You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वर्ल्ड कप में अफ़ग़ानिस्तान का धमाल जारी, अब श्रीलंका को सात विकेट से हराया

अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट टीम का वर्ल्ड कप में धमाल जारी है. अफ़ग़ानिस्तान ने पुणे में खेले गए मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया. ये वर्ल्ड कप में अफ़ग़ानिस्तान की तीसरी जीत है.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and प्रियंका झा

  1. वसीम अकरम क्यों बोले- बुमराह के जूते चुरा लो और कोई तरीका नहीं है

    वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के ख़िलाफ़, रविवार को जब 50 ओवर में टीम इंडिया ने सिर्फ़ 229 रन ही बनाए तो ये स्कोर फैंस की उम्मीद से कम था.

    मगर भारत के दिए लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों को जिस तरह से भारतीय गेंदबाज़ों ने आउट किया, उसकी चर्चा हर तरफ हो रही है.

    भारतीय गेंदबाज़ों के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज़ टिक नहीं पाए और भारत ने 100 रनों से मैच में जीत दर्ज की.

    मोहम्मद शमी ने चार, जसप्रीत बुमराह ने तीन और कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके.

    भारतीय गेंदबाज़ों के प्रदर्शन की चर्चा पाकिस्तान में भी हो रही है.

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम, मिस्बाह उल हक ने एक टॉक शो 'द पवेलियन' में जसप्रीत बुमराह पर बात की.

    बुमराह ने 6.5 ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट झटके.

    वसीम अकरम ने कहा, ''बुमराह ने गुमराह कर दिया. इस वक़्त दुनिया में बुमराह सर्वश्रेष्ठ हैं. वो जिस तरह से परफॉर्म कर रहे हैं, जिस तरह की स्पीड से गेंद फेंक रहे हैं वो एक पूरे पक्के गेंदबाज़ हैं.''

    मिस्बाह-उल-हक़ कहते हैं, ''हम जिस तरह की गेंद से खेलते थे उस तरह की स्विंग बुमराह नई गेंद से करवा रहे हैं. दूसरी क्वालिटी ये है कि स्विंग, लेंथ, लाइन ऐसी जगह पर होती है कि बल्लेबाज़ को कोई चांस नहीं मिलता कि वो कैसे खेले.''

    वसीम कहते हैं, ''नई गेंद से ऐसी पिच पर ऐसी गेंद करवाना. जिस गति से गेंद फेंकना. पहले ओवर में दो गेंद अंदर की तरफ, फिर बाहर की तरफ. बुमराह पूरे गेंदबाज़ हैं.''

    इस शो के होस्ट फख़र-ए-आलम ने बुमराह की इतनी तारीफ़ सुनकर सवाल किया कि क्या बुमराह हर चीज़ में अच्छे हैं?

    वसीम जवाब देते हैं, ''बुमराह का एक ही इलाज है अगर आपको उस पर प्रेशर डालना है तो उसके जूते चुरा लो और कोई तरीका नहीं है.''

  2. क्रिकेटर राशिद खान को 10 करोड़ रुपये देने की फर्जी खबरों पर बोले रतन टाटा

    उद्योगपति रतन टाटा ने सोमवार को उनके नाम से फैलाई जा रही झूठी खबरों का खंडन किया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "मैंने आईसीसी या किसी भी क्रिकेट फैकल्टी को किसी भी खिलाड़ी पर जुर्माना या इनाम देने को लेकर कोई सुझाव नहीं दिया है."

    "मेरा क्रिकेट से कोई कनेक्शन नहीं है. कृपया इस तरह के वॉटसऐप फॉरवर्ड और वीडियो पर तब तक भरोसा ना करें, जब तक कि वे मेरे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से पोस्ट ना हों."

    रतन टाटा को यह पोस्ट इसलिए करना पड़ा, क्योंकि सोशल मीडिया पर उनके नाम से कुछ फर्जी खबरें वायरल हो रही हैं.

    इन खबरों में दावा किया जा रहा है कि रतन टाटा ने क्रिकेटर राशिद खान को 10 करोड़ रुपये देने का वादा किया है.

  3. लखनऊ स्टेडियम की ये तस्वीर वायरल, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज

    लखनऊ के स्टेडियम में जब टीम इंडिया ने शनिवार को इंग्लैंड को 100 रनों से हराया तो इसकी तस्वीरें और चर्चा सोशल मीडिया पर ख़ूब हुई.

