इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अस्थाई संघर्ष विराम की अपील ठुकराई

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में हमास के साथ जारी संघर्ष में अस्थायी संघर्ष विराम देने की अपील ठुकरा दी है.

लाइव कवरेज

कुमारी स्नेहा and अनंत प्रकाश

  1. एल्विश यादव ने रेव पार्टी में सांप मुहैया करवाने के आरोपों पर क्या कहा?

    एल्विश यादव

    इमेज स्रोत, X/ElvishYadav

    दिल्ली-एनसीआर की रेव पार्टी में सांप मुहैया करवाने के आरोप में यू-ट्यूबर एल्विश यादव पर एफ़आईआर दर्ज हुई है.

    इस एफ़आईआर दर्ज होने के बाद एल्विश यादव ने शुक्रवार को अपनी सफ़ाई पेश की.

    एल्विश यादव ने सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में कहा,''मैं सुबह उठा. मैंने देखा कि मेरे ख़िलाफ़ ख़बरें फैल रही हैं कि एल्विश यादव नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए हैं.मेरे ख़िलाफ़ जो ख़बरें फैल रही हैं, ये सारे आरोप फ़र्ज़ी, बेबुनियाद हैं. इनमें एक फीसदी भी सच्चाई नहीं है.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    एल्विश यादव ने कहा, ''यूपी पुलिस के साथ मैं पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हूं. मैं यूपी पुलिस, प्रशासन, सीएम योगी आदित्यनाथ से अपील करूंगा कि अगर इसमें मैं प्वॉइंट 1 पर्सेंट भी शामिल मिलूं तो मैं सारी ज़िम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं. मीडिया से ये गुज़ारिश है कि जब तक ठोस सबूत ना मिल जाए तब तक मेरा नाम ख़राब ना करें. जितने भी इल्ज़ाम लगे हैं, इनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है.''

    वो बोले- इन आरोपों से 100 मील तक मेरा कोई लेना-देना नहीं है.

    एल्विश पर एफ़आईआर वन्य जीव सरंक्षण अधिनियम 1972 के तहत दर्ज की गई है. एफ़आईआर बीजेपी सांसद मेनका गांधी की पीएफए ऑर्गेनाइजेशन की शिकायत पर दर्ज की गई है.

  2. रेव पार्टी में सांप मुहैया करवाने के आरोप में एल्विश यादव पर एफ़आईआर दर्ज

    एल्विश यादव

    इमेज स्रोत, fb/ElvishYadav

    यू-ट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी के विजेता एल्विश यादव समेत छह लोगों पर एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ये एफ़आईआर रेव पार्टी में सांप का ज़हर मुहैया करवाने के आरोप में दर्ज की गई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    पुलिस की छापेमारी में मौक़े से नौ सांप भी मिले हैं.

    एफ़आईआर वन्य जीव सरंक्षण अधिनियम 1972 के तहत दर्ज की गई है. एफ़आईआर बीजेपी सांसद मेनका गांधी की पीएफए ऑर्गेनाइजेशन की शिकायत पर दर्ज की गई है.

    एफआईआर में मेनका गांधी की संस्था की ओर से कहा गया, ''हमें सूचना मिली थी कि एल्विश यादव नाम का एक यू-ट्यूबर स्नेक वेनम और ज़िंदा सांपों के साथ नोएडा-एनसीआर के फार्म हाउस में अपने गिरोह के दूसरे सदस्यों, यू-ट्यूबर के साथ वीडियो शूट करवाते हैं और रेव पार्टी कराते हैं. इस पार्टी में विदेशी युवतियों को बुलाकर स्नेक वेनम और नशीले पदार्थों का सेवन होता है.''

    एफ़आईआर होने के बाद एल्विश यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. एल्विश की प्रतिक्रिया आने के बाद ख़बर को अपडेट किया जाएगा.

    मेनका गांधी ने एक निजी चैनल से बात करते हुए कहा, ''ये एक ट्रैप हमने बिछाया था. 11 पायथन और कोबरा मौक़े से मिले हैं. पांच लोग थे. ये रेव पार्टी आयोजित करता था. इन पार्टी में ये ज़हर निकालकर बेचते थे. जो लोग ये ज़हर लेते हैं वो उनको नुकसान करता है.''

    मेनका गांधी ने कहा कि अगर मीडिया ज़ोर लगाएगी तो इस पर रोक लगेगी.

