पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान ने श्रीलंका के
ख़िलाफ़ अपने मैच जिताने वाले शतक को गज़ा के लोगों के नाम किया है.
उन्होंने सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “ये गज़ा के हमारे भाइयों और बहनों के
लिए है.”
रिज़वान ने ये पोस्ट करीब तीन घंटे पहले किया
था और इसे अब तक 11 हज़ार से ज़्यादा बार रिपोस्ट किया जा चुका है.
रिज़वान ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ नाबाद 131 रन बनाए और अपनी टीम को रिकॉर्ड
जीत दिलाई. उन्हें मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.
श्रीलंका ने मंगलवार को खेले गए मैच में पाकिस्तान को जीत के लिए 345
रन की चुनौती दी थी. वर्ल्ड कप इतिहास में कभी किसी टीम ने इतना बड़ा लक्ष्य हासिल
नहीं किया था.
रिज़वान जब क्रीज पर आए तब पाकिस्तान की टीम मुश्किल में थी. पाकिस्तान की टीम कप्तान बाबर आज़म के विकेट समेत 37 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी.
इसके बाद रिज़वान ने अब्दुल्लाह शफीक़ के साथ 176, सऊद शकील के साथ 95 और इफ़्तखार अहमद के साथ नाबाद 37 रन जोड़े.
हैदराबाद को कहा- शुक्रिया
रिज़वान ने आगे लिखा है, “जीत में योगदान देकर खुश हूं. पूरी टीम को इसका श्रेय जाता है. ख़ासकर अब्दुल्लाह शफ़ीक और हसन अली को जिन्होंने इसे आसान बनाया.”
हसन अली ने श्रीलंका के चार विकेट झटके थे.
रिज़वान ने अच्छी मेजबानी के लिए हैदराबाद के लोगों की तारीफ की है.
उन्होंने लिखा है, “शानदार मेजबानी और लगातार समर्थन करने के लिए हैदराबाद के लोगों का एहसानमंद हूं.”
पाकिस्तान की टीम अब तक हैदराबाद में थी. उसे अगला मैच भारत के ख़िलाफ़ गुजरात के अहमदाबाद में खेलना है.
हमास के हमले पर पाकिस्तान के नेताओं ने क्या कहा?
पाकिस्तान की सरकार ने इसराइल और हमास के बीच
जारी संघर्ष पर सधी प्रतिक्रिया दी है. हालांकि, कुछ नेता हमास का समर्थन भी करते
दिखे.
पाकिस्तान के पीएम काकड़ ने शनिवार को
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्मएक्सपर कहा, “हम सब्र दिखाने और
आम नागरिकों की हिफ़ाजत किए जाने की गुजारिश करते हैं.”
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ का रुख अलग
था.उन्होंनेइसराइल के ‘अवैध कब्ज़े को ख़त्म
करने’ की अपील की.
पाकिस्तान की सीनियर नेता शिरीन
मज़ारी ने इसराइल पर हमास के हमले को ‘ऐतिहासिक लम्हा’ बताया.
उन्होंने सोशल प्लेटफ़ॉर्मएक्सपर लिखा, “अब ये इंसानी जांबाज़ी और निडरता के जज्बे बनाम हाईटेक
मिसाइलों और बमों के बीच की जंग है. ”
शनिवार को हुए हमास के हमले में इसराइल के अब तक 1200 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इसराइल की जवाबी कार्रवाई में गज़ा में 950 लोग मारे गए हैं.