You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एशियन गेम्सः 20 चोटों और 26 टांकों के बाद आरती ने जीता मेडल

सोमवार को भारत ने एशियन गेम्स में सात मेडल जीते जिनमें तीन रजत और चार कांस्य पदक हैं. अब भारत के 13 गोल्ड, 24 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज समेत पदकों की कुल संख्या 60 हो गई है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. बिहार जातिगत सर्वे: 17.7 फ़ीसदी मुसलमान, कितने हैं हिंदू, बौद्ध और सिख

    बिहार की नीतीश सरकार ने आज जातिगत सर्वे के आंकड़े जारी कर दिए हैं. सर्वे के दौरान धर्म से जुड़े आंकड़े भी जुटाए गए. इसकी भी जानकारी दी गई है.

    बिहार में सबसे ज़्यादा आबादी हिंदू धर्म को मानने वालों की है. उनके बाद मुसलमान धर्म को मानने वालों की संख्या है. हालांकि, दोनों धर्मों को मानने वालों की आबादी के बीच बड़ा फ़ासला है.

    बिहार में हुए जातिगत सर्वे से जानकारी हुई है कि राज्य के करीब 13 करोड़ लोगों में 2146 लोग ऐसे भी हैं, जिनका कोई धर्म नहीं है.

    किस धर्म के कितने लोग

    हिंदू: 81.99 प्रतिशत

    मुसलमान: 17.70 प्रतिशत

    ईसाई: 0.057

    सिख: 0.0113

    बौद्ध: 0.085

    जैन: 0.009

  2. बिहार जातिगत सर्वेः कितने पिछड़े, किसकी कितनी है आबादी?

    बिहार में आज जातिगत सर्वे के आंकड़े जारी कर दिए गए हैं.

    इन आंकड़ों के मुताबिक़ राज्य की कुल आबादी 13 करोड़ के करीब है. इनमें सबसे ज़्यादा आबादी अति पिछड़ी जातियों की है.

    वहीं सामान्य वर्ग की आबादी 15.52 फ़ीसद है.

    देखें बिहार के जातिगत सर्वेक्षण के अनुसार वहां किस जाति की कितनी है आबादी?

    समान्य वर्ग की कुल आबादी - 15.52 फ़ीसद

    ब्राह्मणः 3.66 फ़ीसद

    भूमिहारः 2.86 फ़ीसद

    राजपूतः 3.45 फ़ीसद

    पिछड़ी आबादीः 27.13 फ़ीसद

    यादवः 14 फ़ीसद

    कुर्मीः 2.87 फ़ीसद

    अत्यंत पिछड़ी आबादीः 36.01 फ़ीसद

    अनुसूचित जाति आबादी - 19.65 फ़ीसद

    अनुसूचित-जनजाति आबादी - 1.68 फ़ीसद

  3. बिहार में जातिगत सर्वे के आंकड़े जारी होने पर बोले लालू यादव-'जितनी संख्या, उतनी हिस्सेदारी हो'

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू यादव ने कहा है कि जातिगत सर्वे के आंकड़े जारी होने के बाद संख्या के मुताबिक हिस्सेदारी तय होनी चाहिए.

    उन्होंने दावा किया कि केंद्र में सरकार बनने पर पूरे देश में जातिगत जनगणना कराई जाएगी.

    सर्वे के नतीजे जारी होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लालू यादव ने लिखा, "बीजेपी की अनेक साजिशों, कानूनी अड़चनों और तमाम षड्यंत्र के बावजूद आज बिहार सरकार ने जाति आधारित सर्वे को रिलीज किया."

    सरकार से मांग

    लालू यादव ने नीतीश सरकार से मांग की, " सरकार को अब सुनिश्चित करना चाहिए कि जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी हो. हमारा शुरू से मानना रहा है कि राज्य के संसाधनों पर न्यायसंगत अधिकार सभी वर्गों का हो."