    वो कहती हैं, ''रेव पार्टी रुके या ना रुकें, ये मेरा काम नहीं है. मेरा काम है कि जो लोग जंगल से सांप लाते हैं, उनका ज़हर निकालते हैं और वो मर जाते हैं, ऐसे लोगों को पकड़ना चाहिए. ऐसे लोगों को सात साल की सज़ा है, पुलिस को ऐसे लोगों को पकड़ना चाहिए. हमारी टीम ने ही यू-ट्यूब पर इसको देखा. मेरी संस्था के लोगों ने ट्रैप लगाया. एल्विश यादव से पूछा कि हम पार्टी लगा रहे हैं. एल्विश यादव ने लोगों से मिलवाया और बताया कि मैं पार्टी में सप्लाई करता हूं.''

  3. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे बोले- महुआ मोइत्रा से कोई अभद्र सवाल किया गया होगा तो...

    महुआ मोइत्रा और निशिकांत दुबे

    इमेज स्रोत, ANI

    बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि अगर एथिक्स कमेटी ने महुआ मोइत्रा से कोई अभद्र सवाल पूछा होगा तो वो राजनीति से संन्यास ले लेंगे.

    टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और बीएसपी सांसद दानिश अली ने एथिक्स कमेटी पर बेहद निजी और भद्दे सवाल पूछे जाने के आरोप लगाए हैं.

    गुरुवार को संसदीय एथिक्स कमेटी से विपक्षी सांसद वॉकआउट कर गए. बाहर निकलते हुए महुआ मोइत्रा ने कहा, "ये एथिक्स कमेटी है? ये भद्दे सवाल पूछ रहे हैं?"

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए मोइत्रा ने कहा, "वो मेरे जीवन के बारे में बेहद भद्दे सवाल कर रहे थे. वो पूछ रहे थे कि आप रात में किससे बात करती हैं, कितनी बार बात करती हैं, क्या वो डिटेल मुझे बताएंगी. क्या आप 'एक्स' के साथ होटल गई हैं, क्या आप वहां रुकी हैं, पिछले पांच साल में कहां-कहां गई हैं?''

    महुआ ने बताया, ''आप इसको...उसको अपना दोस्त बताती हैं, क्या उनकी पत्नी को इसके बारे में पता है. सिर्फ चेयरपर्सन ये सवाल कर रहे थे, बीजेपी के बाकी सदस्यों ने ऐसा कुछ नहीं पूछा लेकिन वो चुपचाप बैठे रहे. वहीं, विपक्षी पार्टी के पांच सांसदों ने इसका जोरदार विरोध किया और कहा कि आप ऐसा नहीं कर सकते हैं....मैंने कहा भी कि आप(कमेटी) मुझे जांच के बारे में कोई सवाल पूछ सकते हैं और मैं इसका जवाब देने के लिए तैयार हूं."

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    वहीं, निशिकांत दुबे ने एक ट्वीट में कहा, "अनुसूचित जाति के सांसद विनोद सोनकर जी की छवि को सांसद दानिश अली ने ठेस पहुँचाई है. दर्शन हीरानंदानी ने अपने हलफ़नामे में महुआ (भ्रष्टाचारी सांसद) के देश-विदेश के हवाई जहाज़,होटल व गाड़ी के खर्च (पैसे) देने की बात कही है.''

    दुबे बोले- ''एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष सोनकर जी ने महुआ से टिकट व होटल का बिल माँगा, यदि इसके अलावा उन्होंने महुआ जी के किसी भी पुरुष मित्र या होटल में पुरुष मित्र के साथ रुकने का प्रश्न पूछा होगा तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूँगा.''

    वो लिखते हैं, ''जानकारी के लिए संसद की तरह ही संसदीय कमेटी में भी डिबेट शब्दशः लिखी जाती है. कांग्रेस और जदयू के सांसद में यदि हिम्मत है तो डिबेट की कॉपी दिखाएं. महिला के विक्टिम कार्ड के चक्कर में इतने ओछे नहीं बनिए दानिश."

    क्या है मामला?

    बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने महुआ मोइत्रा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भारतीय कारोबारी गौतम अदानी और उनकी कंपनियों के समूह को निशाना बनाने के लिए लगातार संसद में सवाल पूछे और वह भी रिश्वत लेकर.

    संसद की एथिक्स कमेटी दुबे की शिकायत पर सुनवाई कर रही है और इस मामले में दो नवंबर को महुआ को कमेटी के सामने पेश होने को कहा गया था.

