इसराइल पर क्या असर डालेगा युद्धविराम के लिए बढ़ता अंतरराष्ट्र्रीय दबाव?

ग़ज़ा में युद्ध की वजह से मारे जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ने के बाद भी इसराइल ने युद्धविराम की अंतरराष्ट्रीय मांगों की अनदेखी जारी रखी है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and अनंत प्रकाश

  1. संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित, गृहमंत्री- पीएम के बयान पर अड़ा विपक्ष

    अमित शाह, मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    लोकसभा की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक को लेकर संसद के दोनों सदनों में विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब देने की मांग कर रहा है.

    इस मांग के साथ बढ़ते हंगामें के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे के लिए स्थगित कर दिया गया है.

    लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला ने कहा कि- ‘ये दुखद है कि इस मामले पर राजनीति की जा रही है.’

    हालांकि विपक्ष के नेताओं ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि सरकार इस पर राजनीति कर रही है क्योंकि पीएम और गृहमंत्री सदन के बाहर इस पर बयान दे रहे हैं लेकिन सदन के अंदर इस पर बात करने को राज़ी नहीं हैं.

    शुक्रवार को इस मांग के कारण दोनों सदनों से 13 सांसदों को निलंबित कर दिया गया, सदन के स्पीकर और सभापति ने इस सांसदों पर ‘सदन की कार्यवाही में बाधा’ डालने के आरोप में उन्हें सदन से निलंबित कर दिया.

    आज सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा- “ किसी भी देश में संसद भवन को सबसे सुरक्षित माना जाता है और जब सबसे सुरक्षित भवन में सुरक्षा उल्लंघन होता है तो यह पीएम की जिम्मेदारी होती है कि वह सदन में बयान दें लेकिन ऐसा करने के बजाय वह एक अखबार से बात कर रहे हैं. केंद्रीय गृह मंत्री एक टीवी चैनल से बात कर रहे हैं. किसी भी देश के पीएम ने ऐसा काम नहीं किया होगा. ”

    सीपीआई के महासचिव डी राजा ने कहा है कि प्रधानमंत्री या गृह मंत्री को सुरक्षा उल्लंघन के संबंध में सदन में बयान देना चाहिए.

    उन्होंने कहा- “वे संसद के बाहर भी इधर-उधर बोलते रहे हैं जिससे पता चलता है कि वे संसद को लेकर कितने गंभीर हैं”

    कांग्रेस के महासचिव और राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री संसद का मज़ाक बना रहे हैं. संसद की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक पर वो सदन में नहीं बोल रहे हैं लेकिन सदन के बाहर बात कर रहे हैं.

  2. शिवराज सिंह चौहान दिल्ली रवाना होने के पहले बोले- ‘पार्टी जहां कहेगी, काम करूंगा’

    शिवराज सिंह चौहान

    इमेज स्रोत, ANI

    बीजेपी नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पार्टी ने उन्हें जहां कहेगी, वो काम करेंगे.

    शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुलाया है और वो उनसे मिलने जा रहे हैं.

    उन्होंने पत्रकारों को बताया, “राष्ट्रीय अध्यक्ष (जेपी नड्डा) जी ने कहा है तो उनसे मिलने जा रहा हूं.”

    शिवराज सिंह चौहान चार बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. मध्य प्रदेश का हालिया विधानसभा चुनाव उनके मुख्यमंत्री रहते ही लड़ा गया था. बीजेपी ने चुनाव में राज्य की 230 में से 163 सीटें हासिल कीं.

    चुनाव के बाद बीजेपी ने उनकी दावेदारी को दरकिनार करते हुए मोहन यादव को मुख्यमंत्री चुना.

    इसके बाद से शिवराज सिंह चौहान के राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों का दौर जारी है.

    मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद से उनके बयानों में भी संकेत तलाशने की कोशिशें की जा रही हैं.

    कुछ दिन पहले उनका एक बयान वायरल हुआ जिसमें शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “अपने लिए कुछ मांगने जाने से बेहतर मैं मरना समझूंगा.”

    कई लोगों ने इसे पार्टी हाईकमान के फ़ैसले के बाद शिवराज सिंह चौहान की निराशा से जोड़कर देखा था.

    दिल्ली रवाना होने के पहले शिवराज सिंह चौहान ने अपने तात्कालिक लक्ष्य की बात की.

    शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “अभी लक्ष्य है कि (मध्य प्रदेश की) सभी 29 सीटें कैसे जीतें. हम सब इसके लिए जी जान से काम करेंगे.”

    मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बहुमत मिलने के बाद भी शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया था कि वो मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें जीतकर नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने में योगदान देना चाहते हैं.

  3. इसराइल पर बढ़ते दबाव के बीच ग़ज़ा में लड़ाई तेज़, क्या है मक़सद

      • Author, योलांदे नेल
      • पदनाम, बीबीसी मध्य पूर्व संवाददाता, यरूशलम से
    ख़ान यूनिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ग़ज़ा पट्टी में ज़ोरदार लड़ाई जारी है. इसके पहले बीते हफ़्ते के आखिर में बंधकों की रिहाई को लेकर समझौते और एक और युद्ध विराम लागू होने की उम्मीदें बंधीं थीं.

    बीते दिन इसराइल ने ग़ज़ा में उत्तर से दक्षिण तक ज़ोरदार हवाई हमले किए. ग़ज़ा में हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि जबालिया शरणार्थी कैंप पर हुए हमले में 90 लोगों की मौत हो गई. बीबीसी इस दावे की स्वतंत्र रुप से पुष्टि नहीं कर सका है.

    इसराइल का कहना है कि वो वह पूरी कोशिश कर रहा है कि उसके हमले में आम लोग निशाना बने, लेकिन हमास की ओर से बंधक बनाए गए तीन लोगों की इसराइल की गोली से मौत के बाद उस पर अंतरराष्ट्रीय जगत और स्थानीय स्तर पर दबाव बढ़ रहा है.

    शुक्रवार की घटना में मरने वालों के हाथों में सफेद झंडा था फिर भी उन पर गोली चला दी गई थी.

    ये माना जा रहा है कि हमास के कब्ज़े में अब भी करीब 120 बंधक हैं, जिन्हें ग़ज़ा में रखा गया है. इसराइल पर दबाव बढ़ रहा है कि वो युद्धविराम समझौते के जरिए उनमें से कुछ की रिहाई तय करे.

    ये भी कहा जा रहा है कि अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन जब इसराइल के दौरे पर पहुंचेंगे तब वो मौजूदा अभियान के स्तर को कम करने का दबाव बढ़ा सकते हैं.

    ये कहा जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अमेरिका ने नए मसौदे की भाषा नम्र बनाने को कहा है. अमेरिका चाहता है कि ग़ज़ा तक ज़्यादा मानवीय मदद पहुंच सके.

    अमेरिकी अपील के जवाब में इसराइल ने केरेम शालोम क्रॉसिंग खोल दी है.

    लड़ाई की शुरुआत के बाद से पहली बार ये क्रॉसिंग खोली गई है. इसका मक़सद ग़ज़ा के लोगों तक ज़्यादा मात्रा में खाना और दवाएं पहुंचाना है.

  4. केरल में कोविड-19 का नया वेरिएंट, बढ़ते केस के बीच सरकार ने कहा- घबराएं नहीं

    कोविड-19

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केरल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वो राज्य में बढ़ रहे कोविड के केस को लेकर घबराएं नहीं.

    राज्य में कोविड-19 के जेएन.1 वेरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं. चीन और अमेरिका में भी इस वेरिएंट का संक्रमण पाया गया है.

    केरल में अभी कोविड-19 के 1,324 एक्टिव केस हैं. शनिवार को संक्रमण से चार लोगों की मौत हुई है.

    अधिकारियों का कहना है कि चूंकि राज्य में टेस्टिंग रेट ज्यादा है इसलिए संक्रमण सामने आ रहा है. हालांकि ये नहीं पता चल पा रहा है कि जेएन.1 वेरिएंट के कितने मामले हैं क्योंकि बहुत कम सैंपल ऐसे हैं जिनकी जिनोम सीक्वेंसिंग की जाती है और यही तरीका है जिससे नए वेरिएंट के बारे में पता चल सकता है.

    राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज का कहना है कि आम लोगों को परेशान होने की ज़रूरत नहीं है औऱ हालात काबू में हैं.

    अधिकारियों ने कहा कि जेएन.1 सब-वेरिएंट का संक्रमण इस महीने की शुरुआत में केरल में सामने आया.