    लालू यादव ने कहा,"केंद्र में 2024 में जब हमारी सरकार बनेगी तब पूरे देश में जातिगत जनगणना करवायेंगे और दलित, मुस्लिम, पिछड़ा और अति पिछड़ा विरोधी भाजपा को सत्ता से बेदखल करेंगे."

  4. बिहार में जातिगत सर्वे के आंकड़े जारी होने पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

    केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के नेता गिरिराज सिंह ने बिहार में जारी हुए जातिगत सर्वे के आंकड़े को भ्रम फ़ैलाने का प्रयास बताया है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को अपने कार्यकाल में हुए विकास कामों का रिपोर्ट कार्ड पेश करना चाहिए था. इसके बजाए जाति सर्वे के नतीजे पेश किए गए हैं.

    गिरिराज सिंह ने कहा, " जातीय जनगणना बिहार की जनता में, गरीबों में भ्रम फैलाने के अलावा कुछ नहीं है."

    उन्होंने कहा, " इन्हें रिपोर्ट कार्ड देना चाहिए था कि 33 साल, 18 साल नीतीश बाबू और 15 साल लालू यादव, ये दोनों ने मिलकर राज किया और गरीबों का क्या उद्धार किया?"

    गिरिराज सिंह ने कहा कि इन्हें बताना चाहिए, "कितने लोगों को नौकरी दी? कितने लोगों की हालत सुधरी? ये रिपोर्ट कार्ड होना चाहिए. अब ये रिपोर्ट कार्ड जाति जनगणना का देकर के भ्रम फैलाने के सिवाय और कुछ नहीं किया गया है."

    बिहार सरकार ने अब से कुछ देर पहले जातिगत सर्वे के आंकड़े पेश किए हैं. इसके मुताबिक बिहार की कुल आबादी 13 करोड़ से ज़्यादा है. सामान्य वर्ग की आबादी करीब 15.52 फ़ीसदी, पिछड़ा वर्ग करीब 27 फ़ीसदी और अति पिछड़ा वर्ग की आबादी करीब 36 फ़ीसदी है.

  5. बिहार: जातिगत सर्वे के नतीजे हुए जारी, कैसे जुटाए गए आंकड़े

    बिहार सरकार ने जाति आधारित गणना के आंकड़े जारी कर दिए हैं. इसके मुताबिक राज्य की कुल आबादी क़रीब 13 करोड़ है. इनमें सबसे बड़ी आबादी अति पिछड़ा वर्ग की है.

    अति पिछड़ा वर्ग की आबादी क़रीब 36 फ़ीसदी है. पिछड़ा वर्ग की आबादी लगभग 27 फ़ीसद के करीब और सामान्य वर्ग की आबादी 15.52 फ़ीसद है.

    बिहार सरकार के एडिशनल सेक्रेटरी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि बिहार विधानमंडल ने 18 फरवरी 2019 को राज्य में जाति आधारित जनगणना (सर्वे) कराने का प्रस्ताव पारित किया था.

    उन्होंने बताया, "इसके बाद 2 जून 2022 को बिहार मंत्री परिषद ने जाति आधारित जनगणना कराने का फ़ैसला किया. ये दो चरणों में होनी थी. पहले चरण में ये मकान के जरिए होनी थी."

    "इसके तहत 7 जनवरी 2023 से 31 जनवरी 2023 तक मकानों का नंबरीकरण किया गया और लिस्ट बनाई गई. दूसरे चरण में राज्य के सभी व्यक्तियों की जनगणना का काम 15 अप्रैल 2023 को शुरू किया गया."

    "इसमें जिला स्तर के पदाधिकारियों को अलग अलग ज़िम्मेदारियां दी गईं और युद्ध स्तर पर ये कार्य संपन्न हुआ. 5 अगस्त 2023 को सारे आंकड़े बनाकर मोबाइल ऐप के जरिए उसे जमा किया गया."

