You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वर्ल्ड कप क्रिकेट: ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को हराया, मैक्सवेल की धुआंधार पारी ने पलट दी बाजी

मैक्सवेल ने जबरदस्त पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के 292 रन के लक्ष्य को पार कर लिया.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and अभिनव गोयल

  1. मध्य प्रदेश चुनाव: ग्वालियर के ये युवा ज्योतिरादित्य सिंधिया और चुनाव पर क्या बोले?

  2. इसराइल हमास युद्धः अगर हमास ख़त्म हुआ, ग़ज़ा की कमान कौन संभालेगा?

      • Author, पॉल एडम्स
      • पदनाम, पॉल एडम्स,बीबीसी संवाददाता, इसरइल से

    इसराइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ग़ज़ा में युद्ध समाप्त होने के बाद ‘इसराइल अनिश्चितकाल तक सुरक्षा की ज़िम्मेदारी संभालेगा.’

    नेतन्याहू के इस बयान से ग़ज़ा को लेकर उनकी दीर्घकालिक योजना के पहले संकेत मिले हैं.

    ये बयान ऐसे समय में आया है जब ये सवाल उठ रहा है कि इसराइल जब ग़ज़ा से, या संभवतः, हमास को ख़त्म करने के अपने लक्ष्य को हासिल कर लेगा तो उसके बाद क्या होगा.

    नेतन्याहू सरकार के प्रखर आलोचक अख़बार हारेट्ज़ में लिखते हुए अमीर टिबोन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अमेरिकी अधिकारी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि इसराइल के पास ग़ज़ा से बाहर निकलने की कोई रणनीति नहीं है.

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने हाल ही में तेल अवीव की अपनी यात्रा के दौरान इसराइली अधिकारियों से यही पूछा था. टिबोन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि उन्हें ये संकेत मिले हैं कि ‘इस विषय पर कोई चर्चा ही नहीं हुई है.’

    ये अब स्पष्ट है कि, भले ही अल्पकाल के लिए, इसराइल की सेना ग़ज़ा में पुलिस का काम करेगी. इसराइली सेना 18 साल पहले ग़ज़ा से बाहर निकली थी.

    लेकिन, नेतन्याहू सरकार में शामिल अति कट्टरपंथी तत्व, जो चाहते हैं कि यहूदी फिर से ग़ज़ा में बसे, इसराइली लोगों में स्थायी रूप से फिर से ग़ज़ा में लौटने को लेकर बहुत कम स्वीकार्यता है. अधिकतर लोग ये मानते हैं कि ग़ज़ा में इसराइल की मौज़ूदगी परेशानी के अलावा और कुछ नहीं है.

    आगे चलकर ग़ज़ा की कमान कौन संभालेगा? फ़लस्तीनी प्राधिकरण, संयुक्त राष्ट्र शांति बल या फिर अरब शांति बल, इस बारे में अभी सिर्फ़ कयास ही लगाये जा सकते हैं.

  3. ग़ज़ा को लेकर नेतन्याहू का बड़ा बयान, क्या 'क़ब्ज़ा' करेगा इसराइल?

      • Author, जेरेमी बोवेन
      • पदनाम, अंतरराष्ट्रीय संपादक, इसराइल-ग़ज़ा सीमा से

    इसराइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी चैनल एबीसी को दिए साक्षात्कार में कहा है कि युद्ध के बाद इसराइल हमेशा के लिए ग़ज़ा की सुरक्षा ज़िम्मेदारी संभालेगा.

    ये परिभाषित करना मुश्किल है कि उनके कहने का मतलब क्या है- लेकिन इसे एक तरह से ग़ज़ा पर इसराइल के क़ब्ज़े के रूप में देखा जा सकता है, जिसमें इसराइल ग़ज़ा में नागरिक प्रशासन की ज़िम्मेदारी नहीं संभालेगा.

    ‘सुरक्षा ज़िम्मेदारी’ एक ऐसा वाक्यांश है जिसका इस्तेमाल वेस्ट बैंक के कुछ हिस्सों में भी किया जाता है. वेस्ट बैंक भी फ़लस्तीनी क्षेत्र ही है.

    1990 के दशक में हुए इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच पहले समझौते यानी ओस्लो समझौते के तहत इस बात पर सहमति बनीं थी कि वेस्ट बैंक के कुछ हिस्सों में नागरिक प्रशासन की ज़िम्मेदारी तो फ़लस्तीनी प्राधिकरण की होगी जबकि इन इलाक़ों में सुरक्षा की ज़िम्मेदारी इसराइल की होगी.

    दूसरे शब्दों में कहा जाए तो, जहां तक क़ानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था संभालने की बात है, इसराइल का जब मन करेगा, वह आएगा और जाएगा, लेकिन शहर का कचरा इकट्ठा करने या स्कूल चलाने जैसे जो दूसरे काम हैं, वो फ़लस्तीनी ही करेंगे.

    हालांकि, ऐसा करने के लिए एक ऐसे फ़लस्तीनी संस्थान की ज़रूरत होगी, जो इसराइल के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हो.

    जो कुछ भी ग़ज़ा में इस समय हो रहा है, ऐसी संभावना अधिक है कि कोई भी फ़लस्तीनी, जो ये काम करने के लिए तैयार होगा उसे ‘दुश्मन के साथ मिलकर काम करने वाले एक देशद्रोही के रूप में ही देखा जाएगा.’

