You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कांग्रेस सांसद धीरज साहू ने पहली बार बताया किसके हैं उनके घर से मिले 300 करोड़

बीते दिनों आयकर विभाग को ओडिशा से जिस कांग्रेस सांसद धीरज साहू के घर से 300 करोड़ से अधिक कैश मिले थे उन्होंने शुक्रवार को पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अनंत प्रकाश

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन को यूरोपीय संघ का सदस्य बनाने की कोशिश से हंगरी नाराज़, 55 अरब डॉलर की फंडिंग पर लगाया वीटो

    यूक्रेन को यूरोपीय संघ (ईयू) का सदस्य बनाने के लिए बातचीत शुरू करने के फ़ैसले से हंगरी ने असहमति जतायी है और ईयू से यूक्रेन को मिलने वाले 55 अरब डॉलर की फंडिंग रोकने का एलान कर दिया है.

    हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर यूक्रेन को मिलने वाली यूरोपीय संघ की फंडिंग पर वीटो लगाने का एलान किया.

    उन्होंने लिखा, '' हम यूक्रेन को मिलने वाले अतिरिक्त फंड के लिए वीटो और एमएफएफ रिव्यू के लिए वीटो लगा दिया.''

    विक्टर ओर्बन ने बताया, ''हम उचित तैयारी के बाद यूरोपीय काउंसिल में इस मुद्दे पर अगले साल फिर बातचीत करेंगे.''

    हंगरी का यह एलान ईयू के उस फ़ैसले के कुछ घंटे बाद आया है, जिसके तहत ईयू की सदस्यता देने के लिए यूक्रेन और मोल्दोवा के साथ बातचीत शुरू करने का निर्णय लिया गया है.

    यूरोपीय काउंसिल (ईसी) ने बताया था कि यह फ़ैसला सर्वसम्मति से लिया गया.

    हालांकि मतदान के दौरान हंगरी ने वॉकआउट कर दिया था. हंगरी लंबे समय से यूक्रेन के साथ शुरू होने वाली बातचीत का विरोध करता रहा है.

  2. मणिपुर: कांगपोकपी ज़िले में आज दफ़नाए जाएंगे 23 शव, 12 घंटे बंद का एलान

    मणिपुर में मारे गए कुकी-ज़ो जनजाति लोगों के शव कांगपोकपी ज़िले में शुक्रवार को सामूहिक तौर पर दफ़नाए जाएंगे. शव दफ़नाए जाने का कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा.

    राज्य में हो रही हिंसा के विरोध में पूरे कांगपोकपी ज़िले में शुक्रवार सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक 12 घंटे का बंद बुलाया गया है.

    सदर हिल्स की जनजातीय एकता समिति (CoTU) ने इस ज़िले के सभी कुकी-ज़ो लोगों से शुक्रवार को 'शोक दिवस' मनाने का निर्देश देते हुए कहा है कि सभी लोग अपने घर में काला झंडा फहराएं.

    बीबीसी संवाददाता दिव्या आर्य को मिली जानकारी के अनुसार, 23 शवों को कांगपोकपी ज़िले के फैजंग गांव में दफ़नाया जाएगा.

    ख़बर के अनुसार, शवों के सामूहिक दफ़न के कार्यक्रम की थीम 'आप हमारे कल के लिए आज अपना बलिदान करें' रखी गई है.

    मणिपुर में तीन मई को भड़की व्यापक हिंसा के लगभग आठ महीने बाद गुरुवार की सुबह 23 लोगों के शव राजधानी इंफाल से कांगपोकपी भेजे गए.

    भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से भेजे गए इन शवों में से 19 शव कुकी-ज़ो लोगों के हैं. वहीं इनमें चार ऐसे शव भी हैं, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है.

    इन सभी शवों को कुकी-ज़ो रीति-रिवाजों के अनुसार सम्मानजनक विदाई दी जाएगी. बताया गया है कि कुकी-ज़ो लोग कब्रिस्तान में रात भर शोक मनाएंगे.

    सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद, मई से जारी हिंसा में मारे गए 64 लोगों के शव राजधानी इंफाल से कांगपोकपी और चुराचांदपुर ज़िलों में भेजे गए हैं.

    कांगपोकपी में 23 और चुराचांदपुर में 41 शव भेजे गए हैं. ये सभी शव कई महीनों से मुर्दाघर में लावारिस पड़े थे.

    सुप्रीम कोर्ट ने सभी शवों को उचित तरीके से दफ़नाने का निर्देश दिया था.

  3. यूक्रेन को यूरोपीय संघ का सदस्य बनाने के लिए बातचीत शुरू करने का फ़ैसला, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की क्या बोले

    यूरोपीय संघ (ईयू) के नेताओं ने अपने समूह की सदस्यता देने के लिए यूक्रेन और मोल्दोवा के साथ बातचीत शुरू करने का फ़ैसला किया है. ईयू ने इसके अलावा जॉर्जिया को 'कैंडिडेट' का दर्जा देने का भी निर्णय किया है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ब्रसेल्स में आयोजित शिखर सम्मेलन में हुए इस फ़ैसले को यूक्रेन और यूरोप दोनों के लिए 'जीत' करार दिया है.

    वहीं यूरोपीय परिषद (ईसी) के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल के प्रवक्ता ने बताया है कि यह एक सर्वसम्मत समझौता था.

    हालांकि हंगरी लंबे समय से यूक्रेन के साथ शुरू होने वाली बातचीत का विरोध करता रहा है, लेकिन उसने इस निर्णय पर वीटो नहीं लगाया.

    मतदान के दौरान हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन कुछ समय के लिए कमरे से चले गए, जबकि यूरोपीय संघ के बाक़ी 26 देशों के नेताओं ने वोट डाला.

    इसके बाद फेसबुक पर डाले एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, "यूक्रेन को यूरोपीय संघ की सदस्यता एक बुरा फ़ैसला है. हंगरी इस बुरे फ़ैसले में भाग नहीं लेना चाहता, इसलिए आज इस निर्णय से वह दूर रहा."

    वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने यूरोपीय संघ की घोषणा से खुश होकर सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा, "यह यूक्रेन और पूरे यूरोप की एक जीत है. यह जीत जो प्रेरणा देती है और मजबूत बनाती है."

    इससे पहले, फरवरी 2022 में रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले होने के बाद यूक्रेन, मोल्दोवा और जॉर्जिया ने यूरोपीय संघ में शामिल होने के आवेदन दिए थे.

    उसके बाद जून 2022 में यूक्रेन और मोल्दोवा को कैंडिडेट उम्मीदवार का दर्जा दिया गया था.

  4. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    14 दिसंबर की लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.