You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वर्ल्ड कप क्रिकेट: ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को हराया, मैक्सवेल की धुआंधार पारी ने पलट दी बाजी

मैक्सवेल ने जबरदस्त पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के 292 रन के लक्ष्य को पार कर लिया.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and अभिनव गोयल

  1. मिज़ोरम की सभी सीटों पर और छत्तीसगढ़ में पहले चरण की वोटिंग शुरू

    मंगलवार को मिज़ोरम की सभी सीटों पर और छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव हो रहे हैं.

    छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 20 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह से सात बजे से शुरू हो चुके हैं.

    नक्सल प्रभावित क्षेत्र के सभी सात ज़िलों में मंगलवार को मतदान किया जा रहा है.

    छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में बाकी 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा.

    इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य मिज़ोरम की कुल 40 सीटों पर आज मतदान हो रहा है और 174 उम्मीदवार मैदान में हैं.

    अब से थोड़ी देर पहले राज्य के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने वोट डाला है. उन्होंने आइजोल उत्तर-2 विधानसभा क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया.

    छत्तीसगढ़ में 20 सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं, इनमें से 10 सीटों मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी.

    मिजोरम विधानसभा चुनाव में मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम),और कांग्रेस सभी 40 निर्वाचन क्षेत्रों से लड़ रहे हैं. बीजेपी 23 सीटों पर और आदमी पार्टी 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.

  2. यूएन प्रमुख ने कहा- ग़ज़ा बच्चों की कब्रगाह बनता जा रहा है, अब तक 4000 बच्चों की मौत

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटरेस ने कहा है कि ग़ज़ा "मानवीय संकट" से गुज़र रहा है और ये फ़लस्तीनी इलाका तेज़ी से "बच्चों की कब्रगाह बनता जा रहा है".

    साल 2017 से संयुक्त राष्ट्र का नेतृत्व कर रहे गुटरेस ने कहा- “हर दिन सैकड़ों बच्चे मारे जा रहे हैं या घायल हो रहे हैं.”

    उन्होंने कहा इस संघर्ष ने दुनिया को “हिला कर रख दिया है” और कई “मासूम ज़िंदगियां बर्बाद हो गई हैं.”

    गुटरेस ने सात अक्टूबर को हमास की ओर से इसराइल पर किए गए हमले की एक बार फिर निंदा करते हुए कहा कि हमास के लड़ाकों ने आम लोगों को "मानव ढाल" के रूप में इस्तेमाल किया है.

    उन्होंने कहा- “आम लोगों को मारना , प्रताड़ित करना, किडनैप करना किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता. आम लोगों की सुरक्षा सबसे ज़रूरी होनी चाहिए.”

    एंटोनियो गुटरेस ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा कि ये संघर्ष "व्यापक क्षेत्र में फैलने का ख़तरा" है इसलिए इसे तुरंत रोकना ज़रूरी है.

    उन्होंने कहा, "हम पहले से ही लेबनान और सीरिया से लेकर इराक और यमन से बढ़ रही हिंसा देख रहे हैं."

    ग़ज़ा में हमास के संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ग़ज़ा में मरने वालों की संख्या 10 हज़ार से अधिक हो चुकी है जिसमें 4,100 से अधिक बच्चे शामिल हैं.

    आज से ठीक एक महीने पहले हमास के इसराइल पर हमले के साथ ये संघर्ष शुरू हुआ था. इसके बाद से इसराइल लगातार ग़ज़ा पर बमबारी कर रहा है, साथ ही इसराइली सेना ग़ज़ा के उत्तरी इलाकों में ज़मीनी हमले कर रही है.

    इसराइल में हमास के हमले में कुल 1400 लोगों की मौत हुई थी और 200 से अधिक लोगों को हमास ने बंधक बनाया था.

  3. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    6 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.