    मुझे ये लगता है कि- जबकि यह इसराइल के लिए एक अस्पष्ट महत्वाकांक्षा है, तथ्य यह है कि इसराइल बहुत मुश्किल स्थिति में आने जा रहा है.

    इसराइल अब ग़ज़ा में फंसा हुआ है, उसे ग़ज़ा को संभालना ही होगा और बहुत संभव है कि इसके लिए उसे कुछ हद तक ग़ज़ा पर क़ब्ज़ा करना होगा.

  4. 'हम मौत का इंतज़ार कर रहे हैं, वो इस ज़िंदगी से बेहतर', ख़ान यूनिस पर हमले, देखें तस्वीरें

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि ख़ान यूनिस और रफ़ाह इलाक़ों में हुए अलग-अलग हवाई हमलों में कम से कम 23 लोग मारे गए हैं.

    ग़ज़ा पट्टी के ये दोनों ही शहर दक्षिणी इलाक़े में स्थित हैं. अभी तक आईडीएफ़ ने इन हवाई हमलों की पुष्टि नहीं की है.

    7 अक्तूबर को इसराइल पर हमास के हमले के बाद ग़ज़ा में इसराइल का सैन्य अभियान जारी है. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि अभी तक इसराइल के हमलों में ग़ज़ा में दस हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

    इसराइल के हमलों में एक महीने के भीतर ही मरने वालों लोगों की तादाद 21 महीने से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध में मरने वाले नागरिकों की तादाद से ज़्यादा हो गई है.

    संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़ फ़रवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से 21 महीनों में 9700 आम लोग मारे गए हैं.

    'मौत की सज़ा है ख़ान यूनिस में रहना'

    ख़ान यूनिस के रहने वाले अबु जिहाद सो रहे थे, जब बीती रात हवाई हमले हुए.

    अबु जिहाद बताते हैं कि हमले के बाद उनके आसपास का पूरा इलाक़ा मलबे में बदल गया.

    मलबे में फंसे लोगों को निकाला जा रहा था.

    ख़ान यूनिस ग़ज़ा पट्टी के दक्षिण में स्थित है.

    अबु जिहाद कहते हैं, "यहां लोग अपनी मौत का इंतज़ार कर रहे हैं."

    "यहां मौत ज़िंदगी से बेहतर है. हम सब मरने का इंतज़ार कर रहे हैं, हर पल मौत है. यहां रहना मौत की सज़ा है."

    आज सुबह ख़ान यूनिस में हुए इस हमलें की तस्वीरें

  5. एल्विश यादव को नोएडा पुलिस ने बुलाया, यूपी के मंत्री ने कहा, ‘कोई क़ानून से बड़ा नहीं’

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश के वन मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा है कि कोई भी सेलिब्रिटी क़ानून से बड़ा नहीं है और एल्विश यादव मामले में भी क़ानून अपना काम करेगा.

    उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस एक मामले की जांच कर रही है जिसमें एल्विश यादव भी अभियुक्त हैं.

    एल्विश यादव चर्चित यूट्यूबर हैं और बिग बॉस ओटीटी रियलिटी शो के विजेता भी हैं.

    नोएडा में पुलिस ने जो एफ़आईआर दर्ज की है, उसमें एल्विश यादव का भी नाम है.

    जब उत्तर प्रदेश के वन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार अरुण सक्सेना) से पत्रकारों ने इस मामले में के बारे सवाल किया तो जवाब में उन्होंने कहा, “क़ानून अपना काम करेगा, कोई भी सेलिब्रिटी, चाहे वो कितना ही बड़ा क्यों ना हो, क़ानून से बड़ा नहीं है.”

    3 नवंबर को नोएडा पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया था और कहा था कि एल्विश यादव की भूमिका की जांच की जा रही है.

    ये मुक़दमा वन्य जीव सुरक्षा अधिनियम 1972 के तहत दर्ज किया गया है. पुलिस ने गिरफ़्तार किए गए लोगों से 9 सांप बरामद किए थे, जिनमें पांच कोबरा थे.

    पुलिस ने 20 मिलीलीटर ज़हर भी बरामद किया था. ये गिरफ्तारियां एक पार्टी हॉल से हुई थीं.

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और पशु अधिकार कार्यकर्ता मेनका गांधी ने कहा था कि इस मामले में एल्विश यादव भी संलिप्त हैं जबकि एल्विश ने ख़ुद को बेग़ुनाह बताया है.

    कुछ दिन पहले राजस्थान पुलिस ने एल्विश यादव को हिरासत में लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस को जानकारी दी थी. बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था.

    इस मामले की जांच कर रहे नोएडा के सेक्टर 49 पुलिस थाने के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर को पुलिस लाइन भेजकर मामले की जांच अन्य थाने को सौंप दी गई है.

    इसके बाद यूपी पुलिस पर इस मामले में दबाव होने को लेकर सवाल उठे थे.

    इसी बीच नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को समन भेजा है और मामले में अपना पक्ष रखने के लिए कहा है.

    पुलिस गिरफ़्तार किए गए अभियुक्तों और एल्विश यादव के बीच के संबंधों की जांच कर रही है.

    एल्विश यादव ने कहा था कि वो पुलिस के साथ जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं.

