You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गज़ा पट्टी के क़रीब रहने वाले इसराइलियों ने बताया हमले के व़क्त का मंज़र

कुछ न्यूज़ चैनलों को फ़ोन कर यहां रहने वाले बता रहे हैं कि वो अपने घरों में फंसे हैं. कुछ ने बताया कि वो गोलियों की आवाज़ सुन रहे हैं और अपने प्रियजनों को ढूंढने में असमर्थ हैं

लाइव कवरेज

दिलनवाज़ पाशा and प्रेरणा

  1. इसराइल ने बताया- हमास के हमले में कम से कम 22 लोग मारे गए

    इसराइली इमरजेंसी सेवाओं का कहना है कि हमास के किए हमले में कम से कम 22 इसराइली मारे गए हैं.

    अस्पताल में सैकड़ों लोगों का इलाज चल रहा है. इसराइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कम से कम 545 लोग घायल हुए हैं.

    चरमपंथी संगठन हमास ने रविवार सुबह आसमान से लेकर ज़मीन के रास्तेइसराइल पर हमले किए हैं. हमास का दावा है कि उसने इसराइल पर सात हज़ार से ज़्यादा रॉकेट दागे हैं.

    इसराइल के पीएमबिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि ये युद्ध है और दुश्मनों को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा कि उनके लोगों को अपनी रक्षा करने का अधिकार है

  2. पीएम नेतन्याहू बोले, 'इसराइल में घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों का सफ़ाया करने का निर्देश दिया'

    हमास के हमले के बाद प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अपने नागरिकों को संबोधित किया है.

    इसराइली नागरिकों को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा, ''इसराइल के नागरिकों, ये एक जंग है, कोई अभियान या उकसावा नहीं, एक जंग.''

    "आज सुबह हमास ने इसराइल राष्ट्र और उसके नागरिकों के ख़िलाफ़ एक जानलेवा हमला किया. हम सुबह से ही इसका सामना कर रहे हैं.

    मैंने सुरक्षा तंत्र के प्रमुखों को बुलाया, सबसे पहले घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों का सफ़ाया करने का निर्देश दिया. यह कार्रवाई अभी चल रही है.

    इसी के साथ, मैंने एक व्यापक रिजर्व लामबंदी और जवाबी युद्ध का आदेश दिया, जिसके बारे में दुश्मन को पता भी नहीं होगा. दुश्मन को ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी जिसके बारे में उसने कभी सोचा नहीं होगा.

    इस बीच, मैं इसराइल के सभी नागरिकों से सेना के निर्देशों और होम कमांड के निर्देशों का सख़्ती से पालन करने की अपील करता हूं. हम जंग में हैं और हम इसे जीतेंगे.''

  3. एशियन गेम्स: कबड्डी में भारतीय पुरुष टीम ने ईरान को हराकर जीता गोल्ड

    चीन के हांगज़ो में चले रहे एशियन गेम्स में भारत के लिए शनिवार का दिन काफी अच्छा साबित हो रहा है.

    भारतीय पुरुषों की कबड्डी टीम ने फ़ाइनल मुक़ाबले में ईरान की टीम को हराकर गोल्ड जीत लिया है.

    महिला हॉकी टीम ने जीता ब्रॉन्ज

    उधर भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है.

    टूर्नामेंट में अब तक भारत ने कुल 104 मेडल जीते हैं. इनमें 28 गोल्ड, 35 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज मेडल हैं.

  4. इसराइल में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी, सरकार बोली- सतर्क रहें

    इसराइल में हमास के किए हमले के बाद भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    तेल अवीव में भारतीय एंबेसी ने एक बयान जारी कर कहा, ''इसराइल के मौजूदा हालात को देखते हुए इसराइल में रह रहे भारतीयों से गुज़ारिश है कि सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन की ओर से दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें.''

    भारतीय एंबेसी ने इसराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों से कहा कि बिना वजह बाहर ना निकलें और सुरक्षित ठिकानों के पास रहें.

    एंबेसी ने भारतीयों से इसराइली होम फ्रंट कमांड की वेबसाइट पर नज़र बनाए रखने के लिए कहा गया है. साथ ही इमरजेंसी नंबर भी जारी किए हैं.

    इसराइल में क़रीब 18 हज़ार भारतीय रहते हैं.

