राजस्थान में भजनलाल को कमान: किरोड़ी लाल मीणा बोले- 'मैंने कहा था- चौंकाने वाला फ़ैसला होगा'
राजस्थान में बीजेपी ने भजनलाल शर्मा को अगला मुख्यमंत्री चुना है. वो पहली बार विधायक चुने गए हैं. छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्रियों की तरह ये भी चौंकाने वाला नाम माना जा रहा है.
भजनलाल शर्मा के नाम का एलान केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर पहुंचे रक्षा मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता राजनाथ सिंह ने किया.
भजनलाल शर्मा के नाम के एलान के बाद बीजेपी के सीनियर नेता किरोड़ी लाल मीणा ने पत्रकारों से कहा कि वो पहले ही संकेत दे चुके थे कि सीएम के तौर पर कोई चौंकाने वाला नाम सामने आएगा.
'लोहागढ़ के लौहपुरुष'
उन्होंने कहा, "मीणा भी भविष्यवेक्ता होते हैं. मैंने पहले ही कहा था कि राजस्थान में चौंकाने वाला फ़ैसला होगा."
मीणा ने कहा, "भरतपुर को लोहागढ़ कहते हैं. लोहागढ़ का व्यक्ति लौहपुरुष बनकर राजस्थान को आगे बढ़ाएगा."
भजनलाल शर्मा पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं. वो पहली बार विधायक चुने गए हैं. दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा डिप्टी सीएम होंगे.