  4. पंजाबी गायक शुभनीत सिंह एक बार फिर विवाद से घिरे

    शुभनीत सिंह

    इमेज स्रोत, ShubhneetSingh/Instagram

    कनाडा में रहने वाले पंजाबी सिंगर और रैपर शुभनीत सिंह ने कहा है कि लोगों को 'उनके ख़िलाफ़ घृणा और नकारात्मकता फैलाना' बंद कर देना चाहिए.

    लंदन में एक कंसर्ट के दौरान एक हुडी दिखाने के बाद वो विवादों में आ गए हैं. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि हुडी पर ऐसी तस्वीर थी जो सिख अलगाववाद का समर्थन करती है.

    कनाडा में रहनेवाले इस गायक का कहना है कि एक प्रशंसक ने हुडी को उनकी तरफ फेंका और वो उन्होंने उसे डिस्पले (दिखाने) करने से पहले उसे देखा नहीं था.

    सितंबर में भी शुभ उस समय विवादों में आ गए थे जब उनका भारत का टूर रद्द कर दिया गया था. दरअसल शुभ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की थी जिसे लेकर विवाद हो गया. इसके बाद उनके भारत में टूर के स्पॉन्सर बोट ने खुद को शो से अलग कर लिया था.

    उन्होंने तब एक पोस्ट में कहा था, “मैंने वो पोस्ट इसलिए शेयर की थी क्योंकि ऐसी रिपोर्ट थी कि पंजाब में बिजली नहीं है और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. पोस्ट के पीछे किसी को दुख पहुंचाने की मंशा नहीं थी.”

    ताजा विवाद लंदन में एक कंसर्ट से जुड़ा है.

    ट्विटर पर शेयर किए जा रहे वीडियो में शुभ में एक काले रंग की हुडी जमीन से उठाते और उसे दर्शकों की तरफ़ दिखाते हुए दिख रहे हैं.

    आलोचकों का कहना है कि इस हुडी पर पंजाब का मानचित्र बना हुआ है और एक चित्र है जिसमें भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को गोली मारी जा रही है.

  5. ग़ज़ा में जमीनी अभियान में अब तक इसराइल के 23 सैनिकों की मौत

    ग़ज़ा में जमीनी अभियान के दौरान मारे गए इसराइली सैनिक का अंतिम संस्कार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल की सेना ने बताया कि ग़ज़ा में जमीनी अभियान के दौरान उनके चार और सैनिकों की मौत हुई है.

    हारेट्ज़ समाचारपत्र की ख़बर के अनुसार, अब तक ग़ज़ा में जमीनी संघर्ष के दौरान 23 सैनिकों की मौत हो चुकी है.

    इसराइली सेना ने बताया है कि हमास के ख़िलाफ़ जारी संघर्ष में उन्होंने ग़ज़ा सिटी को पूरी तरह से घेर लिया है. अभी स्पष्ट नहीं है कि ग़ज़ा सिटी में कितने लोग रह रहे हैं लेकिन तस्वीरों में शहर में हर तरफ़ तबाही नज़र आ रही है और सड़कें खाली हैं.

    इससे पहले मंगलवार को इसराइल के पीएम नेतन्याहू ने कहा, "हम मुश्किल जंग लड़ रहे हैं. ये एक लंबी लड़ाई है. हम इसमें अहम कामयाबी मिली है लेकिन दर्द देने वाली क्षति भी हुई है."

  6. इसराइल-हमास संघर्ष पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ये कहा

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, ANI

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास का हमला आतंकवादी कृत्य था लेकिन फ़लस्तीन के मुद्दे को हल किए जाने की जरूरत है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, रोम में सीनेट के विदेश मामले और रक्षा आयोग के एक सेशन में जयशंकर ने कहा, " सात अक्टूबर को जो हुआ वो आतकंवादी कृत्य था और बाद में जो कुछ हो रहा है....उसने पूरे इलाके की दिशा बदल दी है. लेकिन निश्चित तौर पर सभी उम्मीद कर रहे हैं कि ऐसा बना हुआ नहीं रहेगा...कुछ स्थिरता आएगी, कुछ सहयोग होगा. और इसके साथ ही हमें विभिन्न मुद्दों पर संतुलन तलाशने की जरूरत है. हम सभी के लिए आतंकवाद अस्वीकार्य है. लेकिन फ़लस्तीन का एक मुद्दा भी है. फ़लस्तीनी लोग जिस तरह की समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उसके समाधान की जरूरत है. और हमारे विचार में द्वि-राष्ट्र समाधान है.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा, "अगर आपको समाधान तलाशना है तो वो बातचीत के जरिए होगा. हम संघर्ष और आतंकवाद के जरिए समाधान हीं खोज सकते हैं. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए...हमारा मानना है कि अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का सम्मान किया जाना चाहिए."