    ये संक्रमण 79 साल की बुजुर्ग महिला में पाया गया जिन्हें हल्का इंफ़्लुएंज़ा था.

  5. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'हिंदू हलाल नहीं सिर्फ़ झटका मीट खाएं'

    गिरिराज सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि हिंदुओं को 'हलाल मांस खाना छोड़ देना चाहिए. उन्हें सिर्फ और सिर्फ झटके वाला मीट खाना चाहिए.'

    बीजेपी नेता ने अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में समर्थकों से कहा कि वे इस बात की प्रतिज्ञा लें कि वे अब से हलाल मांस खाकर अपना ‘धर्म भ्रष्ट’ नहीं करेंगे.

    केंद्रीय मंत्री ने कहा, “मैं उन सभी मुस्लिमों की प्रशंसा करता हूं, जिन्होंने तय किया है कि वे सिर्फ हलाल मांस ही खाएंगे. अब हिंदुओं को भी अपनी धार्मिक परंपराओं के प्रति इसी तरह की प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए. मुस्लिम समुदाय में झटके का मांस खाना प्रतिबंधित है. इस वजह से वे सिर्फ हलाल मीट ही खाते हैं.”

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब भी 'हिंदू जानवर की बलि देते हैं, तो वे एक ही झटके में मारते हैं. झटका ही असल हिंदू तरीका है, इसलिए हिंदुओं को हलाल मांस खाकर खुद को भ्रष्ट नहीं करना चाहिए. उन्हें हमेशा झटका मांस ही खाना चाहिए.'

    गिरिराज सिंह ने ये भी कहा कि ऐसे बूचड़खाने स्थापित करने की जरूरत है जहां झटका मीट मिलता हो.

    इससे पहले गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खत लिखकर खाने की चीज़ों के पैकेजिंग को हलाल सर्टिफ़ाई करने पर बैन लगाने की बात कही थी.

    बीते दिनों उत्तर प्रदेश सरकार ने हलाल सर्टिफ़ाई प्रोडक्ट्स पर बैन लगाने का फ़ैसला किया.इसके बाद से हलाल और झटका मीट को लेकर बहस छिड़ गयी है.

  6. लालू यादव ने पूछा, 'क्या हैं नरेंद्र मोदी, हम मिलकर लड़ेंगे और इनको हटाएंगे'

    लालू यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने दावा किया है कि विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' में शामिल दल लोकसभा चुनाव में साझेदारी के साथ बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए का मुक़ाबला करेंगे.

    इंडिया गठबंधन की बैठक कल (19 दिसंबर को) दिल्ली में होनी है. इसमें लालू यादव के अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गठबंधन के दूसरे प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे.

    पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद ये गठबंधन की पहली बैठक है. भारतीय जनता पार्टी ने हालिया विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया. पार्टी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बहुमत हासिल कर सरकार बनाई है.

    ये चुनाव नतीजे कांग्रेस के लिए बड़े झटके के तौर पर देखे गए. कांग्रेस सिर्फ़ तेलंगाना में अच्छा प्रदर्शन कर सकी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बैठक में हिस्सा लेने जा रहे लालू यादव ने पत्रकारों से कहा, " बैठक में जा रहे हैं. सब लोग को मिलकर (चुनाव) लड़ना है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    पीएम की गारंटी के बारे में पूछने पर क्या बोले लालू?

    एक पत्रकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 'मोदी की गारंटी' के बारे में सवाल किया तो लालू यादव ने जवाब दिया, "रोज यही बात पूछते हैं, क्या हैं नरेंद्र मोदी? (लोकसभा चुनाव में जीतकर) आएंगे तो आओ."

    तीन राज्यों में जीत के बाद बीजेपी ने इसे 'पीएम मोदी की गारंटी की जीत बताया.' वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद कई लोग कह रहे हैं कि उनकी सरकार की हैट्रिक पक्की है."

    लालू यादव ने दावा किया, " (दिल्ली में) बैठक है, हम लोग जा रहे हैं. मिलकर (चुनाव) लड़ेंगे और इनको (नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार को) हटाएंगे."