    "बिहार में कुल सर्वे परिवारों की कुल संख्या दो करोड़ 83 लाख 44 हजार 107 है और इसमें कुल जनसंख्या 13 करोड़ 7 लाख 25 हजार 10 है."

    "इसमें अस्थाई प्रवासी स्थिति में 53 लाख 72 हजार 22 लोग हैं."

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार: नीतीश सरकार ने जारी किए जातिगत सर्वे के आंकड़े, अति पिछड़े 36 और पिछड़े 27 फ़ीसदी

    बिहार सरकार ने जातीय जनगणना के आंकड़े जारी कर दिए हैं. जनगणना के मुताबिक़ पिछड़ा वर्ग की आबादी 27.12 फ़ीसदी है. अति पिछड़ा वर्ग की आबादी 36 फ़ीसद से अधिक है.

    वहीं सामान्य वर्ग की आबादी 15 फ़ीसद से कुछ ज़्यादा है.

    बिहार सरकार के एडिशनल सेक्रेटरी विवेक कुमार सिंह ने अब से कुछ देर पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ये जानकारी दी है.

    जातिगत सर्वे के मुताबिक बिहार की आबादी 13 करोड़ के क़रीब है.

    विवेक कुमार सिंह ने बताया कि पिछड़ा वर्ग की आबादी 27.13 प्रतिशत, अति पिछड़ा वर्ग की आबादी 36.01और

    सामान्य वर्ग की आबादी 15.52 प्रतिशत है.

    उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति की आबादी 19 फ़ीसद से ज़्यादा है.

    पिछड़ों मेंयादवों की आबादी 14 फ़ीसद है. मुसहर जाति की आबादी 3 फ़ीसद. कुर्मी की आबादी 2.87 प्रतिशत है.

  7. राजस्थान में बोले पीएम मोदी, 'कांग्रेस की विदाई का काउंटडाउन शुरू, गहलोत को पता है कि वो जा रहे हैं'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि कांग्रेस को राजस्थान में अपनी हार तय दिखने लगी है. उन्होंने दावा किया कि इसकी जानकारी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी है.

    राजस्थान के चित्तोड़गढ़ की एक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, " राजस्थान के नेताओं का संदेश कांग्रेस के नेताओं तक पहुंच चुका है. यहां मुख्यमंत्री गहलोत को भी पता है कि कांग्रेस सराकर की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. इसका मेरे पास सबूत है."

    पीएम मोदी ने कहा, "गहलोत को ख़ुद को भरोसा है कि वो जा रहे हैं. इसलिए गहलोत जी ने भी एक प्रकार से भाजपा को बधाई दे दी है. वो आग्रह कर रहे हैं कि भाजपा सरकार बनने के बाद उनकी योजनाओं को बंद न किया जाए."

    उन्होंने कहा, "गहलोत जी आपने पराजय स्वीकार कर ली. मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं."

    'अपराध में टॉप पर राजस्थान'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार जनता के हितों की अनदेखी करते हुए आपसी लड़ाई में लगी रही.

    उन्होंने कहा, " अशोक गहलोत सोते जागते मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने में लगे थे, आधी कांग्रेस उनकी कुर्सी गिराने में लगी थी. जनता को अपने हाल पर छोड़कर ये आपसी लड़ाई में ही व्यस्त रहे."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजस्थान को लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी.

    उन्होंने कहा, "जब अपराध की बात आती है तो राजस्थान टॉप पर आता है. आज जब अराजकता, दंगे और पत्थरबाजी की बात आती है तो राजस्थान का नाम बदनाम होता है. महिलाओं, दलितों, पिछड़ों पर अत्याचार के मामलों में भी आज हमारा राजस्थान सबसे ज्यादा बदनाम हो रहा है."

  8. एशियन गेम्स : सुतीर्था और आहयिका मुखर्जी की जोड़ी ने जीता टेबल टेनिस में कांस्य पदक

    भारत की सुतीर्था मुखर्जी और आयहिका मुखर्जी की जोड़ी ने महिला टेबल टेनिस के डबल्स में कांस्य पदक जीता है.

