You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल-हमास युद्धविराम का सातवां दिन, अब तक क्या-क्या हुआ?

अमेरिका ने इसराइल से कहा है कि युद्ध एक बार फिर शुरू करने से पहले उसे ग़ज़ा में रहने वाले लोगों को सुरक्षित करना चाहिए.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and अनंत प्रकाश

  1. इसराइल-हमास युद्धविराम का सातवां दिन, अब तक क्या-क्या हुआ?

    क़तर की मध्यस्थता से इसराइल और हमास के बीच हुए अस्थाई युद्ध विराम का ये सातवां दिन है.

    अब तक ये स्पष्ट नहीं है कि दोनों पक्ष इस युद्ध विराम को विस्तार देना जारी रखेंगे या नहीं.

    लेकिन इस बारे में बातचीत जारी रहने की ख़बर मिल रही है. इस पर कोई नई जानकारी सामने आने पर साझा की जाएगी.

    अब तक इस मामले में जो कुछ जानकारियां आई हैं, वो इस प्रकार हैं –

    • अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने युद्ध के बाद अपने चौथे इसराइली दौरे पर इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाक़ात की.
    • ब्लिंकन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इसराइल को वेस्ट बैंक में चरमपंथी यहूदी तत्वों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की दिशा में तत्काल प्रभाव से क़दम उठाने चाहिए.
    • संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़, वेस्ट बैंक में रहने वाले 238 फ़लस्तीनियों की मौत युद्ध शुरू होने के बाद हुई, जिनमें से 229 इसराइली सुरक्षाकर्मियों और आठ इसराइली सैटलर्स की ओर से मारे गए हैं. इसके साथ ही एक शख़्स को सुरक्षाकर्मियों या सैटलर्स में से किसी एक ने मारा है.
    • अमेरिका ने इसराइल से कहा है कि युद्ध एक बार फिर शुरू करने से पहले ग़ज़ा में रहने वाले लोगों को सुरक्षित करना चाहिए.
    • इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की ओर से जारी बयान में कहा है कि इसराइल को हमास को ख़त्म करने से कोई भी नहीं रोक सकता.
    • नेतन्याहू की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ये युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक इस युद्ध के तीनों उद्देश्य पूरे नहीं हो जाते– सभी अगवा लोगों को छुड़ाया जाना, हमास का पूरी तरह ख़ात्मा, और यह सुनिश्चित करना कि ग़ज़ा से भविष्य में इस तरह का ख़तरा पैदा न हो.
    • हमास नियंत्रित ग़ज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, युद्ध शुरू होने के बाद से ग़ज़ा पर हुई इसराइली बमबारी से 14,800 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें 6000 बच्चे शामिल हैं.
    • युद्ध विराम शुरू होने के बाद से अब तक 72 इसराइली महिलाएं और बच्चे रिहा किए गए हैं. और सात अक्टूबर के हमले के बाद से अब तक 100 से ज़्यादा लोगों को छोड़ा जा चुका है.
  2. विराट कोहली - रोहित शर्मा सिर्फ़ टेस्ट टीम में क्यों, बीसीसीआई ने बताई वजह

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गुरुवार शाम विराट कोहली और रोहित शर्मा के दक्षिण अफ़्रीका दौरे पर सिर्फ टेस्ट टीम में होने की वजह स्पष्ट की है.

    बीसीसीआई ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इस दौरे पर व्हाइट बॉल यानी वनडे एवं टी20 सिरीज़ से आराम मांगा था.

    ऐसे में वनडे में केएल राहुल और टी20 में सूर्य कुमार यादव को ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

    बीसीसीआई ने ये भी बताया है कि मोहम्मद शमी इस समय मेडिकल ट्रीटमेंट करा रहे हैं, ऐसे में उनकी उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करती है.

    ये सिरीज़ दस दिसंबर से शुरू होकर सात जनवरी, 2024 तक चलेगी. इस दौरान तीन टी20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे.

  3. दक्षिण अफ़्रीका दौरे पर टेस्ट खेलेंगे रोहित – कोहली, वनडे में केएल राहुल और टी20 में सूर्य कुमार यादव कप्तान

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को दक्षिण अफ़्रीका दौरे पर जाने वाली भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल खिलाड़ियों के नामों का एलान किया है.