  7. पीएम ने संसद को मज़ाक बना दिया है- कांग्रेस नेता वेणुगोपाल

    केसी वेणुगोपाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कांग्रेस के महासचिव और राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री संसद का मज़ाक बना रहे हैं. संसद की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक पर वो सदन में नहीं बोल रहे हैं लेकिन सदन के बाहर बात कर रहे हैं.

    उन्होने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा- “मामले का राजनीतिकरण पीएम और ये सरकार कर रही है, विपक्ष नहीं कर रहा. कल प्रधानमंत्री ये कह रहे थे कि ये एक गंभीर मुद्दा है लेकिन ये बात संसद में नहीं कर रहे. जब सदन का सत्र चल रहा है तो ये होना ये चाहिए कि वो सदन में इस पर बात करें. लेकिन वो संसद में बात ना करके बाहर इस बारे में बात कर रहे हैं. वो संसद को एक मजाक बना रहे हैं.”

    13 दिसंबर को लोकसभा में भीतर और बाहर रंगीन धुआं छोड़ कर प्रदर्शन किये गए. ये संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक का ममाला है.

    इस मामले में कांग्रेस गृह मंत्री अमित शाह से सदन के भीतर जवाब देने की मांग कर रही है लेकिन अब तक उन्होंने इस पर सदन में बयान नहीं दिया है. हालांकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस पर सदन में बोला है.

    बीते सप्ताह दोनों सदनों से 13 सासंद सदन में 'हंगामा' के कारण निलंबित कर दिए गए. ये सांसद गृहमंत्री से सदन में जवाब की मांग कर रहे थे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  8. इसराइल का दावा, हमास का अब तक का सबसे बड़ा टनल मिला

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फोटो

    इसराइल ने कहा है कि उसे हमास का सबसे बड़ा टनल मिला है.

    इसराइली सेना आईडीएफ़ ने दावा किया है कि ये सुरंग चार किलोमीटर (2.5 मील) तक फैली हुई है.

    एक्स पर आईडीएफ़ ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा है- “टनल की एंट्री इरेज़ क्रॉसिंग से महज़ 400 मीटर (1,310 फीट) की दूरी पर है. इरेज़ क्रॉसिंग से ग़ज़ा के लोग इसराइल में काम करने और इसराइली अस्पतालों में इलाज के लिए जाते हैं. इसका इस्तेमाल ग़ज़ा के लोग हर दिन करते हैं."

    इससे पहले शुक्रवार को इसराइली सेना ने ग़ज़ा में जारी अभियान के दौरान अपने ही तीन नागरिकों को ग़लती से गोली मार दी और उनकी मौत हो गई.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इसराइली सेना ने इस ग़लती के लिए अफ़सोस जताया है.

    ग़ज़ा के हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि ग़ज़ा में अब तक 18,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जबकि हज़ारों लोग बेघर हो चुके हैं.

    इसराइल हमास में भीषण बमबारी कर रहा है और ज़मीनी सैन्य अभियान चला रहा है. इसराइल ने कहा है कि वह हमास को खात्मे तक हमले जारी रखेगा.

  9. रघुराम राजन बोले- अगर भारत को विकसित देश बनना है तो पहले ये करना होगा

    रघुराम राजन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि भारत को विकसित देश बनने के लिए पहले कुपोषण जैसी समस्याओं से निपटने की ज़रूरत है और ह्यूमन कैपिटल पर फोकस करना होगा.

    इंडियन स्कूल ऑफ बिज़नेस (आईएसबी) में एक सेशन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब कुपोषण देश में इतना व्याप्त है तो देश कैसे विकसित हो सकता है.

    उन्होंने कहा- “हम 2047 तक एक विकसित, समृद्ध देश बनना चाहता है. मैं इसे एक उदाहरण के रूप में समझाता हूं कि आज 35 प्रतिशत लोग कुपोषण का शिकार हैं इसके साथ 2047 तक भारत विकसित देश कैसे बन सकता है, ये मजाक सा लगता है.”

    उन्होंने कहा, "जो बच्चे अभी कुपोषण से पीड़ित हैं वे 10 साल बाद लेबर फोर्स में शामिल होंगे. इसलिए अभी ज़रूरी है कि बड़े पैमाने पर उचित प्रशिक्षण देकर देश में ह्यूमन कैपिटल को मज़बूत किया जाए."