    सुतीर्था और आयहिका ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन चेंग मेंग और यिदी वांग को क्वार्टरफाइनल में हरा कर बड़ा उलटफेर किया था.

    लेकिन सेमीफाइनल में उन्हें कोरियाई खिलाड़ी सुगयोंग पाक और सुयोग चा की जोड़ी के हाथों 3-4 से हार का सामना करना पड़ा.

    दोनों खिलाड़ियों ने मैच में शानदार प्रदर्शन किया. मैच में एक वक्त पिछड़ने के बावजूद उन्होंने मैच को 2-3 पर ला खड़ा किया था. इस एशियन गेम में टेबल टेनिस में हासिल भारत का ये पहला मेडल है.

    एशियन गेम्स में भारत अब तक भारत 56 पदक जीत चुका है. इनमें 13 गोल्ड, 21 सिल्वर, 22 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.

    पदक तालिका में सबसे ऊपर चीन है, जिसने अब तक 139 गोल्ड, 73 सिल्वर और 39 ब्रॉन्ज मिलाकर 251 पदक जीते हैं.

  9. बिहार: क्या जेडीयू में हो सकती है टूट, इस सवाल पर बोले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि जनता दल यूनाइडेट (जेडीयू) में विभाजन होने से जुड़ी अटकलों में कोई दम नहीं है.

    पत्रकारों ने सोमवार को नीतीश कुमार से बीजेपी सांसद सुशील कुमार मोदी के उस दावे के बारे में पूछा, जिसमें उन्होंने कहा था कि जेडीयू टूट जाएगी.

    नीतीश कुमार ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "आप उनको काहे बधाई नहीं देते."

    पार्टी में विभाजन की किसी संभावना को ख़ारिज करते हुए उन्होंने आगे कहा, "कोई मतलब नहीं है लेकिन अब इन सब चीज का प्रचार होता है. "

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश के प्रमुख विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने में अहम भूमिका निभाई है. कभी बीजेपी की अगुआई वाले एनडीए का हिस्सा रही उनकी पार्टी अब विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' में शामिल है.

    पत्रकारों ने उनसे ये भी पूछा कि सुशील मोदी का दावा है कि नीतीश कुमार गवर्नर (राज्यपाल) बनना चाहते थे. नीतीश कुमार ने इस दावे को भी ख़ारिज किया.

  10. छिंदवाड़ा से केंद्रीय मंत्री के चुनाव मैदान में उतरने की अटकल पर बोले कांग्रेस नेता कमलनाथ

    कांगेस के नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि बीजेपी के केंद्रीय मंत्रियों को विधानसभा चुनाव में उतारने के फ़ैसले का प्रदेश की जनता पर कोई असर नहीं होगा.

    बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद पटेल समेत कई सांसदों को विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है.

    अटकल है कि कमलनाथ के गृह ज़िले से भी बीजेपी किसी केंद्रीय मंत्री को चुनाव मैदान में उतार सकती है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पत्रकारों ने इसे लेकर कमलनाथ से सवाल किया.

    इस पर कमलनाथ ने कहा, "ये (बीजेपी) बुलाएं जिसको बुलाना है बुलाएं. इनकी इच्छा है. छिंदवाड़ा की जनता बहुत समझदार है."

    मध्य प्रदेश में कमलनाथ कांग्रेस का सबसे बड़ा चेहरा हैं. वो लगातार प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार को निशाने पर ले रहे हैं.

    कमलनाथ ने आरोप लगाया, "मध्य प्रदेश की क़ानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है."

    पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि मुख्यमंंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि अगर वो चले गए (मुख्यमंत्री पद से) तो लोग उन्हें बहुत याद करेंगे.

    इस पर कमलनाथ ने कहा, "बहुत याद आएंगे उनके झूठ, उनकी घोषणाएं, इसे लेकर उन्हें लोग बहुत याद करेंगे."