    मैच के दौरान की एक और तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर हो रही है.

    इस तस्वीर में बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नितिन अग्रवाल और जितिन प्रसाद के साथ मंत्री संदीप सिंह दिख रहे हैं.

    इस तस्वीर को शेयर करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा, ''भाजपा के 'परिवारवाद' की तस्वीर… पहचाना क्या? सपा वाले असंभव को संभव कर दिखाते हैं, भाजपा वाले केवल फ़ोटो खिंचवाने आते हैं.''

    दरअसर तस्वीर में जो लोग दिख रहे हैं, वो किसी न किसी मंत्री के परिवार से हैं.

    जय शाह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे हैं. नितिन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता नरेश अग्रवाल के बेटे हैं. संदीप सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे कल्याण सिंह के पोते हैं. जितिन प्रसाद खुद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं.

    बीजेपी अकसर विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाती रही है. पीएम मोदी भी परिवारवाद की राजनीति पर हमला बोलते रहते हैं. ऐसे में इस तस्वीर पर आलोचक बीजेपी को घेर रहे हैं.

    हालांकि अखिलेश यादव ने जब परिवारवाद की बात की तो कुछ लोगों ने उनके परिवार का पूरा चार्ट पोस्ट किया और तंज कसा कि सपा परिवारवादी पार्टी नहीं है?

  4. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव पहुंचे ईडी दफ्तर, फेमा मामले में पूछताछ

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने फेमा मामले में आज यानी सोमवार को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, वैभव गहलोत ईडी दफ्तर पहुंच गए हैं. ईडी ने गुरुवार को समन जारी किया था.

    कुछ महीने पहले ईडी ने मुंबई स्थित एक कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की थी. इस कंपनी के निदेशक को कथित तौर पर वैभव गहलोत का बिजनेस पार्टनर बताया जाता है.

    ईडी का कहना है कि मुंबई स्थित फर्म ने शेयरों की खरीद-फरोख्त में फेमा प्रावधानों का उल्लंघन किया है.

    वहीं वैभव गहलोत ने ईडी के दावों का खंडन किया है.

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी मुख्य रूप से तीन अधिनियमों - पीएमएलए, फेमा व एफईओए के तहत जांच करता है. विदेशी मुद्रा का लेनदेन ‘फेमा’ अधिनियम के तहत होता है, जिसके उल्लंघन पर ईडी कार्रवाई करती है.

  5. हिज़्बुल्लाह ने इसराइली ड्रोन गिराने का दावा किया

    लेबनान के चरमपंथी संगठन हिज़्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इसराइली ड्रोन को मार गिराया है.

    इसराइल-हमास में शुरू हुए इस संघर्ष के बाद पहली बार हिज़्बुल्लाह ने ऐसा कोई दावा किया है.

    हिज़्बुल्लाह ने कहा, ''रविवार को इसराइली सीमा से पांच किलोमीटर की दूरी पर ये हमला हुआ. ड्रोन को इसराइली सीमा में गिरता हुआ देखा गया.''

    हिज़्बुल्लाह को अमेरिका और ब्रिटेन आतंकवादी संगठन बताता है.

    हिज़्बुल्लाह ने कहा कि सात अक्तूबर को शुरू हुए संघर्ष के बाद अब तक उसके 46 लड़ाके मारे गए हैं और 43 घायल है.

    हिज़्बुल्लाह ने कहा कि उसने अब तक 42 प्वॉइंट्स से 84 हमले किए हैं.

    इसराइल का कहना है कि अब तक कम से कम सात इसराइली सैनिक मारे गए हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की ज़मानत याचिका ख़ारिज की

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की ज़मानत याचिका सोमवार को ख़ारिज कर दी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में फ़ैसला सुरक्षित रखा था.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती के मुताबिक़, शराब घोटाले केस में सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने ज़मानत देने से इंकार कर दिया है.

    कोर्ट ने कहा कि ट्रायल छह से आठ महीने में पूरा हो जाना चाहिए. अगर ट्रायल में देरी होती है तो तीन महीने के अंदर सिसोदिया फिर से ज़मानत के लिए अर्जी दे सकते हैं.

