आंध्र प्रदेश में दो पैसेंजर ट्रेनों की टक्कर, छह लोगों की मौत, 25 लोग घायल
आंध्र प्रदेश में दो पैसेंजर ट्रेनों की टक्कर में कम से कम छह लोग मारे गए हैं और 25 लोग घायल हुए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से ये जनाकारी दी है.
समाचार एजेंसी एएनआई ने डिवीज़नल रेलवे मैनेजर के हवाले से कहा है कि विशाखापट्टनम-पालासा पैसेंजर ट्रेन और विशाखापट्टनम रायगढ़ा पैसेंजर ट्रेन के बीच पीछे से टक्कर हुई है.
इस टक्कर में तीन कोच प्रभावित हुए हैं और इस दुर्घटना में 10 लोग घायल हुए हैं.
राहत और बचाव कार्य जारी है और स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ़ को मदद और एंबुलेंस के लिए सूचना दे दी गई है. एक्सिडेंट रिलीफ़ ट्रेन घटना स्थल पर पहुंच गई है.
आंध्र के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने तत्काल राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं और विशाखापट्टनम और अनाकापल्ली से कई एम्बुलेंस भेजने के लिए कहा है. विजयनगरम इन दोनों शहरों से क़रीब है. साथ ही आस पास के अस्पतालों को सतर्क कर दिया गया है. तुरंत राहत मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री ने सरकार के विभिन्न विभागों, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व के बीच तालमेल का भी निर्देश दिया है.