  11. एनआईए की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल चरमपंथी शाहनवाज़ दिल्ली से गिरफ़्तार

    दिल्ली पुलिस ने नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की मोस्ट वांटेड चरमपंथियों की सूची में शामिल शाहनवाज़ को गिरफ्तार किया है.

    दिल्ली पुलिस के मुताबिक़ शाहनवाज के आईएसआईएस मॉड्यूल से लिंक हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शाहनवाज़ पुणे पुलिस की हिरासत से भाग निकले थे और दिल्ली में रह रहे थे.

    शाहनवाज़ पर तीन लाख रुपये का इनाम था. पेशे से इंजीनियर शाहनवाज़ को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दक्षिण पूर्वी दिल्ली से गिरफ़्तार किया. फिलहाल उनसे पूछताछ चल रही है.

    इस केस से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि शाहनवाज आईएसआई के जिस मॉड्यूल से जुड़े हैं उससे और भी चार-पांच लोग जुड़े हुए थे. इन लोगों से भी पूछताछ चल रही है.

    अधिकारी के मुताबिक़ शाहनवाज के पास कुछ केमिकल भी बरामद हुए. पुलिस ने उनसे कुछ ऐसी चीजें भी बरामद की हैं, जिनसे बम बनाया जा सकता है.

  12. एशियन गेम्स : हेप्टाथलन में भारत को मिले कांस्य पदक पर दावा करने वाली स्वप्ना बर्मन पीछे हटीं, हटाया ट्वीट

    एशियन गेम्स में हेप्टाथलन में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली खिलाड़ी नंदिनी अगासारा के पदक पर चौथे नंबर पर रहीं स्वप्ना बर्मन ने दावा ठोका था लेकिन बाद में उन्होंने इस बारे में किया गया ट्वीट हटा लिया.

    स्वप्ना बर्मन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा था कि नंदिनी ट्रांसजेंडर हैं. लेकिन उन्होंने महिला की कैटेगरी में हिस्सा लिया.चूंकि चौथे नंबर पर वो थीं, लिहाजा ये पदक उनका होना चाहिए था. हालांकि बाद में उन्होंने अपना ये ट्वीट हटा लिया.

    बर्मन ने एक्स पर लिखा था,''चीन के हांगजो शहर में चल रहे 19वें एशियन गेम्स के हेप्टाथलन का ब्रॉन्ज मेडल मैंने एक ट्रांसजेंडर महिला के हाथों खो दिया. मुझे अपना मेडल वापस चाहिए क्योंकि यह हमारे एथलेटिक्स के नियमों के ख़िलाफ़ है. मेरी मदद कीजिए. मुझे आपका समर्थन चाहिए.''

    क्या है हेप्टाथलन?

    हेप्टाथलन में सात मुकाबले होते हैं. पुरुष और महिला दोनों इनमें हिस्सा लेते हैं. महिलाओं के लिए, हेप्टाथलन में 100 मीटर बाधा दौड़, लंबी कूद, जवेलिन थ्रो, 200 मीटर ऊंची कूद, 800 मीटर और गोला फेंक की प्रतियोगिता होती है.

    पुरुषों की इनडोर प्रतियोगिताओं के लिए, हेप्टाथलन में 60 मीटर, 1,000 मीटर, शॉट पुट, 60 मीटर की बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और पोल वॉल्ट शामिल हैं.

  13. असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा बोले, 'बीजेपी को 10 साल तक नहीं चाहिए 'मियां' लोगों के वोट'

    असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि बीजेपी को अगले दस साल तक असम के चर इलाके़ के 'मियां लोगों' के वोट की ज़रूरत नहीं है.

    उन्होंने कहा कि जब तक वो बाल विवाह जैसी प्रथाओं को खत्म नहीं करते, तब तक बीजेपी को उनके वोट नहीं चाहिए.