  5. एशियन गेम्स: क्रिकेट में भारत को मिला गोल्ड मेडल

    चीन के हांगज़ो में चल रहे एशियन गेम्स के क्रिकेट फ़ाइनल मुक़ाबले को बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है.

    मैच पूरा नहीं हो सका लेकिन बेहतर रैंकिंग और प्रदर्शन के कारण भारतीय टीम को गोल्ड मेडल दिए जाने की घोषणा की गई है.

    क्रिकेट का ये फाइनल मुक़ाबला अफ़ग़ानिस्तान और भारतीय टीम के बीच था.

    अफ़ग़ानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 18.2 ओवर में 112 रन बनाए थे. फिर बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा था.

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी इससे पहले एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था.

    भारत अब तक 26 गोल्ड मेडल जीत चुका है.

  6. हमास के हमले के बाद इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू की पहली प्रतिक्रिया

    इसराइल में हमास के किए हमले के बाद प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की पहली प्रतिक्रिया आई है.

    बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, ''ये युद्ध है.''

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, नेतन्याहू ने कहा- हमारे दुश्मनों को इसकी ऐसी कीमत चुकानी होगी, जिसके बारे में उनको पता भी नहीं होगा.

    नेतन्याहू ने कहा- हम जंग में हैं और जीतेंगे.

    इसराइल में शनिवार सुबह चरमपंथी संगठन हमास की ओर से हमले किए गए हैं.

    इन हमलों के बाद इसराइल ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की है.

  7. हवा, समंदर और ज़मीन, हर रास्ते से घुसे हमास लड़ाकेः इसराइली सेना

    इसराइली सुरक्षा बलों ने ग़ज़ा से हुए हमास के हमले के बारे में अधिक जानकारी दी है.

    आईडीएफ़ के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने कहा है कि ग़ज़ा से इसराइल पर क़रीब 2200 रॉकेट दागे गए हैं. वहीं हमास के प्रमुख ने पांच हज़ार से अधिक रॉकेट दागने का दावा किया है.

    इसी बीच इसराइल ने ग़ज़ा पर बड़ा हवाई हमला शुरू कर दिया है.

    ग़ज़ा से रिपोर्ट कर रहे एक स्थानीय पत्रकार यूनिस तिरावी के मुताबिक़, पिछले कुछ मिनटों में ग़ज़ा पर भीषण हवाई हमले हो रहे हैं.

    इसराइल की सेना ने हवाई हमलों की पुष्टि करते हुए कहा है कि आईडीएफ़ ने ग़ज़ा पर जवाबी हमले शुरू कर दिए हैं.

    वहीं आईडीएफ़ का कहना है कि ग़ज़ा की तरफ़ से लड़ाके ज़मीन, समंदर और हवा के रास्ते इसराइल में दाख़िल हुए हैं.

    इस हमले में कितना नुक़सान हुआ है. इसकी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है.

    इस हमले के बाद इसराइली सेना अपने दसियों हज़ार रिज़र्व सैनिकों को मोर्चे पर बुला रही है.

    इसराइली रक्षा मंत्री ने कहा है कि जगह-जगह हमास के लड़ाकों से इसराइली सेना का मुक़ाबला हो रहा है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, एशियन गेम्स: बैडमिंटन पुरुष डबल्स में साईराज और चिराग की जोड़ी ने दिलाया गोल्ड मेडल

    हांगज़ो में चल रहे एशियन गेम्स में बैडमिंटन के पुरुष डबल्स के फ़ाइनल में भारत ने गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने भारत को एशियन गेम्स में 26वां गोल्ड मेडल दिलाया है.

    भारतीय खिलाड़ियों की इस जोड़ी ने दक्षिण कोरिया के चोई सोल और किम वॉन की जोड़ी को हराकर गोल्ड जीता है.

  9. इसराइल ने जवाबी हमले शुरू किए, कहा- हमास भारी क़ीमत चुकाएगा

    ग़ज़ा की तरफ़ से इसराइल पर हुए बड़े हमले के बाद इसराइली सेना ने कहा है कि ‘वह युद्ध के लिए तैयार है.’

    इसराइल के रक्षा मंत्री ने रिज़र्व सैनिकों को बुलाने की मांग को मंज़ूरी दे दी है.

