You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल-हमास युद्धः शांति को कोशिशें तेज़, बीते 24 घंटे के प्रमुख बड़े घटनाक्रम

बुधवार को ग़ज़ा में सुरक्षित कॉरिडोर बनाने से लेकर, बंधकों को छुड़ाने और कुछ समय के लिए युद्ध विराम को लेकर कई नए घटनाक्रम सामने आए हैं.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and संदीप राय

  1. तुर्की की संसद ने इसराइल-ग़ज़ा मामले में कोका-कोला और नेस्ले पर लगाई रोक

    तुर्की की संसद के अध्यक्ष ने कहा है कि अब वह उन कंपनियों के उत्पादों का इस्तेमाल नहीं करेगी जो "इसराइल की आक्रामकता" का समर्थन करती हैं.

    टीआरटी के अनुसार, नोमान कर्तुलमस ने मंगलवार को देश के उत्तरी प्रांत ओरदू में एक कार्यक्रम में कहा कि “टीबीएमएम (तुर्की ग्रैंड नेशनल असेंबली) में उन कंपनियों के किसी भी उत्पाद का उपयोग नहीं करेंगे जो इसराइल की आक्रामकता का समर्थन करती हैं.”

    “अब से हम यही करेंगे, हालांकि जो पहले ही खरीद लिया गया है उसे फेंका नहीं जा सकता.”

    हालांकि कर्तुलमस ने उन कंपनियों का सीधे-सीधे नाम नहीं लिया है लेकिन रॉयटर्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक तुर्की की संसद ने कोका-कोला और नेस्ले के उत्पाद को बायकॉट किया है.

    रॉयटर्स को एक सूत्र ने बताया है कि कोका-कोला और नेस्ले की कॉफ़ी ही दो मात्र ऐसे उत्पाद हैं जिसे संसद के रेस्त्रां के मेन्यू से हटाया गया है.

    हालांकि संसद के स्पीकर ने ये साफ़ नहीं किया कि आखिर किस तरह ये कंपनियां इसराइल का समर्थन कर रही हैं.

  2. दिल्ली में ज़हरीली हवा का असर, एयर क्वालिटी इंडक्स गंभीर स्तर पर पहुंचा

    दिल्ली का वायु प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़ राजधानी में जहरीली धुंध का असर है और बुधवार को भी हवा की गुणवत्ता 'सीवियर' कैटेगरी में है.

    सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 452 दर्ज किया गया, जबकि आरके पुरम, पंजाबी बाग, श्री अरबिंदो मार्ग और शादीपुर में ये 433, 460, 382 और 413 है.

    मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ‘ये लोगों के स्वास्थ्य की हत्या है.’

    सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार से पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए क़दम उठाने के लिए कहा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “हम चाहते हैं कि ये रुके. हम नहीं जानते कि आप इसे कैसे करेंगे, लेकिन ये आपका ही काम है. इसे रोका ही जाना चाहिए. तुरंत ज़रूर कुछ किया जाना चाहिए.”

  3. दिवाली से पहले सुप्रीम कोर्ट ने कहा- प्रदूषण वाले पटाखों पर देश भर में बैन

    दिवाली से पहले सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि बेरियम और प्रतिबंधित कैमिकल वाले पटाखों पर बैन का आदेश सिर्फ़ दिल्ली-एनसीआर नहीं बल्कि पूरे देश पर लागू होगा.

    जस्टिस ए एस बोपन्ना और जस्टिस एम एम सुंदरेश की बेंच एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी जिसमें राजस्थान सरकार को बैनेक हेमिक्सा के इस्तेमाल पर बैन लगाने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू कराने की मांग की गई थी, जिससे ध्वनि प्रदूषण को काबू किया जा सके.

    कोर्ट ने कहा, “इस समय किसी अलग आदेश की ज़रूरत नहीं है क्योंकि इस कोर्ट ने याचिकाओं की सुनवाई के दौरान कई आदेश पारित किए हैं जहां वायु के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण को कम करने और इससे बचने के लिए कदम उठाने को कहा गया है. इसलिए ये आदेश राजस्थान राज्य सहित देश के हर एक राज्य पर लागू होंगे.”

    “हम यह स्पष्ट करते हैं कि राजस्थान भी इस पर ध्यान दे और न केवल त्योहारी सीजन के दौरान, बल्कि उसके बाद भी वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए सभी कदम उठाए.”