    चर नदी तट के इलाक़ों को कहा जाता है जहां अक्सर बाढ़ का पानी घुस आता है. इससे यहां की मिट्टी उपजाऊ हो जाती है. नदी का पानी वापस जाने पर लोग इसमें रहते हैं और खेती करते हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हिमंत विस्वा सरमा ने कहा कि 'मियां' लोग उनका, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी का समर्थन करते हैं. वो बीजेपी को वोट दिए बगैर उनके समर्थन में नारा लगाना जारी रख सकते हैं.

    पत्रकारों से बातचीत के दौरान हिमंता ने कहा,''बीजेपी लोगों के भलाई काम करती रहेगी और वो हमारा समर्थन करते रहेंगे. लेकिन उन्हें हमें वोट देने की जरूरत नहीं है. वो हमारा समर्थन करते रहें इसमें कोई हर्ज नहीं है. उन्हें हिमंत बिस्वा सरमा, पीएम मोदी और बीजेपी जिंदाबाद के नारे लगाने दीजिए.''

    असम में 'मियां' शब्द का इस्तेमाल बांग्ला बोलने वाले मुस्लिमों के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

    सरमा ने कहा,'' जब चुनाव आएगा तो मैं खुद उन लोगों से अनुरोध करूंगा कि बीजेपी के लिए वोट न दें. जब तक वो परिवार नियोजन का पालन नहीं करते, बाल विवाह नहीं रोकते या कट्टरता नहीं छोड़ते तब तक बीजेपी को उनके वोट नहीं चाहिए.''

    उन्होंने कहा कि इन प्रथाओं को खत्म होने में दस साल लग जाएंगे. जब ये प्रथाएं खत्म हो जाएंगी तब वो खुद चर इलाके में वोट मांगने जाएंगे.

  14. अमेरिका का यूक्रेन को वादा,बजट में प्रावधान न होने के बावजूद जारी रहेगी सैन्य मदद

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन की मदद जारी रखने का वादा किया है.

    अमेरिकी संसद में शटाडाउन को टालने के लिए पारित किए गए बिल में यूक्रेन की मदद के लिए मिलिट्री फंडिंग का कोई प्रावधान नहीं किया गया है. लेकिन जो बाइडन ने कहा कि यूक्रेन अभी भी अमेरिका की मदद की उम्मीद रख सकता है.

    उन्होंने कहा,'' हम किसी भी परिस्थिति में यूक्रेन को दी जाने वाली अमेरिकी मदद को बाधित नहीं होने दे सकते.''

    अमेरिका फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद अब तक 46 अरब डॉलर की सैन्य सहायता दे चुका है. फेडरल शटडाउन को रोकने के लिए अमेरिकी संसद में इस बार आखिरी वक्त पर जो बिल पारित किया गया उसमें यूक्रेन को छह अरब डॉलर की प्रस्तावित सैन्य सहायता का प्रस्ताव शामिल नहीं था.

    शटडाउन को टालने के लिए बिल पारित न होने से फेडरल सरकार का कामकाज रुक जाता है. फंडिंग के कमी से फेडरल सरकार का प्रशासनिक कामकाज और सेवाएं रुक जाती और हजारों कर्मचारियों को बगैर वेतन के घर बैठना पड़ता.

  15. अमेरिका : शटडाउन संकट टालने वाले हाउस स्पीकर मैकार्थी को हटाने की मुहिम तेज

    अमेरिका में हाउस स्पीकर कैविन मैकार्थी को हटाने की मुहिम शुरू हो गई है. कड़े रुख वाले रिपब्लिकन सदस्यों के बीच इसे लेकर गोलबंदी होने लगी है.

    ऐसे सी सांसदों में शामिल फ्लोरिडा के रिपब्लिकन सांसद मेट गेट्ज ने कहा है कि वो मैकार्थी को हटाने के लिए इस सप्ताह प्रस्ताव लाएंगे. रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य कैबिन मैकार्थी ने डेमोक्रेटिक पार्टी के सहयोग से शटडाउन से बचने के लिए खर्चे से जुड़े बिल को पारित करा लिया था.