  10. केरल में मुख्यमंत्री और राज्यपाल आमने-सामने, अब सीएम विजयन ने दिया ये बयान

    पिनाराई विजयन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राज्यपाल के खिलाफ़ प्रदर्शन कर रहे एसएफआई सदस्यों के एक ग्रुप को "अपराधी" कहने को लेकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पर निशाना साधा और कहा कि केंद्र सरकार ने "एक विक्षिप्त व्यक्ति को यहां भेज दिया है."

    अडूर में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा- “ऐसे विक्षिप्त आदमी को छोड़ देना ठीक नहीं है. कम से कम केंद्र सरकार को यह समझना चाहिए कि उन्हें इस हालत में छोड़ना ठीक नहीं है. हम जानते हैं कि केंद्र सरकार की मिली-भगत से चीजें हो रही हैं लेकिन हर चीज की एक सीमा होती है.”

    लेफ्ट के नेता ने कहा कि राज्यपाल हर उस व्यक्ति को ‘रासकल’ कह रहे हैं जो उनकी विचारधारा से अलग सोच रखता है.

    विजयन ने कहा- “इससे पहले उन्होंने मशहूर इतिहासकार इरफ़ान हबीब को रासकल कहा था. वह विरोध करने वाले छात्रों को अपराधी कह रहे हैं.”

    काले झंडे वाले विरोध का जिक्र करते हुए विजयन ने कहा कि ऐसे प्रदर्शन उनकी सरकार के ख़िलाफ़ भी होते रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी प्रदर्शनकारियों को "बदमाश या अपराधी" नहीं कहा.

    कुछ दिन पहले राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ने कहा था कि सीएम विजयन ‘उन्हें शारीरिक चोट पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं.’

    शनिवार को केरल के गवर्नर आरिफ़ मोहम्मद ख़ान कालीकट यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस पहुंचे.

    यहां एसएफ़आई से जुड़े छात्र हाथों में काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

    मामला ये है कि सत्ताधारी सीपीएम की स्टूडेंड विंग ने हाल में कहा था कि वो राज्यपाल को यूनिवर्सिटी परिसर में कदम नहीं रखने देंगे.

    इसे एक चुनौती की तरह स्वीकार कर राज्यपाल ने कहा कि वो सरकारी गेस्ट हाऊस में न रुक कर, यूनिवर्सिटी गेस्ट हाऊस में ही ठहरेंगे.

    इसके बाद यूनिवर्सिटी में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए वहां 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था.

  11. पूर्व सेना प्रमुख नरवणे ने कहा- गलवान में हमने चीन को दिखा दिया कि अब बहुत हो चुका

    नरवणे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आर्मी के पूर्व प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने कहा कि चीन छोटे पड़ोसियों को डराने-धमकाने के लिए “आक्रामक कूटनीति” और “उकसावे” वाली रणनीति अपनाता रहा है और यही वजह थी कि 2020 में पूर्वी लद्दाख में भारतीय सेना ने पलटवार करते हुए उसे दिखा दिया कि ‘बस ! बहुत हो चुका.’

    नरवणे ने अपने संस्मरण 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बारे में कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 16 जून को कभी नहीं भूलेंगे क्योंकि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) को 20 साल बाद पहली बार "इस तरह के घातक पलटवार" का सामना करना पड़ा था.

    जून 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प में 20 सैनिक मारे गए थे इसे याद करते हुए नरवणे ने कहा, ”यह मेरे पूरे करियर के सबसे दुखद दिनों में से एक था.”

    नरवणे 31 दिसंबर 2019 से 30 अप्रैल 2022 तक सेना प्रमुख रहे. उनके कार्यकाल का अधिकतर समय चीन के साथ सीमा विवाद और लड़ाकू क्षमताओं को बढ़ाने और दीर्घकालीन सुधारों पर केंद्रित रहा.

    नरवणे ने अपनी किताब में लिखा है, “16 जून (चीनी राष्ट्रपति) शी जिनपिंग का जन्मदिन होता है. यह ऐसा दिन नहीं है जिसे वह आसानी से भूल सकें, दो दशक में पहली बार, चीन और पीएलए को घातक पलटवार का सामना करना पड़ा था.”

