You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वर्ल्ड कपः पाकिस्तान की जीत से दिलचस्प हुआ सेमीफ़ाइनल का समीकरण

सेमीफ़ाइनल की रेस भी बहुत दिलचस्प हो गई है क्योंकि 401 रन बनाने वाली न्यूज़ीलैंड की टीम को पटखनी देकर पाकिस्तान ने अंतिम चार में पहुंचने की अपनी संभावना बरकरार रखी है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and संदीप राय

  1. नेपाल में भूकंप, मरने वालों की संख्या बढ़कर 120 पहुंची

    नेपाल में शुक्रवार की रात आए 6.4 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों संख्या बढ़कर 120 हो गई है.

    नेपाली सेना के प्रवक्ता भंडारी ने बताया कि जाजरकोट में 92 और रुकुम पश्चिम में 36 लोगों की मौत हुई है.

    उनके मुताबिक दो जिलों में 140 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

    नेपाल पुलिस के प्रवक्ता कुबेर कदायत ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया कि सबसे ज्यादा नुकसान जाजरकोट और रुकुम पश्चिम जिलों में हुआ है और उनका ध्यान बचाव और खोज अभियान पर है.

    बयान अभियान में नेपाल ने पुलिस, सेना और सशस्त्र बलों को भी लगाया है, इसके अलावा हेलीकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.

    शुक्रवार, रात 11.77 बजे आए भूकंप को 2015 में नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद सबसे घातक भूकंप माना जा रहा है.

    2015 में आया था विनाशकारी भूकंप

    नेपाल में 25 अप्रैल 2015 को 7.8 तीव्रता का ज़बरदस्त भूकंप आया था.

    संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार इसमें क़रीब 9000 लोगों की जान गई, 10 लाख घरों को नुक़सान पहुँचा और करीब 28 लाख लोग विस्थापित हुए.

    विनाशकारी भूकंप में नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थित कई ऐतिहासिक इमारतें ध्वस्त हो गई थीं और कई सौ विदेशी पर्यटक भी इसकी चपेट में आ गए थे.

    इस भूकंप में यूनेस्कों की विश्व धरोहर की सूची में शामिल काठमांडू घाटी की सात में से कम से कम चार बुरी तरह प्रभावित हुई थीं.

    • भूकंप से पहले और बाद का नेपाल
  2. ग़ज़ा के आसमान में दिखाई दिए अमेरिकी ड्रोन, पेंटागन ने क्या बताया

    अमेरिका ने पहली बार माना है कि सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास के हमले के बाद उसके मानवरहित निगरानी ड्रोन ग़ज़ा के आसमान में उड़ान भर रहे हैं.

    अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के प्रवक्ता, ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने कहा कि ड्रोन बंधकों का पता लगाने की कोशिश के लिए काम कर रहे हैं.

    बयान में कहा गया है कि बंधकों को छुड़ाने के लिए अमेरिका, इसराइल की मदद कर रहा है.

    अमेरिका का यह बयान तब आया, जब कुछ पत्रकारों ने फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइट ट्रेड 24' पर देखा कि कुछ एमक्यू-9 रीपर्स ड्रोन ग़ज़ा के ऊपर उड़ान भर रहे हैं.

    इन ड्रोन्स को अमेरिका ने पहले अफ़ग़ानिस्तान में हवाई हमले करने के लिए तैनात किया था. ये मानव रहित विमान एक समय में 20 घंटे से ज़्यादा समय तक हवा में रह सकते हैं. यही वजह है कि इनका ज़्यादा इस्तेमाल निगरानी के लिए किया जाता है.

    बिना नाम बताए कुछ अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि ड्रोन, ग़ज़ा या उसके आसपास, इसराइल को सैन्य कार्रवाई में मदद नहीं कर रहे थे.

    अधिकारियों ने बताया कि इन ड्रोन्स की मदद से अमेरिका बंधकों से जुड़ी जानकारियां इसराइल को दे रहा है.

  3. इसराइल ने ग़ज़ा में एंबुलेंस पर किया हवाई हमला, हमास बोला- घायलों को ले जा रही थी

    इसराइल ने शुक्रवार को ग़ज़ा में एक एंबुलेंस को निशाना बनाकर हवाई हमला किया.

    आईडीएफ़ का कहना है कि एंबुलेंस को हमास एक सेल की तरह इस्तेमाल कर रहा था, यानी वह एंबुलेंस के अंदर बैठकर अपनी गतिविधियां चला रहा था.

    वहीं ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इस हमले में 13 लोग मारे गए हैं.

    एक बयान में हमास के अधिकारियों ने कहा कि इसराइली बलों ने उस एंबुलेंस को निशाना बनाया, जो घायलों को अल-शिफ़ा अस्पताल से दक्षिण में रफ़ाह की तरफ़ ले जा रही थी.

    संयुक्त राष्ट्र एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) में फ़लस्तीनी शरणार्थियों के मामलों के निदेशक थॉमस व्हाइट ने कहा कि लड़ाई से बचने के लिए शरण लेने वाले फ़लस्तीनियों के लिए यूएन बहुत कुछ नहीं कर सकता है.

    उन्होंने कहा कि ग़ज़ा में फ़िलहाल कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है.

  4. नेपाल में 6.4 तीव्रता का भूकंप, 50 से अधिक लोगों की मौत

    नेपाल में शुक्रवार की रात भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए, जिसका असर दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में भी महसूस किया गया. भूकंप का केंद्र जाजरकोट में था.

    बीबीसी नेपाली सेवा के मुताबिक, रात 11.47 बजे आए 6.4 तीव्रता के इस भूकंप में सबसे अधिक नुक़सान करनाली प्रांत के जाजरकोट और रुकुम पश्चिम में हुआ है.

    सुबह चार बजे तक मिली जानकारी के मुताबिक इन दो ज़िलों में मरने वालों की संख्या 50 के पार पहुंच गई है.

    जाजरकोट के मुख्य ज़िला अधिकारी सुरेश सुनार ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक़, अब तक वहां 26 लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहीं रुकुम पश्चिम के पुलिस उपाधीक्षक नामराज भट्टाराई ने कहा कि जानकारी के मुताबिक ज़िले में मरने वालों की संख्या 28 है.

    स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक घायलों में से 30 लोगों का इलाज रुकुम पश्चिम में और 100 से ज़्यादा लोगों का इलाज जाजरकोट अस्पताल में किया जा रहा है.

    भूकंप के बाद कई जगह पर भूस्खलन की खबरें भी हैं, जिसके चलते घायलों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

  5. आपका दिन शुभ हो. ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा. 3 नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.