    इसराइल की सेना अब अधिकारिक रूप से ‘युद्ध के लिए तैयार’ स्थिति में है.

    इसी बीच इसराइल की सेना का कहना है कि उसने ग़ज़ा पर जवाबी हवाई हमले शुरू कर दिए हैं.

    आईडीएफ़ ने चेतावनी दी है कि हमास को बहुत भारी क़ीमत चुकानी होगी.

    वहीं इसराइल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि इसराइल के ख़िलाफ़ युद्ध कर हमास ने भारी ग़लती की है.

    रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने कहा है, "हमास ने आज सुबह इसराइल के ख़िलाफ़ युद्ध शुरू करके भारी ग़लती है. इसराइल के सैनिक हर जगह हमलावरों से लड़ रहे हैं. इस युद्ध को इसराइल राष्ट्र ही जीतेगा."

  10. इसराइल पर हमास के हमले के बाद अमेरिका का बयान आया

    इसराइल पर ग़ज़ा से हुए बड़े हमले के बाद अमेरिका ने कहा है कि वो हालात पर नज़र रखे हुए हैं.

    अमेरिकी दूतावास की तरफ़ से कहा गया है, “हमें पता है कि इन घटनाओं की वजह से लोग हताहत हुए हैं.”

    दूतावास की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है, “अमेरिकी नागरिकों को अपनी सुरक्षा बढ़ाने और सुरक्षा के प्रति सचेत होने की सलाह दी जाती है. ऐसी सुरक्षा संबंधी घटनाएं, जिनमें मोर्टार और रॉकेट भी दागे जाते हैं, आमतौर पर बिना चेतावनी के होती हैं.”

    इसराइल में अमेरिकी दूतावास की तरफ़ से कहा गया है कि उसके कर्मचारी फिलहाल दूतावास में ‘सुरक्षित’ हैं.

  11. हमास के हमले के बाद इसराइल में ताज़ा हाल क्या है?

    ग़ज़ा से हमास के हमले के बाद दक्षिणी इसराइल में इसराइली सेना युद्ध की स्थिति में आ गई है.

    शनिवार सुबह हमास ने ग़ज़ा से इसराइल पर अचानक हमला किया है जिसमें पांच हज़ार से अधिक रॉकेट दागे गए हैं और बड़ी तादाद में हमास लड़ाके इसराइल में दाख़िल हो गए हैं.

    स्डोरेट शहर में हमलावरों ने आम नागरिकों पर गोलियां चलाई हैं. सोशल मीडिया पर ऐसे कई पोस्ट हैं जिनमें दर्जनों मारे गए लोग दिख रहे हैं. बीबीसी इन पोस्ट की पुष्टि नहीं कर सका है.

    फ़लस्तीनी मीडिया की अपुष्ट रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हमास ने इसराइली सेना के कई वाहन क़ब्ज़ा लिए हैं और इसराइली सैनिकों को अग़वा किया है.

    इसराइल की मीडिया वेबसाइट हॉरेट्ज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, अचानक हमले के बाद इसराइल सकते में हैं, दर्जनों मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हैं, कई इसराइली लोगों को अग़वा भी किया गया है.

    हारेट्ज़ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि फ़लस्तीनी लड़ाके इसराइल में घुसे हैं और कई लोगों को बंधक बना लिया है.

    वहीं अभी तक इसराइल की तरफ़ से एक महिला के मारे जाने की पुष्टि हुई है. ये हमला अभी भी जारी है.

  12. हमास ने दो हज़ार रॉकेट और दागे, बीबीसी संवाददाता की आंखों देखी

    इसराइल पर बड़े हमले के बाद ग़ज़ा से रिपोर्ट कर रहे बीबीसी संवाददाता रुश्दी अबूअलॉफ़ के मुताबिक़, उन्हें आसमान में हर तरफ़ रॉकेट उड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं.

    उन्होंने बताया, “मैं छत पर जहां खड़ा हूं यहां से पूर्व में, दक्षिण में, उत्तर में, हर जगह से रॉकेट उड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं.”

    हमास टीवी का कहना है कि सुबह के हमले के बाद दो हज़ार रॉकेट और दागे गए हैं. ये उन पांच हज़ार रॉकेट से अलग हैं जिनका दावा सुबह हमास प्रमुख ने किया था.