    टीम इंडिया आगामी 10 दिसंबर से शुरू होने जा रहे इस दौरे पर तीन टी20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेलेगी.

    इस दौरे पर टेस्ट मैचों में रोहित शर्मा टीम की कमान संभालेंगे.

    वहीं, वनडे और टी20 मैचों में केएल राहुल और सूर्य कुमार यादव टीम की कप्तानी करेंगे.

    टेस्ट मैचों की टीम – रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन (विकेटकीपर), केएल राहुल, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, शारदुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, मोहम्मद शामी, जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान), प्रसिद्ध कृष्णा

    टी20 मैचों की टीम - यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, सूर्य कुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेट कीपर), जितेश शर्मा (विकेट कीपर), रविंद्र जडेजा (उप-कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, दीपक चाहर

    एकदिवसीय मैचों की टीम – ऋतुराज गायकवाड़, साइ सुदर्शन, तिलक वर्मा, रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, के एल राहुल (कप्तान) (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेट कीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मुकेश कुमार, आवेश ख़ान, अर्शदीप सिंह, दीपक चाहर

  4. पन्नूं की हत्या की कथित साज़िश पर भारत क्या बोला, 'दिन भर' सुनिए सुमिरन और मोहन लाल शर्मा से

  5. राहुल द्रविड़ एक बार फिर टीम इंडिया के कोच बनाए जाने पर क्या बोले

    भारतीय टीम के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ ने टीम इंडिया के कोच के रूप में कार्यकाल बढ़ाए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. ये संभवत: उनकी पहली प्रतिक्रिया है.

    टीम इंडिया के कोच के रूप में राहुल द्रविड़ का कार्यकाल पिछले दिनों खेले गए वर्ल्ड कप फाइनल के साथ ख़त्म हो गया था.

    इसके बाद बीसीसीआई ने उनके कार्यकाल को बढ़ाने पर फ़ैसला किया.

    इससे जुड़े सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल द्रविड़ ने कहा है कि उन्हें अब तक किसी तरह के दस्तावेज़ नहीं मिले हैं.

    उन्होंने कहा, "मैंने अब तक किसी डॉक्यूमेंट पर साइन नहीं किए हैं. एक बार डॉक्यूमेंट्स सामने आने दीजिए, हम देखेंगे."

  6. टी20 वर्ल्ड कप के लिए पहली बार यूगांडा ने क्वॉलिफ़ाई किया

    यूगांडा की क्रिकेट टीम ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है.

    अगले साल होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए यूगांडा ने रवांडा को हराकर अपनी जगह पक्की की है.

    यूगांडा की टीम के कप्तान ब्रायन मसाबा ने इस उपलब्धि को अफ्रीकी क्रिकेट के लिए बड़ी सफलता और सपने के साकार होने जैसा बताया है.

    टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी अमेरिका और वेस्ट इंडीज़ करने जा रहे हैं.

  7. इस गांव में इतनी कम उम्र के बच्चों के बाल सफ़ेद क्यों हो रहे हैं

    भारत और पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौजूद गांव दोना नानका के बच्चे कम उम्र में ही बाल सफे़द होने की समस्या से जूझ रहे हैं.

    बीबीसी ने इस गांव का दौरा किया और बच्चों के साथ उनके माता-पिता से बात की. स्थानीय लोगों का मानना ​​है कि गंदे पानी के कारण उनके बच्चों के बाल सफे़द हो रहे हैं.

  8. संसद के शीतकालीन सत्र से पहले केंद्र सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

    संसद सत्र से पहले केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा में सभी दलों के नेताओं की शनिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है.

    संसद का शीतकालीन सत्र चार दिसंबर से शुरू होने जा रहा है और ये 22 दिसंबर तक चलेगा. इस बीच संसद की 15 बैठके होंगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस सत्र में औपनिवेशक दौर के आपराधिक क़ानूनों को बदलने वाले तीन बिल समेत अन्य महत्वपूर्ण क़ानूनों पर विचार किया जा सकता है.

    संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी शनिवार ये मीटिंग लेंगे. माना जा रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल इसमें शामिल हो सकते हैं. इस समय संसद में 37 विधेयक पेंडिंग हैं.

