अल-शिफ़ा अस्पताल की पूरी तलाशी में लग सकते हैं कुछ हफ़्ते, ग़ज़ा में इंटरनेट बंद
ग़ज़ा सिटी के सबसे बड़े अल-शिफ़ा अस्पताल में इसराइली सेना एक-एक कमरे की तलाशी ले रही है और अनुमान है कि अस्पताल की पूरी तलाशी में कुछ हफ़्ते लग सकते हैं.
इसराइली सेना के प्रवक्ता ले. जोनाथन कोनरिकस ने बीबीसी रेडियो फ़ोर के एक प्रोग्राम में कहाकि अस्पताल के नीचे सुरंगों का जाल है और इसकी तलाशी में ‘कुछ हफ़्ते’ लग सकते हैं.
इस बीच ख़बर है कि गुरुवार को ग़ज़ा पट्टी में फ़ोन और इंटनेट संचार पूरी तरह बंद हो गया है.
टेलीकॉम कंपनी ने कहा है कि लैंडलाइन, फ़ोन और वाईफ़ाई की सुविधा पूरी तरह अनुपबल्ध रहेगी.
उधर अल-शिफ़ा अस्पताल के डायरेक्टर ने एक बयान जारी कर कहा कि ‘हालात बहुत भयावह हैं और जो लोग अस्पताल में हैं वो प्यास से बिलख रहे हैं.’
बीते 24 घंटों का अपडेटः
- बुधवार की रात सेंट्रल ग़ज़ा में इसराइल की हवाई बमबारी में 50 फ़लस्तीनियों की मौत हो गई जबकि दर्जनों घायल हैं.
- इसराइली सेना ने कहा है कि उसके ज़मीनी अभियान में अबतक 50 सैनिक मारे जा चुके हैं.
- इसराइल ने अब दक्षिणी ग़ज़ा के चार इलाक़ों से लोगों को अपने घर खाली कर देने के लिए विमान से पर्चे गिराए हैं.
- ग़ज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इसराइली सेना ने अपने अभियान में अल शिफ़ा अस्पताल के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया है.
- अस्पताल में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसराइली सैनिक अस्पताल में चारो ओर हैं और वो हर ओर गोली चला रहे हैं.
- इसराइली सेना ने कहा है कि सैनिक अल-शिफ़ा अस्पताल में हर फ़्लोर पर एक एक कमरे की तलाशी ले रहे हैं. उसका दावा है कि अस्पताल में हमास का कमांड और कंट्रोल सेंटर है उसे कुछ हथियार भी मिले हैं.
- ग़ज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, ग़ज़ा पट्टी के 35 में से 26 अस्पतालों ने काम करना बंद कर दिया है.
- अमेरिका के पूर्व वरिष्ठ सलाहकार का कहना है कि देश में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की स्थिति ‘राजनीतिक रूप से काफ़ी जोख़िम भरी’ बन गई है.