  6. शाकिब अल हसन वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाएंगे, जानिए क्या है वजह

    क्रिकेट विश्व कप में 11 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन मैच नहीं खेल पाएंगे.

    आईसीसी ने बयान जारी कर बताया है कि इंडेक्स फिंगर(तर्जनी उंगली) में चोट लगने के कारण शाकिब अल हसन विश्व कप से बाहर हो गए हैं.

    सोमवार, 6 नवंबर को श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच खेलते हुए हए शाकिब को उंगली में चोट लगी थी.

    आईसीसी का कहना है कि मैच के बाद शाकिब का एक्स-रे करवाया गया, जिसमें फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है.

    बांग्लादेश के फिजियो बायजेदुल इस्लाम ख़ान ने बताया, "मैच के शुरू में ही शाकिब को इंडेक्स फिंगर में चोट लग गई थी लेकिन पेन किलर और टेपिंग की मदद से मैच को खेलना जारी रखा."

    उन्होंने कहा, "मैच के बाद दिल्ली में उनका इमरजेंसी एक्स-रे हुआ, जिसमें बाएं पीआईपी जोड़ में फ्रैक्चर पाया गया. तीन से चार हफ्ते में ठीक होने का अनुमान है. वे रिहैब के लिए आज बांग्लादेश के लिए रवाना होंगे."

    शाकिब ने श्रीलंका के खिलाफ 65 गेंदों में 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से 82 रन की विजय पारी खेलकर श्रीलंका को तीन विकेट से जीताने का काम किया था.

    यह मैच कप्तान शाकिब की टाइम्ड आउट को लेकर गई अपील के चलते भी चर्चा में रहा. श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज जब दो मिनट के अंदर गेंद खेलने के लिए तैयार नहीं हुए तो उन्होंने टाइम्ड आउट की अपील की जिसे अंपायरों ने मान लिया.

    हालांकि मैथ्यूज का कहना है कि वे दो मिनट के अंदर क्रीज पर पहुंच गए थे, लेकिन हेलमेट का स्ट्रेप टूटने की वजह से उन्हें पिच छोड़नी पड़ी.

  7. लीजेंड्स लीग क्रिकेट ट्रॉफ़ी: खिलाड़ी घूमेंगे वंदे भारत एक्सप्रेस पर

    भारतीय रेल ने लीजेंड्स लीग क्रिकेट के आयोजकों के साथ एक करार किया है जिसके तहत लीग में इस साल खेलने वाले सभी पूर्व क्रिकेटर और ये ट्राफ़ी 8 नवंबर से 15 दिवसीय राष्ट्रीय दौरे पर निकलेंगे.

    लीजेंड्स लीग क्रिकेट के दूसरे सीजन का आयोजन 18 नवंबर और 9 दिसंबर के बीच भारत के पाँच शहरों, राँची, जम्मू, सूरत, देहरादून और विशाखापट्टनम में किया जाना है.

    पहले मैच में इरफ़ान पठान की कप्तानी वाली भीलवाड़ा किंग्स का मुक़ाबला मौजूद चैम्पियंस इंडियन कैपिटल्स से है, जिसके कप्तान गौतम गंभीर हैं. इस लीग में भाग लेने वाले दूसरे नामचीन क्रिकेटरों में सुरेश रैना, केविन पीटरसन, क्रिस गेल, एस श्रीसंत, शेन वॉटसन और प्रवीण कुमार जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं.

    लीजेंड्स लीग क्रिकेट के कमिश्नर, पूर्व भारतीय खिलाड़ी, रवि शास्त्री ने कहा, “भारतीय रेल के साथ जुड़ने पर हमें गर्व महसूस हो रहा है और अब इस लीग में ज़्यादा से ज़्यादा खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं जिससे क्रिकेट का स्तर बेहतरीन रहे.”

    भारत के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “मैं इन सभी महान क्रिकेट खिलाड़ियों का वंदे भारत ट्रेन पर स्वागत करता हूँ और उम्मीद के साथ देश में इस अनोखी यात्रा के ज़रिए खेल के प्रमोशन का इंतेज़ार कर रहा हूँ.”

  8. टाइम्ड आउट विवादः एंजेलो मैथ्यूज ने वीडियो पेश कर किया ये दावा

    श्रीलंका के ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज ने टाइम्ड आउट दिए जाने पर सवाल खड़े किए हैं.

    सोमवार को क्रिकेट विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैथ्यूज, जब बल्लेबाजी करने आए, तो श्रीलंका के कप्तान शाकिब अल हसन ने टाइम्ड आउट की अपील की, जिसे अंपायरों ने मान लिया था.

    लेकिन अब मैथ्यूज ने मैच का एक वीडियो शेयर किया है, जिसकी मदद से वे यह कहने की कोशिश कर रहे हैं कि वे दो मिनट की समय सीमा के अंदर पिच पर पहुंच गए थे और बल्लेबाज़ी के लिए तैयार थे, लेकिन आख़िरी वक़्त पर हेलमेट का स्ट्रिप टूट गया था.

    वहीं एक दूसरे पोस्ट में मैथ्यूज ने दो तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसमें उन्होंने बताया है कि कैसे वो दो मिनट के अंदर पिच पर पहुंच कर खेलने के लिए तैयार थे, लेकिन इसी बीच उनके हेलमेट का स्ट्रेप टूट गया था.