  7. इसराइल ने संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों पर हमास के प्रोपेगेंडा को दोहराने का आरोप लगाया

    इसराइली टैंक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल ने संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों पर ग़ज़ा की स्थिति के बारे में चरमपंथी संगठन हमास के प्रोपेगेंडा को दोहराने का आरोप लगाया है.

    संयुक्त राष्ट्र निर्देशित सात मानवाधिकार विशेषज्ञों ने कहा था कि उनका मानना है कि ग़ज़ा में आम नागरिक को 'नरसंहार' का ख़तरा है और इसे रोकने के लिए समय कम पड़ता जा रहा है. इस विशेष ग्रप ने आरोप लगाया कि इसराइल गजा पट्टी को 'तबाह' करने की योजना बना रहा है.

    इस ग्रुप ने इसराइल और उसके सहयोगियों से तत्काल संघर्ष विराम की अपील की है और हमास से कहा है कि वो बंधक बनाए गए सभी लोगों को रिहा करें.

    यूएन ऑफिस ऑफ द हाई कमिश्नर की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि ग़ज़ा में परस्थितियां भयावह रूप ले चुकी हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की ख़बर के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफ़न डुजारिक ने कहा कि 'नरसंहार' है या नहीं, इसे तय सिर्फ संयुक्त राष्ट्र की न्यायिक इकाई ही कर सकती है.

  8. सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा- 'कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में कुछ नहीं है'

    शिवपाल सिंह यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन को बनाए रखने की जिम्मेदारी कांग्रेस की है.

    उन्होंने कहा, "अगर भारतीय जनता पार्टी को हराना है तो ये कांग्रेस की जिम्मेदारी है, वो बड़ी पार्टी है, राष्ट्रीय पार्टी है."

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, उनसे पत्रकार ने पूछा था कि ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि कांग्रेस सभी 80 सीटों पर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की तैयार कर रही है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इस पर शिवपाल यादव ने कहा, " हमलोग तो सभी सीटों पर तैयारी कर रहे हैं. उनका तो आप देख रहे हैं कि काग्रेस का यहां कुछ नहीं है. उत्तर प्रदेश में सिर्फ़ समाजवादी पार्टी ही बीजेपी को हरा सकती है और वही हराएगी."

  9. दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार ने उठाए ये कदम, क्या है मौजूदा स्थिति?

    दिल्ली प्रदूषण

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में खराब हवा की वजह से दिल्ली के सभी प्राइमरी स्कूलों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है.

    दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने प्रदूषण के हालात से निपटने के लिए शुक्रवार को आपात बैठक बुलाई है. शुक्रवार सुबह दिल्ली में एयर क्वालिटी 346 दर्ज की गई.

    केंद्र सरकार के प्रदूषण नियंत्रण आयोग ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने के मद्देनजर गैर-जरूरी निर्माण गतिविधियों और डीजल से चलने वाले ट्रकों के राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है.

    दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा से संबंधित बैठक में, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने आशंका जाहिर की है कि प्रदूषण का स्तर अभी और बढ़ सकता है.

    सीएक्यूएम क्षेत्र में प्रदूषण से निपटने के लिए रणनीति तैयार करने वाला एक वैधानिक निकाय है.

    दिल्ली प्रदूषण

    इमेज स्रोत, ANI

    वायु गुणवत्ता सूचकांक में 0-50 के बीच को अच्छा, 51-100 के बीच को संतोषजनक, 101-200 के बीच को मध्यम, 201-300 के बीच को खराब, 301-400 के बीच को बेहद खराब, 401 से 500 के बीच को गंभीर और इससे ऊपर को ख़तरनाक माना जाता है.

    बृहस्पतिवार रात 10 बजे एयर क्वालिटी 422 थी, जो इस मौसम का अब तक का सबसे खराब है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, अगले दो दिन दिल्ली-एनसीआर की एयर क्वालिटी के और खराब होने की आशंका है. दिल्ली की वायु गुणवत्ता 2020 के बाद से 2023 में सबसे ज़्यादा ख़राब है और मौसम वैज्ञानिक इसकी वजह बारिश का कम होना बता रहे हैं.

    सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2022 में 129 मिमी बारिश हुई थी, अक्टूबर 2021 में 123 मिमी बारिश हुई जबकि अक्टूबर 2023 में सिर्फ़ 5.4 मिमी बारिश हुई.

    बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर पीएम 2.5 का जमाव 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की सुरक्षित सीमा से सात से आठ गुना के ऊपर चला गया.

    पुणे स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ ट्रॉपिक मेट्रोलॉजी के मुताबिक दिल्ली में बृहस्पतिवार को पीएम 2.5 के प्रदूषण में पराली जलाने से निकलने वाले धुएं का योगदान 25 प्रतिशत था. इसके शुक्रवार को 35 फ़ीसदी तक जाने की आशंका जाहिर की गई है.

  10. श्रीलंका के ख़िलाफ़ मिली जीत के बाद सिराज ने बताया- वो खुद का आकलन कैसे करते हैं...

    मोहम्मद सिराज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    क्रिकेट वर्ल्ड कप में श्रीलंका के ख़िलाफ़ शानदार प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने कहा कि पिछले 2-3 मैच में उनकी लय अच्छी नहीं थी.

    उनका कहना है कि वो खुद के प्रदर्शन का आकलन विकेट की संख्या के आधार पर नहीं बल्कि लय के आधार पर करते हैं. गेंदबाज़ सिराज ने कहा कि वो गेंद किस एरिया में डाल रहे हैं ये उनके लिए ज़्यादा मायने की बात है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, श्रीलंका के ख़िलाफ़ 302 रन से जीतने के बाद उन्होंने कहा, "विकेट लेना बहुत महत्वपूर्ण है और इसमें कोई शक नहीं है. लेकिन पिछले 2-3 मैच में मेरी लय अच्छी नहीं थी, कभी ठीक बॉलिंग कर रहा था और कभी नहीं. मैं खुद का आकलन इस बात पर नहीं करता हूं कि मैंने कितने विकेट लिए. ये इस बात पर निर्भर करता है कि मैं गेंद कहां फेंक रहा हूं. मैं अच्छी गेंदें डालने में सफल रहा और आपने स्विंग तो देखा ही होगा. मैं इसको लेकर काफ़ी खुश हूं और मैं इस गति को आगे भी बनाए रखना चाहता हूं.

    मोहम्मद सिराज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जब बात सिराज की आती है तो उनके प्रदर्शन को देखते हुए यह कहना ग़लत नहीं होगा कि श्रीलंका उनकी पसंदीदा टीम बनती जा रही है.

    केवल डेढ़ महीने पहले ही उन्होंने अपनी फ़ुलर, लेंथ और एंग्ल्ड गेंदों का बेहतरीन हुनर दिखाते हुए एशिया कप के फ़ाइनल में छह विकेट लेकर श्रीलंका को घुटने टेकने पर मजूबर किया था.

    प्रदर्शन के लिहाज से श्रीलंका उनकी पसंदीदा टीम रही है. उनके कुल विकेटों में से 19 यानी क़रीब 30 फ़ीसद श्रीलंकाई बल्लेबाज़ ही रहे हैं.

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने तीन विकेट झटके और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.

    सिराज ने अब तक 37 वनडे में 63 विकेटें ली हैं. इनमें उन्होंने ओपनर्स और वन डाउन के बल्लेबाज़ों को 36 बार (57%) आउट किया है.

  11. इसराइली सेना ने कहा- 'हमने ग़ज़ा सिटी को पूरी तरह घेर लिया है'

    ग़ज़ा सिटी

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इसराइली सेना ने बताया है कि हमास के ख़िलाफ़ जारी संघर्ष में उन्होंने ग़ज़ा सिटी को पूरी तरह से घेर लिया है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने बताया कि सेना हमास के कई ठिकानों पर हमले कर रही है.

    ग़ज़ा पट्टी के उत्तरी इलाके में स्थित ग़ज़ा सिटी युद्ध शुरू होने से पहले सबसे ज़्यादा घनी आबादी वाला इलाका था. यहां करीब सात लाख से ज़्यादा लोग रह रहे थे. लेकिन 13 अक्टूबर को इसराइल ने उत्तरी ग़ज़ा के लोगों को दक्षिणी इलाकों में चले जाने की चेतावनी दी थी.

    अभी स्पष्ट नहीं है कि ग़ज़ा सिटी में कितने लोग रह रहे हैं लेकिन तस्वीरों में शहर में हर तरफ़ तबाही नज़र आ रही है और सड़कें खाली हैं.

    इसराइली सेना ने बार-बार कहा है कि ग़ज़ा सिटी हमास की गतिविधियों का बड़ा ठिकाना है और वे उन सभी को नष्ट करना चाहते हैं.

  12. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो. ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा. दो नवंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.