    ग़ज़ा की तरफ़ से ढाई घंटों से लगातार रॉकेट दागे जा रहे हैं.

    सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो आए हैं जिनमें हमास लड़के अलग-अलग जगहों पर हमले करते हुए दिख रहे हैं.

  13. दक्षिणी इसराइल की गलियों में गोलीबारी के वीडियो

    ग़ज़ा से इसराइल पर हमलों के बाद सोशल मीडिया पर कई हैरान कर देने वाले वीडियो आ रहे हैं.

    दक्षिणी इसराइल की एक गली में हमलावर पैदल चल रहे लोगों पर गोलीबारी करते हुए दिख रहे हैं.

    ऐसी भी रिपोर्टें हैं कि ग़ज़ा पर शासन चलाने वाले हमास के लड़ाकों ने इसराइल के स्डेरोट शहर में घरों पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

    लड़ाकों के दक्षिणी इसराइल में घुसने के बाद इसराइली सेना ने लोगों से घरों के भीतर रहने के लिए कहा है.

    हमास की तरफ़ से दागे गए रॉकेटों में मिसाइलें भी शामिल हैं. शनिवार दिन निकलते ही ग़ज़ा की तरफ़ से इसराइल पर अचानक बड़ा हमला कर दिया गया.

    हमास के एक शीर्ष नेता ने हमास मीडिया पर प्रसारित एक बयान में कहा है कि फ़लस्तीनी जहां भी हैं, युद्ध शुरू कर दें.

  14. हमास के हमले के बाद क्या बोले भारत में इसराइल के राजदूत?

    ग़ज़ा पट्टी की तरफ़ से इसराइल पर शनिवार सुबह बड़े हमले के बाद भारत में इसराइल के राजदूत ने प्रतिक्रिया दी है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसराइली राजदूत नाओर गिलोन ने कहा, “यहूदी छुट्टी के दिन ग़ज़ा की तरफ़ से इसराइल पर साझा हमला किया गया है. ये दोहरा हमला रॉकेटों से हुआ है और हमास आतंकवादी घुस आये हैं.”

    उन्होंने कहा, “ये हालात साधारण नहीं है लेकिन इसराइल विजेता होगा.”

  15. हमास के बड़े हमले के बाद इसराइल की पहली प्रतिक्रिया सामने आई

    हमास के हमले के बाद इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) की तरफ़ से जारी पहले बयान में कहा गया है, ‘ग़ज़ा पट्टी की तरफ़ से कई लड़ाके इसराइल में घुस गए हैं.’

    सेना की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है, “ग़ज़ा पट्टी के आसपास के इलाक़ों के लोगों से अपने घरों के भीतर रहने के लिए कहा गया है.”

    सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी बयान में आईडीएफ़ ने कहा है, “शनिवार को छुट्टी के दिन समूचे इसराइल में लोग सायरनों की आवाज़ सुनते हुए जागे हैं और हमास आज सुबह से ग़ज़ा से रॉकेट दाग रहा है.”

    आईडीएफ़ ने कहा है, “हम अपनी रक्षा करेंगे.”

    इसी बीच इसराइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतनयाहू ने सुरक्षा प्रमुखों की आपात बैठक बुलाई है.

  16. इसराइल पर 5000 रॉकेट दागने का दावा करने के बाद हमास प्रमुख बोले- अब बहुत हुआ

    इसराइल पर ग़ज़ा से शनिवार सुबह अचानक बड़ा हमला कर दिया गया है.

    ग़ज़ा पट्टी पर शासन चलाने वाले चरमपंथी समूह हमास ने कहा है कि उसने 20 मिनट के भीतर इसराइल की तरफ़ पांच हज़ार रॉकेट दागे हैं.

    इसराइल का कहना है कि दर्जनों लड़ाके ग़ज़ा सीमा को पार करके देश में घुस गए हैं.

    हमास के प्रमुख मोहम्मद दाइफ़ ने इन हमलों के बाद एक बयान में कहा है, ‘हमने ये ऐलान करना तय किया है कि अब बहुत हो चुका.’

    हमास ने इस ऑपरेशन ‘अल अक़्सा स्टॉर्म' नाम दिया गया है.

