बेंगलुरु के 44 स्कूलों को मिली बम धमाके की धमकी, स्कूलों को कराया गया खाली
- Author, इमरान क़ुरैशी
- पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए
शुक्रवार सुबह बेंगलुरु में कम से कम 44 स्कूलों को एक इमेल के ज़रिए ‘बम धमाके की धमकी’ मिलने के बाद स्कूल बंद कर दिए गए.
शुरुआती रिपोर्ट में सिर्फ़ 15 स्कूलों को इमेल मिलने की ख़बर आयी थी, लेकिन अब ये संख्या बढ़ कर 44 हो गयी है.
इन स्कूलों को सुबह 7 बजे के आसपास ईमेल मिला जिसमें स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी. इसके बाद जिन अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल छोड़ा था उन्हें स्कूल प्रबंधन से फोन और मैसेज किया गया और स्कूल वापस बुलाया गया.
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने बीबीसी हिंदी को बताया, “ये बम की धमकी फेक थी. हमने अपनी टीमें सभी स्कूलों में भेज दी हैं.”
कमिश्नर दयानंद ने बताया कि इस तरह साल 2022 में भी दक्षिणी बेंगलूरु के 15 स्कूलों में एक फेक मेल भेजा गया था. बाद में अभियुक्त पकड़ा गया.
हालांकि इस बार जिन स्कूलों को धमकी वाले इमेल भेजे गए वो उत्तरी बेंलगूरु में स्थित है.
राज्य उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने लोगों से न घबराने की अपील करते हुए कहा, "मैं नागरिकों से अपील करता हूं कि वे घबराएं नहीं. हमारी पुलिस काम कर रही है.'हमें सतर्क रहने की जरूरत है.''