    सिसोदिया 26 फरवरी को गिरफ़्तार किए गए थे. ये गिरफ़्तारी 2021-22 की आबकारी नीति में गड़बड़ी के आरोपों के चलते हुई थी.

    कोर्ट ने 17 अक्तूबर को ज़मानत की अर्जी पर फ़ैसला सुरक्षित रखा था.

  7. क़तर में गिरफ़्तार भारतीयों के परिवारों से मिले जयशंकर, क्या कहा?

    क़तर में गिरफ़्तार हुए आठ भारतीय नागरिकों को हाल ही में फाँसी की सज़ा सुनाई गई थी.

    ये आठ भारतीय नेवी के रिटायर्ड अधिकारी हैं और पिछले साल सितंबर से ही क़तर की जेल में हैं. क़तर ने उन पर लगे आरोपों को सार्वजनिक नहीं किया है.

    अब भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार सुबह ट्वीट कर कहा, ''क़तर में हिरासत में लिए गए आठ भारतीयों के परिवारों से आज सुबह मुलाक़ात की. सरकार इस मामले को बेहद अहमियत के साथ देख रही है. परिवारों की चिंताओं और दर्द में सरकार साथ है.''

    जयशंकर ने लिखा- ''सरकार इन नागरिकों की सुरक्षित रिहाई के लिए लगातार कोशिश करती रहेगी. इस बारे में परिवारों के साथ हम संपर्क बनाए रखेंगे.''

    सितंबर 2022 में क़तर सरकार ने 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को गिरफ़्तार किया था. मार्च में इन पर जासूसी के आरोप तय किए गए थे.

    गिरफ़्तार किए गए आठ भारतीय नागरिक नौसेना के पूर्व अधिकारी हैं और क़तर की ज़ाहिरा अल आलमी नाम की कंपनी में काम करते थे.

    ये कंपनी सबमरीन प्रोग्राम में क़तर की नौसेना के लिए काम कर रही थी. इस प्रोग्राम का मक़सद रडार से बचने वाले हाईटेक इतालवी तकनीक पर आधारित सबमरीन हासिल करना था.

    कंपनी में 75 भारतीय नागरिक कर्मचारी थे. इनमें से अधिकांश भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी थे. मई में कंपनी ने कहा था कि वो 31 मई 2022 से कंपनी बंद करने जा रही है.

  8. सचिन तेंदुलकर का केरल धमाके पर किया ट्वीट चर्चा में क्यों आया?

    पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने केरल में हुए धमाके पर दुख व्यक्त किया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सचिन तेंदुलकर ने लिखा, ''केरल में हुए धमाके से दुखी हूं. प्रभावित परिवारों के प्रति दुख व्यक्त करता हूं. घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की दुआएं.''

    सचिन तेंदुलकर के अलावा पीवी सिंधु ने भी केरल धमाके पर अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर साझा की.

    पीवी सिंधु ने लिखा, ''केरल में हुए धमाके के कारण प्रभावित हुए लोगों के प्रति मेरी संवेदवाएं. श्रद्धांजलि. उम्मीद करती हूं कि घायल जल्दी स्वस्थ हों.''

    सोशल मीडिया पर लोगों ने तेंदुलकर, पीवी सिंधु पर क्या कहा?

    सचिन तेंदुलकर और पीवी सिंधु के ट्वीट पर सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

    लोगों का कहना है कि मणिपुर जैसे मुद्दे पर तेंदुलकर और पीवी सिंधु कुछ नहीं बोले थे मगर केरल में हुए धमाके पर बोल रहे हैं.

    फैक्ट चैक से जुड़ी वेबसाइट के को-फ़ाउंडर मोहम्मद ज़ुबैर ने सर्च टूल यूज़ करते हुए एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसके मुताबिक़- तेंदुलकर ने मणिपुर हिंसा पर कोई ट्वीट नहीं किया था.

    एक्स पर हैंडल @CaptPKRajRif की ओर से लिखा गया, ''केरल में एक व्यक्ति की मौत हुई और आप दुख जता रहे हैं. मणिपुर में लगातार जारी हिंसा में दर्जनों लोगों की मौत हुई और उसके बारे में कुछ नहीं कहना? भारत रत्न ले लिया, अब और सरकार से और क्या लेंगे?''

    आयुष जैन ने लिखा- केरल धमाके पर बेहद दुख हो रहे हैं, मणिपुर पर नहीं? शर्मनाक.