    मैच में कैसे हुआ था टाइम्ड आउट

    सोमवार को एंजेलो मैथ्यूज़ श्रीलंकाई पारी के दौरान 24.2 ओवर के बाद क्रीज़ पर आए.

    25वें ओवर की दूसरी गेंद पर बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने श्रीलंका के बल्लेबाज़ सदीरा समरविक्रमा को आउट किया था.

    ये श्रीलंका की पारी का चौथा विकेट था. मैथ्यूज़ छठे नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए उतरे.

    मैच से जुड़े वायरल वीडियो में देखा जा सकता है, “एंजेलो मैथ्यूज़ क्रीज़ पर आए. उन्होंने झुककर क्रीज़ पर खिंची सफ़ेद लकीर को छुआ और माथे पर हाथ लगाया. फिर हेलमेट का स्ट्रेप खींचा. स्ट्रेप कुछ दिक्कत दिखी और वो मुड़े. हेलमेट उतारकर पवेलियन की ओर इशारा किया. मानो दूसरा हेलमेट मंगा रहे हों.”

    इसी बीच बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने मुस्कुराते हुए अंपायर से टाइम्ड आउट की अपील कर दी.

    तब मैथ्यूज़ को कुछ समझ नहीं आया.

    वीडियो में नज़र आता है कि मैथ्यूज़ भी अंपायरों (रिचर्ड लिंगवर्थ और मराइस इरासम्स) के पास पहुंचे और उन्हें देर की वजह समझाने की कोशिश की.

    इस बीच, अंपायरों ने मुस्करा रहे शाकिब से पूछा कि क्या वो मैथ्यूज़ को आउट करने की अपील कर रहे हैं?

    और तब, शाकिब और उनकी बांग्लादेशी टीम ने कहा कि वो अपील को लेकर गंभीर हैं और इसे वापस नहीं ले रहे हैं.

    वीडियो में मैथ्यूज़ इसके बाद शाकिब से कुछ कहते दिखते हैं. फिर अंपायर उन्हें मैदान में बाहर जाने के लिए कहते हैं.

  9. बढ़ रहे प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख़्त, पंजाब से कहा- कैसे भी करो, पराली जलाना रुकवाओ

    दिल्ली में लगातार ख़राब हो रही हवा और प्रदूषण के बढ़ते स्तर पर टिप्पणी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ‘ये लोगों के स्वास्थ्य की हत्या है.’

    अदालत ने कहा है कि दिल्ली में हर साल सर्दी के मौसम में प्रदूषण बढ़ने की वजह, पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में फसलों के अवशेषों को जलाना है.

    सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार से पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए क़दम उठाने के लिए कहा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “हम चाहते हैं कि ये रुके. हम नहीं जानते कि आप इसे कैसे करेंगे, लेकिन ये आपका ही काम है. इसे रोका ही जाना चाहिए. तुरंत ज़रूर कुछ किया जाना चाहिए.”

    अब इस मामले पर अगले शुक्रवार को सुनवाई होगी. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली के साथ बैठक करने और पराली जलाए जाने से रोकने के तरीक़ों पर चर्चा करने के लिए कहा है.

    अदालत ने ये भी कहा है कि वह वाहनों से निकलने वाले धुएं पर भी ध्यान देगी. दिल्ली में प्रदूषण की एक बड़ी वजह वाहनों से निकलने वाला धुआं भी है.

    पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में प्रदूषण तेज़ी से बढ़ा है. दिल्ली के कई इलाक़ो में एक्यूआई (हवा गुणवत्ता सूचकांक) 400 के ऊपर है. दिल्ली इस समय दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर है.

    ख़राब हो रही हवा से जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा, “दिल्ली इस तरह से नहीं रह सकती है.”

    सुनवाई के दौरान जस्टिस कौल ने कहा कि सप्ताहांत में पंजाब की यात्रा के दौरान उन्होंने कई जगहों पर पराली को जलाये जाते हुए देखा है.

    अदालत ने ये भी कहा कि पराली को जलाने से रोकने के अदालत के दिशानिर्देशों को लागू करने के लिए स्थानीय थानों के एसएचओ को जिम्मेदारी होगी और वो डीजीपी और मुख्य सचिव के निर्देशन में काम करेंगे.

  10. इसराइल का बड़ा दावाः उत्तरी ग़ज़ा में हमास के मज़बूत गढ़ पर क़ब्ज़ा किया, देखें तस्वीरें

    इसराइल की सेना ने सोमवार के अभियान के बारे में जानकारी दी है.

    सेना ने दावा किया है कि आईडीएफ़ के सैनिकों ने उत्तरी ग़ज़ा पट्टी में हमास के एक मज़बूत गढ़ पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

    इसराइल का दावा है कि इस दौरान एंटी टैंक मिसाइलें और लांचपैड, बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं और ख़ुफ़िया जानकारियां जुटाई गई हैं.

    इसराइल की नौसेना ने कुछ ऐसे ठिकानों को निशाना बनाया है जहां से हमास अपना ख़ुफ़िया और तकनीकी नेटवर्क चला रहा था.

    आईडीएफ़ ने दावा किया है कि उसके सैनिकों ने अल क़ुद्स अस्पताल के पास एक इमारत में छुपे हुए हमास लड़ाकों को देखा है.

