ब्रेकिंग न्यूज़, हमास का दावा- कल हुई मौतों में से आधे लोगों की जान दक्षिण ग़ज़ा में गई, इसराइल ने बताया था सुरक्षित क्षेत्र
हमास के ग़ज़ा स्थित स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया है कि कल मारे गए 241 लोगों में से आधे लोग दक्षिणी ग़ज़ा से हैं.
इसराइल ने दक्षिणी ग़ज़ा को उत्तरी ग़ज़ा के मुक़ाबले सुरक्षित बताया है और लोगों को उत्तरी इलाक़े को खाली कर दक्षिण की ओर जाने को कहा.
हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इसराइल ने कल (मंगलवार को) कुल 27 हमले किए थे.
अधिकारियों ने बताया कि ग़ज़ा में 18 अस्पताल और 40 हेल्थ सेंटर काम नहीं कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि संघर्ष में अब तक 193 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो चुकी है.
अधिकारियों के मुताबिक संघर्ष में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10569 हो गई है. मरने वालों में 4324 बच्चे शामिल हैं.
ये संख्या सात अक्टूबर से जारी संघर्ष में अब तक मारे गए लोगों की है. सात अक्टूबर को हमास ने इसराइल पर हमला किया था. इसराइली सेना के मुताबिक इस हमले में करीब 1400 लोगों की मौत हुई थी और हमास के लड़ाके 200 से ज़्यादा लोगों को बंधक बनाकर साथ ले गए थे.