    माना जा रहा है कि मैकार्थी ने ऐसा करके अपनी ही पार्टी के निर्देशों का उल्लंघन किया है. इससे पार्टी में कड़ा रुख रखने वाले रिपब्लिकन सदस्य नाराज हो गए हैं.

    उनका कहना है कि अगर मैकार्थी ने अपने विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की मदद से अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की तो वो उन्हें हटाने की कोशिश तेज कर देंगे.

    अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में कड़े रुख वाले रिपब्लिकन सांसदों ने शटडाउन से बचने के लिए लाए गए बिल के ख़िलाफ़ वोट दिया था.

    हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में रिपब्लिकन सांसदों का दबदबा है वहीं सीनेट में डेमोक्रेटिक को मामूली बढ़त हासिल है.

  16. मैक्सिको में चर्च की छत गिरने से सात लोगों की मौत, मलबे में 30 लोगों के दबे होने की आशंका

    मैक्सिको में एक चर्च की छत ढह जाने से सात लोगों के मरने की ख़बर है. 30 लोग अब भी इस मलबे में फँसे हुए हैं. मलबे में कुछ बच्चों के भी दबे होने की आशंका है.

    लोगों को निकालने का काम तेजी से चल रहा है. स्थानीय मीडिया ने बताया कि दस लोगों को मलबे से निकाल कर अस्पताल ले जाया गया है. ये हादसा सिउदेद मदेरो में हुआ, जहां सांता क्रूज चर्च की छत गिर गई.

    तटीय प्रांत तमाउलीपास की पुलिस ने बताया कि जिस समय चर्च की छत गिरी उस वक्त वहां सामूहिक प्रार्थना सभा में लगभग 100 लोग मौजूद थे. सोशल मीडिया में आ रही तस्वीरों में दिखाया गया है कि लोग फावड़ों और कुदाल से मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं.

    तस्वीरों में चर्च के पास इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े लोगों और गाड़ियों के पहुंचते दिखाया गया है. अधिकारियों ने चर्च के आसपास पूरी शांति बनाए रहने का निर्देश दिया ताकि मलबे में दबे लोगों की आवाजें सुनी जा सके.

  17. अंकारा में आत्मघाती विस्फोट के बाद तुर्की का कुर्द विद्रोहियों के ठिकानों पर हमला शुरू

    तुर्की की सेना ने राजधानी अंकारा स्थित आंतरिक मामलों के मंत्रालय के बाहर आत्मघाती विस्फोट के बाद कुर्द विद्रोहियों के ठिकानों पर हमला किया है.

    तुर्की सरकार ने कहा है कि इस अभियान में कुर्द विद्रोहियों के 20 ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया है. सरकार ने दावा किया है कि विद्रोहियों के प्रतिबंधित समूह पीकेके के कई चरमपंथियों को मार दिया गया है. पीकेके ने दावा किया था कि रविवार को अंकारा में सुबह हुए विस्फोट को उससे जुड़े एक ग्रुप ने अंजाम दिया था.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ रविवार को तुर्की के आंतरिक मामलों के मंत्री ने कहा था, ''मंत्रालय की बिल्डिंग के बाहर दो चरमपंथियों ने हमला किया. एक को जवाबी कार्रवाई में मार दिया गया है, दूसरे ने ख़ुद को उड़ा लिया है.''

    आंतरिक मामलों के मंत्री ने बताया था हमले में दो सुरक्षाबल भी घायल हुए हैं. समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, धमाका संसद की बिल्डिंग के पास हुआ था.

    तुर्की के आंतरिक मंत्रालय ने बताया है, ''रविवार सुबह साढ़े नौ बजे दो चरमपंथी गाड़ी पर सवार होकर आए और मंत्रालय के के गेट के पास धमाका किया है.''

  18. नमस्कार! आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    1 अक्टूबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.