    इसराइल ने कहा है कि इस इमारत को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमलों के बाद धमाके हुए जिनसे पता चलता है कि यहां हथियारों का भंडार था.

    हालांकि इसराइल ने ख़ान यूनुस इलाक़े में बमबारी का ज़िक्र नहीं किया है लेकिन बीबीसी को यहां बड़े धमाके होने के बारे में जानकारी मिली है.

    इसराइल और हमास के बीच अभी तक के संघर्ष में दस हज़ार से अधिक फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    इसराइल ने 7 अक्तूबर को हुए हमास के हमले के बाद ग़ज़ा में बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है. 7 अक्तूबर के बाद से ही इसराइल के विमान लगातार ग़ज़ा पर बमबारी कर रहे हैं.

    संघर्षविराम की अपीलों को इसराइल नज़रअंदाज़ करता रहा है.

  11. पीएम मोदी बोले- कांग्रेस सत्ता में आती है तो आतंकवादियों-नक्सलियों के हौसले बढ़ जाते हैं

    छत्तीसगढ़ की एक रैली में पीएम मोदी ने कहा है कि जब कांग्रेस सत्ता में आती है तो आंतकवादियों और नक्सलियों के हौसले बढ़ जाते हैं.

    एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- “जब-जब कांग्रेस सत्ता में आती है तो आंतकवादियों और नक्सलियों के हौसले बढ़ जाते हैं. कभी इधर बम फूटने की ख़बर आती है तो कभी उधर बम फूटने की ख़बर आती है. कभी यहां मार दिया-काट दिया की ती थी तो कभी उधर से ऐसी ख़बर आती थी.”

    “जहां भी कांग्रेस की सरकार आती है वहां हिंसा, अपराध का राज ही चलता है. कांग्रेस सरकार नक्सल हिंसा को काबू में करने में असफल रही है. बीते कुछ समय में बीजेपी के कार्यकर्ताओं को छीना गया है, कुछ दिन पहले हमारे एक साथ को गोली मार दी गई, जीवन बर्बाद कर दिया गया. आप लोगों को बम-बंदूक के साये में जीना है क्या.”

    आज छ्त्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव हो रहे हैं. इस चरण में कुल 90 सीटों में से 20 सीटों पर मतदान हो रहा है .

    छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में बाकी 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा.

    इसके अलावा आज मिज़ोरम की कुल 40 सीटों पर मतदान हो रहे हैं.

  12. मैथ्यूज़ के टाइम आउट होने पर जब वसीम अकरम ने याद किया तेंदुलकर का वो क़िस्सा

    श्रीलंका और बांग्लादेश के मैच में सबसे ज़्यादा चर्चा श्रीलंकाई ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज़ के टाइम आउट होने की हो रही है.

    बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने मैथ्यूज़ को टाइम आउट नियम के तहत अंपायर से आउट करने अपील की और मैथ्यूज़ आउट करार कर दिए गए.

    मैथ्यूज़ इसे लेकर बांग्लादेश की टीम पर खूब भड़के और इसे खेल के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि मेरे हैलमेट में गड़बड़ी थी इसलिए ऐसा हुआ. लेकिन शाकिब अल हसन ने जो किया वो शायद कोई और टीम ना करती.

    इस पूरे घटनाक्रम पर पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम ने 1999 का वो टेस्ट मैच याद किया जब ऐसा ही कुछ पाकिस्तान और भारत के मैच के दौरान हुआ था और सचिन तेंदुलकर को ईडन गार्डन में रन आउट करार दिया गया था.

    ए स्पोर्ट्स के शो 'द पवेलियन' में उन्होंने उस क]fस्से को याद करते हुए कहा-“ इससे मिलता जुलता वाकया मेरे साथ भी हुआ है. कोलकाता में हमारा भारत के साथ मैच था. सचिन पिच पर थे और अच्छा खेल रहे थे. उन्होंने शोएब अख़्तर की गेंद पर मिड-विकेट की ओर शॉट खेला, नदीम ख़ान फ़ील्डर थे तो वह मिड विकेट की ओर दौड़े.”

    “जब वहां से सचिन तीसरे रन के लिए आए तो स्टंप और उनके बीच में शोएब खड़े थे. सचिन शोएब से टकराए और इतने में बॉल स्टंप पर जा टकरायी. जब ये हुआ तो सचिन क्रीज़ पर नहीं थे. इसमें किसी की गलती नहीं थी लेकिन सचिन को रन आउट दिया गया.”

    “कैफ़ी कैमस्मिथ उस मैच में रेफरी थे उन्होंने मुझसे अप्रत्यक्ष रूप से पूछा कि क्या मैं अपनी अपील वापस लेना चाहता हूं. मैंने कहा था कि अगर ये नियमों के मुताबिक़ है और अगर सचिन क्रीज़ पर नहीं थे तो मैंन अपनी अपील वापस नहीं लूंगा. अगर आप एक रेफरी के तौर पर मुझसे कहेंगे कि ये सही नहीं है तो मैं वापस ले लूंगा. तो उन्होंने कहा नहीं ये नियमों के अनुसार सही है.”