    “वे आक्रामक कूटनीति और उकसाने वाली रणनीति का बेधड़क इस्तेमाल करके नेपाल और भूटान जैसे छोटे पड़ोसियों को डराते रहे हैं. इस घटना के दौरान भारत और भारतीय सेना ने दुनिया को दिखाया कि अब बहुत हो चुका.”

    उन्होंने कहा कि भारत ने पलटवार करके यह दिखाया कि वह चीन की धौंस का जवाब दे सकता है.

  12. उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा- देश-विरोधी बातों को बढ़ावा देने वाले कोविड की तरह...

    उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि जो लोग एंटी नेशनल नैरेटिव को बढ़ावा देते हैं वो कोविड वायरस की तरह हैं और उनका सफ़ाया करना होगा.

    उपराष्ट्रपति ने कुरूक्षेत्र यूनिवर्सिटी और कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड की ओर से आयोजित वसुधैव कुटुम्बकम: श्रीमद्भगवद्गीता और वैश्विक एकता अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन समारोह में ये बात कही.

    उन्होंने कहा- “योजनाबद्ध तरीके से या समझ की कमी के कारण कुछ लोगों को एंटी-नेशनल बातें फैलाने में मज़ा आता है. ऐसा नहीं होना चाहिए, आप इसका विरोध कीजिए. यह एक कोविड वायरस की तरह है जिसका सफ़ाया करना होगा.”

    उन्होंने ये भी कहा- “आज भारत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है. हम एक विश्व शक्ति हैं, हम शांति के लिए खड़े हैं, हम वैश्विक स्थिरता के लिए खड़े हैं. हम अपने भारत को 2047 में शिखर पर ले जाना चाहते हैं जब हम अपनी आजादी का शताब्दी समारोह मना रहे होंगे.”

    इससे पहले उपराष्ट्रपति धनखड़ ने एक समारोह के दौरान कहा था कि "महात्मा गांधी पिछली सदी के महापुरुष थे. नरेंद्र मोदी इस सदी के युगपुरुष हैं."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  13. ख़ुद पर लगे रेप के आरोप पर क्या बोले उद्योगपति सज्जन जिंदल

    सज्जन जिंदल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उद्योगपति सज्जन जिंदल ने ख़ुद पर लगाए गए रेप के आरोपों को पूरी तरह ‘निराधार और झूठा’ बताया है.

    30 साल की एक महिला ने उन पर शादी का वादा करके उसके साथ रेप करने का आरोप लगाया है.

    महिला का दावा है कि कुछ साल पहले दुबई में उनकी मुलाकात 64 साल के सज्जन जिंदल से हुई थी, एक मैच के दौरान वीआईपी बॉक्स में वह जिंदल से मिलीं जहां उन्होंने एक-दूसरे का नंबर लिया.

    यहां से उनकी दोस्ती शुरू हुई. दावा है कि इस साल 23 जनवरी को जेडब्लूएस के हेडक्वार्टर में महिला का कथित यौन शोषण किया गया, जिंदल ने महिला से शादी करने का वादा किया था.

    रविवार देर शाम को इस आरोप पर बयान जारी करते हुए सज्जन जिंदल ने इसे ‘झूठा और निराधार’ दावा बताया है.

    बयान में कहा गया है- “सज्जन जिंदल इस आरोप को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं. ये आरोप पूरी तरह झूठा और निराधार है. वह जांच में पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, चूंकि जांच जारी है इसलिए अभी इस मामले में इससे ज़्यादा टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. हम आपसे परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील करते हैं.”

    मुंबई की रहने वाली इस महिला के सोशल मीडिया अकाउंट के अनुसार वो अभिनेत्री हैं.

    इस साल 16 फरवरी को भी महिला थाने गयी थी, 13 दिसंबर को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन में इस मामले में एक एफ़आईआर दर्ज की गयी और इसमें आईपीसी की धारा 376 (रेप), धारा 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) लगायी गई.

    महिला का दावा है कि बांद्रा सबअर्ब के एक होटल और दक्षिणी मुंबई के जिंदल मेंशन में भी वह जिंदल से मिलीं और कथित यौन उत्पीड़न से पहले उसके साथ कई बार ड्राइव पर भी गई थी, लेकिन कथित यौन शोषण के बाद सज्जन जिंदल ने उनका फ़ोन उठाना बंद कर दिया था.

  14. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    17 दिसंबर की लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.