  4. मैक्सवेल की धुंआधार पारी पर तेंदुलकर से लेकर सहवाग और लक्ष्मण क्या बोले

    अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ ग्लेन मैक्सवेल ने शानदार दोहरा शतक लगाया. ग्लेन मैक्सवेल ने 128 गेंदों पर 201 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 21 चौके और 10 छक्के लगाए.

    इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने अफ़ग़ानिस्तान से लगभग हारी हुई बाजी पलट दी. मैक्सवेल की इस पारी को क्रिकेट के फ़ैंस और जानकार जादुई बता रहे हैं.

    सचिन तेंदुलकर ने मैक्सवेल की पारी को अपने जीवन में देखी गई सबसे बेहतरीन पारी बताया.

    इस मैच पर उन्होंने लिखा- “ इब्राहिम ज़ारदान की शानदार पारी ने अफ़ग़ानिस्तान को अच्छी स्थिति में लाया. उन्होंने दूसरे हाफ़ में अच्छी शुरुआत की और 70 ओवरों तक अच्छा क्रिकेट खेला लेकिन आखिरी 25 ओवर में ग्लेन मैक्सवेल ने जो किया उससे खेल का भाग्य ही बदल गया. मैक्स प्रेशर में मैक्स परफॉर्मेंस.”

    “यह मेरे जीवन में देखी गई सर्वश्रेष्ठ वनडे पारी है”

    वीरेन्द्र सहवाग ने मैक्सवेल की इस पारी को वनडे क्रिकेट की सबसे महान पारियों में से एक बताया है और कहा है कि इस पारी को लंबे समय तक याद रखा जाएगा.

    उन्होंने मैच के बाद एक्स पर लिखा- “रनों का पीछा करते हुए 200 रन बनाना, ये वनडे इतिहास की सबसे महान पारियों में एक है. ग्लेन मैक्सवेल की शानदार. पैट कमिंस ने अच्छा साथ दिया. इस पारी को लंबे वक्त तक याद रखा जाएगा.”

    वीवीएस लक्ष्मण ने एक्स पर लिखा- क्रिकेट फ़ील्ड पर सबसे बेहतरीन व्यक्तिगत पारियों में एक... अब तक की सबसे महान पारियों में एक. इस पारी ने कभी न हार मानने की सीख दी. मैक्सवेल के लिए तालियां, यह अविश्वनीय पारी है.

  5. इसराइल-ग़ज़ा मामले पर ब्रिटेन के सांसद इमरान हुसैन ने क्यों दिया इस्तीफ़ा?

    ब्रिटेन की लेबर पार्टी के सांसद इमरान हुसैन ने ग़ज़ा में "युद्धविराम की पुरजोर वकालत" करते हुए कीर स्टार्मर की शैडो कैबिनेट से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    हुसैन कामगरों के लिए बनायी जाने वाली नई डील के शैडो मंत्री थे.

    उन्होंने कहा कि वह लेबर के एजेंडे के प्रति प्रतिबद्ध हैं लेकिन ग़ज़ा पर उनका दृष्टिकोण सर कीर से "काफ़ी हद तक" अलग है. सर कीर ब्रिटेन की संसद में नेता प्रतिपक्ष हैं.

    सर कीर ने ग़ज़ा में मानवीय कारणों से पॉज़ की वकालत की है लेकिन वो युद्धविराम के समर्थन में नहीं हैं.

    हुसैन ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र और अन्य संस्थाओं की तरह युद्धविराम के "मजबूत समर्थक" हैं. उन्होंने कहा कि इस "रक्तपात को रोकने के लिए युद्धविराम ज़रूरी" है.

    इसराइल ने कहा है कि उसकी सेना अब ग़ज़ा के बीचों बीच पहुंच चुकी है.

    इसराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा है कि इसराली सैनिक आसमान, ज़मीन और समंदर तीनों तरफ़ से सुनियोजित हमले कर रहे हैं.

    प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है उनके सैनिकों ने ग़ज़ा के घेर लिया है और इस समय ग़ज़ा शहर में हैं.

    इससे पहले नेतन्याहू ने कहा था कि जब ये युद्ध ख़त्म होगा तो इसराइल ‘अनिश्चित काल’ तक ग़ज़ा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए ज़िम्मेदार होगा.

    साल 2007 के बाद से ग़ज़ा में हमास का शासन था. इसराइल केवल ग़ज़ा के एयर स्पेस और तटों को काबू करता रहा है.

  6. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    7 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.