  13. नेतन्याहू ने कहा- ग़ज़ा की सुरक्षा व्यवस्था का ज़िम्मा इसराइल के पास होगा, बीते चौबीस घंटों में क्या-क्या हुआ

    भारी हिंसा की एक और रात के बाद ग़ज़ा में सुबह बर्बादी के मंज़र के साथ हुई. फ़लस्तीनी मीडिया और सोशल मीडिया पर साझा की गई रिपोर्टों में खान यूनिस में हुए धमाकों का ज़िक्र है.

    ख़ान यूनिस दक्षिणी ग़ज़ा का अहम शहर है.

    इसराइल ने ग़ज़ा पर ज़मीनी अभियान से पहले उत्तरी ग़ज़ा में रहने वाले लोगों को दक्षिणी ग़ज़ा की तरफ़ जाने के लिए कहा था. इसराइल ने कहा था कि अगर लोग अपनी जान की हिफ़ाज़त चाहते हैं तो दक्षिण की तरफ़ चले जाएं. अब तक लाखों लोग उत्तरी ग़ज़ा से ख़ान यूनुस की तरफ़ आ चुके हैं.

    इसराइली हवाई हमलों में दक्षिणी ग़ज़ा के रफ़ाह इलाक़े में भी इमारतों के ध्वस्त होने की रिपोर्टे हैं.

    फ़लस्तीनी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ इसारइली सैनिक क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक के कई इलाक़ों में घुसे हैं. इनमें जेनिन कैंप और तुल्कार्म क्षेत्र शामिल हैं. 7 अक्तूबर को इसराइल पर हमास के हमले के बाद से वेस्ट बैंक में हिंसा तेज़ी से बढ़ी है.

    फ़लस्तीनी लड़ाकों के ग़ज़ा से इसराइल की तरफ़ रॉकेट दागने और ग़ज़ा में सैन्य अभियान चला रहे इसराइली सैनिकों पर हमले करने की भी रिपोर्टें हैं.

    इसी बीच इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने संघर्षविराम की मांगों को फिर से ख़ारिज किया है. हालांकि उन्होंने ये कहा है कि मानवीय आधार पर संघर्ष में अल्पविराम लागू किया जा सकता है ताकि राहत सामग्री को ग़ज़ा में आने दिया जाए और बंधकों को निकाला जा सके.

    अमेरिकी मीडिया संस्थान एबीसी को दिए एक साक्षात्कार में इसराइल के प्रधानमत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि लड़ाई समाप्त हो जाने के बाद इसराइल ही ग़ज़ा की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी संभालेगा.

    इसराइल के हवाई हमलों में अब तक ग़ज़ा में दस हज़ार से अधिक लोग मारे गए हैं जिनमें चार हज़ार से अधिक बच्चे हैं. इसराइल पर हमास के हमले में 1400 लोग मारे गए थे और 240 से अधिक को बंधक बना लिया गया था.

  14. रूस का दावा, क्राइमिया पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला नाकाम किया

    रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने मंगलवार सुबह क्राइमिया पर यूक्रेन के 17 हमलावर ड्रोन को काले सागर के ऊपर मार गिराया है.

    रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़ 9 ड्रोन को एयर डिफ़ेंस सिस्टम से मार गिराया गया जबकि 8 को इलेक्ट्रॉनिक वॉरफ़ेयर के ज़रिए गिरा दिया गया.

    इससे पहले सेवास्तोपोल शहर के गवर्नर मिख़ाइल राज़्वोज़ायेव ने कहा था कि इस तटीय शहर के क़रीब पांच ड्रोन मार गिराये गए.

    इस हमले के दौरान क्राइमिया प्रायद्वीप पर हवाई हमले का अलर्ट जारी कर दिया गया था और इस क्षेत्र को रूस के मुख्य भूभाग से जोड़ने वाले अहम पुल पर यातायात रोक दिया गया था.

    यूक्रेन की तरफ़ से कोई टिप्पणी नहीं की गई है. हाल के महीनों में यूक्रेन ने रूस के सैन्य ठिकानों पर हमले तेज़ किए हैं.

    क्राइमिया एक विवादित क्षेत्र है जिस पर रूस ने साल 2014 में क़ब्ज़ा कर लिया था. इससे पहले ये यूक्रेन के पास था. यूक्रेन इसे अपना हिस्सा बताता है.

    यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान के लिए भी ये प्रायद्वीप बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि ये रूस की सेना के सप्लाई रूट का अहम हिस्सा है.

  15. नोबेल विजेता कैलाश सत्यार्थी ग़ज़ा-इसराइल पर क्या बोले

    नोबेल विजेता कैलाश सत्यार्थी ने कहा है कि इसराइल-हमास के बीच चल रहे युद्ध से इस क्षेत्र के नौजवानों और दुनियाभर में नौजवानों के बीच ‘नफ़रत बढ़ती जा रही’ है.

    बीबीसी के शो न्यूज़डे में सत्यार्थी ने कहा- “युवाओं पर युद्ध का पड़ने वाला प्रभाव "बहुत, खतरनाक है. इससे विद्रोह की भावना, बदला लेने की भावना, नफ़रत की भावना बढ़ रही है. यही कारण है कि हमें मज़बूती से इसके उपाय तलाशने होंगे.”