    सरकार की ये भी योजना है कि साल 2023-24 के लिए अनुपूरक मांगों से संबंधित प्रस्ताव भी लोकसभा में पेश किए जाएं.

    महुआ मोइत्रा के मामले की जांच कर रही एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट भी इसी संसद सत्र के दौरान पेश की जाएगी.

  9. कौन हैं गुरपतवंत पन्नू और निखिल गुप्ता, जिन्होंने बढ़ाई भारत की मुश्किलें

  10. गुरपतवंत सिंह पन्नू मामला: अमेरिका में केस दर्ज होने के बाद कनाडा के पीएम ट्रूडो बोले- 'हम यही कह रहे थे...'

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अमेरिका में निखिल गुप्ता नामक 52 वर्षीय भारतीय शख़्स के ख़िलाफ़ केस दर्ज होने के बाद एक बार फिर निज्जर हत्याकांड में भारत को घेरने की कोशिश की है.

    उन्होंने कहा है कि ये केस उस बात को रेखांकित करता है जिसका ज़िक्र कनाडा हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में कर रहा है और भारत को इस मामले को गंभीरता से लेने की ज़रूरत है.

    ट्रूडो ने बुधवार को बताया था कि कनाडा की एजेंसियां हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार की संलिप्तता से जुड़े आरोपों को लेकर अगस्त के बाद से अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ काम कर रही थीं.

    कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में इस साल 18 जून को सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कर दी गयी थी.

    इसके बाद कनाडा ने इस मामले में भारत सरकार के शामिल होने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे.

    भारत ने साल 2020 में ही निज्जर को एक आतंकी का दर्जा दिया था.

    लेकिन कनाडा सरकार की ओर से लगाए गए आरोपों को भारत सरकार ने ‘भद्दे’ और ‘प्रेरित’ बताया था.

    निखिल गुप्ता के ख़िलाफ़ क्या हैं आरोप

    अमेरिकी अदालत में दाख़िल अभियोग में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर एक लाख डॉलर कैश के बदले एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की सुपारी देने के आरोप लगाए गए हैं.

    अदालत में पेश दस्तावेज़ के मुताबिक़ निखिल गुप्ता ने भारत सरकार के लिए काम करने वाले एक अधिकारी के कहने पर अमेरिका में एक हिटमैन से संपर्क किया और उसे एक सिख अलगाववादी नेता की हत्या का कॉन्ट्रैक्ट दिया.

    अभियोग में दावा किया गया है कि भारतीय अधिकारी से बातचीत के दौरान निखिल गुप्ता ने बताया था कि वो नार्कोटिक्स और हथियारों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी से जुड़े हुए हैं.

    अभियोग में ये भी दावा किया गया है कि निखिल गुप्ता पर गुजरात में एक आपराधिक मामला चल रहा है जिसमें मदद के बदले वो भारतीय अधिकारी के लिए न्यूयॉर्क में हत्या करवाने के लिए तैयार हो गए थे.

    दस्तावेज़ के मुताबिक़ निखिल गुप्ता ने जिस हिटमैन से संपर्क किया था वह अमेरिकी ख़ुफ़िया विभाग के अंडरकवर एजेंट थे.

  11. पीएम मोदी ने सुरंग से बाहर निकले इन मज़दूरों की तारीफ़ क्यों की

    उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल में 17 दिन से फंसे 41 मज़दूरों के बाहर आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उनसे फोन पर बातचीत की.

    इस दौरान गब्बर सिंह नेगी और एक अन्य मज़दूर की ख़ास तौर से तारीफ़ हुई.

  12. भारत खरीदेगा 97 तेजस लड़ाकू विमान और 150 प्रचंड हेलिकॉप्टर

    भारत सरकार ने गुरुवार को तेजस श्रेणी के 97 लड़ाकू विमानों और प्रचंड श्रेणी के 150 हेलिकॉप्टर ख़रीदने के लिए शुरुआती सहमति दे दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व वाली रक्षा अधिग्रहण परिषद ने एयर फोर्स को सुखोई 30 फाइटर फ़्लीट को अपग्रेड करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दे दी है.

    ऐसा माना जा रहा है कि इन दोनों मामलों में सरकार को 1.3 लाख करोड़ रुपये ख़र्च करना पड़ सकता है.

    इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय जल्द ही डीएसी की ओर से स्वीकार किए गए प्रस्तावों के बारे में अतिरिक्त जानकारी देगा.

  13. इलेक्ट्रिक कारों से क्या ग्लोबल वॉर्मिंग से निपटने में मदद मिलेगी?

    गर्म होती धरती, पिघलते ग्लेशियर, बेमौसम बारिश, जलवायु परिवर्तन का ख़तरा बढ़ रहा है.

    इससे निपटने के लिए दुनिया के तमाम देश संयुक्त राष्ट्र के झंडे तले हर साल एकजुट होते हैं, जिसे COP समिट के नाम से जाना जाता है.

    क्या इस बार वहां से कोई ठोस हल निकलेगा. क्या इलेक्ट्रिक कार ग्लोबल वॉर्मिंग नियंत्रित करने में मदद कर पाएंगे?

  14. गुजरात में मिलावटी आयुर्वेदिक सिरप पीने से पांच की मौत

    गुजरात पुलिस ने गुरुवार को बताया है कि पिछले दो दिनों में कम से कम पांच लोगों की संदिग्ध रूप से मिलावटी आयुर्वेदिक सिरप पीने के बाद मौत हो गई है.

    इसके साथ ही दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया है.

    पुलिस ने बताया है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि खेड़ा ज़िले में एक दुकानदार ने लगभग पचास लोगों को कलमेघासव – अश्वारिश्ट नामक आयुर्वेदिक सिरप बेचा था.

    ये मामला नादियाद नामक कस्बे के एक गाँव से जुड़ा हुआ है.

    खेडा के पुलिस अधीक्षक राजेश गाढिया ने कहा, "एक ग्रामीण के खून की जांच में ये स्पष्ट हुआ है कि इस सिरप में मिथाइल अल्कोहल मिलाया गया था."

    उन्होंने कहा, "पिछले दो दिनों में सिरप पीने के बाद पांच लोगों की मौत हो गयी है. वहीं, दो लोगों का इलाज जारी है. हमने दुकानदार समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है ताकि उनसे पूछताछ की जा सके."

    मिथाइल अल्कोहल एक ज़हरीला पदार्थ है.

  15. हौसले की मिसाल हैं ये फ़ूड व्लॉगर

    इंसान अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ विश्वास से कुछ भी हासिल कर सकता है.

    सूरत में फ़ूड व्लॉगिंग करने वाले अंकित शारीरिक रूप से अक्षम हैं और तमाम चुनौतियों के बावजूद फ़ूड व्लॉगिंग में कमाल का काम करते हैं.

    देखिए उनकी कहानी रूपेश सोनवने और प्रीत गराला की इस रिपोर्ट में.

  16. रणदीप हुडा और लिन लैशराम ने कहा- 'आज से... हम एक हैं', देखें शादी की तस्वीरें और वीडियो

    बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुडा ने बुधवार को मणिपुर में अपनी पार्टनर लिन लैशराम के साथ स्थानीय रीति रिवाज़ों के मुताबिक़ शादी की.

    हुडा और लिन लैशराम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा है – "आज से...हम एक हैं."

    उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की तस्वीरें भी साझा की हैं.

    'हाइवे' से लेकर 'सरबजीत' और 'जन्नत 2' जैसी फ़िल्मों में एक्टिंग करने वाले रणदीप हुडा ने शादी मणिपुर के मैतेई समुदाय के रीति रिवाज़ों को ध्यान में रखते हुए की है.

    इस मौके पर रणदीप हुडा एक सफेद धोती (फेइजोम), कुर्ता और पगड़ी (कोकयत) में नज़र आए. वहीं, लायश्रम भी अपनी पारंपरिक मणिपुरी पोशाक पोटलोई में नज़र आईं जिसे पोटलोई कहते हैं.

    मैतेई रीति-रिवाज़ों को ध्यान में रखकर की गई इस शादी में दुल्हन यानी लायश्रम ने दूल्हे यानी रणदीप हुडा के सात बार चक्कर लगाए. इसके साथ ही जैस्मीन (कुंदो) के फूलों की जयमाल पहनाई गई.

  17. उत्तराखंड में सुरंग हादसे में बचाए गए बिहार के मज़दूर सोनू के परिवार का क्या हाल है?

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सुरंग में फंसे 41 मज़दूरों में बिहार के सारण ज़िले के सोनू भी शामिल थे.

    सभी मज़दूरों को 17 दिनों की जद्दोजहद के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया गया.

    इस दौरान सोनू के परिवार का क्या हाल रहा, वो कितने परेशान रहे. देखिए इस वीडियो में.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम के बावजूद यरूशलम में गोलीबारी, तीन की मौत

    इसराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम की अवधि एक और दिन के लिए बढ़ाए जाने के बाद इसराइली नियंत्रण वाले यरूशलम में गोलीबारी होने से तीन लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

    ये हमला सुबह भीड़ भरे घंटों में एक बस स्टॉप पर किया गया है.

    इस हमले में मरने वालों में एक 24 वर्षीय महिला और 70 वर्षीय शख़्स शामिल है.

    इस हमले को अंजाम देने वाले दो हमलावरों की भी मौत हो गयी है जो आपस में भाई थे.

    इसराइली सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक़, पूर्वी यरूशलम में रहने वाले ये हमलावर हमास समर्थक थे.

    इसराइली अधिकारियों ने बताया है कि इन्होंने 'आतंकी गतिविधियों' की वजह से जेल की सज़ा भी काटी थी.

  19. दीया मिर्ज़ा की शादी में क्यों नहीं किया गया था कन्यादान?

    बॉलीवुड कलाकार और जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर बरसों से काम रही दीया मिर्ज़ा को बीबीसी की 100 वुमेन लिस्ट में शामिल किया है.

    जलवायु परिवर्तन से लेकर फ़िल्मों पर दीया मिर्ज़ा ने बीबीसी संवाददाता वंदना से बात की. दीया ने बताया कि कैसे फ़िल्मों में महिलाओं के साथ भेदभाव होता रहा है और क्यों उन्होंने अपनी शादी में कन्यादान नहीं होने दिया और पंडिताइन से सभी रस्में करवाईं.

  20. राहुल गांधी ने कहा- साल 2024 का लोकसभा चुनाव अगर कांग्रेस जीती तो...

    कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को ग़रीबों के लिए राजस्थान सरकार द्वारा शुरू किए गए स्वास्थ्य कार्यक्रम की तारीफ़ करते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी साल 2024 का लोकसभा चुनाव जीती तो ऐसे कार्यक्रम पूरे देश में लागू किए जाएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी ने ये बयान अपने लोकसभा क्षेत्र वायनाड में एक कार्यक्रम के दौरान दिया.

    उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के पुनर्मूल्यांकन की ज़रूरत पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र सरकार को ग़रीब लोगों को उनके बुनियादी अधिकार के तौर पर वाजिब क़ीमतों पर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करानी चाहिए.

    राहुल गांधी ने कहा, "मुझे लगता है कि राष्ट्रीय स्तर पर हमें हेल्थकेयर को लेकर हमारे सोचने के तरीके पर पुनर्विचार की ज़रूरत है और मेरा मानना है कि स्वास्थ्य सुविधाएं, ख़ासकर ग़रीब लोगों के लिए कम क़ीमतों पर उपलब्ध कराई जा सके, केंद्र सरकार को इसकी गारंटी देने के बारे में सोचना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "हमने राजस्थान में इस पर कुछ काम किया है और उम्मीद है कि अगर साल 2024 में हम सत्ता में आते हैं तो हम इस तरह के विचारों को पूरे देश में लागू करने की कोशिश करेंगे."

    कांग्रेस पार्टी राजस्थान की 'चिंरजिवी स्वास्थ्य बीमा योजना' को देश भर में एक मॉडल के तौर पर लागू करना चाहती है. उसका कहना है कि स्वास्थ्य बीमा कवरेज का दायरा 50 लाख रुपये तक बढ़ा देने से ग़रीबों और मध्य वर्ग दोनों को ही राहत देगा.

    कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान में वादा किया है कि अगर वो राजस्थान में चुनाव जीतती है तो 'चिंरजिवी स्वास्थ्य बीमा योजना' के तहत कवरेज की रकम बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया जाएगा. राजस्थान की 200 में से 199 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मत डाले गए थे. तीन दिसंबर को राजस्थान विधानसभा चुनावों की मतगणना होगी.