    दाइफ़ ने कहा, “हम दुश्मन को पहले ही चेतावनी दे चुके हैं. इसराइली क़ब्ज़ाधारियों ने हमारे नागरिकों के ख़िलाफ़ सैकड़ों नरसंहार किए हैं. क़ब्ज़ाधारियों की वजह से इस साल सैकड़ों लोग शहीद हुए हैं और घायल हुए हैं.”

    “हम ऑपरेशन अल अक्सा फ्लड की शुरुआत की घोषणा करते हैं. हम ये घोषणा करते हैं कि दुश्मन के ठिकानों, एयरपोर्टों, सैन्य अड्डों पर किए गए हमारे पहले हमले में पांच हज़ार से अधिक रॉकेट दागे गए हैं.”

  17. हमास का दावा- 20 मिनट में इसराइल पर दागे 5000 रॉकेट, देश में घुसे दर्जनों चरमपंथी

    ग़ज़ा की तरफ़ से इसराइल पर किए अचानक हमले में दर्जनों चरमपंथी ग़ज़ा पट्टी से इसराइल में घुस गए हैं.

    इसके बाद समूचे इसराइल में चेतावनी जारी की गई है और सीमावर्ती इलाक़ों में लोगों से घरों के भीतर रहने को कहा गया है.

    फ़लस्तीनी लड़ाकों ने ग़ज़ा पट्टी से इसराइल की तरफ़ रॉकेट भी दागे हैं.

    इन रॉकेट हमलों के बाद इसराइल के बड़े इलाक़े में चेतावनी सायरन सुनाई दिए हैं.

    तेल अवीव और दक्षिणी गज़ा के आसपास के इलाक़ों में धमाके होने की ख़बरें हैं.

    रिपोर्टों के मुताबिक़, एक व्यक्ति की मौत हुई है.

    वहीं इसराइल की सेना का कहना है कि गज़ा से दक्षिणी इसराइल की तरफ़ कई फ़लस्तीनी लड़ाके घुस आए हैं.

    इसराइली सेना ने सीमा के क़रीब रहने वालों लोगों से घरों के भीतर रहने के लिए कहा है.

    फ़लस्तीनी चरमपंथी समूह हमास ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली है. हमास ही ग़ज़ा पर शासन चलाता है.

    हमास ने बीस मिनट के भीतर पांच हज़ार रॉकेट दागने का दावा किया है.

    हमास के कमांडर ने लेबनान के लड़ाकों से इसराइल के ख़िलाफ़ लड़ाई में शामिल होने के लिए कहा है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इसराइल के शहर एश्केलोन शहर में अग्निशमनकर्मियों की आग बुझाते हुए तस्वीरें जारी की हैं.

    इसी बीच इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ़ से कहा गया है कि रॉकेट हमले के बाद सुरक्षा प्रमुखों की बैठक बुलाई गई है.

    अभी तक की रिपोर्टों के मुताबिक़ हमले में एक महिला की मौत हुी है जबकि दो लोग घायल हुए हैं. इसराइल की बचाव एजेंसी के मुताबिक़ एक व्यक्ति की हालत गंभीर है.

  18. एशियन गेम्स क्रिकेट फ़ाइनल: भारत ने जीता टॉस, अफ़ग़ानिस्तान पहले बल्लेबाज़ी करेगा

    चीन के हांगज़ो में खेले जा रहे एशियन गेम्स में आज यानी शनिवार को क्रिकेट का फ़ाइनल मुक़ाबला होना है.

    ये मुक़ाबला भारत और अफ़ग़ानिस्तान की टीम के बीच होना है.

    फ़ाइनल मुक़ाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    अफ़ग़ानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाज़ी करेगी.

    शुक्रवार को हुए सेमी फ़ाइनल मुकाबले में अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने पाकिस्तान को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.

  19. बंगला विवादः अदालत से राहत ना मिलने पर बोले राघव चड्डा- 'मुझे निशाना बनाया जा रहा है'

    दिल्ली की पटियाला हाऊस कोर्ट ने राघव चड्ढा को दिल्ली में आवंटित टाइप-7 बंगले को खाली करने के राज्यसभा सचिवालय के नोटिस के मामले में राहत नहीं दी है.

    वहीं, आम आदमी पार्टी के पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अपने सरकारी आवास को लेकर विवाद पर कहा है कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.