    “ बच्चों कभी भी युद्ध और सशस्त्र संघर्ष के लिए ज़िम्मेदार नहीं होते लेकिन उन्हें इसकी सबसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है. ये कीमत उन्हें जीवन भर चुकानी पड़ती है.”

    कैलाश सत्यार्थी जाने-माने बाल अधिकार कार्यकर्ता हैं. अपने काम के लिए साल 2014 में उन्हें नोबेल का शांति पुरस्कार दिया गया था.

    बीते महीने एक बयान में उन्होंने इसराइल और ग़ज़ा में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा की मांग की थी.

    उन्होंने कहा –“फ़लस्तीन के बच्चे और ग़ज़ा के बच्चे हमारे अपने बच्चे हैं, अगर हम खुद को समाजिक मानते हैं तो सबकुछ ऐसे नहीं होने दे सकते.”

  16. अमेरिका की अरबों की नेटवर्थ वाली कंपनी वीवर्क ने खुद को दिवालिया घोषित किया

    अमेरिका की अरबों की नेटवर्थ वाली कंपनी रही वीवर्क ने खुद को दिवालिया घोषित कर दिया है और इसके लिए आवेदन कर दिया है. सालों तक संकट से जूझ रही को-वर्किंग स्पेस कंपनी अब ये क़दम उठाया है.

    न्यू जर्सी की अदालत में खुद को दिवालिया बताते हुए फर्म ने जो आवेदन दिया है उसमें बताया है कि उनकी 10 डॉलर से 50 अरब डॉलर की देनदारी है. फाइलिंग के बाद वीवर्क को उसके लेनदारों से कानूनी सुरक्षा और कर्ज़ देने वालों से नेगोशिएट करना आसान होगा.

    वीवर्क सस्ते कीमतों पर स्टार्टअप और फ्रीलांसर्स को किराये पर जगह देने का काम करती थी. एक वक्त ऐसा था जब इसे ‘भविष्य में दफ़्तर कैसे दिखेंगे उसकी मिसाल’ बताया जाता था.

    कंपनी ने अपने बयान में कहा- “वीवर्क और इसकी कुछ संस्थाओं ने अमेरिकी दिवालियापन संहिता के अध्याय 11 के तहत सुरक्षा के लिए आवेदन किया है, और कनाडा में एक अपील दायर करने की योजना बना रही है.”

    वीवर्क के मुख्य कार्यकारी डेविड टॉली ने कहा कि वह " वित्तीय हितधारकों के समर्थन के लिए बहुत आभारी हैं. जो हमारी पूंजी को मज़बूत करने का काम कर रहे हैं और हमारे पुर्ननिर्माण की योजना का समर्थन कर रहे हैं. "

  17. छत्तीसगढ़ में पहले चरण की वोटिंग के बीच सुकमा में आईडी ब्लास्ट, एक कमांडो घायल

    छत्तीसगढ़ में मंगलवार को पहले चरण के मतदान हो रहे हैं. इस चरण में 20 सीटों पर वोटिंग की जा रही है, जिसमें राज्य के नक्सल प्रभावित ज़िले शामिल हैं.

    वोटिंग के दौरान सुकमा में आइईडी ब्लास्ट की ख़बर है जिसमें सीआरपीएफ कमांडो घायल हुए हैं.

    कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि इस ब्लास्ट का लोगों के उत्साह पर कोई असर नहीं है. लोग वोटिंग में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने बात करते हुए उन्होंने कहा- “ मैं (छत्तीसगढ़ में पार्टी नेताओं के साथ) लगातार संपर्क में हूं. सुकमा में भी विस्फोट हुआ लेकिन इससे मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ.''

    पीटीआई के मुताबिक़ सुकमा ज़िले में नक्सलियों के आइईडी ब्लास्ट में एक सीआरपीएफ कमांडो घायल हुए हैं.

    छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में बाकी 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा.

    छत्तीसगढ़ में 20 सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं, इनमें से 10 सीटों मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी.

  18. टाइम आउट होने पर मैथ्यूज़ शाकिब हसन पर जमकर भड़के, कहा- शर्मनाक है ये

    सोमवार को श्रीलंका और बांग्लादेश के मैच में सबसे ज़्यादा चर्चा श्रीलंकाई ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज़ के टाइम आउट होने की रही.

    एंजेलो मैथ्यूज़ श्रीलंकाई पारी के दौरान 24.2 ओवर के बाद क्रीज़ पर आए थे. एंजलो मैथ्यूज़ क्रीज़ पर आए तो झुककर क्रीज़ पर खिंची सफ़ेद लकीर को छुआ और माथे पर हाथ लगाया. फिर हेलमेट का स्ट्रेप खींचा. स्ट्रेप में कुछ दिक्कत दिखी और वो मुड़े. हेलमेट उतारकर पवेलियन की ओर इशारा किया. मानो दूसरा हेलमेट मंगा रहे हों.

    इसी बीच बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने मुस्कुराते हुए अंपायर से टाइम आउट की अपील कर दी. यहां मैथ्यूज को आउट करार दे दिया गया.

    इसे लेकर मैथ्यूज़ बांग्लादेश की टीम और शाकिब हसन पर जमकर भड़के.