    बीजेपी से जुड़े तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्वीट किया- जिन सचिन तेंदुलकर को ट्रोल किया जा रहा है, उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के सम्मान में लगाया है.

    प्रभाकर श्रीवास्तव लिखते हैं, ''सचिन तेंदुलकर के पैर के नाखून के बराबर भी तुम नहीं हो. सचिन तेंदुलकर देशभक्त हैं और पूरा भारत सचिन पर गर्व करता है.''

    पीवी सिंधु के भी ट्वीट पर लोगों की आपत्तियां आ रही हैं.

    अपर्णा अग्रवाल लिखती हैं, ''जब दिल्ली में महिला पहलवान प्रदर्शन कर रही थीं और पुलिस उन्हें पीट रही थीं तब पीवी ने अपना मुंह नहीं खोला. मणिपुर के लिए आवाज़ नहीं उठाई. केरल विस्फोट के बारे में छह घंटे में ट्वीट कर दिया क्योंकि ये बीजेपी के एजेंडे के अनुकूल था.''

    @sachin_vid हैंडल की ओर से लिखा गया- ये ऑर्डर आईटी सेल की ओर से मेल पर मिला था या वॉट्सऐप पर? क्या इसमें कोई प्वॉइंट सिस्टम है?

    अजय लिखते हैं- प्रिय सिंधु मणिपुर भी देश का हिस्सा है.

    अमित नाम के यूज़र लिखते हैं- मणिपुर के बारे में क्या कहेंगी, आपका दिल तब उदास नहीं हुआ था?

    हालांकि पीवी सिंधु ने आंध्र प्रदेश में हुए ट्रेन हादसे पर भी दुख व्यक्त किया है.

    केरल के कोच्चि में येहोवा विटनेस ईसाई समुदाय के कन्वेंशन सेंटर में हुए धमाकों में दो महिलाओं की मौत हो गई है और 51 अन्य घायल हैं.

  9. आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसा: 13 लोगों की मौत, तस्वीरों में देखिए मंज़र

    आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में हुए ट्रेन हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से ज़्यादा लोग घायल हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी बिश्वजीत साहू ने इस बारे में जानकारी दी है.

    साहू ने कहा है कि घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है.

    ये ट्रेन हादसा रविवार रात विशाखापट्टनम-पालासा पैसेंजर ट्रेन और विशाखापट्टनम रायगढ़ा पैसेंजर ट्रेन के टकराने के कारण हुआ था.

    घटनास्थल पर प्रभावित हुई रेल लाइन को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है.

    हादसे के बाद की तस्वीरें देखिए

  10. इसराइल से आई फ्लाइट के बाद रूस के एयरपोर्ट पर फ़लस्तीनी समर्थकों ने बोला धावा

    इसराइल ने रूस से अपील की है कि वो उसके नागरिकों और यहूदियों की रक्षा करे.

    रूस के दागिस्तान में एक एयरपोर्ट पर इसराइल से आई एक फ्लाइट के बाद फ़लीस्तीन समर्थकों की भीड़ ने हंगामा किया था और तोड़फोड़ की थी.

    सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में देखा जा सकता है कि फ़लस्तीनी झंडे के साथ दिख रहे लोग एयरपोर्ट में घुसे हैं और हंगामा कर रहे हैं.

    कुछ लोगों को एक गाड़ी को पलटने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है. साथ ही कुछ लोगों के रनवे में घुस जाने की भी ख़बरें हैं.

    रूस की एविएशन एजेंसी का कहना है कि हालात क़ाबू में हैं और अधिकारी मौक़े पर मौजूद हैं. फिलहाल इस एयरपोर्ट को छह नवंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है.

    वीडियो क्लिप्स में देखा जा सकता है कि सैकड़ों लोगों की भीड़ फ़लस्तीनी झंडे लिए अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगा रही है.

    अधिकारियों ने बताया है कि कुछ लोगों को चोट लगी है.

    इससे पहले स्थानीय मीडिया ने रिपोर्ट किया था कि इसराइली नागरिकों की तलाश में कुछ प्रदर्शनकारी एयरपोर्ट से निकली गाड़ियों को रोककर दस्तावेज चेक कर रहे थे.

    इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि रूस को यहूदियों और इसराइलियों के ख़िलाफ़ हिंसा के लिए उकसाने वालों पर सख़्त कार्रवाई करनी चाहिए.

  11. इसराइल-ग़ज़ा में अमेरिकी सैनिक उतारने के सवाल पर उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस क्या बोलीं?

    अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा है कि इसराइल या ग़ज़ा में सैनिकों को भेजने की अमेरिका कोई योजना या इरादा नहीं है.

    एक इंटरव्यू में कमला हैरिस ने कहा, ''हमारी ऐसी कोई योजना नहीं है और न इरादा कि हम सैनिकों को इसराइल या ग़ज़ा में भेजें.''

    कमला हैरिस ने कहा कि अमेरिका इसराइल की सलाह, उपकरणों और राजनयिक स्तर पर सहायता कर रहा है.

    वो बोलीं, ''इसराइल को ये हक़ है कि वो अपनी रक्षा करे. यह अहम है कि हमास और फ़लीस्तीनियों के बीच किसी तरह का टकराव ना हो.''

    कमला हैरिस ने कहा, ''सुरक्षा, आत्म निर्णय और आत्म सम्मान का फ़लस्तीन भी पूरा हक़दार है. हमने बिलकुल स्पष्ट किया है कि युद्ध के नियमों का पालन होना चाहिए और मानवीय सहायता रुकनी नहीं चाहिए.''

    हैरिस कहती हैं कि अमेरिका चाहता है ये कि संघर्ष और ना बढ़े.

    हैरिस ने ईरान को चेतावनी दी है कि इस संघर्ष में ना घुसे.

  12. जयशंकर बोले- हम इस वजह से आतंकवाद पर कड़ा रुख़ अपनाते हैं

    इसराइल और हमास के बीच मानवीय आधार पर तुरंत संघर्ष विराम लागू करने के प्रस्ताव से भारत ने दूरी बनाई थी.

    भारत के इस रुख़ की विपक्षी दलों के नेताओं ने आलोचना की थी.

    अब भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को एक कार्यक्रम में भारत के रुख़ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    जयशंकर ने कहा, ''अगर आज हम आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हैं क्योंकि हम इसके बड़े पीड़ित रहे हैं. हमारी कोई विश्वसनीयता नहीं रह जाएगी, अगर हम ये कहेंगे कि जब आतंकवाद का असर हम पर होता है तब ये गंभीर बात है. जब दूसरों पर होता है तो ये गंभीर बात नहीं है. हमें अपना एक निरंतर रुख़ अपनाए रखना होगा.''

    यूक्रेन-रूस युद्ध के समय यूरोपीय देशों ने रूसी तेल ख़रीदने पर प्रतिबंध लगाया था. मगर भारत रूस से तेल खरीदता रहा था.

    अब जयशंकर ने इस बारे में कहा, ''मैं यूक्रेन के उदाहरण से आपको समझाता हूं. मैं जानता हूं कि इस मुद्दे पर बहुत बात हुई कि हमने रूस से तेल खरीदने के अपने अधिकार पर बहुत कड़ा रुख अपनाया. मैं चाहता हूं कि आप लोग ये सोचें कि अगर उस वक़्त हम झुक जाते तो हम पर इसका क्या असर होता. सोचिए आप तेल की कितनी ज़्यादा कीमतें चुका रहे होते. सोचिए इस देश में महंगाई किस कदर बढ़ गई होती. ये सिर्फ़ गर्व या आज़ादी की बात नहीं है. ये इस बारे में है कि आज एक अच्छी सरकार अपने लोगों के लिए खड़ी होती है.''

    जयशंकर बोले, ''यूरोप के जो देश ये कह रहे थे कि रूस से तेल ना खरीदो वो खुद तेल ले रहे थे. इन देशों ने अपना ऐसा शेड्यूल बनाया कि उनकी जनता पर इसका असर कम हो.''

    सात अक्तूबर को जब हमास ने इसराइल पर हमला बोला था, तब पीएम मोदी ने ट्वीट कर इसे आतंकवादी हमला बताया था और इसराइल के साथ खड़े रहने की बात की थी.

    इसराइल के मुताबिक़, हमास के हमलों में अब तक 1400 लोगों की जान जा चुकी है.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, इसराइल की जवाबी कार्रवाई में अब तक आठ हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

  13. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    29 अक्तूबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.