    राज्यसभा सचिवालय ने राघव चड्ढा को टाइप-7 बंगला खाली करने का आदेश दिया था जिसके ख़िलाफ़ वो अदालत चले गए थे. अब अदालत से भी उन्हें झटका लगा है.

    इस मामले पर एक बयान जारी करते हुए राघव चड्ढा ने कहा है, “नियमानुसार मुझे आवंटित किए गए आधिकारिक आवास को बिना किसी सूचना के रद्द किया गया है, जो मनमाने रवैये को दर्शाता है. राज्यसभा के 70 से अधिक वर्षों के इतिहास में यह अप्रत्याशित घटना है कि एक मौजूदा राज्यसभा सदस्य को उसके आवंटित आवास से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है, जहां वो पिछले कुछ समय से रह रहा है और बतौर राज्यसभा सदस्य उसका कार्यकाल 4 साल से अधिक अभी भी बाकी है.”

    पटियाला हाउस कोर्ट ने राज्यसभा सचिवालय के राघव चड्ढा को बंगला खाली करने के नोटिस को सही ठहराते हुए अदालत ने कहा है कि “राघव ये दावा नहीं कर सकते हैं कि उन्हें पूरे कार्यकाल के दौरान आवास पर क़ब्ज़ा रखने का अधिकार है.”

    सचिवायल ने मार्च में राघव चड्ढा को बंगला खाली करने का नोटिस दिया था. जिसके बाद वो अदालत चले गए थे जहां से उन्हें अंतरिम राहत मिली थी. इस अंतरिम राहत को अब हटा दिया गया है.

    चड्ढा ने कहा है, “इस पूरी कवायद के तरीके को देखकर मुझे ये मानने के लिए विवश होना पड़ रहा है कि ये सब भाजपा के आदेश पर अपने राजनीतिक उद्देश्यों और निजी स्वार्थों के लिए किया गया है, ताकि मेरे जैसे मुखर सांसदों द्वारा उठाई जा रही राजनीतिक आलोचना को दबाया जा सके.”

    राघव चड्ढा ने संसद से अपने निलंबन का ज़िक्र करते हुए कहा, “इसी बीच संसद से मेरा निलंबन भी कर दिया गया. यह सब सत्ता पक्ष के इशारे पर मुखर सांसदों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है.”

    चड्ढा ने कहा, “दिलचस्प बात यह है कि 240 में से लगभग 118 राज्यसभा सदस्य अपनी पात्रता से उच्च श्रेणी के आवास में रह रहे हैं. लेकिन भाजपा से सवाल पूछने वाले और स्वस्थ लोकतंत्र को बनाए रखने वाले मुखर सांसदों को चुनिंदा तरीके से निशाना बनाना जा रहा है. मेरे मामले में भी ऐसा ही हुआ और यह एक चिंताजनक स्थिति है.”

    चड्ढा ने कहा, "ट्रायल कोर्ट ने शुरू में मेरी याचिका स्वीकार कर ली थी और मुझे अंतरिम राहत दी थी. कोर्ट ने अब मेरे मामले को कानूनी पेचीदगियों पर पहुंचा दिया है, जिसके बारे में मुझे कानूनी रूप से सलाह दी गई है कि यह कानून की गलत समझ पर आधारित है. मैं उचित समय पर कानून के तहत उचित कार्रवाई करूंगा."

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल के कई इलाक़ों में रॉकेट हमलों की चेतावनी देने वाले सायरन बजे

    इसराइल में कई शहरों में रॉकेट हमलों की चेतावनी देने वाले सायरन सुने गए हैं.

    दक्षिणी गज़ा के नज़दीकी इलाक़ों और तेल अवीव के क़रीब कई मिनट तक हमलों की चेतावनी देने वाले सायरन बजते रहे.

    देश के दक्षिणी और मध्य इलाक़ों में कई शहरों में चेतावनी सायरन सुनाई दिए हैं.

    इन इलाक़ों के लोगों ने धमाकों की आवाज़ें सुनी हैं.

    सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो पोस्ट किए गए हैं जिनमें गज़ा से रॉकेट हमले होने का दावा किया गया है. हालांकि इनकी तुरंत पुष्टि नहीं हो सकी है.

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज ने अभी जानकारी नहीं दी है और कहा है कि जानकारियों की समीक्षा की जा रही है.

    इसी बीच गज़ा में शिक्षा मंत्रालय ने आज सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है.