    उन्होंने मैच केल बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- “मैं आज से पहले शाकिब और बांग्लादेश का काफ़ी सम्मान करता था लेकिन अब ऐसा नहीं कर पाउंगा. मैं समय बर्बाद नहीं कर रहा था. हर कोई देख सकता है कि मैं क्रीज़ पर आ चुका था लेकिन मेरे हेलमेट का स्ट्रैप टूट गया."

    " यह सामान के खराब होने का मामला था. शाकिब और बांग्लादेश की यह हरकत शर्मनाक थी. इस तरह क्रिकेट खेलना वाकई शर्मनाक है. मुझे नहीं लगता कि बांग्लादेश के अलावा कोई और टीम ऐसा करती.”

    “ मैंने शाकिब से अपील वापस लेने के लिए भी कहा लेकिन उन्होंने साफ़ मना कर दिया. हमारे पास वीडियो प्रूफ है कि मैं टाइम पर क्रीज में आ गया था. मेरे पास पांच सेकेंड बचे थे. अगर इसके बाद मेरे हेलमेट में दिक्कत आ गई तो मैं क्या कर सकता हूं. यह खिलाड़ी की सुरक्षा का सवाल है. मैं बिना हेलमेट के कैसे खेल सकता था, फिर चाहे वह स्पिनर हो. जब विकेटकीपर हेलमेट लगाए बिना स्पिनर के खिलाफ विकेट से सटकर विकेटकीपिंग नहीं करते तो फिर मैं बल्लेबाजी कैसे कर सकता था.”

    इस मामले पर शाकिब अल हसन ने भी बयान दिया है. उन्होंने कहा- “ हमारा एक फ़ील्डर हमारे पास आयाऔर कहा कि अगर मैं अपील करूंगा तो एंजेलो आउट हो जाएंगे. एंपायर ने भी मुझसे कहा कि क्या वाकई मैं गंभीर हूं यह नियम है. मुझे नहीं पता ये सही है या गलत है.”

  19. अखिलेश यादव ने कहा- कांग्रेस बड़ी चालू पार्टी है उससे बच कर रहना

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश को एक नई विचारधारा की ज़रूरत है और मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी दोनों हारने वाली हैं. उन्होंने कांग्रेस को चालू पार्टी तक कह दिया.

    मध्य प्रदेश के दमोह में एक रैली के दौरान अखिलेश यादव ने कहा – “देश को एक नयी विचारधारा, एक नई पार्टी की ज़रूरत है. हमें यकीन है कि हमारा जनता का पीडीए का गठबंधन बनेगा और एनडीए भी हारेगा और कांग्रेस की भी हार होगी. ”

    अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ ज़िले में एक और चुनावी रैली में कहा कि कांग्रेस को वोट मत देना, बहुत चालू पार्टी है कांग्रेस से संभल कर रहना. आज कांग्रेस भी जाति जनगणना की बात कर रही है क्योंकि इनका वोट सब बीजेपी में चला गया. वो अब लोगों का वोट लेने के लिए जाति जनगणना कराने की बात कर रहे हैं."

    हाल ही में अब अखिलेश यादव ने कहा था कि वह इंडिया गठबंधन में रहेंगे तो यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 65 सीटों पर लड़ेंगे.

    अखिलेश यादव इन दिनों कांग्रेस को आड़े हाथों ले रहे हैं.

    माना जा रहा है कि वह मध्य प्रदेश में सीट ना दिए जाने से वो नाराज़ हैं. अखिलेश यादव की पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है लेकिन उनके बयान और तेवर देखते हुए अटकलें लगायी जा रही है कि गठबंधन में सपा के रहने पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं.

  20. नेतन्याहू क्यों बोले- संभव है जंग को कुछ देर के लिए रोका जाए

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू का कहना है कि जंग ख़त्म होने के बाद "अनिश्चित काल" के लिए ग़ज़ा पट्टी की "पूरी सुरक्षा की जिम्मेदारी" इसराइल के पास होगी.

    नेतन्याहू ने अमेरिकी चैनल एबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ये कहा है.

    इस इंटरव्यू में उन्होंने हमास के कब्ज़े से बंधकों को छुड़ाए जाने तक युद्ध रोकने की मांग को पूरी तरह ख़ारिज कर दिया.

    साल 2007 से ग़ज़ा में हमास का शासन है. इसराइल सिर्फ़ ग़ज़ा के एयर स्पेस और समुद्री तटों को कंट्रोल करता रहा है लेकिन यहां सरकार चलाने का काम हमास का रहा है.

    हालांकि नेतन्याहू ने ये भी कहा कि यह संभव है कि मानवीय कारणों से जंग को थोड़ी देर के लिए रोका (पॉज़) जाए.

    उन्होंने कहा, “जहां तक समय-समय पर छोटे-छोटे विरामों की बात है - एक घंटा या दो घंटे रुकना - हम पहले भी ऐसा कर चुके हैं. मेरा मानना है कि हम परिस्थितियों को देखेंगे, ताकि सामान, मानवीय मदद अंदर आ सके.”

    अमेरिका, फ्रांस सहित कई यूरोपीय देश इस संघर्ष को अस्थायी रूप से रोकने (पॉज़) की अपील कर रहे हैं.

    अमेरिका इस कोशिश में मध्य पूर्व के बाकी देशों से भी बात कर रहा है. सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इसी सिलसिले में तुर्की पहुंचे थे.

    इससे पहले उन्होंने वेस्ट बैंक, इराक का दौरा किया था.