधानमंत्री सदन के बाहर इस पर बात कर रहे हैं तो सदन में जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा है.

    सदन में विपक्ष की इस मांग को लेकर किए गए हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही सोमवार को स्थगित कर दी गई और इसके बाद केवल सोमवार को 78 सांसदों को सदन की ‘कार्यवाही में बाधा डालने के कारण निलंबित’ कर दिया गया.

    इस निलंबन पर कांग्रेस के महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि अगर इस सरकार को विपक्ष मुक्त संसद चाहिए तो फिर बीजेपी कार्यालय में ही बैठक कर लें.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा- “मोदी सरकार का ना तो लोकतांत्रिक व्यवस्था में यकीन है और ना ही भारत संविधान में कोई यकीन है. मोदी सरकार अहंकार में चूर है, तीन राज्यों में उनकी जीत हुई ज़रूर है लेकिन ये ना भूलें कि एक राज्य में कांग्रेस और एक राज्य में गैर भाजपा और गैर कांग्रेस सरकार बनी है.”

    “हम जनमत के आगे सिर झुकाते हैं. लेकिन जनमत का मतलब तानाशाही नहीं हो सकती. अगर विपक्ष मुक्त संसद चाहिए तो भाजपा के कार्यालय में ही बैठक कर लिया करें और देश के एजेंडे को तय कर लिया करें.”

    “हम सिर्फ़ ये कह रहे हैं कि जिस तरह संसद पर हमले की बरसी के दिन प्रदर्शनकारी संसद के भीतर घुस आए, हालांकि ये प्रदर्शन बेरोज़गारी और इस व्यवस्था के खिलाफ़ था और लेकिन अगर ये सांकेतिक प्रदर्शन ना हो कर उग्रवादी हमला होता तो आज देश के सामने कैसे हालात होते? मोदी सरकार अगर संसद की सुरक्षा नहीं कर सकती तो देश की सुरक्षा क्या करेगी."

  3. आईएमएफ़ ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बताया स्टार परफॉर्मर, जानिए क्या है वजह

    आईएमएफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ़ ने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में भारत एक स्टार परफॉर्मर के रूप में उभरा है और अनुमान है कि वैश्विक विकास में भारत 16 फ़ीसदी से अधिक का योगदान दे सकता है.

    आईएमएफ़ के अनुसार डिजिटलीकरण और बुनियादी ढांचे जैसे मुख्य क्षेत्रों में सुधार इसका मुख्य कारण है.

    आईएमएफ के मिशन ऑफ़ इंडिया नाडा चौएरी ने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा- “ पिछले कुछ समय से हम देख रहे हैं कि भारत की विकास दर मजबूत है. जब आप समकक्ष देशों को देखते हैं तो वास्तविक विकास की बात आती है इस मामले में भारत एक स्टार परफॉर्मर है.”

    आईएमएफ ने सोमवार को भारत के साथ अपना सालाना अनुच्छेद IV कंसल्टेशन जारी किया, जिसके अनुसार भारत अपनी व्यापक आर्थिक नीतियों के कारण इस साल दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनने की राह पर है.

    चौएरी ने कहा कि सरकार पर बुनियादी ढांचे में निवेश करने और लॉजिस्टिक्स विकसित करने का दबाव है ताकि विकास का ठोस आधार बनाया जा सके.

    आईएमएफ़ के अनुसार, सरकार ने कई स्ट्रक्चरल सुधार किए हैं, जिनमें प्रमुख सुधार डिजिटलीकरण है, जो बीते कई सालों में मज़बूत हुआ है और इसने भारत को विकास के लिहाज से एक मजबूत मंच पर खड़ा कर दिया है.

  4. पीएम मोदी इसराइल-हमास और रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए क्या कर सकते हैं, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब

    मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया में चल रहे दो युद्धों में क्या भूमिका निभा सकते हैं इस सवाल का जवाब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर से सवाल पूछा गया कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वैश्विक नेता हैं, वो इसराइल-हमास और रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए क्या कर सकते हैं?

    इसके जवाब में मैथ्यू मिलर ने कहा- “हम भारत की ओर से किसी भी तरह की सार्थक पहल का स्वागत करते हैं. इस मामले में हम किसी भी देश की ओर से की गई सार्थक कोशिश का स्वागत करेंगे.”

    साल 2023 में भारत और अमेरिका के रिश्ते कैसे रहे और दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच किस तरह के रिश्ते हैं इस सवाल के जवाब में मिलर ने कहा- “मैं कहूंगा कि सेक्रेटरी और अपने समकक्ष जयशंकर के साथ बेहतर संबंध है. बीते कुछ महीनों में वो यहां आए हैं और एंटनी ब्लिंकन सितंबर के बाद से दो बार भारत की यात्रा कर चुके हैं.”

    “राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस साल भारत की यात्रा की है. भारत हमारा एक प्रमुख भागीदार है, जिसके साथ हमने इंगेज करने में अच्छा खासा वक्त बिताया है, और नए साल में भी रिश्तों का बेहतर होना जारी रखेगा.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  5. चीन में 5.9 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 111 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

    चीन

    इमेज स्रोत, Reuters

    उत्तर-पश्चिम चीन में भूकंप से कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई और 220 लोग घायल हुए हैं. चीन के सरकारी मीडिया ने ये जानकारी दी है.

    भूकंप गांसु प्रांत में आधी रात को आया, जिसके कारण वहां और पास के प्रांत किंघई दोनों ही जगहों पर कई इमारतें ढह गईं.

    अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) का कहना है कि भूकंप की तीव्रता 5.9 थी और गहराई 10 किलोमीटर थी.

    मंगलवार सुबह से ही यहां राहत-बचाव काम जारी है. देश की केंद्र सरकार ने रेस्क्यू टीम भेजी है जो स्थानीय रेस्क्यू टीम की मदद कर रही है.

    सरकारी मीडिया एजेंसी सिन्हुआ का कहना है कि गांसु में 86 लोग मारे गए और 96 घायल हो गए, जबकि किंघई में नौ लोग मारे गए और 124 घायल हैं.

    घटनास्थल से ऐसे वीडियो फुटेज सामने आए हैं जिसमें बचावकर्मी ढही हुई इमारतों के मलबों से लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं.

    इस इलाके में बिजली और पानी की सप्लाई भी बाधित हुई है.

    चीन एक ऐसे क्षेत्र में स्थित है जहां कई टेक्टोनिक प्लेटें- खासकर यूरेशियन, भारतीय और प्रशांत प्लेटें- मिलती हैं, और इस लिहाज़ से यहां भूकंप का खतरा रहता है.

    पिछले सितंबर में दक्षिण-पश्चिमी सिचुआन प्रांत में 6.6 तीव्रता का भूकंप आने से 60 से अधिक लोग मारे गए थे.

  6. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    18 दिसंबर की लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें .