You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कर्नाटक: प्रदेश अध्यक्ष के बाद बीजेपी ने विपक्षी दल के नेता का भी किया चुनाव

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के छह महीने बाद बीजेपी ने आख़िरकार विधानसभा में विपक्ष के नेता का चुनाव कर लिया है. पार्टी ने राज्य के पूर्व राजस्व मंत्री आर अशोक को विपक्ष का नेता चुना है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and चंदन शर्मा

  1. ग़ज़ा के समर्थन में बाबर आज़म ने किया ये ट्वीट

    इस हफ़्ते पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ देने वाले बाबर आज़म ने ग़ज़ा युद्ध में पीड़ित लोगों के​ लिए दुआ करने की अपील की है.

    विश्व कप में सेमीफ़ाइनल में अपनी टीम को पहुंचाने में नाकाम रहने के बाद अपना पद छोड़ने वाले बाबर आज़म ने सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर एक पोस्ट में यह अपील की है.

    उन्होंने इस पोस्ट में लिखा:

    ''ऐ ख़ास-ए-ख़ासान-ए-रसूल, वक़्त-ए-दुआ है,

    उम्मत पे तेरी आके अज़ाब वक़्त पड़ा है.''

    इसका अर्थ हुआ: ''पैगंबर मोहम्मद के मानने वालों पर मुश्किल वक़्त आ पड़ा है, ऐसे वक़्त में दुआ की ज़रूरत है.''

    विश्व कप के दौरान पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों ने ग़ज़ा को अपना समर्थन दिया था.

    मोहम्मद रिज़वान ने अपनी एक पारी को ग़ज़ा के लोगों को समर्पित किया था. इसे लेकर विवाद पैदा हो गया था.

  2. ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र को बंद करना पड़ा राहत कार्य, बताई ये वजह

    ग़ज़ा में युद्ध शुरू होने के बाद इसराइल ने वहां ईंधन पहुंचने पर रोक लगा दी थी. मानवीय मदद पहुंचाने के लिए वहां काम कर रही संस्थाओं ने इस मसले को कई बार उठाया है.

    लेकिन ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र की सबसे बड़ी संस्था 'यूनाइटेड नेशंस रिलीफ़ एंड वर्क एजेंसी फॉर पैलेस्टाइन रिफ़्यूजिज़ इन द नियर ईस्ट (UNRWA)' ने भी अब कह दिया है कि ईंधन की कमी के कारण वहां मदद का काम रोकना पड़ रहा है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर जारी एक बयान में UNRWA ने गुरुवार को बताया, ''कल राफ़ा क्रॉसिंग पर सीमा पार मदद अभियान नहीं चलेगा. ग़ज़ा में संचार नेटवर्क बंद है क्योंकि वहां ईंधन नहीं है. इससे मानवीय मदद पहुंचाने वाले काफ़िलों का प्रबंधन या समन्वय करना असंभव हो गया है.''

    हालांकि इस हफ़्ते पहली बार ग़ज़ा में 25 हज़ार लीटर ईंधन जाने की अनुमति इसराइल ने दी थी, जिससे यूएन की गाड़ियों को ईंधन मिल सके.

    लेकिन ज़रूरत के लिहाज से यह अपर्याप्त था और अब यह ख़त्म हो गया है.

  3. ज्ञानवापी परिसर का सर्वे कर रही एएसआई ने रिपोर्ट जमा करने के लिए 15 और दिन मांगे

    वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर का सर्वेक्षण कर रहे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने स्थानीय अदालत से सर्वे की रिपोर्ट जमा करने के लिए 15 और दिनों की मांग की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने केंद्र के वकील अमित श्रीवास्तव के हवाले से बताया है कि वाराणसी के ज़िला जज एके विश्वेश की अदालत में शुक्रवार को एक आवेदन दाख़िल किया गया.

    इसमें कहा गया है, ''हालांकि सर्वेक्षण कार्य पूरा हो गया है, लेकिन तकनीकी रिपोर्ट का आना अभी बाक़ी है. इसलिए सर्वेक्षण की रिपोर्ट जमा करने के लिए 15 और दिन दिए जाएं.''

    अमित श्रीवास्तव के अनुसार, एएसआई के अनुरोध पर अदालत दोपहर बाद विचार करके अपना फ़ैसला सुनाएगी.

    क्या है मामला

    वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर पर अधिकार को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच विवाद है. इसलिए अदालत से इस परिसर का सर्वेक्षण करने की मांग की गई थी.

    अगस्त में सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद वाराणसी की ज़िला अदालत ने एएसआई को ज्ञानवापी परिसर का सर्वेक्षण करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया था.

    हालांकि बाद में एएसआई के अनुरोध पर इस समय सीमा को कई बार बढ़ा दिया गया. अब लगता है कि एएसआई की रिपोर्ट नवंबर अंत या दिसंबर के शुरुआत तक जमा हो पाएगी.

  4. शाहीन शाह अफ़रीदी को पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी मिलने पर मोहम्मद रिज़वान ने क्या कहा?

    पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद रिज़वान ने टी-20 और टेस्ट टीम के नए कप्तानों को मुबारकबाद दी है.

    पाकिस्तान में शाहिद अफ़रीदी सहित कई पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद रिज़वान के नाम की पाकिस्तानी टीम के कप्तान के तौर पर पैरवी करते रहे हैं.

    हालांकि, बाबर आज़म के पद से हटने के बाद शाहीन शाह अफ़रीदी को टी-20 और शान मसूद को टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई है.

    इस पर मोहम्मद रिज़वान ने लिखा, "दोनों शहज़ादों को नया रोल बहुत-बहुत मुबारक हो, और बहुत सारी दुआएं कि अल्लाह पाक आप दोनों से पाकिस्तान के लिए बहुत से अज़ीम अचीवमेंट कराए क्योंकि ये एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है. आमीन."

    विश्व कप टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम सेमीफ़ाइनल में भी जगह नहीं बना पाई. पाकिस्तान लौटते ही बाबर आज़म ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में टीम की कप्तानी छोड़ने का एलान किया था.

  5. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'डीप फे़क' पर जताई चिंता, मीडिया से की ये अपील

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ज़रिये 'डीप फेक' बनाए जाने की प्रवृति पर चिंता जताई है.

    उन्होंने कहा कि ऐसा करना परेशानी पैदा करने वाला है लिहाजा मीडिया को इस बारे लोगों को शिक्षित करना चाहिए.

    पीएम का ये बयान फिल्म अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का डीप फेक वीडियो वायरल होने के बाद आया है. ये वीडियो पिछले दिनों काफ़ी चर्चा में रहा था.

    रश्मिका ने इसे लेकर ‘दुख’ जाहिर किया था और जल्दी से जल्दी इसका समाधान तलाशने की अपील की थी जिससे किसी और उनके जैसी ‘तकलीफ न झेलनी पड़े.’

    रश्मिका ने सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा था, “ईमानदारी से, ऐसा कुछ भी बहुत डरावना है, न सिर्फ़ मेरे लिए बल्कि हम सभी के लिए.” उन्होंने आगे लिखा कि आज तकनीक का जिस तरह से दुरुपयोग हो रहा है, उससे सिर्फ़ उन्हें ही नहीं बल्कि तमाम दूसरे लोगों को भी भारी नुक़सान हो सकता है.

    रश्मिका ने लिखा था, “आज एक महिला और और एक्टर होने के नाते मैं अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों की शुक्रगुजार हूं जो मेरे रक्षक और सपोर्ट सिस्टम हैं. लेकिन अगर ऐसा कुछ तब होता जब मैं स्कूल या कॉलेज में थी, तो सच में मैं कल्पना नहीं कर सकती हूं कि तब मैंने इसका कैसे सामना किया होता.”

  6. इसराइली सेना का दावा, 19 साल की बंधक युवती का शव बरामद

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने हमास की ओर से बंधक बनाई गई 19 वर्षीय नोआ मार्सियानो का शव बरामद किया है. उसने बताया है कि उसका शव ग़ज़ा में अल शिफ़ा अस्पताल से सटे इलाके से मिला.

    इसराइली सेना ने इसका ऐलान मार्सियानो की मौत के कुछ दिनों बाद की है. मार्सियानो को इसराइल ले आया गया था. वहां उनका शव पहचानने के लिए टेस्ट किए गए थे.

    मार्सियानो उन 240 बंधकों में शामिल थी, जिन्हें हमास के लड़ाके 7 अक्टूबर को इसराइल पर हमले के बाद अपने साथ ले गए थे. इस हमले में 1200 लोग मारे गए थे. इसराइल ने गुरुवार को बताया था कि उन्हें एक और बंधक का शव मिला है.

    65 साल की इसराइली बंधक महिला येहूदित विस का शव अल शिफ़ा अस्पताल के नजदीक एक मकान से बरामद किया गया.

  7. क़तर में भारतीयों को मौत की सज़ा पर भारत की अपील कहां तक पहुंची, विदेश मंत्रालय ने बताया

    भारत ने कहा है कि क़तर में भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों को मिली मौत की सज़ा के खिलाफ़ उसकी अपील प्रक्रिया में हैं. भारत को उम्मीद है इसका कोई सकारात्मक परिणाम निकलेगा.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को कहा कि भारत इस मामले में क़तर के अधिकारियों से बात कर रहा है. भारत वहां सजा पा चुके अपने नागरिकों की सभी कानूनी मदद करेगा. उन्हें वहां भारतीय दूतावास से हर जरूरी मदद मिलेगी. कतर की अदालत ने 26 अक्टूबर को नौ भारतीयों को मौत की सजा सुनाई थी.

    ये सभी भारतीय नौसेना में काम कर चुके हैं और वहां एक निजी कंपनी के लिए काम कर रहे थे. भारत ने अदालत के इस फैसले को चौंकाने देने वाला करार दिया था.

    उसने कहा था कि वो इन भारतीयों की रिहाई के लिए मौजूदा सारे कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेगा. भारतीय नौसेना के इन आठ पूर्व कर्मियों की मदद के लिए की जा रही कोशिशों की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद राजनयिक दीपक मित्तल को सौंपी गई है.

    दीपक मित्तल साल 1998 बैच के इंडियन फॉरेन सर्विस (आईएफ़एस) ऑफिसर हैं और फ़िलहाल प्रधानमंत्री कार्यालय में कार्यरत हैं.

    वो क़तर में भारत के राजदूत के तौर पर काम कर चुके हैं और माना जाता है कि क़तर की सरकार में शीर्ष स्तर पर उनके अच्छे सम्बन्ध हैं जिस वजह से उन्हें ये ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

  8. शाहीन को पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी के लिए 'पैरवी' वाले दावों पर शाहिद अफ़रीदी का ये जवाब

    शाहीन शाह अफ़रीदी के पाकिस्तान की टी-20 क्रिकेट टीम का कप्तान चुने जाने पर उनके ससुर और पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफ़रीदी ने कहा है कि वो इस फ़ैसले के पक्ष में नहीं हैं.

    शाहिद अफ़रीदी ने ये भी कहा कि कुछ लोगों को लग रहा होगा कि मैंने अपने रिश्ते की वजह से शाहीन शाह अफ़रीदी को सपोर्ट किया है, तो मैं इन सब चक्करों में नहीं रहता.

    शाहिद अफ़रीदी ने पाकिस्तानी चैनल समा टीवी के एक कार्यक्रम में ये बातें कहीं.

    उन्होंने कहा, "हमेशा मेरी कोशिश रही है कि शाहीन को मैं कप्तानी से साइड रखूं. क्योंकि मैंने कप्तानी की है, मोहम्मद यूनुस ने कप्तानी की है. हम सबने कप्तानी की है. कप्तानी की एंडिंग (अंत) कभी ठीक रही ही नहीं है. बाबर के साथ जो हो रहा है न, हमें पता था कि ये सब होना है."

    दरअसल, विश्व कप टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइनल में जगह न बना पाने के बाद बाबर आज़म ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफ़ा दे दिया. कुछ ही घंटों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शाहीन शाह अफ़रीदी को टी-20 टीम का कप्तान बनाया और शान मसूद को टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी.

    इसके बाद पाकिस्तान में कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने शाहीद अफ़रीदी पर अपने दामाद को कप्तानी दिलाने के लिए लाबिइंग करने का आरोप लगाया.

    शाहीन शाह अफ़रीदी ने इसी साल शाहीद अफ़रीदी की बेटी अंशा अफ़रीदी से शादी की थी.

    शाहीद अफ़रीदी ने शाहीन शाह अफ़रीदी को कप्तानी मिलने पर कहा, "शाहीन ने भी कई बार कहा है कि लाला (शाहिद) की कभी ख़्वाहिश नहीं थी कि मैं कप्तान बनूं. मुझे इसके नतीजे पता हैं. इसके मज़े तो हैं लेकिन जब आप सही नहीं करते तो सारा कुछ आप पर (कप्तान) आता है."

    "बाबर को टेस्ट के लिए आप कप्तान बनाए रखें. अगर आपको व्हाइट बॉल (सीमित ओवरों के मैच) के लिए तो आप मोहम्मद रिज़वान को लाइए. आप लोगों ने मोहम्मद रिज़वान का नाम हमेशा मेरे मुंह से सुना होगा. मुझे चेयरमैन साहब (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) ने बुलाया. मैंने उनसे भी कहा कि बाबर को रेड बॉल से न हटाएं."

    उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि शाहीन को कप्तान बनाने का फ़ैसला मोहम्मद हफ़ीज़ और चेयरमैन ने मिलकर लिया है.

    उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मैंने हमेशा कोशिश की है कि मैं इन चीज़ों में पड़ूं न. क्योंकि मेरा और शाहीन का जैसा रिश्ता है, कि लोग समझेंगे कि ये शायद शाहीन को सपोर्ट कर रहा है, उसके लिए लॉबिइंग कर रहा है. मैं साफ़ कहता हूं कि मैं इन चक्करों में नहीं पड़ता. मैंने आज तक शाहीन को कप्तानी देने का सपोर्ट किया ही नहीं है."

  9. हमास के कब्ज़े से बंधकों को छुड़वाने में जुटे वार्ताकार को एक सप्ताह में डील पक्की होने की उम्मीद

    सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास के हमले के बाद बंधक बनाए गए लोगों को छुड़वाने के लिए बातचीत में लगे एक शीर्ष वार्ताकार ने एसोसिएटेड प्रेस को कहा है कि एक सप्ताह में समझौता पक्का होने की उम्मीद है.

    लेबनान के पूर्व ख़ुफ़िया प्रमुख अब्बास इब्राहिम ने कहा कि अगर इसराइल थोड़ा लचीला रुख अपनाए तो ये डील हो जाएगी.

    ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि अगर चर्चा के अनुसार समझौता हुआ तो फिर ग़ज़ा ले गए करीब 240 बंधकों को छुड़वाने के बदले इसराइली जेलों में बंद कुछ बच्चों और महिलाओं को रिहा करना होगा.

    इब्राहिम ने कहा का कि हमास की शर्तों के अनुसार वो चाहते हैं कि कम से कम "ग़ज़ा के दक्षिण और उत्तरी इलाके के बीच लोगों की मुक्त आवाजाही हो. ये एक ऐसा मुद्दा है जहां दोनों पक्षों के बीच असहमति बनी हुई है."

    वो कहते हैं, "लेकिन मेरी नज़र में चीज़ें सकारात्मक होंगी. बंधकों की अदला-बदली होगी."

    इब्राहिम छह सप्ताह पहले इस युद्ध शुरू होने के बाद से ही नागरिकों के बचाव और मानवीय सहयता के लिए समझौतों से जुड़ी बातचीत में शामिल हैं.

  10. पीएम मोदी ने इसराइल-हमास युद्ध में आम लोगों की मौत की निंदा की, बातचीत पर दिया ज़ोर

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसराइल-हमास के बीच जारी युद्ध में हो रही आम लोगों की मौत की निंदा की है. उन्होंने पश्चिम एशिया में इस संघर्ष की वजह से बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए ग्लोबल साउथ देशों के बीच एकता और सहयोग की तत्काल ज़रूरत को भी रेखांकित किया.

    दूसरे वॉइस ऑफ़ ग्लोबल साउथ समिट के उद्धाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने हिंसा और आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत के दृढ़ रुख पर भी ज़ोर दिया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम सभी देख रहे हैं कि पश्चिम एशिया क्षेत्र की घटनाओं से नई चुनौतियां उभर रही हैं. भारत ने सात अक्टूबर को इसराइल में हुए जघन्य आतंकी हमले की निंदा की है. हमने रिस्ट्रेंट (संयम) के साथ ही डायलॉग और डिप्लोमेसी पर ज़ोर दिया है."

    "इसराइल और हमास के संघर्ष में आम लोगों की मौत की हम कठोर निंदा करते हैं. राष्ट्रपति महमूद अब्बास से बात कर हमने फ़लस्तीन के लोगों के लिए मानवीय सहायता भी भेजी है. ये समय है जब ग्लोबल साउथ के देश, ग्रेटर ग्लोबल गुड के लिए एक स्वर में बात करें."

  11. इसराइल ने ख़ान यूनिस में गिराए पर्चे, कहा-दक्षिण ग़ज़ा खाली करें

    इसराइली सेना ने ख़ान यूनिस के कुछ शहरों के लोगों को अपने घर खाली करने और शेल्टर केंद्रों में जाने को कहा है.

    इसराइली सेना ने बुधवार की रात बानी सुहैला, खुज़ा,अबास्सन, करारा शहर में पर्चे गिरा कर ये चेतावनी दी. इन शहरों में दस लाख से अधिक लोग रहते हैं. इन इलाकों में बड़ी तादाद में विस्थापित लोग जमा हैं.

    ख़ान यूनिस दक्षिणी ग़ज़ा का सबसे बड़ा शहर है. उत्तरी ग़ज़ा को छोड़ कर आने वाले लोग बड़ी तादाद में यहां मौजूद हैं. अक्टूबर में यहां की आबादी चार लाख से बढ़ कर दस लाख हो गई थी.

    यहां हजारों विस्थापित लोग अस्थायी कैंपों, अस्पतालों और स्कूलों में रह रहे हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ पर्चे में कहा गया है कि लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए अपने घरों को तुरंत छोड़ देना चाहिए.

    पर्चे में कहा गया है,'' आतंकवादियों और उनके ठिकानों पर रहने वाले लोग अपनी जान जोखिम को डाल रहे हैं.

  12. छत्तीसगढ़ : दूसरे चरण में 70 सीटों पर वोटिंग जारी, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव जैसे दिग्गजों के भाग्य का फैसला

      • Author, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में विधानसभा के दूसरे और अंतिम चरण में राज्य की 90 में से 70 सीटों पर मतदान सुबह से ही जारी हैं.

    हालांकि अधिकांश इलाकों में वोटिंग की रफ़्तार बेहद कम है. सुबह 9 बजे तक राज्य भर में 5.71 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था. आदिवासी बहुल गरियाबंद में सर्वाधिक 10.50 फ़ीसदी वोट डाले जा चुके थे.

    अधिकांश इलाकों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की ख़बर है. माओवाद प्रभावित एकमात्र सीट बिंद्रानवागढ़ में सुबह 7 बजे से ही मतदान शुरू हो गया. यहां तीन बजे तक वोट डाले जाएंगे.

    अन्य सीटों पर सुबह 8 बजे से मतदान का काम शुरु हुआ है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा. आज जिन इलाकों में वोट डाले जा रहे हैं, उनमें बड़ी संख्या शहरी इलाकों की है. माना जा रहा है कि सूरज जैसे-जैसे चढ़ना शुरू होगा, मतदान प्रतिशत भी बढ़ता जाएगा.

    आज पाटन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भरतपुर सोनहत में केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, अंबिकापुर में उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, सक्ति में विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, लोरमी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अरुण साव समेत राज्य के 9 मंत्रियों और कई वीआईपी नेताओं के कामकाज पर जनता अपना फ़ैसला सुना रही है.

    कांग्रेस और भाजपा के अलावा, बसपा, आम आदमी पार्टी, हमर राज पार्टी, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जोगी समेत कई राजनीतिक दलों के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. इससे पहले माओवाद प्रभावित बस्तर समेत दूसरे ज़िलों की 20 सीटों पर 7 नवंबर को ही वोट डाले जा चुके हैं.

  13. फुटबॉल : वर्ल्ड कप क्वालिफायर के दूसरे राउंड में भारत की जीत, कुवैत को 1-0 से हराया

    भारतीय फुटबॉल टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 एएफसी क्वालिफायर के दूसरे राउंड के ग्रुप ए मैच में कुवैत को 1-0 से हरा दिया है.

    कुवैत में खेले जा रहे है फीफा वर्ल्ड कप क्वालिफायर भारत के लिए एक मात्र विजयी गोल मनवीर सिंह ने 75वें मिनट में किया. भारत फीफा रैंकिंग में 102 वें स्थान पर है, जबकि कुवैत 136वें स्थान पर है.

    मैच में शुरू से ही संघर्ष दिखा. पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं.

    हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी थी. पहले हाफ के मैच में खेल पर भारत का दबदबा दिख रहा था. हालांकि भारतीय टीम के पास गोल करने के कई मौके आए थे लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सका.

    कुवैत के पास भी फ्री किक से गोल हासिल करने का मौका था लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिल सकी.

    75वें मिनट में मनवीर सिंह गोल करने में कामयाब रहे. उन्होंने लल्लियानजुआला छांग्ते के शानदार पास को गोल में तब्दील करते हुए भारत को 1-0 से जीत दिलाई.

  14. इसराइल-हमास युद्ध : ग़ज़ा में इसराइली कार्रवाई जारी-तस्वीरों में देखिये

  15. मध्य प्रदेश : शिवराज सिंह ने वोटिंग से पहले कहा- जीत होगी, इनका आशीर्वाद मिला हुआ है

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उनकी 'लाडली' बहनें' आशीर्वाद दे रहे हैं.

    मध्यप्रदेश की बुदनी सीट से खड़े सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपना वोट देने से पहले कहा कि उन्हें 'लाडली बहन' योजना पर पूरा भरोसा हैं.

    मध्य प्रदेश की बहनें इस योजना का लाभ ले रही हैं. उन्होंने कहा,'मध्य प्रदेश की लाडली बहनों का मुझे आशीर्वाद मिला हुआ है. राज्य में भाई-बहन माता-पिता सब प्रसन्न हैं राज्य के विकास से.'

    शिवराज सिंह चौहान का बड़ा चुनावी अभियान राज्य में लागू की गई लाडली बहना योजना है, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने 1250 रुपए दिए जा रहे हैं.

    वे चुनावी सभाओं में खुद को ‘मामा’ की तरह पेश करते हैं, यानी वे बताते हैं कि महिलाओं के भाई हैं और अगर बीजेपी जीतकर सत्ता में वापस नहीं आई, तो लाडली बहना योजना बंद हो सकती है.

  16. इसराइली सेना का दावा- ग़ज़ा में बंधक बनाई गईं 65 वर्षीय महिला का शव मिला, कैंसर की मरीज थीं

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसके सैनिकों को ग़ज़ा में बंधक बनाई गई एक महिला का शव मिला है.

    महिला को हमास ने अपने हमले के दौरान बंधक बनाया था. इसराइल डिफेंस फोर्सेज के मुताबिक 65 वर्षीय इसराइली महिला येहूदित विस का शव अल शिफ़ा अस्पताल के नजदीक एक मकान से बरामद किया गया.

    बंधकों को छुड़ाने की मांग पर बने संगठन ब्रिंग देम होम के मुताबिक़ महिला को ब्रेस्ट कैंसर था. 7 अक्टूबर को जब हमास ने हमला किया था तो उस वक्त महिला अपनी बीमारी से उबर रही थीं.

    बंधक बनाए जाते समय वो अपनी दवा साथ नहीं ले जा पाई थीं. इसराइली सेना ने कहा कि हमास ने अपने हमले के दौरान 240 इसराइली नागरिकों को बंधक बना लिया था.

  17. उत्तरकाशी : अभी तक सुरंग में फंसे हुए हैं 40 मजदूर, सीएम ने की रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा

    उत्तराखंड के सिलक्यारा सुरंग में फंसे 40 मजूदरों को अभी तक निकाला नहीं जा सका है. मजदूर पिछले छह तीन से सुरंग में फंसे हुए हैं.

    17 नवंबर की सुबह इन मजदूरों को निकालने के लिए अमेरिकी जैक एंड पुथ अर्थ ऑगर मशीन से ड्रिलिंग का काम शुरू हो चुका है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार आसिफ़ अली के मुताबिक़ अमेरिकन ऑगर मशीन के जरिए पाइपों को मलबे के भीतर डालने का काम लगातार जारी है. अमेरिकन ऑगर मशीन टनल के बीच जमा मलबे को ड्रिल करने में कामयाब साबित हो रही है.

    बृहस्पतिवार को क़रीब 11 बजे 900 एम एम व्यास के माइल्ड स्टील (लोहे) के पहले सेग्मेंट के ड्रिलिंग का काम शुरू किया गया था. जिसके तहत बृहस्पतिवार दिन के क़रीब 12 बजे तक 6 मीटर पाइप को मलबे में ड्रिल किया गया था.

    बृहस्पतिवार रात 9 बजे तक पाइप को 12 मीटर ही मलबे में ड्रिल किया जा सका था.

    उत्तरकाशी ज़िला आपदा प्रबंधन अधिकार देवेन्द्र पटवाल ने बताया, ''आज शुक्रवार सुबह 7 बजे तक मलबे में 21 मीटर तक ड्रिलिंग कर ली गई है.'' यानी 6 मीटर के तीन पाइपों को पूरी तरह मलबे में ड्रिल किया जा सका है, चौथा पाइप आधा यानी 3 मीटर तक अंदर ड्रिल हो चुका है

    इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सचिवालयल ने रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की.

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी में 12 नवंबर को एक निर्माणाधीन सुरंग धंस गई थी और उसमें काम करने वाले 40 मजदूर उसमें फंस गए थे.

    ज्यादातर मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले हैं. इससे पहले केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने गुरुवार को कहा था कि उत्तरकाशी टनल में पिछले चार दिनों से फँसे 40 मज़दूरों को निकालने के लिए चल रहे राहत एवं बचाव कार्य में दो तीन लगेंगे

    उत्तरकाशी में दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य का जायजा लेने पहुंचे जनरल वीके सिंह ने बताया 'शुरू में जो ड्रिलिंग हो रही थी उससे टनल का एक हिस्सा गिरने लगा था इसलिए हमने फैसला किया उसे छेड़ना नहीं चाहिए नहीं तो ख़तरा और बढ़ सकता है.'

  18. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज वोटिंग, इन दिग्गजों की साख दांव पर

    मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज ( 17 नवंबर 2023) विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है.

    मध्य प्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ की बची हुई 70 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है. मध्य प्रदेश में सुबह सात बजे मतदान शुरू हो चुका है जो शाम छह बजे तक चलेगा.

    छत्तीसगढ़ में मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होगा लेकिन नक्सल प्रभावित कुछ सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से हो रहा है जो दोपहर तीन बजे तक चलेगा.

    मध्य प्रदेश में बुदनी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिंह और छिंदवाड़ा से कांग्रेस के सीएम चेहरे कमलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं दिमनी से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और दतिया से नरोत्तम मिश्रा खड़े हैं.

    नरसिंहपुर से केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल खड़े हैं. इंदौर-1 सीट से बीजेपी के कैलाश विजयवर्गीय चुनाव लड़ रहे हैं.

    वहीं छत्तीसगढ़ में पाटन विधानसभा से खुद मुख्यमंत्री भूपेश पटेल चुनाव लड़ रहे हैं.

    जबकि अंबिकापुर से टीएस सिंह देव खड़े हैं. मध्य प्रदेश की 230 सीटों में 148 सामान्य और बाकी आरक्षित सीटें हैं.

    35 सीटें अनुसूचित जाति और 47 सीटें अनुसूचित जातियों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं.

  19. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    16 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.